- पतंजलि परिवार की ओर से निकाली गई प्रभात रैली
देवघर/वरीय संवाददाता। आगामी 21 जून को देश भर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। वही अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने को लेकर बुधवार को टावर चौक से पतंजलि परिवार की ओर से एक प्रभात रैली निकाली गई। जिसका नेतृत्व भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के जिला प्रभारी अनुज त्यागी ने किया। जिसमें दर्जनों महिला-पुरुष शामिल हुए। इस प्रभात रैली के जरिए देवघरवासियों को अंतराष्ट्रीय योग दिवस के प्रति जागरूक किया गया। मौके पर भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के संरक्षक संजय मालवीय ने कहा योग शरीर को निरोग रखता है, इसलिए सभी को योग करना काफी आवश्यक है। वही भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के जिला प्रभारी अनुज त्यागी ने कहा कि आगामी 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर देवघर के कमलकांत नरौने स्टेडियम में इसे योग महोत्सव के रूप में मनाया जाएगा। जिसमें लगभग पांच हजार लोग जुटेंगे। इसी को लेकर आज पतंजलि परिवार की ओर से यह जागरूकता प्रभात रैली निकाली गई है। मौके पर संरक्षक संजय मालवीय, योग गुरु शंभू बरनवाल, नवयुवक प्रभारी मनोज बरनवाल, सोशल मीडिया प्रभारी मंजू बरनवाल, प्रमोद बरनवाल, शिव अवतार बरनवाल, अशोक बरनवाल, सुभाष बरनवाल,सुनीता बरनवाल, रीता, अर्चना, सुनैना, मधु, सारिका सहित पतंजलि परिवार के दर्जनों सदस्य शामिल हुए।
कांग्रेस कार्यालय में मना सांसद राहुल गांधी का जन्मदिन
देवघर/वरीय संवाददाता। जिला कांग्रेस ने सांसद एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का जन्मदिन पार्टी कार्यालय में धूमधाम से मनाया। मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रो उदय प्रकाश के नेतृत्व में केक काट कर उन्हें दीर्घायु तथा यशस्वी बने रहने की शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में मुख्य रूप से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष मुन्नम संजय ने संयुक्त रूप से केक काटकर राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई देते हुए बताया कि कमजोरों एवं वंचितों की आवाज, संविधान के प्रति अटूट आस्था और विश्वास रखने और सत्ता को सच का आईना दिखाने वाले नेता हैं श्री गांधी। वहीं जिलाध्यक्ष प्रो. उदय प्रकाश द्वारा केक काटकर एक दूसरे को केक खिलाया और खुशियां मनाई। कांग्रेस पार्टी का विविधता में एकता, सद्भाव और करुणा का जो विचार है वो सारे गुण राहुल गांधी के सभी कार्यों में परिलक्षित है। जो देश के अंतिम पायदान पर अंतिम व्यक्ति के आंसू पोंछने के मिशन में लगे रहते हैं।
कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रदेश सचिव अवधेश प्रजापति, प्रवक्ता दिनेश कुमार मंडल, नगर अध्यक्ष रवि केशरी, युवा जिलाध्यक्ष राहुल सिंह, आदित्य सुरोलिया, मणिकांत यादव, विकास राउत, राघवेन्द्र झा, नवगोपाल दास, अशोक झा, बृजभूषण राम, मकसूद आलम, इम्तियाज शेख,गोलू, प्रियांशु, वीरेंद्र कुमार आदि मौजूद थे।
26 जून तक निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध होगा विशेष कार्यक्रम
