- सत्ता पक्ष ने कहा ऐतिहासिक तो विपक्ष ने छलावा
देवघर/वरीय संवाददाता। शनिवार को लोकसभा में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किये गये आम बजट से कहीं खुशी तो कहीं गम है। इस पर राजनीतिक और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अपने प्रतिक्रिया दी है।
जल, जंगल, जमीन की अनदेखी करने वाला बजट : संजय
राजद प्रदेश सचिव सह पूर्व प्रत्याशी मधुपुर विधानसभा क्षेत्र संजय भारद्वाज ने आम बजट को झारखंड के लिए निराशाजनक, राजनीतिक कारणों से भेदभावपूर्ण और अव्यावहारिक बताया है। भारद्वाज ने कहा कि बजट में जल, जंगल और जमीन के लिए प्रसिद्ध इस राज्य के लिए किसी योजना की घोषणा नहीं की गई है। पड़ोसी राज्यों बिहार और उड़ीसा में पर्यटन विकास हेतु बजट प्रावधान किया गया है लेकिन इन दोनों राज्यों के बीच में स्थित और पर्यटन के क्षेत्र में अपार संभावनाओं वाले राज्य झारखंड के लिए कोई घोषणा नहीं की गई है। विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि झारखंड में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और यहां का गिरता भूजल स्तर चिंताजनक है लेकिन मरुस्थलीकरण से प्रभावित इस राज्य को अप्रैल 2024 से जल जीवन मिशन में भी कोई धनराशि नहीं मिली है। कहा कि हम उम्मीद कर रहे कि झारखंड में भूजल संरक्षण, पर्यटन, सोलर एनर्जी और खनिज आधारित उद्योगों के लिए बजट में घोषणा होगी लेकिन दलगत राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता का असर बजट में दिखाई दे रहा है।
निराशाजनक आम बजट : अजय
झारखंड प्रदेश इंटक के प्रदेश सचिव अजय कुमार ने आम बजट को निराशाजनक बजट करार देते हुए कहा कि बजट में मध्यम वर्ग, किसने, युवाओं, अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों, और अन्य सहित सभी वर्गों की अनदेखी की गई है, खासकर झारखंड केंद्रित किसी योजना की घोषणा नहीं कर फिर से एक बार झारखंड को छला गया है। श्री कुमार ने कहा कि बजट में रेल यात्रियों की सुरक्षा के मुद्दे पर भी कुछ नहीं कहा गया है और नहीं रेलवे में रिक्तियों को भरने का कोई जिक्र ही किया गया है।
आम बजट में मध्यवर्गीय को बड़ी सौगात : रूपा
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आम बजट 2025 पेश किया जिसमें पहली बार मध्यमवर्गीय परिवार को बड़ी सौगात मिली है। 12 लाख तक के आय की राशि में एक रुपए का भी टैक्स नहीं लगेगा। इतनी बड़ी सौगात मध्यमवर्गीय परिवार के लिविंग स्टैंडर्ड को बढ़ाएगा, टैक्स की राशि बचने से मध्यमवर्गीय परिवार के बच्चे अच्छी यूनिवर्सिटी से पढ़ाई करने में समर्थ होंगे, जीवन जीने का स्तर उच्च होगा,बीमारियों के इलाज में सहयोग प्रदान करेगा,कुल मिलाकर यह बजट मध्यम वर्गीय परिवार के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
अंतिम व्यक्ति को विकास से जोड़ने वाला है आम बजट : नारायण
पूर्व विधायक नारायण दास ने कहा कि अंतिम व्यक्ति को विकास से जोड़ने वाला बजट है। किसान, मजदूर, बेरोजगारों को उन्नति की ओर ले जाने में यह बजट सार्थक सिद्ध होगा। कहा कि टैक्स में 12 लाख तक की छूट देकर मध्यम वर्ग को काफी राहत दिया गया है। यह बजट अमृत काल का अमृत बजट सिद्ध होगा।
बजट में दलित, आदिवासी के साथ हुआ है छलावा : सुरेश
स्थानीय विधायक सुरेश पासवान ने कहा कि आम बजट में दलित और आदिवासी समाज के साथ छलावा कर पूंजीपतियों को कर में छूट दी गई है। यह बजट बेहद निराशाजनक है। बजट में कही भी गरीब की बात नहीं कर सौतेला व्यवहार किया गया है।
आम बजट निराशाजनक : मुन्नम
