- मंत्री ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
- श्रमिकों के बीच निर्माण श्रमिक सेफ्टी किट के तहत चेक किया प्रदान
देवघर/वरीय संवाददाता। श्रम मंत्री संजय प्रसाद यादव, विधायक सुरेश पासवान व उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी विशाल सागर द्वारा संयुक्त रूप से शुक्रवार को समाहरणालय परिसर से जागरुकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस जागरूकता रथ के माध्यम से श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जायेगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा श्रमिकों को सरकार की योजनाओं से जोड़ा जा सके।
इसके अलावा मंत्री निर्माण श्रमिक सेफ्टी किट योजना के तहत एक हजार रुपए की राशि श्रमिकों के बीच प्रदान की गयी। साथ ही गरीब व जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल का वितरण किया गया। मौके पर उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए मंत्री ने जिले के प्रवासी श्रमिकों से अपील करते हुए कि वे अपना निबंधन कराकर ही बाहर कार्य करने जायें। साथ ही उन्होंने कहा श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ उठाने के लिए श्रमिकों को ऑनलाइन निबंधन कराना जरूरी है। प्रवासी श्रमिक, असंगठित श्रमिक और निर्माण श्रमिक प्रज्ञा केंद्र में जाकर या श्रमाधान पोर्टल पर नि:शुल्क निबंधन कर सकते हैं।
इस दौरान उप विकास आयुक्त नवीन कुमार, अपर समाहर्ता हीरा कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी देवघर रवि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती, श्रम अधीक्षक विनित कुमार सिंह, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा मुकेश कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी के साथ-साथ संबंधित विभाग के अधिकारी व कर्मी आदि उपस्थित थे।
जिले में धान अधिप्राप्ति में तेजी लाने की आवश्यकता : उपायुक्त
- जिला आपूर्ति टास्क फोर्स की बैठक में अधिकारियों को दिये आवश्यक दिशा-निर्देश
देवघर/वरीय संवाददाता। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी विशाल सागर की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में जिला आपूर्ति टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान उपायुक्त ने जिला आपूर्ति कार्यालय द्वारा जिला स्तर पर किये जा रहे कार्यों यथा-पीभीटीजी यथा डाकिया योजना, अनुदानित दर पर किरासन तेल/नमक तथा चीनी वितरण, डोर स्टेप डिलीवरी, वन नेशन वन राशन कार्ड योजना, सोना सोबरन धोती साड़ी योजना, पेट्रोल सब्सिडी योजना के साथ विभिन्न योजनाओं के अद्यतन स्थिति से अवगत हुए। साथ ही जिले में हरा राशन कार्ड, लाल राशन कार्ड व पीला राशन कार्ड (अंत्योदय कार्ड) से जुड़े लाभुकों को दिये जा रहे राशन के अलावा राशन कार्ड सरेंडर कराये जाने को लेकर किये जा रहे कार्यों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जिला आपूर्ति पदाधिकारी को दिया गया।
समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने वर्तमान में धान अधिप्राप्ति से जुड़े कार्यों में तेजी लाने का निदेश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिया। साथ ही प्रखंड स्तर पर कृषि, आपूर्ति, सहकारिता एवं आत्मा विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सक्रिय होकर कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि कृषकों को जागरूक करते हुए धान अधिप्राप्ति के लक्ष्य को पूर्ण किया जा सके। उन्होंने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को निदेशित किया कि आपूर्ति