देवघर/वरीय संवाददाता। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी विशाल सागर द्वारा जानकारी दी गयी कि निषिद्ध मादक पदार्थों का दुरूपयोग समाज में विकराल रूप ले रहा है जो समाज के लिए हानिकारक है। ऐसे में इसके बढ़ते दुरूपयोग को कम करने हेतु तस्करों तथा उपयोग कर्ताओं के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ समाज को विशेष कर किशोरों तथा युवा वर्ग को इसके दुष्प्रभाव के प्रति जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है। राज्य सरकार के निदेशानुसार जिला प्रशासन द्वारा दिनाक 19 जून से 26.06.2024 तक निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध विशेष जागरूकता कार्यक्रम संचालित किया जाना है। वहीं निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध जागरूकता की आवश्यकता व महत्व को देखते हुए जिले में निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध 26.06.2024 तक जिले में निषिद्ध मादक पदार्थों के विरूद्ध जागरूकता कार्यक्रम संचालित कराया जाएगा तथा जिले में विभिन्न विभागों एवं स्वयं सेवी संस्थाओं को शामिल करते हुए मादक पदार्थों के विरूद्ध जागरूकता कार्यक्रम जैसे नुक्कड़ नाटक, गोष्ठी, वर्कशॉप आदि आयोजित कराया जाए, ताकि मादक पदार्थों के दुरूपयोग को रोका जा सके।
जागरूकता और सतर्कता है अत्यंत आवश्यक : उपायुक्त
- एनीमिया जागरूकता रथ को किया रवाना
देवघर/वरीय संवाददाता। उपायुक्त सह जिला दंडदाधिकारी विशाल सागर को विश्व सिकल एनीमिया दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ सदर अस्पताल के सभागार में किया गया। इस दौरान उपायुक्त ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि हर साल 19 जून को सिकल सेल दिवस मनाया जाता है। सिकल सेल एक प्रकार की जेनेटिक बीमारी होती है जिसमें व्यक्ति के शरीर में रेड ब्लड सेल की कमी हो जाती है साथ ही इसका आकार हासिये के आकार की हो जाती हैं। इस वजह से इसके सिकल सेल एनीमिया कहा जाता है। उन्होंने कहा कि सामान्य शरीर मे रेड ब्लड सेल 100 से 120 दिन तक जीवित रहते है। परंतु सिकल सेल एनीमिया बीमारी से ग्रसित व्यक्ति में रेड ब्लड सेल 8-10 दिनों के अंदर समाप्त होने लगती है जिस वजह से रोगी के शरीर मे रोग प्रतिरोधी क्षमता समाप्त होने लगती है, कमजोरी लगने लगती है, शरीर मे दर्द आदि होने लगती है। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने कहा कि सिकल सेल एनीमिया एक गंभीर बीमारी जिसकी वजह से रोगी के शरीर मे एनिमिया, दर्द, संक्रमण व अन्य गंभीर जटिलताएं हो सकती है। साथ ही उन्होंने कहा कि समय रहते इसका उचित इलाज व व्यापक प्रचार- प्रसार के द्वारा सिकल सेल एनीमिया के दुष्प्रभाव से हम आप के समाज को बचा सकते है। आगे उन्होंने कहा कि जिले के विभिन्न हिस्सों में 19 जून से सिंतबर माह तक शिविर का आयोजन किया जाएगा साथ ही घर-घर जाकर 40 वर्ष से अधिक उम्र के लोगो का ब्लड सैंपल लिया जाएगा व रैपिड टेस्ट के माध्यम से जांच पता लगाया जाएगा कि उन्हें सिकल सेल एनीमिया है या नही। सिकल सेल एनिमिया से संबंधित रिपोर्ट आने पर मरीज का राज्य सरकार द्वारा सहायता प्राप्त ब्लड ट्रांसमिशन किया जायेगा।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त सह जिला दण्डदाधिकारी विशाल सागर द्वारा सिकल सेल एनीमिया के रोकथाम, उपचार व लक्षण के बारे में जिलेवासियों को विस्तृत जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से जागरूकता रथ को सदर अस्पताल से हरी झंडी दिखा कर रवाना किया गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों व गांवों में जागरूकता रथ के द्वारा लोगो को सिकल सेल एनीमिया बीमारी के कारणों, लक्षण व इसके बचाव से सबंधित जानकारी दी जाएगी, ताकि शत प्रतिशत लोगों को जागरूक किया जा सके।कार्यक्रम में सिविल सर्जन देवघर रंजन सिन्हा, अस्पताल उपाधीक्षक, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी आदि उपस्थित थे।
जमीन विवाद में मारपीट, पांच घायल