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सदन में जो बजट पेश किया वो बहुत ही निराशाजनक है। देशवासियों के उम्मीद पर पानी फिरता नजर आ रहा है। गत वर्षो की भांति इस वर्ष देश के महत्वपूर्ण विभाग शिक्षा, ग्रामीण विकास तथा आईटी एवं टेलीकॉम के बजट में बड़ी कटौती करके यह दिखाया गया कि अनपढ़ के लिए शिक्षा और विकास कोई जरूरी नहीं है। गत वर्ष जहां शिक्षा क्षेत्र में 2.60 प्रतिशत था, उसमें कटौती करके इस वर्ष 2.53 प्रतिशत पर कर दिया गया, जो काफी खेद की बात है। वही ट्रांसपोर्ट के साथ अन्य महत्वपूर्ण विभाग के बजट में भी कटौती की गई है। जिस कारण देश का विकास प्रभावित होगा।
आम बजट दिशाहीन : उदय प्रकाश
कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रो उदय प्रकाश ने कहा कि दिशाहीन और देश को डुबोने वाला बजट है। इसमें किसी भी वर्ग को कुछ नहीं मिलने वाला है। इसमें गरीब और गरीब तथा अमीर और अमीर बनते जाएंगेद्ध सिर्फ पूंजीपतियों को देश की संपत्ति को सोंपने को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है। सामान्य एवं मध्यम वर्गीय को छला गया है। देश के अन्नदाता किसानों के लिए कुछ नहीं किया गया।
बिहार चुनाव को लेकर बनाया गया है बजट : मणिशंकर
झारखंड प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष मणिशंकर के आम बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बजट बिहार चुनाव को लेकर बनाया गया है। उन्होंने कहा कि बजट में किसान, युवा, बेरोजगारों के हित में कोई बात नहीं की गई है। सिर्फ मध्यम वर्ग के बात हुई है उसमें काफी गोलमाल है। भाजपा पूंजीपतियों की पार्टी है जो कभी गरीब के हित में काम नहीं कर सकता है।
मध्यम वर्ग को राहत देनेवाला बजट : बेनी माधव
झारखंड प्रदेश जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश सचिव बेनी माधव झा ने कहा कि मध्यम वर्ग को राहत देने के साथ-साथ ही इस बजट की जो सबसे प्रमुख विशेषता है वह स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर है। इसमें 36 प्रकार के जीवन रक्षक दवा जो कैंसर से संबंधित है उसे ड्यूटी फ्री कर दिया गया जो आम जनमानस को असाध्य रोगों मे आरोग्य प्रदान करने मे सहायक होगा।
अबतक का सर्वश्रेष्ठ बजट : सतीश
जदयू जिलाध्यक्ष सतीश दास ने कहा कि आम बजट 2025 का वित्त मंत्री सीतारमण के द्वारा पेश किया गया, यह बजट इस साल का सर्वश्रेष्ठ बजट माना जा रहा है, क्योंकि इस बजट में मध्यम वर्ग को आयकर में छूट देकर उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार लाने का प्रयास किया गया है और सभी लोगों के लिए आयुष्मान भारत द्वारा चिकित्सा सुविधा देने का प्रयास किया गया है।
आम नागरिक अब बन सकेंगे विकास में भागीदार : गौरव राज
अभाविप के प्रदेश खेल संयोजक गौरव राज ने कहा कि
यह बजट सरकार का खजाना भरने की बजाय, देश के नागरिकों की जेब और बचत बढ़ाने पर केंद्रित है। यह बजट नागरिकों के विकास को बढ़ावा देने और उन्हें विकास का भागीदार बनाने के लिए मजबूत नींव रखता है। इस दृष्टिकोण से बजट पूरी तरह से अलग है। इस बजट में शिक्षा, स्वस्थ साथ ही साथ छोटे उद्योग को बढ़ावा दिया गया है।
ऐतिहासिक बजट आम आवाम के लिए : डॉ राजीव
देवघर महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक सह भाजपा के जिला उपाध्यक्ष प्रो. डॉ राजीव रंजन सिंह ने कहा कि बजट पारित होते ही आज कई चीजें सस्ती हो गई हैं। इसके अलावा कई चीजों के दाम भी बढ़े हैं। आम आदमी के लिए बजट से बड़ी राहत मिली है। अब मोबाइल, टीवी, इलेक्ट्रिक कार जैसे सामान सस्ते होंगे। कैंसर की 36 दवाइयां सस्ती होंगी। मोबाइल और टीवी सस्ते होंगे। बिहार के लिए एयरपोर्ट्स, सड़कों और बिजली के प्रोजेक्ट लगाने के लिए बजट में प्रावधान किया गया है। बिहार में इन कामों के लिए 26,000 करोड़ का प्रावधान किया गया है। यह बजट पिछड़े राज्यों के विकास के मील का पत्थर साबित होगा ।
उद्योगों पर पड़ेगा गहरा प्रभाव : डॉ पूजा
