देवघर/संवाददाता। सदर अस्पताल में इलाज के क्रम में एक कांवरिया की मौत हो गई है। मृत कांवरिया की पहचान आसाम निवासी 45 वर्षीय तपन चक्रवर्ती के रूप में की गई है। मौत हृदयघात से होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। हालांकि मौत का स्पष्ट कारण का पता नहीं चल सका है। बताया जाता है कि कांवरिया को घायल हालत में इलाज के लिए उसे 31 जुलाई को अस्पताल लाया गया था। यहां भर्ती कर उसका इलाज किया जा रहा था। उसी क्रम में एक अगस्त को 8:30 बजे कांवरिया की मौत हो गई है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से मामले की जानकारी बैद्यनाथधाम ओपी पुलिस को दे दी गई है।
कई श्रद्धालुओं का मोबाइल और नकदी की चोरी
देवघर/संवाददाता। बाबाधाम जलार्पण करने आए श्रद्धालु को मोबाइल फोन सहित नकदी की चोरी कर ली गई है। मामले को लेकर पीड़ित कोडरमा-झुमरीतिलैया निवासी प्रियांशु कुमार व बरबीघा शेखपुरा निवासी राहुल कुमार ने नगर थाना में शिकायत दर्ज कराया है। पीड़ित श्रद्धालुओं का कहना है कि दोनों रानी सती मंदिर के समीप बैठे थे। बगल में बैग रखा हुआ था। जिसमें 1500 रुपये नकद व मोबाइल रखा हुआ था। चोर ने बैग सहित सामान चुरा लिया। वहीं बिहार के वैशाली जिला के श्रद्धालु संतोष कुमार शिवगंगा में तट पर अपना बैग रखकर स्नान करने गया था। जब वह स्नान कर वापस लौटा तो देखा की बैग गायब है। उसके बैग में मोबाइल एवं 5000 हजार रुपए था। उसने इसकी शिकायत नगर थाना में किया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
बाइक की चोरी
देवघर/संवाददाता। जसीडीह थाना क्षेत्र के सिमरा गांव निवासी गौतम कुमार की मोटरसाइकिल शिवलोक परिसर के बाहर से कर ली गई है। पीड़ित ने मामले को लेकर नगर थाना में शिकायत दर्ज कराया है। पीड़ित का कहना है कि वह अपनी बाइक लेकर शिवलोक परिसर घूमने गया था। बाइक को शिवलोक परिसर के बाहर पार्क कर अंदर चला गया। कुछ देर बाद परिसर से बाहर निकला तो लगाए गए स्थान पर मोटरसाइकिल को नहीं पाया। इधर-उधर खोजबीन के बाद भी बाइक के बारे में कुछ भी पता नहीं चला। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
दो साइबर ठग गिरफ्तार
देवघर/संवाददाता। साइबर थाना की पुलिस ने साइबर ठगी मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। वहीं इसी मामले में एक किशोर को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने इन सभी के पास से आधा दर्जन मोबाइल फोन सहित आठ सिम कार्ड भी बरामद किया है। साथ ही पांच प्रतिबिंब आधारित सिम कार्ड भी शामिल है। गिरफ्तार होने वालों में पथरड्डा ओपी क्षेत्र के सिमरातरी गांव निवासी विनोद दास व करौं थाना क्षेत्र के गंडुवा गांव निवासी बहरुद्दीन अंसारी शामिल है। एसपी अजीत पीटर डुंगडुंग को साइबर अपराधियों के बारे में गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर उन्होंने साइबर सेल के डीएसपी राजा मित्रा को कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साइबर डीएसपी के नेतृत्व में टीम ने करौं व पथरड्डा ओपी क्षेत्र में छापेमारी कर दोनों साइबर ठगों को गिरफ्तार किया। जबकि मामले में एक किशोर को निरुद्ध किया गया। साइबर ठगों को गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए साइबर थाना लाया गया। यहां पूछताछ के दौरान दोनों ने साइबर ठगी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर लिया। पुलिस को बताया कि फर्जी बैंक अधिकारी, कृषि पदाधिकारी, कस्टमर केयर पदाधिकारी आदि बनकर लोगों को झांसे में लेकर ठगी का शिकार बनाते थे। पुलिस इन सभी के पास से बरामद मोबाइल को खंगाले में जुटी है। उम्मीद की जा रही है मोबाइल से साइबर अपराध से जुड़े कई अहम जानकारी मिलेगी।