देवघर/संवाददाता। दो पक्षों के बीच जमीन विवाद को लेकर हुए मारपीट में पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी घायल बिहार के जमुई जिला के बीचकोडवा थाना क्षेत्र के सलैयाटांड़ गांव के रहने वाले हैं। बताया जाता है कि जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस घटना में दोनों पक्ष कि ओर से पांच लोग घायल हो गए। घटना के संबंध में अशोक कुमार ने बताया कि वह अपने जमीन पर घर बना रहा था, लेकिन पाटीदार द्वारा इसका विरोध किया जाने लगा। जब मना किया तो गाली-गलौज करते हुए मारपीट करना शुरू कर दिया। जिसमें एक पक्ष के अशोक कुमार, युगल यादव घायल हो गए। वहीं दूसरी पक्ष के पंचायत यादव टुनटुन यादव, प्रकाश यादव घायल हो गए। आसपास के लोग जुटे और झगडे़ को शांत कराकर इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पांचो को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं मामले को लेकर पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है।
अज्ञात वाहन के धक्के से बाइक सवार घायल
देवघर/संवाददाता। कुंडा थाना क्षेत्र के तपोवन रोड में एक बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने धक्का ने मार दिया। इस घटना में बाइक सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों कि मदद से उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां देखने के उपरांत ऑन ड्यूटी चिकित्सक द्वारा इलाज के लिए भर्ती कर दिया गया है। घटना के संबंध में घायल भौरा जमुआ गांव निवासी अनिल कुमार ने बताया कि वह बाइक से बाजार से घर जा रहा था। उसी दौरान पीछे से एक अज्ञात वाहन ने धक्का मार दिया। अस्पताल प्रबंधन द्वारा इसकी जानकारी स्थानीय बैद्यनाथधाम ओपी पुलिस को दे दी गई है।
ऑटो पलटने से तीन लोग गंभीर रूप से घायल
देवघर/संवाददाता। जिले के देवीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लालोडीह गांव के पास अनियंत्रित होकर एक ऑटो पलट गया। इस घटना में फोटो पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में मुकेश मुर्मू, पूरन मुर्मू, सीता सोरेन के नाम शामिल है। सभी देवीपुर थाना क्षेत्र के धर्मपुरा गांव के रहने वाले बताये जाते हैं। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस के माध्यम से इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर द्वारा देखने के उपरांत सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कर दिया गया है। घायलों ने बताया कि सभी लोग हटिया से वापस ऑटो पर सवार होकर घर जा रहे थे। इस दौरान लालोडीह गांव के पास ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस घटना में घायल सीता सोरेन की हालत गंभीर बताई जा रही है। कोई घटना की जानकारी मिलते ही देवपुर पुलिस घटनास्थल पहुंची और ऑटो को जब्त कर थाना ले गई।
घरेलू विवाद से तंग आकर वृद्ध ने किया विषपान, सदर अस्पताल में भर्ती
देवघर/संवाददाता। घरेलू विवाद से तंग आकर एक बुजुर्ग व्यक्ति ने विषपान कर लिया। आनन-फानन में उसे परिजनों द्वारा इलाज के लिये सदर अस्पताल देवघर मंें भर्ती कराया है। विषपान करने वाले का नाम रामचन्द्र यादव है जो बिहार के बांका जिला के कटोरिया थाना क्षेत्र के तेलगांवा गांव का रहने वाला है। सदर अस्पताल के चिकित्सक ने उसे देखने के बाद इलाज के लिये भर्ती कर दिया। घटना को लेकर परिजनों ने बताया कि रामचंद्र यादव कुछ दिनों से परेशान चल रहे थे और घर में घरेलू विवाद भी चल रहा था। बुधवार को इन्होंने घर में रखे कीटनाशक दवाई खा लिया। जिससे इसकी तबीयत बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होता देख उसे इलाज के लिये सदर अस्पताल में भर्ती कराया। इधर अस्पताल प्रबंधन द्वारा मामले की जानकारी स्थानीय बैद्यनाथधाम ओपी पुलिस को दे दी गयी है।