एमिटी विश्वविद्यालय की प्राध्यापिका डॉ पूजा शुक्ला ने कहा कि बजट 2025 का उद्योगों पर गहरा प्रभाव पड़ने की संभावना है। सरकार ने एमएसएमई और स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए कई पहल की हैं, जैसे निवेश और कारोबार सीमाओं में वृद्धि, जिससे इन क्षेत्रों में रोजगार सृजन और आर्थिक वृद्धि को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा, न्यूक्लियर एनर्जी मिशन और डिजिटल बुनियादी ढांचे का विस्तार करने से ऊर्जा और सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में नई संभावनाएं उत्पन्न हो सकती हैं। कृषि सुधार और चिकित्सा शिक्षा विस्तार से स्वास्थ्य, कृषि और संबंधित उद्योगों में सकारात्मक बदलाव हो सकता है। हालांकि, इन पहलों को सफल बनाने के लिए बुनियादी ढांचे में निवेश और कार्यान्वयन की चुनौतियां बनी रहेंगी।
वाहन के धक्के से वृद्ध की मौत, चालक पर प्राथमिकी दर्ज
जसीडीह/संवाददाता। जसीडीह थानांतर्गत कोठिया टोल टैक्स के समीप बीते गुरुवार को वाहन के धक्के से एक वृद्ध घायल हो गया। जिसकी चिकित्सा के दौरान मृत्यु हो गई। मृतक के पुत्र एवं जसीडीह थाना के नैयाडीह गांव के नकुल कुमार पंडित ने उक्त वाहन के चालक के जसीडीह थाना आवेदन देकर शिकायत की। उन्होंने कहा कि दिनांक 30 जनवरी को सुबह करीब आठ बजे पिता सच्चिदा पंडित घरेलू काम से कोठिया गये थे और कोठिया से घर लौटते समय कोठिया टोल टैक्स के समीप पहुंचे तो वाहन नंबर जेएच 10 बीके/6726 के चालक तेजी एवं लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए आया और पीछे से धक्का मार दिया। जिसमें पिताजी बुरी तरह जख्मी हो गए। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया। जहां इलाज के दौरान पिता जी सच्चिदा पंडित की मृत्यु हो गई। सूचना पाकर वे लोग सदर अस्पताल देवघर पहुंचे तो देखा पिताजी मृत पड़े हुए हैं। पोस्टमार्टम के बाद दाह-संस्कार करने के बाद आवेदन दिया। पुलिस ने आवेदन पर जसीडीह थाना में मामला दर्ज कर उक्त वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई में जुटी है।
बजट-2025 : किसी सराहा तो किसी ने की निंदा
देवघर/नगर संवाददाता। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को लोकसभा के पटल पर आठवीं बार आम बजट प्रस्तुत किया। नरेंद्र मोदी सरकार के इस बजट में दिल्ली व बिहार में आगामी चुनाव को ध्यान में रखा गया है। बजट में बिहार के लिए कुछ बड़ी घोषणाएं की है। इनमें पटना एयरपोर्ट का विस्तार, पश्चिमी कोशी नहर को वित्तीय मदद व टैक्स सलैब 12 लाख रुपये वार्षिक यानी 1 लाख रूपये महीना कमाने वाले को टैक्स पे से राहत मिला है। मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल के पहले बजट में अपने घोषित लक्ष्य के मुताबिक ही किसानों, दलित महिलाओं और छोटे कारोबारियों के लिए कुछ मदद की घोषणा की है। इन्हीं मुद्दों को लेकर इंडियन पंच ने शहर के प्रबुद्ध जनों से बातचीत कर उनकी राय जानने का प्रयास किया। प्रस्तुत है बातचीत का मुख्य अंश।
मध्यम वर्ग को राहत पहुंचाने वाला बेहतरीन बजट : रीता
भाजपा नेत्री रीता चौरसिया ने कहा कि टैक्स स्लैब में छूट देकर मध्यम वर्ग को बड़ी राहत पहुंचाने का काम किया गया है। वित मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट में कैंसर रोगियों, महिला, युवा सहित मध्यम वर्ग को ध्यान में रखकर बेहतरीन बजट पेश किया है। भारत को छोटे खिलौना उद्योग का हब बनाने की घोषणा किया गया है। इस घोषणा से बनारस के लकड़ी के खिलौना बनाने वाले छोटे उद्यमियों के मुरझाए चेहरे खिल जाएंगे। चमड़ा उद्योग में सरकार ने निवेश बढ़ाने की घोषणा किया है। सरकार को उम्मीद है कि इस सेक्टर में 22 लाख नौकरियों के सृजन की संभावना है।
छोटे उद्यमियों के मुरझाए चेहरे खिल जाएंगे : राकेश
भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष राकेश नरौने ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार ने पहली बार राज्य खनन सूचकांक बनाने की घोषणा की है। इसका उद्देश्य खनन क्षेत्र के प्रदर्शन और भविष्य की तैयारी मापने के लिए प्रमुख खनिजों और लघु खनिजों के सम्बन्ध में राज्यों के राज्यों के खनन क्षेत्र के प्रदर्शन दर आकलन करना है। इस पहल के तहत खान मंत्रालय ने आईआईटीआई आईएसएम धनबाद के साथ मिलकर एक कार्यशाला में राज्यों के खनन क्षेत्र के प्रदर्शन पर चर्चा किया गया है। बजट में विकसित भारत की झलक मिलती है।
भारत को आगे बढ़ाने वाला बजट है : संजीव
भाजपा नेता संजीव जजवाड़े ने कहा कि नरेंद्र मोदी की नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के इस बजट में बिहार में आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए बिहार के लिए कुछ बड़ी घोषणाएं किया गया है। इनमें पटना एयरपोर्ट का विस्तार, पश्चिमी कोशी नहर को वित्तीय मदद भी शामिल है। टैक्स में छूट देकर मध्यम वर्ग, किसान, महिला, युवा, छोटे उद्यमी सहित भारत को आगे बढ़ाने वाला बजट है।
बजट में झारखंड की उपेक्षा की गई है : दिनेशानंद
कांग्रेस नेता दिनेशानंद झा ने कहा कि बजट में झारखंड जैसे राज्य की उपेक्षा की गई है। केंद्र सरकार का यह बजट झूठ का पुलिंदा है। टैक्स स्लैब 12 लाख किया गया है जिसे बहुत कम लोगों को लाभ मिलेगा। बजट में दिल्ली व बिहार चुनाव को ध्यान में रखा गया है। बजट में महात्मा बुद्ध के जन्मभूमि समेत बुद्ध से जुड़े ऐसे 52 पर्यटन स्थलों को भी विकसित करने की घोषणा की गई है। जिसे बहुत कुछ हासिल होने वाला नहीं है। ट्रांसपोर्ट के साथ अन्य महत्वपूर्ण विभाग के बजट में भी कटौती की गई है।
बजट दिशाहीन है : दिनेश
कांग्रेस के जिला प्रवक्ता दिनेश मंडल ने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सदन में आज संघीय बजट पेश किया गया जो दिशाहीन और देश को डुबोने वाला बजट है। इसमें किसी भी वर्ग को कुछ नहीं मिलने वाला है। इसमें गरीब और गरीब तथा अमीर और अमीर बनते जाएंगे। सिर्फ पूंजीपतियों को देश की संपत्ति को सौंपने को ध्यान में रखते हुए बनाया गया। सामान्य एवं मध्यम वर्गीय को छला गया है। देश के अन्नदाता किसानों के लिए कुछ नहीं किया गया। एमएसपी पर कोई जिक्र नहीं किया गया। 12 लाख तक आयकर छुट में भी घोलमाल है। इसे कई कैटेगिरी में रखा गया है। इसे भी स्पष्ट करना चाहिए। आदिवासी बाहुल्य राज्य झारखंड के लिए इस बजट में कोई प्रावधान नहीं किया गया है। यह बजट पिछले वर्षों की तरह एक जुमला साबित होगी।
बजट से देशवासियों की उम्मीद पर पानी फिरता नजर आ रहा है : विक्रम
सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता विक्रम पत्रलेख ने कहा कि केंद्र सरकार के इस बजट से झारखंड को निराशा हाथ लगी है। दिल्ली व बिहार चुनाव को लेकर बजट तैयार किया गया है। किसानों की महत्वपूर्ण मांग एमएसपी का कोई ध्यान नहीं रखा गया है। टैक्स सैलाब 12 लाख किया गया है, लेकिन 12 लाख सलान बहुत कम लोग ही कमाते हैं। यह बजट पेश किया वो बहुत ही निराशाजनक है। बजट से देशवासियों के उम्मीद पर पानी फिरता नजर आ रहा है।
देश के लोगों को 2047 का सपना अभी से ही दिखाया जा रहा है : सुरेश
झामुमो नेता सुरेश साह कहते हैं कि आज लोकसभा में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश आम बजट अब तक का सबसे रद्दी बजट है। इकानामी ग्रोथ 6.8 के जगह 6.4 हो गया है। यह अब तक का सबसे निम्न स्तर का बजट है। देश के लोगों को 2047 का सपना अभी से ही दिखाया जा रहा है। इस बजट से देश में महंगाई बढ़ेगी, डालर के मुकाबले रूपया गिरता जा रहा है। कुल मिलाकर प्रस्तुत आम बजट में खोखला वादा व कुंभ स्नान करने वाला बजट है।
विकसित भारत के संकल्प को पूर्ण करने और मध्यम वर्ग को सशक्त बनाने वाला बजट : शुभम