अनियंत्रित होकर कांवरियों से भरा वाहन पलटा
- पश्चिम बंगाल के छह श्रद्धालु घायल
देवघर/संवाददाता। जिले के रिखिया थाना क्षेत्र स्थित नवोदय विद्यालय के पास अनियंत्रित होकर कांवरिया से भरा एक पिकअप वेन पलट गया। इस घटना में छह कांवरिया गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर थाना क्षेत्र के बंदरपाडा रायगंज निवासी श्रुति देवी, रोनी सहा, प्राक्षि साह, पुतुल साह, पपया चक्रवर्ती, नम्बो कुमार साह के नाम शामिल हैं। घटना कि बाबत घायल के साथ आये लोगों ने बताया कि वे सभी लोग पिकअप वैन से 16 लोग सुल्तानगंज जल भरने गये थे। वहां से बुधवार की देर रात को जल लेकर बाबाधाम पूजा करने आ रहे थे। गुरुवार की अहले सुबह रिखिया थाना क्षेत्र के नवोदय विद्यालय के पास पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गयी। इस घटना छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय पुलिस एवं लोगों की मदद से सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां सभी का इलाज किया जा रहा है।
तक्षशिला की छात्रा ने बढ़ाया मान
देवघर/वरीय संवाददाता। शिक्षण संगठन सहोदया द्वारा आयोजित स्कूली क्विज प्रतियोगिता में तक्षशिला विद्यापीठ की छात्राओं ने प्रथम स्थान पाकर विद्यालय का मान बढ़ाया है। इस संदर्भ में गुरुवार को तक्षशिला विद्यापीठ में कक्षा नवमी की छात्रा सृष्टि शांडिल्या एवं कक्षा दसवीं की छात्रा धृत्ति सिन्हा की उपलब्धि को देखते हुए इन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य एस.भट्टाचार्य एवं उप प्रबंध निदेशक श्री अशोकानंद झा ने छात्र-छात्राओं के प्रयास की सराहना की। साथ ही कहा कि यह ऐसी सफलता स्कूल परिवार के लिए गौरव का विषय है। शहर की सभी प्रसिद्ध स्कूलों के बीच आयोजित इस जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में तक्षशिला विद्यापीठ की दोनों छात्राओं ने प्रथम स्थान पाकर वास्तव में एक उपलब्धि हासिल की है। इधर स्कूल के प्रबंध निदेशक डॉक्टर कृष्णानंद झा ने भी छात्राओं की उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए छात्राओं की उज्जवल भविष्य की कामना की है।
बीटीटी का अनिश्चितकालीन धरना शुरू
देवघर/वरीय संवाददाता। सिविल सर्जन द्वारा जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में कार्यरत बीटीटी का स्थानांतरण मनमाने तरीके से कर दिये जाने के विरोध में अनिश्चितकालीन धरना गुरुवार से सिविल सर्जन कार्यालय के समीप शुरू किया गया। मौके पर बताया गया कि प्रखंड प्रशिक्षक दल बीटीटी को स्वास्थ्य विभाग सहिया सामुदायिक कोषाग सेल एवं फैमिली प्लानिंग कोषाग सेल द्वारा चयन किया गया है जो दैनिक मजदूरी के तरह सरकार के निर्देशानुसार माह मे 24 दिन का डेली मैनडेज पर कार्य करते है। ऐसे में इतने कम पैसे में बीटीटी का स्थानांतरण अन्याय पूर्ण है। विदित हो की बीटीटी का चयन या स्थानांतरण राज्य सामुदायिक कोषाग के दिशा निर्देश पर किए जाने का आदेश है। ऐसे मे सिविल सर्जन द्वारा मनमाने तरीके से स्थापना समिति स्वास्थ्य में बैठक का हवाला देते हुए एवं पांच साल से एक प्रखंड में कार्यरत बीटीटी का हवाला देते हुए स्थानांतरण कर दिया गया है।