विभाग की योजनाएं जनकल्याण से जुड़ी होती है। ऐसे में इन जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन और बेहतर तरीका से कराए, ताकि अधिक-से-अधिक लोगों को योजना से लाभान्वित किया जा सके। साथ ही बैठक के दौरान उपायुक्त ने डोर स्टेप डिलीवरी के कार्यो की समीक्षा के अलावा जिला व प्रखंड स्तर पर अपूर्ति विभाग के कुल गोदामों की वस्तुस्थिति से अवगत हुए। साथ ही जिला, प्रखंड, पंचायत स्तर दिये जाने वाले राशन वितरण के कार्यों की समीक्षा करते हुए जिला आपूर्ति पदाधिकारी को आवश्यक व उचित दिशा-निर्देश दिया गया। बैठक के दौरान उपायुक्त ने गलत व अवैध राशन कार्ड बनाने वाले लोगों को चिह्नित करते हुए अवैध राशन कार्ड को सूची से जल्द से जल्द हटाने का निर्देश दिया, ताकि नए और जरूरतमंद लाभुकों को जोड़ा जा सके। बैठक के दौरान वन नेशन वन राशन कार्ड, शत-प्रतिशत आधार सिडिंग के अलावा जिले में चल रहे कुल 14 दाल भात केन्द्रों की स्थिति से अवगत हुए। साथ ही उपायुक्त ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को निदेशित करते हुए कहा कि लंबित आवेदनों एवं जरूरतमंद लाभुकों से जुड़े समस्याओं का ससमय निष्पादन करें, ताकि आमजनों को किसी प्रकार की कठिनाईयों का सामना न करना पड़े।बैठक में अपर समाहर्ता हीरा कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी नरेश कुमार रजक, सहायक जनसम्पर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी, सभी प्रखंडों के एमओ, एवं संबंधित विभाग के अधिकारी कर्मी आदि उपस्थित थे।
आजसू के केंद्रीय सचिव ने पार्टी सुप्रीमो सुदेश से की मुलाकात, दी बधाई
देवघर/नगर संवाददाता। आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव ध्रुव प्रसाद साह ने आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सह झारखंड सरकार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो से रांची के कांके आवास में औपचारिक मुलाकात किया और अंग्रेजी नववर्ष 2025 की बधाई दी। आजसू नेता श्री के साथ रांची के कांके स्थित सीएम आवास पहुंचे जिला संगठन सचिव जितेंद्र चौधरी भी मौजूद थे। केन्द्रीय अध्यक्ष के साथ में संथाल परगना सहित देवघर जिले में संगठन के मजबूती को लेकर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा किया गया। इस मुलाकात में सुदेश कुमार महतो ने कहा कि आजसू पार्टी आंदोलन की उपज है। पुन: झारखंड की अस्मिता और खुशहाली के लिए एक बार फिर से संघर्ष और उलगुलान करना होगा। आजसू पार्टी को जमीनी स्तर पर जाकर संगठन को मजबूत करना होगा तभी इस राज्य में विकास की गति तेज हो सकती है। ध्रुव प्रसाद साह ने कहा कि इस सरकार को पुन: बहुमत में आने के लिए बधाई और शुभकामना दी। साथ ही कहा कि उन्होंने जो वादे इस झारखंडी जनमानस से किया है उसे पूरा करें।
जय बापू, जय भीम, जय संविधान अभियान को लेकर कांग्रेस ने की बैठक
देवघर/वरीय संवाददाता। जिला कांग्रेस कमेटी की एक बैठक कांग्रेस कार्यालय में जिलाध्यक्ष प्रो उदय प्रकाश की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक मुख्य रूप से राष्ट्रव्यापी संविधान रक्षक अभियान तहत “जय बापू, जय भीम, जय संविधान अभियान” को सफल बनाने तथा अन्य मुद्दों को लेकर की गयी। बैठक में निर्धारित कार्यक्रम को लेकर आवश्यक रणनीति बनाई गई। जिलाध्यक्ष ने बैठक में उपस्थित नेताओं, पदाधिकारियों, अग्रणी मोर्चा संगठन विभाग तथा प्रकोष्ठों के जिलाध्यक्षों, प्रखंड, नगर तथा मंडल अध्यक्षों को संबोधित करते हुए कहा कि यह अभियान कार्यक्रम राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, डॉ भीमराव अंबेदकर