अभाविप के शुभम राय ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को पूर्ण करने और मध्यम वर्ग को सशक्त बनाने वाला बजट है। नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व वाली केंद्र की एनडीए सरकार के तीसरे कार्यकाल के पहले पूर्ण बजट में किए गए प्रावधानों का स्वागत है। यह वित्तीय बजट सर्वस्पर्शी, सर्वसमावेशी और विकासोन्मुखी है। बजट में छात्र, गांव, गरीब, किसान, महिला, नौजवान, बुजुर्ग समेत समाज के सभी वर्गों के समग्र विकास का संकल्प निहित है।
बजट विकसित भारत, श्रेष्ठ भारत निर्माण की दिशा में काम करेगा : सचिन
भाजपा जिलाध्यक्ष सचिन रवानी ने कहा कि यह बजट मध्यम वर्ग और निम्न वर्ग का बजट है। खासकर युवा और बुजुर्गों को भी फायदा पहुंचाया है। कर छूट में मध्यम वर्ग को आर्थिक भलाई को बढ़ाने का काम किया है। 2025 का बजट विकसित भारत श्रेष्ठ भारत की निर्माण की दिशा में काम करेगी। बजट में किसान, गरीब, मध्यम वर्ग, महिला बच्चों की शिक्षा, पोषण, स्वास्थ्य से लेकर स्टार्टअप और निवेश तक हर क्षेत्र को समाहित किया है। यह बजट आत्मनिर्भर भारत का रोड मैप है। इस सर्व समावेशी बजट के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एवं वित्त मंत्री बधाई देता हूं।
नेहरू युवा केंद्र का पांच दिवसीय अंतरजिला युवा एक्सचेंज कार्यक्रम का समापन
- भाषण प्रतियोगिता में सफल प्रतिभागियों को किया गया पुरस्कृत
देवघर/नगर संवाददाता। सेवा धाम नंदन पहाड़ में आयोजित पंच दिवसीय अंतरजिला युवा एक्सचेंज कार्यक्रम का समापन समारोह धूमधाम से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में रांची से 27 प्रतिभागियों ने भाग लिया और पूरे उत्साह के साथ इसमें भागीदारी की। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नेहरू युवा केंद्र के उपनिदेशक अभिषेक मंडल, युवा आइकन एवं राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त राजेंद्र कुमार साव, उदय कुमार, और चौधरी चरण तांती उपस्थित थे। इसके बाद झारखंड की आदिवासी गीतों पर युवा प्रतिभागियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया, जिसने समारोह में एक जीवंत वातावरण उत्पन्न किया। कार्यक्रम के समूह नेता सिद्धांत और संस्कृति ने पांच दिन के अनुभवों को साझा किया और अपनी यात्रा के दौरान सीखी गई बातों को उपस्थित सभी को बताया। कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनके विजेताओं को सम्मानित किया गया। भाषण प्रतियोगिता में रितिक रोशन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अंजली कुमारी और शशांत कुमार क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। क्विज प्रतियोगिता में चंचल और उनकी टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि रोशनी और उनकी टीम को तीसरा स्थान और अनिशा केरकेट्टा और उनकी टीम को दूसरा स्थान मिला। सभी विजेताओं को मेडल और प्रमाण पत्र से सम्मानित किया गया। समारोह के अन्त में सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र और बाबा बैद्यनाथ का फोटो फ्रेम एक प्रतीकात्मक उपहार के रूप में प्रदान किया गया। यह पुरस्कार उनकी मेहनत और सहभागिता के लिए दिया गया। समापन समारोह में, नेहरू युवा केंद्र के उपनिदेशक अभिषेक मंडल और उदय कुमार ने सभी युवाओं को संबोधित किया और उन्हें उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दी।
राजेंद्र कुमार ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में युवाओं को संगठन, नेतृत्व और सामाजिक सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं को अपने कौशल को विकसित करने, समाज सेवा में योगदान देने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन यु्वराज सिंह और दयानंद कुमार द्वारा किया गया। दोनों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन आधिकारिक रूप से घोषित किया गया और सभी युवाओं को उनके भविष्य के प्रयासों के लिए प्रेरित किया गया।