पुण्यतिथि पर याद किए गए रफी साहब
देवधर/वरीय संवाददाता। स्थानीय टावर चौक के निकट महान पार्श्व गायक मोहम्मद रफी की पुण्यतिथि पर उनके तैलचित्र पर पूर्व मंत्री सुरेश पासवान एवं वॉलीवुड एक्टर श्रीवर अमवष्ट (अंकित) द्वारा पुष्पांजलि अर्पित की गई। मौके पर श्री पासवान ने कहा कि रफी साहब ने अपनी अवाज का जादू इस कदर चलाया कि वह लोगो के दिल में बस गये। उन्होंने 26 हजार से ज्यादा नगमे गाए हैं। मोहम्मद रफी को पहली बार केएल सेहगल लाहौर में कांसट के दौरान गाने की अनुमति दी। भारतीय संगीत की दुनिया में उनके जैसा कोई है और न कोई होगा। मोहम्मद रफी का जन्म 24 दिसम्बर 1924 में पंजाब के कोटला सुलतान में हुआ था। उनके गाने आज भी गुनगुनाये जाते है। वो भगवान थे उनके गले में साक्षात सरस्वती थी। तुम मुझे यू भूला न पाओगे. गुलाबी आंखे, ये चांद सा रोशन चेहरा, बदन पर सितारे, बाहरो फूल बरसाओं जैसे कई अनगिनत नगमे आज भी लोगो के जुबान पर है।
हरियाली तीज की तैयारी में जुटी सुहागिन महिलाएं
देवघर/वरीय संवाददाता। सावन का मौसम अपने साथ कई तरह के रंग लेकर आता है। जहां एक ओर शिवभक्त भक्ति में डूबे रहते हैं, वहीं इस माह एक खास पर्व मनाया जाता है। जिसे सभी हरियाली तीज के नाम से जानते हैं। यह त्योहार श्रावण मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को मनाया जाता है। हरियाली तीज का अपने आप में एक विशेष महत्व है। सभी लोग इसे अलग-अलग तरीके से मनाते हैं। ऐसे में कई लोग इस दिन उपवास रखकर शिव-पार्वती का पूजन करते हैं तो कहीं महिलाएं इस दिन कई तरह का आयोजन करती हैं। ऐसी मान्यता है कि इस दिन जो महिलाएं उपवास रखती हैं उन्हें अखंड सौभाग्य की प्राप्ति होती है। हिन्दू धर्म में हरियाली तीज बेहद ही भक्ति और उत्साह के साथ मनाई जाती है।
इस बार हरियाली तीज हिंदू पंचांग के अनुसार 6 अगस्त, 2024 को रात्रि 7 बजकर 52 मिनट से शुरू होकर 7 अगस्त, 2024 को रात्रि 10 बजे तक मनाई जाएगी। अगर पंचांग के हिसाब से चलें तो हरियाली तीज का व्रत 7 अगस्त को रखा जाएगा। यह पर्व देश के ज्यादातर राज्यों में बेहद ही खास तरह से मनाया जाता है। इस दिन महिलाएं अपने हाथों में मेहंदी लगाती हैं, हरी चूड़ियां पहनती हैं, और हरे रंग के कपड़ों के साथ सोलह श्रृंगार करती हैं। इस दिन झूले झूलने का भी विशेष महत्व है। गांवों में यह पर्व पूरे जोश के साथ मनाया जाता है।
हरियाली तीज के पीछे की कहानी के बारे में कहा जाता है कि इस दिन माता पार्वती सैकड़ों वर्षों की तपस्या के बाद भगवान शिव से मिली थीं, इसलिए इस दिन महिलाएं उपवास रखकर अपने सुहाग की लम्बी आयु की कामना करती है। कई जगहों पर कुंवारी कन्या भी इस दिन उपवास रखती है, ताकि वह योग्य वर की पा सके।इस दिन घरों में खास तरह के पकवान बनाए जाते हैं, जिसमें खीर और मालपुआ जैसी मिठाइयां शामिल हैं। एक खास तरह की मिठाई ‘घेवर’ विशेष रूप से तीज के पर्व पर ही बनाई जाती है।
पूर्व सांसद फुरकान की धर्मपत्नी के निधन पर गहरा शोक
