जामताड़ा। संवाददाता। मिहिजाम के डॉ नागेन्द्र सिन्हा विद्यालय में शिक्षक दिवस धूमधाम से मनाया गया। विद्यालय के संस्थापक डॉ नागेन्द्र सिन्हा, सचिव नंदलाल शर्मा और ट्रस्ट की महिला सदस्या साधना देवी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सबको मंत्रमुग्ध कर दिया और खूब तालियां बटोरी।
डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पित किया गया। विद्यालय के छात्र और छात्राओं ने कार्ड और फूल देकर शिक्षकों को सम्मानित भी किया। विद्यालय के संस्थापक सह अध्यक्ष डॉक्टर नागेन्द्र सिन्हा ने शिक्षक दिवस की महिमा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि किसी भी इंसान के जीवन में शिक्षक सबसे सम्मानित पद होता है। शिक्षक और शिक्षिका बगीचे के माली की तरह अपने स्कूल के बच्चों की देखरेख करता है और उनमें ज्ञान एवं संस्कार के गुण भरता है। इसी ज्ञान, संस्कार व अनुभव के बल पर वह छात्र जीवन से आगे बढ़कर अपना कैरियर बनाता है। सचिव नंदलाल शर्मा ने कहा कि छात्र शिक्षक-शिक्षिका का सम्मान करें और अपनी पढ़ाई में ध्यान दें। साथ ही, वे अपने उज्जवल भविष्य का निर्माण करें। प्राचार्या चंदा मिश्रा ने कहा कि शिक्षक और शिक्षिका समाज का आइना होते हैं । लोग उसे समाज में अच्छे इंसान और ईश्वर के रूप में देखते है। इसलिए उन्हें अच्छा आचरण करना चाहिए। ट्रस्ट की महिला सदस्या साधना देवी ने कहा कि बिना गुरु के ज्ञान संभव नहीं है। गुरु ही बच्चों के जीवन को अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाता है। इस आयोजन पर उप प्राचार्या बबीता कुमारी, टीचर इनचार्ज ज्योति मिश्रा, ऑफिस क्लर्क प्रीति तिवारी, शिक्षिका सीमा राऊत, नीतू ठाकुर, अनिता कुमारी, बबीता कुमारी, अंकिता बर्मन, शिल्पा कुमारी, नृत्य शिक्षिका सीमा कुमारी, कर्मी संजू कुमारी, रीतू कुमारी सहित डॉ नागेन्द्र सिन्हा विद्यालय के बच्चे उपस्थित थे।
सेंट एंथोनी विद्यालय में धूमधाम से मना शिक्षक दिवस
जामताड़ा। संवाददाता। गुरु-शिष्य परंपरा भारत की संस्कृति का एक अहम और पवित्र हिस्सा है। शहर के संत एंथोनी विद्यालय जामताड़ा प्रांगण में भारत रत्न से विभूषित डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्म दिवस को शिक्षक दिवस के रूप में धूम-धाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ विद्यालय के मुख्य संरक्षक डीडी भंडारी तथा निदेशक डॉ चंचल भंडारी की ओर से डॉक्टर राधाकृष्णन की प्रतिमूर्ति पर माल्यार्पण तथा श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया। तत्पश्चात विद्यालय के शिक्षक शिक्षिकाओं व बाल संसद के सदस्यों ने डॉक्टर राधाकृष्णन की प्रतिमूर्ति पर पुष्प अर्पित किए। कक्षा दशम के छात्रा सनोवर तबस्सुम ने विद्वान कथा उच्चकोटि के शिक्षक डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवनी
पर प्रकाश डालते हुए अपने वकतव्यों को सबके सामने रखा। मौके पर विद्यालय के मुख्य संरक्षक तथा शिक्षाविद डीडी भंडारी ने सभी सम्मानित शिक्षक शिक्षिकाओं को बधाई देते हुए कहा कि माता पिता के बाद शिक्षक ही है जो बच्चों को संस्कारवान बना सकते हैं। इनके अलावे शिक्षकों के परिश्रम, त्याग एवं राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान पर प्रकाश डाला तथा उन्होंने बच्चों के नेतृत्व क्षमता की प्रशंसा की। मौके पर विद्यालय के निदेशक डॉ चंचल भंडारी भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति भारत रत्न डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जीवनी की सम्पूर्ण सारगर्भित जानकारी से विद्यार्थियों को अवगत करवाया। साथ ही, उनके जीवन से प्रेरणा लेने की सीख दी। इस अवसर पर विद्यालय के सभी अध्यापक गण को संदेश दिया। शिक्षक दीए के समान होते हैं जो अंधकार को अपने प्रकाश से समाप्त कर देते हैं। अत: गुरु का स्थान सर्वोपरी है।
