दुमका/निज संवाददाता। झारखंड कैबिनेट से 1932 का खतियान आधारित स्थानीयता नीति के पारित होने के बाद बोरियो विधायक लोबिन हेंब्रम पहली बार सोमवार को दुमका पहुंचे। दुमका स्थित अपने आवास पर उन्होंने सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय छात्र समन्वय समिति एवं अन्य आदिवासी संगठनों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने कहा कि अभी जश्न मनाने का समय नहीं आया है। क्योंकि 1932 का खतियान अभी तो सिर्फ कैबिनेट से पारित हुआ है। इसे सदन में आना है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग किया कि इसके लिए विशेष सत्र बुलाया जाये। उन्होंने कहा की कैबिनेट से 1932 का खतियान तो पारित कर दिया गया है। लेकिन इसके आधार पर नियोजन नीति कि कहीं चर्चा नहीं है। इसीलिए उन्होंने जो मोर्चा बनाया है। उसका आंदोलन आगे भी जारी हो रहेगा। लोबिन ने कहा कि वह समय-समय पर सरकार को आईना दिखाते रहेंगे। क्योंकि जो वादा किया है, उसे निभाना ही पड़ेगा।
नहीं रहे पूर्व विधायक मोहरिल मुर्मू
दुमका/निज संवाददाता। जामा विधानसभा के पूर्व विधायक मोहरिल मुर्मू का रविवार देर रात दुमका में स्थित उनके निजी आवास में निधन हो गया। उनके निधन से दुमका के अलावा जामा विस क्षेत्र के लोग मर्माहत हैं। वह बीते दो साल से बीमार चल रहे थे। एक सप्ताह पहले उनकी तबियत बिगड़ने पर उन्हें पटना ले जाया गया। लेकिन चिकित्सकों ने जवाब दे दिया था। पूर्व विधायक का सोमवार को उनके पैतृक आवास मसलिया थाना क्षेत्र के सुंदरपुर में अंतिम संस्कार किया गया। उनके पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन करने उनके पैतृक गांव सिंदूरपुर पहुंची पूर्व मंत्री डॉ लुईस मरांडी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। मोहरिल मुर्मू दुमका अधिवक्ता संघ के भी सदस्य थे।
रामगढ़ में जमकर हुई बारिश, किसानो के चेहरे खिले
रामगढ़/निज संवाददाता। प्रखंड में इस वर्ष समय से बारिश नहीं होने से मुश्किल से 10 से 15 प्रतिशत की ही खेती हो पाया। जिससे किसानों के चेहरे उदास, हताश और परेशान दिख रहे थे। किसानों को लग रहा था कि धान की खेती तो चौपट हो गयी अब अगर रबि फसल के समय कूप, नदी और तालाब में पानी नहीं जमा होगा तो गेहूं, आलू, मकई, अरहर साग व सब्जी कैसे उपजाएंगे। दो सप्ताह बाद सोमवार को रामगढ़ इलाके में जमकर बारिश होने से किसानों के चेहरे पर खुशी लौट आयी। अब किसान आलू के बाद में गेहूं लगाने की तैयारी में जुट गये है।
छाता मेला से बाइक चोरी
जामा/निज संवाददाता। थाना क्षेत्र के मोहुलबना छाता मेला से गुरुवार की रात एक बाइक चोरी हो जाने का मामला प्रकाश में आया है। जानकारी के अनुसार ढोंढली पंचायत के ऊपर बहियारी गांव के गुणाधर मांझी अपनी बाइक नंबर जेएच 15 एबी/6349 से मोहलबना छाता मेला देखने आया था। जहां गाड़ी खड़ी कर मेला में घुस गया। थोड़ी देर बाद लौटने पर पाया कि वहां गाड़ी नहीं थी। काफी खोजबीन करने के बाद भी जब गाड़ी का कहीं पता नहीं चला तो रविवार को थाना में चोरी की लिखित सूचना दिया। थाना पुलिस द्वारा कांड संख्या 77/22 के तहत भादवि की धारा 379 में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।खूंटी विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा ने की पूजा
बासुकीनाथ/निज संवाददाता। बाबा बासुकीनाथ धाम में सोमवार को झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री सह खूंटी के भाजपा विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा सपरिवार बाबा दरबार में हाजिरी लगाने पहुंचे। यहां उन्होने पूरे श्रद्धा एवं निष्ठा के साथ विद्वान पंडितों द्वारा षोडशोपचार विधि से बाबा का पूजा अर्चना किया। जलार्पण के बाद माता-पार्वती काली बगुलामुखी आनंद भैरव सहित सभी देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना किया। जिसके बाद मंदिर प्रांगण में आरती का किया। जिसमें बाबा बासुकीनाथ एवं मां पार्वती की आरती भजन किया।