महेशपुर/संवाददाता। थाना क्षेत्र के एक गांव में एक किशोर ने किशोरी के साथ घर में घुस कर दुष्कर्म करने का प्रयास किया। यह घटना बीते 24 नवंबर दोपहर की बतायी जाती है। किशोरी के पिता ने आवेदन देकर नामजद किशोर के विरुद्ध थाना में मामला दर्ज करवाया है। आवेदन के आधार पर नामजद किशोर के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत थाना मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शनिवार सुबह आरोपी किशोर का स्वास्थ्य परीक्षण करा कर बाल सुधार गृह भेज दिया।
वारंटी की गिरफ्तारी
महेशपुर/संवाददाता। वारंटी केशव घोष एठापाड़ा गांव निवासी को महेशपुर पुलिस ने बीती शुक्रवार रात को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को स्वास्थ्य परीक्षण करा कर उसे न्यायिक हिरासत में पाकुड़ जेल भेज दिया। इस मामले में वारंटी केशव घोष के खिलाफ चेक बाउंस का मामला दर्ज किया गया था।
अभामाम ने पौधा लगाने का लिया संकल्प
पाकड़/निसं। अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला (अभामाम) की ओर से रेलवे स्टेशन परिसर में शनिवार को हनुमान मंदिर में भोग लगा कर सभी यात्रियों के बीच प्रसाद वितरण गया। साथ में गरीब लोगों को नए तथा पुराने वस्त्र भी प्रदान किए गए। प्रसाद वितरण के बाद समिति की बहनों ने स्टेशन परिसर में पौधा रोपण करते पौधा लगाने का संकल्प लिया। मौके पर समिति की अध्यक्ष चंदा अग्रवाल, सचिव बबीता देवी, कोषाध्यक्ष अर्चना देवी, वीणा, रूपा, रंजीता, कुमकुम, क्षमा, सुमन, संगीता, सुनीता, उमा, रश्मि, प्रीति, मंजू, वीणा समेत दर्जनों अन्य मौजूद थीं।
कांग्रेसियों ने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
-संविधान दिवस पर विचार गोष्ठी का आयोजन
पाकुड़/निसं। संविधान दिवस के अवसर पर कांग्रेस भवन में जिला अध्यक्ष उदय लखमानी की अध्यक्षता में शनिवार को विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। विचार गोष्ठी से पूर्व सभी कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर चौक पहुंच कर संविधान निर्माता बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहिउद्दीन, कांग्रेस जिला महासचिव अवधेश झा, समाजसेवी विजय चौरसिया एवं प्रोफेसर अर्नेस्ट हांसदा को बुके देकर सम्मानित किया गया। मौके पर उपस्थित कार्यकर्ताओं को उदय लखमानी ने बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर को नमन करते कहा कि देश आज 73वां संविधान दिवस मना रहा है। 26 नवंबर, 1949 को भारत की संविधान सभा ने इसे स्वीकार किया था। संविधान दिवस को राष्ट्रीय संवैधानिक दिवस और राष्ट्रीय कानून दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर को संविधान का जनक कहा जाता है। मौके पर जिला उपाध्यक्ष गुलाम अहमद, जिला सचिव असलम अंसारी, जिला परिषद सदस्य मंजूला हांसदा, अशोक यादव, अलीफ, नाजु शेख, मिस्बाहुल शेख, हबिबुर रहमान,जहरुल आदि मौजूद थे।
बीडीओ ने तेजस्विनी परियोजना कर्मियों को प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित
पाकुड़। संवाददाता। अमड़ापाड़ा प्रखंड कार्यालय सभागार में शनिवार को तेजस्विनी परियोजना के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं एवं किशोरियों को बीडीओ कुमार देवेश द्विवेदी एवं पर्यवेक्षिका बॉबी कुमारी ने संयुक्त रूप से प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। वहीं बीडीओ द्विवेदी ने कहा कि तेजस्विनी परियोजना द्वारा बांस के विभिन्न प्रकार की कलाकृति, फोटो फ्रेम, पेन स्टैंड एवं गुलदस्ता आदि बनाया जा रहा है। इन सभी कलाकृतियों को बनाने को लेकर स्थानीय महिलाओं एवं किशोरियों को तेजस्विनी परियोजना की ओर से प्रशिक्षण दिया जा रहा था। प्रशिक्षण अवधि पूर्ण हो जाने के पश्चात प्रमाण पत्र दिया गया ताकि इन सभी को अपनी आय में वृद्धि करने व अपने जीविकोपार्जन के साधन के रूप में कुटीर उद्योग सहित अन्य कार्य में सहूलियत मिलेगी। मौके पर तेजस्विनी परियोजना के प्रखंड समन्वयक अमित कुमार एवं तेजस्विनी कर्मी सहित अन्य मौजूद थीं।