देवघर/वरीय संवाददाता। देवघर जिला इंटक के जिला अध्यक्ष अनंत मिश्रा, झारखंड प्रदेश इंटक के प्रदेश सचिव अजय कुमार, मीडिया प्रभारी गोल्डी खान, देवघर जिला इंटक के कार्यकारिणी के सदस्य सुधीर कुमार देव एवं प्रमिला देवी, मधुपुर प्रखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष त्रिपुरारी सिंह, कांग्रेस नेता कारू सिंह, महादेव दास एवं बहाल चौधरी ने पूर्व सांसद फुरकान अंसारी के धर्मपत्नी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें सच्ची समाजसेवी महिला बताया। तत्पश्चात इंटक एवं कांग्रेस के नेताओं ने मधुपुर स्थित श्री फुरकान अंसारी के आवास पर पहुंचकर दो मिनट का मौन धारण कर उनकी धर्मपत्नी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर इंटक एवं कांग्रेस के नेताओं ने श्री फुरकान अंसारी की पुत्री शबाना खातुन एवं उनके पुत्र झारखंड सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री डॉ इरफान अंसारी से मिलकर सांत्वना देते हुए दुख की इस घड़ी में धैर्य रखने की बात कही।
जनता से किये वायदे को पूरा करें राज्य सरकार : हिमंता
- पाकुड़ जाने के क्रम में असम के सीएम सह झारखंड प्रभारी का हुआ भव्य स्वागत
देवघर/वरीय संवाददाता। गुरुवार को असम के मुख्यमंत्री एवं झारखंड विधानसभा चुनाव के सह प्रभारी हिमंता विश्व सरमा पाकुड़ जाने से पहले देवघर एयरपोर्ट पर पहुंचे। जहां भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करने के लिए असम के मुख्यमंत्री एयरपोर्ट से बाहर निकलने के बाद कार्यकर्ताओं से हाथ मिलाया। पाकुड़ जाने से पहले एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री से मीडिया ने जब विधानसभा में रात भर सदन के अंदर विधायकों के बैठने पर सवाल पूछा तो उन्होंने जवाब देते हुए कहा कि राज्य सरकार ने जो चुनाव से पहले वादे किए थे, उस वादे को निभाने की बात यदि भारतीय जनता पार्टी के विधायकों द्वारा पूछी गई तो सत्ता पक्ष इस पर कोई जवाब क्यों नहीं दे रहा है। जनता के हित से जुड़े सवाल है इसलिए भारतीय जनता पार्टी के सभी विधायक रात भर विधानसभा में प्रोटेस्ट करते रहे यदि सरकार जवाब नहीं देगी तो इस तरह के प्रोटेस्ट होते रहेंगे। वही संथाल परगना के क्षेत्र में डेमोग्राफी चेंज होने के सवाल पर श्री सरमा ने कहा कि वह पाकुड़ जा रहे हैं और वहां पर सारे हालत को देखने के बाद मीडिया से वह बात करेंगे। ज्ञात हो कि इस बार के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के लिए संथाल परगना का क्षेत्र को जीतना बहुत ही अहम है, क्योंकि संथाल परगना के ज्यादातर विधानसभा सीटों पर इंडिया गठबंधन का कब्जा है। अब देखने वाली बात होगी कि संथाल क्षेत्र में झारखंड के सह प्रभारी व असम के मुख्यमंत्री के भ्रमण के बाद क्या बदलाव होगा।
जयंती पर राजर्षि पुरुषोत्तम दास टंडन को श्रद्धांजलि
देवघर/वरीय संवाददाता। बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन के पूर्व प्रवक्ता अजय कुमार ने जयंती पर हिंदी के अनन्य सेवक व प्रमुख स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय राजर्षि पुरुषोत्तम दास टंडन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि हिंदी को भारत की राष्ट्रभाषा के पद पर प्रतिष्ठित करवाने में स्वर्गीय टंडन की अमूल्य योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है। वे भारतीय राष्ट्रीय आंदोलन के अग्रणी पंक्ति के नेता तो थे ही साथ ही समर्पित राजनयिक, कर्मठ पत्रकार, तेजस्वी वक्ता व समाज सुधारक भी थे। उन्हें भारत के राजनैतिक, सामाजिक जीवन एवं भारतीय संस्कृति में नई चेतना, नई लहर, नई क्रांति पैदा करने वाला कर्म योगी कहा गया। निजी जीवन में सादगी अपनाने व ऋषि के समान हर कार्य में लगे रहने के कारण वे राजर्षि कहलाए। स्वर्गीय टंडन स्वाधीनता आंदोलन के साथ साथ कृषक आंदोलन से भी जुड़े थे। विभिन्न राजनीतिक पदों पर रहते हुए उन्होंने राजनीतिक शुचिता का भी परिचय दिया था।
