आवंटन उपलब्ध होने के बाद भी भुगतान में देरी होने से आक्रोश
देवघर/नगर संवाददाता। झारखंड राज्य अनुबंध कर्मचारी महासंघ झारखंड से संबद्ध संघठन झारखंड राज्य आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका संघ प्रखंड इकाई देवघर की एक बैठक रूबी कुमारी की अध्यक्षता में प्रखंड परिसर देवघर में किया गया। बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में प्रदेश महासचिव राखी देवी भाग लिया। बैठक में सवर्प्रथम झारखंड सरकार के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के निर्देश पर जोबा मांझी मंत्री समाज कल्याण द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के नियमावली बनाते हुए मानदेय में वृद्धि किए जाने पर आभार व्यक्त किया। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की मांगों की पूर्ति के लिए सुदिव्य कुमार सोनू विधायक गिरीडीह और दीपिका पांडेय सिंह विधायक महगमा द्वारा सड़क से सदन तक किये गए संघर्ष के लिए संघ आभारी है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के संघर्ष को कम समय में कुशल नेतृव और मार्गदर्शन कर परिणाम तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाने वाले संघ के मुख्य संरक्षक सुशील कुमार पांडेय का हम ऋणी हैं। सांगठनिक रिपोर्ट पेश करने के बाद बारी बारी से परियोजना वार मानदेय और पोषाहार भुगतान की स्थिति की जानकारी ली गई। इस क्रम में पता चला कि देवघर जिले के कुछ परियोजनाओं में माह अगस्त 2022 तक का भूगतान अपडेट किया जा चुका है। जबकि कुछ परियोजनाओं में मात्र 3 महीने जून 2022 तक ही भुगतान किया गया है। आवंटन उपलब्ध होने के बाद भी भूगतान में देरी होने से सेविकाओं में भारी आक्रोश पनप रहा है। जिस पर संघ जल्द इस पर जिला कमेटी की बैठक कर आंदोलन की रूप रेखा तय करेगा। संघ के प्रदेश महासचिव ने कहा कि हमारे मुख्य संरक्षक का निदेश हैं कि सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्री अपने अपने सेंटर को पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता से चलाएं। बच्चो के भविष्य के साथ कोई कोताही नही बरते, समय पर विभागीय कार्यो को निपटाए उसके बाद यदि मानदेय पोषाहार में कोई दिक्कत करें तो उसके विरोध में आंदोलन करने में कोई कसर नही छोड़े । झारखंड सरकार ने हमे सम्मान दिया है तो हमारा भी कर्तव्य है कि हम बच्चों के प्रति समर्पित रहे। संघ की मजबूती के लिए सदस्यता अभियान चलाए। हम सब जल्द केंद्र सरकार के गलत नीतियों के विरोध में देशव्यापी आंदोलन की शुरुआत करेंगे। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार ने अपना वादा निभाया है केन्द्राश से 2.5गुना ज्यादा मानदेय की वृद्धि देकर अपने चुनावी वादे को पूरा किया। बैठक के अंत मे प्रखंड कमेटी के गठन किया गया। जिसमें प्रखंड अध्यक्ष सोमा मुखर्जी, सचिव कुमारी सुनीता को मनोनीत किया गया। जबकि प्रखंड कार्यकारिणी और कोषाध्यक्ष का चुनाव अगली बैठक में किया जाएगा। कमेटी की मजबूती एवं पारदर्शिता के लिए बैंक खाता खोलने की सहमति दी गई। बैठक में सोमा मुखर्जी, रुपा दुबे, कुमारी सुनीता, पिंकी देवी, ममता देवी, ईश्वरी कुमारी, उषा देवी, नीलिमा, रीता अनिता कुमारी, बबिता देवी, गीता कुमारी, पूनम कुमारी, सुधा देवी, सरिता देवी सहित अन्य आंगनबाड़ी सेविका सहायिका ने भाग लिया। मंच संचालन रुबी कुमारी ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन रुपा दुबे ने किया।