खेलने के क्रम में 12 वर्षीय बच्चा कुएं में गिरकर हुआ घायल
देवघर/संवाददाता। देवीपुर थाना क्षेत्र के टटकियो गांव में खेलने के दौरान एक 12 वर्षीय बच्चा कुएं में गिरकर घायल हो गया। जिसका नाम कार्तिक दास है। परिजनों द्वारा उसे इलाज के लिये सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाबत बताया जाता है कि वह गांव के ही बच्चों के साथ खेल रहा था। उसी दौरान अचानक वह कुएं में गिर गया। कुएं में पानी नही रहने के कारण उसे गंभीर चोट लग गयी। उसके कुएं में गिरते ही साथ में खेल रहे बच्चे चिल्लाने लगे। हल्ला सुनकर गांव के लोग दौड़कर वहां पहुंचे और कार्तिक को कुएं से निकाला। उपरांत उसे इलाज के लिये सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
मोबइल की छिनतई
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के सतसंग इलाके में मंगलवार की शाम को एक युवती से मोबाइल छिनतई कर लिये जाने का मामला सामने आया है। इसे लेकर धनबाद जिला के मधुबन थाना क्षेत्र के तेतुलिया निवासी ईशा कुमारी ने नगर थाना में शिकायत दी है। बताया जाता है कि वह अपने फुआ के घर नगर थाना क्षेत्र स्थित कल्याणपुर आयी थी। मंगलवार कि शाम करीब सात बजे वह बाजार से पैदल अपने फुआ के घर लौट रही थी। बिजली नहीं रहने के कारण वह मोबाइल का लाइट जलाकर कर रास्ते पर चल रही थी। उसी दौरान सतसंग के पास बाइक सवार तीन बदमाश वहां पहुंचा और हाथ से मोबाइल छिनकर फरार हो गया। नगर थाना जब वह शिकायत देने पहुंची तो उससे मोबाइल खोने का फार्म भरा कर भेज दिया गया।
गमछा के सहारे फांसी से लटका मिला छात्र का शव
- आत्महत्या या हत्या जांच में जुटी पुलिस
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर कॉलोनी में मंगलवार की देर रात को पुलिस ने एक कमरे में गमछा के सहारे खिड़की से फांसी से लटका एक छात्र का शव बरामद किया है। मृतक का नाम 24 वर्षीय परमानन्द चौधरी है जो जमुई जिले के चकाई थाना क्षेत्र के महरायडीह का रहने वाला है। नगर पुलिस द्वारा बुधवार को उसके शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने बताया कि मृतक अपने एक सहोदर भाई और एक चचेरे भाई के साथ इंदिरा नगर में किराये के मकान में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करता था। बताया कि मंगलवार की शाम पांच बजे उसका सहोदर भाई और चचेरा भाई पढ़ाई करने के लिये लाइब्रेरी गया था। करीब आठ बजे दोनों वापस लौटा और बाहर से कमरे के दरवाजे को खटखटाया तो नहीं अंदर से कोई आवाज नहीं आयी। उरांत दरवाजे में जोरदार धक्का मारा तो खुल गया। अंदर देखा तो भाई गमछा के सहारे खिड़की में फांसी लगाकर झूल रहा है। दोनों भाई ने मिलकर उसके गले का फंदा खोल कर नीचे उतारा। उसके उपरांत परिजनों को फोन पर इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही रात के करीब 10.30 बजे परिजन देवघर पहुंचे उसके बाद पुलिस को घटना के बाबत जानकारी दी। सूचना मिलते ही नगर पुलिस घटना स्थल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर देर रात को सदर अस्पताल भेज दिया। इधर परिजनों का कहना कि जितना नजदीक में खिड़की से फांसी पर झूलता वह पाया गया वह संदेहास्पद है। कहा कि कहीं उसकी हत्या कर फांसी पर तो नहीं लटका दिया गया। परिजनों ने नगर पुलिस से इसकी जांच की मांग की है। वहीं समाचार लिखे जाने तक परिजनों द्वारा नगर थाना में आवेदन नहीं दिया गया था।
डॉ. जेसी राज का अभिनंदन और डॉ. एकता रानी का फेयरवेल धूमधाम से मना