जी और हमारे संविधान में निहित मूल्यों की विरासत को संरक्षित एवं सुरक्षित रखने के लिए पूरे देश में की जा रही है। यह कार्यक्रम देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय डॉ मनमोहन सिंह के निधन पर शोक संवेदना के तहत विराम दिया गया था। अब यह 3 जनवरी से 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के 75वें वर्षगांठ तक चलेगी। इस दौरान प्रखंड तथा नगर में रैलियां तथा मार्च निकाला जाना है, इसके अलावा टोले-मोहल्ले में पदयात्रा तथा नुक्कड़ सभा आयोजित भी किया जाना है। इसके लिए सभी प्रखंड तथा नगर में विशेष बैठक आयोजित कर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए रणनीति बनाकर मंडल तथा पंचायत के प्रभारी नियुक्त करना है तथा हरेक कार्यकर्ता के साथ हम संविधान की रक्षा की लड़ाई जारी रखेंगें। जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष डॉ मुन्नम संजय ने कहा कि देश को संविधान देने वाले महापुरुष भारत रत्न डॉ भीमराव अंबेदकर द्वारा लिखित संविधान को केंद्र की भाजपा सरकार नष्ट करना चाहती है। डॉ भीमराव अंबेदकर को एक योजना तहत उन्हें अपमानित करना चाहती है। यही वजह है कि देश के गृह मंत्री अमित साह द्वारा भरी सदन में बाबा साहब पर बेहद ही अपमानजनक एवं आपत्तिजनक टिप्पणी की जाती है। हम कांग्रेस के सच्चे सिपाही हैं, जब तक सांस रहेगी तब तक देश के सपूतों तथा महापुरुषों का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रदेश सचिव नागेश्वर सिंह, प्रवक्ता राजेंद्र दास, जिला महासचिव दिनेश कुमार मंडल,युवक कांग्रेस अध्यक्ष कुमार राज, नगर अध्यक्ष रवि केसरी, जिला पदाधिकारी रवि गुप्ता, पारस यादव, मकसूद आलम, डॉ अनुप कुमार, प्रखंड अध्यक्ष उपेन्द्र प्रसाद राय, नरेश यादव, हेमंत चौधरी, राजीव रंजन उर्फ गुलाब यादव, संजीव चौधरी, जय शंकर शरण, मंडल अध्यक्ष महेन्द्र यादव, चंद्रदेव दास, एनामुल हक, लखेश्वर पंडित, अर्जुन राउत, धर्मेंद्र सिंह, नारायण यादव, दिलीप ठाकुर, दिलीप यादव, अनिल राउत, हरे राम राउत, फिरोज अंसारी, शेफ दानिश आदि दर्जनों नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।
हिन्दी अपने आप में एक समर्थ भाषा है : डॉ. प्रदीप
देवघर/वरीय संवाददाता। विश्व हिन्दी दिवस प्रत्येक वर्ष 10 जनवरी को पूरे विश्व में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य विश्व में हिन्दी के प्रचार-प्रसार के लिये जागरूकता पैदा करना तथा हिन्दी को अंतराष्ट्रीय भाषा के रूप में पेश करना है। विदेशों में भारत के दूतावास इस दिन को विशेष रूप से मनाते हैं। सभी सरकारी कार्यालयों में विभिन्न विषयों पर हिन्दी में व्याख्यान आयोजित किये जाते हैं। मौके विवेकानंद शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा संस्थान के केंद्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार सिंह देव ने कहा- विश्व में हिन्दी का विकास करने और इसे प्रचारित-प्रसारित करने के उद्देश्य से विश्व हिन्दी सम्मेलनों की शुरुआत की गई और प्रथम विश्व हिन्दी सम्मेलन 10 जनवरी, 1975 को नागपुर में आयोजित हुआ था, इसलिए इस दिन को विश्व हिन्दी दिवस के रूप में मनाया जाता है। भारत के पूर्व प्रधानमन्त्री डॉ. मनमोहन सिंह ने 10 जनवरी, 2006 को प्रति वर्ष विश्व हिन्दी दिवस के रूप मनाये जाने की घोषणा की थी। उसके बाद से भारतीय विदेश मंत्रालय ने विदेश में 10 जनवरी 2006 को पहली बार विश्व हिन्दी दिवस मनाया था।
जनता और जनतंत्र की भाषा है हिंदी