झारखंड आत्मा संघ के आह्वान पर आत्मा कर्मी का अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू
जामताड़ा। संवाददाता। झारखंड आत्मा संघ के आह्वान पर सोमवार से आत्मा जामताड़ा के सभी कर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। आत्मा कर्मी का 1 सूत्री मांग कृषि विभाग अंतर्गत रिक्त पड़े पदों पर आत्मा कर्मियों को उनके योग्यता के आधार पर समायोजन किया जाए। आत्मा कर्मियों का मानदेय साल में दो ही बार में दिया जाता है। पहला किस्त अक्टूबर दुर्गा पूजा के शुभ अवसर पर एवं दूसरा किस्त मार्च क्लोजिंग के शुभ अवसर पर दिया जाता है जिसके कारण आत्मा कर्मियों की आर्थिक स्थिति बहुत ही दयनीय रहती है। हमेशा बच्चों का स्कूल फीस देरी से जमा होता है। जिसके कारण आत्मा कर्मी के बच्चों को स्कूल में बहुत बार अपमान का सामना करना पड़ता है। सभी आत्मा कर्मी कार्य प्रक्षेत्र भ्रमण से जुड़ा है। इसमें यदि किसी प्रकार की अनहोनी हो जाती है तो आत्मा कर्मी के परिवार को बहुत नुकसान हो जाता है। अंत में वह परिवार सड़क पर आ जाता है। उनका देखने वाला कोई नहीं है। सरकार से हमारी मांग है कि वेतन को नियमित करते हुए कृषि विभाग में हजारों खाली पड़े रिक्त पदों पर समायोजन के साथ हमारी सुरक्षा की व्यवस्था झारखंड सरकार करें।
भारत में गुरु शिष्य की परंपरा अत्यंत प्राचीन है : डीईओ
डीएवी में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया शिक्षक दिवस
जामताड़ा। संवाददाता। सावित्री देवी डीएवी प्लस टू स्कूल जामताड़ा में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुख्य अतिथि जामताड़ा के जिला शिक्षा पदाधिकारी डॉक्टर गोपाल कृष्ण झा ने दीप प्रज्जवलित एवं डॉ राधाकृष्णन की तस्वीर पर माल्यार्पण कर समारोह का उद्घाटन किया। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में एडीपीओ संजय कुमार कापड़ी, एपीओ उज्ज्वल कुमार मिश्र एवं अजय कुमार, अनिल कुमार, प्रदीप कुमार दत्ता, विनोद राजहंस, श्रेया भारद्वाज आदि उपस्थित थे। प्रार्थना सभा में सर्वप्रथम डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया। सभा का संचालन स्वयं करते हुए विद्यार्थियों ने स्वागत गीत, भाषण, नृत्य, विचार एवं एकांकी प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया।
इस अवसर पर शिक्षक-शिक्षिकाओं को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि भारत में गुरु शिष्य की परंपरा अत्यंत प्राचीन है। यहां गुरु अपने शिष्य को पुत्रवत् स्नेह देते हुए उसके उज्जवल भविष्य के निर्माण में सदैव तत्पर रहते हैं। शिक्षा का कोई मूल्य नहीं होता। एक गुरु की भावना होती है कि उसका विद्यार्थी हमेशा सफलता के चरम शिखर को प्राप्त करे। भारत की सभ्यता एवं संस्कृति अत्यंत प्राचीन है। हमें विद्यार्थियों को इसका ज्ञान अवश्य देना चाहिए ताकि वे अपनी जड़ों को कभी भूलें नहीं। भारत मात्र एक राष्ट्र नहीं बल्कि एक दर्शन है, एक नई सोच है और विद्यार्थियों को इसका ज्ञान अवश्य होना चाहिए।