पुण्यतिथि पर लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक को श्रद्धांजलि
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवादल के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार ने पुण्यतिथि पर भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के प्रखर सेनानी स्वर्गीय बाल गंगाधर तिलक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि लोकमान्य तिलक देश के प्रमुख स्वाधीनता सेनानी, समाज सुधारक, शिक्षाविद, गणितज्ञ, दार्शनिक एवं लेखक थे। आजादी के आंदोलन को प्रखर बनाने में इनके अमूल्य योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है। इन्होंने ही सबसे पहले स्वराज हमारा जन्मसिद्ध अधिकार है का नारा देकर पूर्ण स्वराज्य की मांग की थी। मांडले जेल में ही उन्होंने भागवत गीता रहस्य पुस्तक लिखी थी जो बाद में काफी लोकप्रिय हुई।
झूलन सिंघाड़ा उत्सव का आयोजन
देवघर/वरीय संवाददाता। श्री गोपाल कृष्ण मंदिर गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल परिसर स्थित श्री गोपाल कृष्ण मंदिर में युगल सरकार की झूलन सिंघाड़ा उत्सव बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया गया। झूलन को आकर्षक विद्युत साज सज्जा फूल से सजाया गया। तत्पश्चात राधा कृष्ण की प्रतिमा को झुलाया गया। पूरे मंदिर प्रांगण की विद्युत सज्जा की गई थी। भगवान की भक्ति में लीन भजन कीर्तन में झूमती नाचती मातएं बहनें झूला झूले राधिका रानी झूलावे नन्द किशोर। युगल जोड़ी सरकार की भगवान राधा कृष्ण की अद्भुत आकर्षक श्रृंगार किया गया व छपन भोग अर्पित कर सभी भक्तों के बीच प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम के संयोजक अभिषेक तुलस्यान एवं ज्योत्सना तुलस्यान, मंदिर के पुजारी राजेश मिश्रा, लक्ष्मी पांडेय, भजन गायक झलक महाराज, मतिन्द्र जजवाड़े, रवि गुप्ता, गोपाल गुप्ता, रुद्रनाथ केशरी, शम्भू वर्मा, प्रीति, शिवानी बाल द्वारा सुंदर भजनों की प्रस्तुति की गई।
बाबाधाम आने वाले कांवरियों की बढ़ी रही है संख्या
- गुरुवार को हजारों कांवरिया ने किया जलाभिषेक
देवघर/वरीय संवाददाता। मासव्यापी राजकीय श्रावणी मेले की शुरूआत से ही बाबा दरबार में शिवभक्तों की भीड़ उमड़ रही है। तीसरी सोमवारी को लेकर भीड़ में बढ़ोतरी हो रही है। गुरुवार को बाबा का जलाभिषेक करने हेतु श्रद्धालु रात से ही कतारबद्ध हो प्रतिक्षारत दिखें। सुबह 04:06 बजे मंदिर का पट खुलने के साथ हीं बोल बम के जयकारा के साथ पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा। श्रद्धालु कतारबद्ध हो बाबा मंदिर गर्भगृह में प्रवेश कर अरघा के माध्यम से कामनालिंग पर जलार्पण किया। बाबा मंदिर में जहां कुछ कांवरियों को बाबा बैद्यनाथ का आरती करते देखा गया तो वहीं कुछ कांवरिया बाबा का गठबंधन करते नजर आयें। कांवरियों के अतिरिक्त काफी संख्या में स्थानीय लोगों ने भी आज पूजा-अर्चना किया। सुरक्षा का ध्यान लगातार मंदिर एवं रूटलाईन में तैनात दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों व सुरक्षाकर्मियों द्वारा रखा जा रहा है। सुबह कतार बीएड कॉलेज के आगे निकलने लगी थी लेकिन तेजी से जलार्पण कराने को लेकर कतार जलसार पार्क से देर शाम तक चलती रही। उत्तर वाहिनी गंगा सुल्तानगंज से कावर लेकर बाबा धाम आने वाले शिव भक्तो की संख्या में कोई कमी नहीं देखी जा रही है।