देवघर/वरीय संवाददाता। बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन के पूर्व प्रवक्ता अजय कुमार ने विश्व हिंदी दिवस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि हिंदी जनता और जनतंत्र की भाषा है और किसी भी राष्ट्र की खुशहाली और उसकीनींव भाषा होती है, मगर वर्तमान में न सिर्फ राष्ट्रीय स्तर पर बल्कि विश्व स्तर पर भी हिंदी की दुर्दशा चिंतनीय है। हिंदी के विकास पर ध्यान देने से ही राष्ट्रीय स्तर से लेकर विश्व स्तर तक हिंदी की स्थिति सुदृढ़ होगी। श्री कुमार ने कहा कि सिर्फ चिल्लाने से हिंदी का विकास नहीं होने वाला है। हिंदी प्रयोग की सौगंध लें और इसे शत-प्रतिशत कार्यान्वित करें तभी राष्ट्रीय स्तर से लेकर विश्व स्तर तक हिंदी का वर्तमान और भविष्य दोनों सुधर सकता है और इसका समग्र विकास हो सकता है।
दीनबंधु उच्च विद्यालय का 41वां स्थापना दिवस मना
देवघर/नगर संवाददाता। शुक्रवार को दीनबंधु उच्च विद्यालय के रवीन्द्र सभागार में विद्यालय का 41वां स्थापना दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। मुख्य अतिथि प्रो रामनदंन सिंह ने कहा कि स्थापना दिवस समारोह का आयोजन सभी विद्यालयों में होना चाहिए। जिससे शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियो को विद्यालय के इतिहास के बारे में जानकारी मिलती है। विशिष्ट अतिथि डॉ प्रदीप कुमार सिंह देव ने कहा बच्चों को पढ़ाई में अव्वल रहने के साथ-साथ खेलकूद और सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। इनके अलावा विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ एनसी गांधी, सचिव संदीप कुमार गोस्वामी, विद्यालय ट्रस्ट कमिटी के सचिव शरदिंदु कुंडू, पूर्व सदस्य मिहिरलाल दास, वर्तमान प्रबंध समिति के सदस्या रेखा दास, शत्रुघ्न प्रसाद रविशंकर प्रसाद साह, प्रसून वसु, संस्थापक शिक्षक बिधान चन्द्र मंडल, फिलाटेलिसट एवं पर्यावरणविद् रजत मुखर्जी, उमेश कुमार, वरीय अधिवक्ता गणेश कुमार उम्र, हंसधवनि कला केंद्र के निदेशक विश्वनाथ बनर्जी, रामरेख यादव, आनंद बरनवाल के अलावा विद्यालय के शिक्षक शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। मंच का संचालन शिक्षक जीतेन्द्र कुमार चन्द्र ने किया। स्वागत गीत गाकर बच्चों ने अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रधानाध्यापक काजल कान्ति सिकदार ने विद्यालय के उपलब्धियों और विद्यालय की वर्तमान समस्या की ओर सबका ध्यान आकृष्ट किया। विद्यालय के बच्चों ने भजन, संगीत और नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम को मनमोहक बनाया।
श्रम नियोजन मंत्री ने किया अंबेदकर पुस्तकालय का किया भ्रमण
देवघर/वरीय संवाददाता। सूबे के मंत्री श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग, उद्योग विभाग मंत्री संजय प्रसाद यादव एवं देवघर विधायक सुरेश पासवान शुक्रवार को बाबा साहब डॉ. अंबेदकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुस्तकालय का भ्रमण हुआ। सभी फ्लोर पर जाकर पुस्तकालय में पढ़ रहे छात्र-छात्राओं से रू-बरू हुए। पुस्तकालय के द्वितीय तल पर उनका स्वागत-सह-सम्मान पुस्तकालय कार्यकारिणी के कार्यकारी अध्यक्ष महेश प्रसाद लंकेश, महासचिव कन्हैया राम, सचिव रामदेव प्रसाद दास, मीडिया प्रभारी नंदलाल पंडित, सदस्य राजकुमार बरनवाल, वंदना पासवान, कृष्णा केसरी शहर के बुद्धिजीवी, पूर्व प्राचार्य फनी भूषण यादव एवं अन्य गणमाण्य लोगों ने शॉल, संविधान की पुस्तक एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। छात्र-छात्राओं को संबोधित करते मंत्री ने कहा कि बाबा साहब की हम सभी पूजा करते है और इन्हीं के दिशा-निर्देश, इन्हीं के संविधान पर हम सभी चल रहे हैं। आज इन्हीं के बदौलत मैं झारखंड सरकार में मंत्री बना हूं। उन्होंने पुस्तकालय प्रबंधन कमिटि को बहुत-बहुतधन्यवाद दिया साथ ही कहा कि पुस्तकालय के विस्तार और हर जरूरतों को पूरा किया जाएगा।