प्राचार्य बलराम कुमार झा ने कहा कि हमारे ऊपर राष्ट्र के भविष्य निर्माण की जिम्मेदारी है और हमें कतई एक पेशा के रूप में नहीं बल्कि शिक्षण को एक सेवा के रूप में अंजाम देना चाहिए। प्रार्थना सभा में मंच संचालन उदयभानु सामंत, श्रेयश, राहुल, शुभोजीत ने एवं मुख्य समारोह में संजीव कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर विभिन्न अतिथियों ने शिक्षक-शिक्षिकाओं को कलम भेंट किया गया। समारोह को सफल बनाने में सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, वरिष्ठ विद्यार्थियों एवं सहायक कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
भाजपाईयों ने किया गया सीएम हेमंत सोरेन का पुतला दहन
झारखंड विधानसभा के अंदर हुए तिरंगा के अपमान के खिलाफ भाजपाई नाराज
जामताड़ा। संवाददाता। भारतीय जनता पार्टी जिला जामताड़ा की ओर से सुभाष चौक में भाजपा जिला अध्यक्ष सोमनाथ सिंह के नेतृत्व में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया गया। झारखंड विधानसभा के अंदर हुए तिरंगा के अपमान के खिलाफ किया गया। मौके पर मुख्य रूप से भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सह पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल एवं पूर्व कृषि मंत्री सत्यानंद झा सहित भाजपा के कई कार्यकर्ता उपस्थित थे। मौके पर भाजपा नेता वीरेंद्र मंडल ने कहा कि झारखंड सरकार में निरंतर गिरती विधि व्यवस्था चिंता का कारण है। बार बार भारतीय जनता पार्टी की ओर से विभिन्न आंदोलनों के माध्यम से जनहित के लिए मुद्दा उठाई जा रही है। श्री मंडल ने कहा झारखंड सरकार पूर्ण रूप से असफल हो चुकी है। निरंतर महिलाओं, दलितों और आदिवासियों पर अत्याचार झारखंड में बढ़ती जा रही है। भारतीय जनता पार्टी इस पर चुप नहीं बैठेगी। झारखंड की जनता के अहित में झारखंड में जो भी काम होगा भारतीय जनता पार्टी सड़क से लेकर सदन तक विरोध करेगी। मौके पर पूर्व कृषि मंत्री सत्यानंद झा ने कहा झारखंड में विधि व्यवस्था फेल हो चुकी है। यह सरकार जनता पर बोझ बन चुका है। जितना जल्दी यह सरकार झारखंड से जाए उतना जल्दी जनता का कल्याण होगा। झारखंड सरकार के वर्तमान स्थिति से झारखंड की जनता त्रस्त एवं आक्रोश है। भाजपा जिला अध्यक्ष सोमनाथ सिंह ने विधानसभा के अंदर तिरंगा के अपमान पर कहा कि यह देश तिरंगा का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी। जो सरकार तिरंगे को सम्मान नहीं दे सकता है झारखंड की जनता का क्या चिंता क्या करेगी। कहा झारखंड सरकार के इन नीतियों के खिलाफ पुतला दहन किया गया और आगे भी आंदोलन जारी रहेगा।
मौके पर भाजपा जिला महामंत्री सुमित शरण, भाजपा उपाध्यक्ष सुकुमार सरखेल, भाजपा जिला मंत्री कुणाल सिंह, ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष रंजीत प्रसाद यादव, भाजयुमो जिला अध्यक्ष अनूप पांडे, भाजपा नगर अध्यक्ष पिंटू गुप्ता, जामताड़ा ग्रामीण अध्यक्ष रंजीत राणा, सुनील हांसदा, चंदन राउत, प्रदीप राउत, मोहन शर्मा, जितेंद्र दुबे, कुंदन गोस्वामी, अनिकेत शर्मा, अंजनी तिवारी, सम्राट मिश्रा, जीत दुबे, मितेश शाह सहित भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।
बिजली करंट से युवक की मौत
करमाटांड़। संवाददाता। करमाटांड़ थाना क्षेत्र में इनवर्टर सेट करने के दौरान बिजली का झटका लगने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई। यह घटना हेट करमाटांड़ गांव निवासी शेमफुल मंडल के साथ घटित हुई। झटका लगने के बाद बेसुध गिरे शेमफुल मंडल को परिजनों ने जामताड़ा सदर अस्पताल लाया, जहां उन्हें चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। इस घटना से उनकी पत्नी उषा देवी, बेटा राकेश कुमार मंडल, बेटी काजल कुमारी समेत परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। घटना की खबर सुनते ही जामताड़ा थाना के एसआई ममता बास्की सदर अस्पताल पहुंची। मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट बनाकर लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद लाश को मृतक के परिजनों को सौंपा गया।