देवघर/संवाददाता। स्थानीय विवेकानंद शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा संस्थान तथा योगमाया मानवोत्थान ट्रस्ट के युग्म बैनर तले नंदन पहाड़ मनोरंजन पार्क में शिक्षाविद् डॉ जयचंद्र राज का नागरिक अभिनंदन एवं डॉ एकता रानी का फेयरवेल समारोह मनाया गया। ज्ञात हो, आईकन ऑफ झारखंड व कई पुरस्कारों के विजेता डॉ राज को हाल में ही मुंबई में लीजेंड दादा साहब फाल्के अवार्ड से नवाजा गया था। वे संत माईकल एंग्लो ग्रुप ऑफ स्कूल्स के चेयरमैन भी हैं। बहुमुखी प्रतिभा के धनी डॉ राज समाजसेवा के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बना चुके हैं। डॉ एकता रानी अपने शहर में उनके पति, मिसाइल वैज्ञानिक रवि शंकर के साथ, गुरुकुल कोचिंग सेंटर चलाती थी। विगत 17 वर्षों में उन्होंने शहर को बहुत कुछ दिया। उनके सेंटर से विद्यार्थी लगातार आईआईटी, मेडिकल के क्षेत्रों में सफलता प्राप्त करते आ रहे थे। दोनों प्राणी, महाराष्ट्र की और रवाना हो रहे हैं। समारोह में विवेकानंद संस्थान के केंद्रीय अध्यक्ष डॉ प्रदीप कुमार सिंह देव, संरक्षक रामनंदन सिंह, वरीय सदस्य सुमन सौरभ, सदस्य विकास केशरी, डिवाइन पब्लिक स्कूल की निदेशिका सह सचिव ममता किरण, स्वनामधन्य दंत चिकित्सक डॉ चेतना भारती व डॉ नीतू, विश्व भारती, शांति निकेतन के हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. सुभाष चन्द्र राय, जी ग्रुप के पदाधिकारी वीरेंद्र सिंह, मनीष पाठक, राकेश राय, जिम्मी भाई, राकेश पांडेय, मैत्रेय स्कूल के निदेशक सोमेश दत्त मिश्रा, लच्छिरामका चेरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक ई यमुना प्रसाद लच्छिरामका, ब्राइट करिअर स्कूल के निदेशक अवधेश कुमार सिंह, प्राचार्या पुष्पा सिंह, संथाल परगना चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष आलोक मल्लिक, देवघर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष रवि केशरी, डी पी एस इंटरनेशनल स्कूल के प्राचार्य संजीव कुमार सिंह, समाजसेवी गणेश प्रसाद उमर, प्रियांशु प्रिया, रूपा कुमारी, रचना झा, एकलव्य पब्लिक स्कूल के प्राचार्य राजबर्धन, नाट्यकार प्रणय कुमार सिन्हा, कवि रवि शंकर साह, संदीपनि पब्लिक स्कूल की प्राचार्य कंचन मूर्ति साह, रिखिया प्लस टू स्कूल की प्राचार्या सुलेखा विश्वास, रोहिणी स्कूल के शिक्षक अमित कुमार दुबे, आर. एन. बोस बांग्ला लाईब्रेरी के सचिव पार्थो मुखर्जी, दुमका से पूनम प्रिशा, श्री श्री रवि शंकर के प्रिय शिष्य निशांत कुमार के अलावे काफी संख्या में अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित थे। सभी ने दोनों महानुभावों के व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम को सफल बनाने में किशोर सदस्या आराध्या प्रिया, अनुप्रिया, ऋषिका, रोशनी, आर्या किशोर बर्णवाल, अंजलि सिन्हा, सौम्य सौर्य, प्रणब मित्र की अहम भूमिका रही।
बीटेक के छात्र से 54 हजार की साइबर ठगी
देवघर/संवाददाता। गोहाटी आईआईटी से बीटेक कर रहे देवघर के बैद्यनाथपुर के रहने वाले एक छात्र को इन्वेस्टमेंट करने का झांसा देकर लगभग 54 हजार की ठगी कर ली गयी। बुधवार को पीड़ित छात्र ने साइबर थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। बताया जाता है कि उसके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने राशि इंवेस्ट करने पर 30 प्रतिशत मुनाफा देने की बात कही। पहले उसने 3000 रूपये इंवेस्ट किया तो उसके एकाउंट में 4000 रुपए भेज दिया गया। उपरांत उसने कई बार में लगभग 54 हजार रुपए इंवेस्ट कर दिया। जब उसने मुनाफे सहित राशि वापस करने की मांग की तो कहा गया कि और रूपया इंनवेस्ट करना होगा। उसके बाद मुनाफे सहित मूलधन वापस कर दिया जाएगा। उपरंात उसे ठगी का अहसास हुआ तो वह शिकायत देने साइबर थाना पंहुचा। शिकायत लेकर साइबर थाना पुलिस जांच में जुट गयी है।