नगर निगम ने 10 बड़े बकायादारों का खाता किया फ्रीज
देवघर/नगर संवाददाता। शुक्रवार को देवघर नगर निगम के नगर आयुक्त सह प्रशासक रोहित कुमार सिन्हा के निर्देश पर नगर निगम क्षेत्र के 10 बड़े बकायदारों का खाता फ्रीज़ किया गया। जिन बकायादारों का खाता फ्रीज किया गया उनमें दानीलाल मरांडी 400480 रूपया, दिलीप कुमार सिंह 370266.80 रुपए, मनोज कुमार पोद्दार 341181.07 रुपए, सचिन मिश्रा 158485.33 रूपया, पातो देवी 151218 रुपए, पिंकी रानी 120346.32 रुपए, हरीश शेखर 109921.60 रुपए, अस्तमा देवी 98108.95 रुपए, अनिल कुमार बलियासे 95975.20 रुपए, शिवानंद झा 90224.96 रुपए शामिल है। नगर निगम ने चेतावनी दी कि आगे भी बड़े बकायदारों का नगरपालिका अधिनयम 2011 के नियमानुसार कार्यवाही करेगी। नगर निगम सभी होल्डिंग धारकों से अपील करती है कि वो अपना होल्डिंग टैक्स समय पर जमा करें एवं जुर्माने से बचें।
मारपीट कर युवक को किया घायल
देवघर/संवाददाता। आपसी विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक युवक गंभीर रूप घायल हो गया। घायल कुंडा थाना क्षेत्र के कासीडीह निवासी मोहन वर्मा का इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। यहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। पीड़ित ने बताया कि वह अपने घर के समीप दीवार का निर्माण करा रहा था। पड़ोसी ने काम करने से रोक दिया। कारण पूछने पर धारदार हथियार से सिर पर वार कर जख्मी कर दिया। पीड़ित घायल हालत में थाना पहुंचा। जहां से उसे इलाज के लिए भेज दिया गया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
छेड़खानी का आरोप
देवघर/संवाददाता। जसीडीह थाना क्षेत्र की एक महिला ने कुछ अज्ञात लोगों पर छेड़खानी करने का आरोप लगा रही है। हालांकि घटना किस थाना क्षेत्र की है। पीड़िता स्पष्ट रूप से यह बता नहीं पा रही है। वह कभी कुंडा तो कभी नगर थाना क्षेत्र का मामला बता रहा है। वहीं मामले को लेकर अब तक किसी भी थाना में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि कुंडा थाना की पुलिस मामले की छानबीन करने का प्रयास भी किया लेकिन घटनास्थल की वास्तविक जानकारी नहीं होने से फिलहाल मामले की जांच के संसंबंध कुछ भी बता पाने की स्थिति में नहीं है। इधर पीड़ित का इलाज सदर अस्पताल में किया जा रहा है। पीड़िता का कहना है कि वह एक ठीकेदार के पास मजदूरी का काम करती थी। वह ठीकेदार के बुलावे पर बकाया पैसा लेने पहुंची थी। ठीकेदार के बुलाए गए स्थान पर पहुंची तो कुछ युवक झाड़ी में नशा का सेवन कर रहे थे। उन्हीं लोगों ने उसके साथ छेड़खानी की वारदात को अंजाम दिया।
दहेज हत्या मामले में फरार चल रहा आरोपी गिरफ्तार, गया जेल
देवघर/संवाददाता। नगर थाना पुलिस ने दहेज हत्या मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद जेल भेज दिया। जेल गये आरोपी का नाम विक्रम महथा है जो थाना इलाके के जटाही का रहने वाला है। वह नगर थाना कांड संख्या 354/24 का आरोपी था।
सड़क हादसे में तीन जख्मी
देवघर/संवाददाता। अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसे तीन लोग घायल हो गये। तीनों को इलाज के लिये सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में रंजीत टुडू साकिन लदवारा थाना चकाई जिला जमुई बिहार, दीपू मोदी साकिन ताराबाद थाना रिखिया और शंकर ठाकुर चांदन जिला बांका बिहार का नाम शामिल है।