झारखंड राज्य प्रशिक्षित सहायक अध्यापक संघ का एक दिवसीय धरना प्रदर्शन
कुंडहित। संवाददाता। सोमवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर बीआरसी मैदान में झारखंड राज्य प्रशिक्षित सहायक अध्यापक संघ की ओर से एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। इस दौरान झारखंड राज्य प्रशिक्षित सहायक अध्यापक संघ के प्रखंड सचिव रमेश मरांडी ने बताया शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रखंड संसाधन केंद्र कुंडहित के समक्ष एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। कहा कि आज खुशी का दिन है लेकिन सहायक अध्यापकों का सरकार की ओर से प्रमाण पत्र जांच के नाम पर मानदेय को रोका गया है। यह काफी दुख का विषय है। उन्होंने कहा कि सरकार हमारे साथ शोषण कर रहे हैं। हमारे साथ शोषण बंद करें अन्यथा संघ की ओर से चरणबद्ध आंदोलन के लिए तैयार हैं। वही धरना प्रदर्शन के उपरांत बीडीओ श्रीमान मरांडी एवं बीईईओ रामसुंदर भगत के माध्यम से सरकार को अवगत कराने को लेकर संघ के शिष्टमंडल की ओर से एक ज्ञापन सौंपा गया। मौके पर संघ के प्रखंड अध्यक्ष मिलन रवानी, कोषाध्यक्ष जयदेव दास, सचिव रमेश मरांडी, परेश मुर्मू, दुली सोरेन, विष्णुप्रिया हेम्ब्रम, बनफूल सिंह, शहनाज बेगम, गणेश रविदास, गदाधर मंडल, मितन रविदास, शांतिराम मुर्मू, सुखदेव गोराई के अलावे काफी संख्या में सहायक अध्यापक उपस्थित थे।
झामस का जिला स्तरीय कन्वेंशन आयोजित
कुंडहित। संवाददाता। सोमवार को मुख्यालय स्थित भाकपा माले पार्टी कार्यालय में झामस का जिला स्तरीय कन्वेंशन आयोजित किया गया, जिसमें कॉमरेड शिवदास सोरेन का 18वां वार्षिक दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता झारखंड ग्रामीण मजदूर सभा के जिला सचिव सोमलाल मिर्धा ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भाकपा माले के जिला सचिव सुनील राणा ने झंडोत्तोलन कर किया। कॉमरेड शिवदास सोरेन के चित्रपट पर पुष्प अर्पित किया गया। इस दौरान भाकपा माले के जिला सचिव सुनील राणा ने बताया कि 16 सितंबर को झामस का राज्य सम्मेलन रामगढ़ में होने जा रहा है। सम्मेलन को सफल बनाने के लिए जामताड़ा जिला में 6000 सदस्य जोड़ने का लक्ष्य रखा गया था। लक्ष्य को ससमय पूरा करने का संकल्प लिया गया। बताया कि 2023 पार्टी महा अधिवेशन को सफल बनाने के लिए रणनीति तैयार की गई एवं पार्टी नवीकरण को पूरा तथा नए सदस्यों को भर्ती करने को लेकर विचार विमर्श किया गया। वही गांव-गांव तक दोनों सदस्यता अभियान को ले जाने का संकल्प लिया। इस दौरान श्री राणा ने दुमका में घटित हुई दो दो घटना को लेकर दोषियों को कठोर से कठोर सजा देने की मांग की। वहीं इस घटना की निंदा करते हुए सरकार से मांग किया कि झारखंड में तमाम घट रही महिलाओं के ऊपर घटना को अंजाम देने वाले तमाम दोषियों को कठोर से कठोर सजा दी जाए। महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला थाना का व्यवस्था किया जाए। मौके पर भाकपा माले के जिला सचिव सुनील राणा, झामस के जिला सचिव सोमलाल मिर्धा, आनंद मुर्मू, तपन हांसदा, सुशील मुर्मू, लखेश्वर हांसदा, अनाउल खान, आशा मिर्धा, ममता राणा, भीम बाउरी सहित काफी संख्या में कॉमरेड उपस्थित थे।