विजय इंस्टीट्यूट में किया गया था बैडमिंटन टूर्नामेंट का आयोजन
गिरिडीह। संवाददाता। शहर स्थित विजय इंस्टीट्यूट में बैडमिंटन टूर्नामेंट में विजयी प्रतिभागियों एवं रनर के बीच गिरिडीह उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने पुरस्कार प्रदान किया। इस दौरान तीन वर्गों में विजयी एवं रनर रहे प्रतिभागियों को उपायुक्त ने प्राइज एवं सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की शुरुआत में विजय इंस्टीट्यूट के सचिव राजेंद्र त्रिपाठी ने उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा को पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इसके साथ ही उन्हें मोमेंटो देकर भी सम्मानित किया गया, जिसके बाद उपायुक्त ने खिलाड़ियों और इंस्टीट्यूट के सदस्यों को संबोधित करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया। साथ ही गिरिडीह में खेल की रुचि जगाने एवं उन्हें प्रशिक्षण देने के लिए उन्हें धन्यवाद भी किया। इसके अलावा उनके द्वारा खेल के क्षेत्र में किसी प्रकार की सहायता के लिए हर संभव मदद करने का आश्वासन भी दिया। इसके पश्चात अंडर-9, अंडर-11 एवं वेटरन-65 के विजेताओं एवं उपविजेताओं को पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा कुछ अन्य खिलाड़ियों के बीच भी पुरस्कार वितरण किया गया। मौके पर उपस्थित श्री लकड़ा ने कहा कि लोगों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थाएं हैं। कहा कि जो कोई भी इस क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहते हैं, तो वे संपर्क कर सकते हैं। मौके पर कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ तारकनाथ देव, सचिव राजेंद्र कुमार त्रिपाठी, रोहित कुमार, संतोष कुमार, नितेश नंदन, विजय कुमार साहू आदि का सराहनीय रहा।
जिंदगी बहुत महत्वपूर्ण है, इसके साथ खिलावाड़ न करें: नमन
उपायुक्त ने किया सड़क सुरक्षा बैडमिंटन प्रतियोगिता का उद्घाटन
गिरिडीह। संवाददाता। बस स्टैंड रोड स्थित इंडोर स्टेडियम में शुक्रवार को 11 बजे उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा बैडमिंटन प्रतियोगिता का उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर किया। बताया गया कि झारखंड सरकार के निर्देश पर 1 जनवरी से 31 जनवरी तक राज्य भर में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसी के निमित्त सड़क सुरक्षा बैडमिंटन प्रतियोगिता का उद्घाटन किया गया। इसके माध्यम से लोगों को ट्रैफिक रूल के नियमों के साथ-साथ जीवन कितना जरूरी है, इसकी जानकारी दी जाएगी। इस बाबत उपायुक्त ने कहा कि सभी की जिंदगी बहुत महत्वपूर्ण होती है, ऐसी स्थिति में सभी वाहन चालकों को यातायात नियम मानकों को पूरा करते हुए वाहन चलाना चाहिए। डीसी श्री लकड़ा ने कहा कि दोपहिया वाहन चालकों और पीछे बैठे लोगों के लिए हेलमेट और चार पहिया वाहन चालकों और अन्य सवारियों के लिए सीट बेल्ट बहुत ही जरूरी है। कहा कि कोई भी चालक नशे में वाहन न चलाएं। कई बार नशे के कारण चालक के साथ-साथ अन्य दूसरे वाहन और उनके सवारी को क्षति पहुंचती है। डीसी ने कहा कि स्कूलों कॉलेजों में भी जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाएगा। साथ ही, बसों की भी जांच की जाएगी। इन्होंने लोगों से अपने गाड़ियों को बीच-बीच में चेकअप कराने की अपील किया है। कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन लगातार इस अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर लगी हुई है। मौके पर डीटीओ शैलेश प्रियदर्शी, एसडीओ श्रीकांत यशवंत विस्पुते, डीएफओ मनीष तिवारी, एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, डीएसपी 2 कौशर अली, साकेत भारती, नंदकिशोर पंडित, सौरव श्रीकांत, एमभीआई इरफान अहमद, शुभम लाल, गौरी शंकर, रोड सेफ्टी मैनेजर मोहम्मद वाजिद, इंदौर स्टेडियम के संचालक मुकेश कुमार, उमेश कुमार, रौशन कुमार, मीडिया प्रभारी विनोद शर्मा, बच्चन खान समेत अन्य विभाग के अधिकारी व खिलाड़ी उपस्थित थे।
श्रीराम जानकी मंदिर का वार्षिकोत्सव कार्यक्रम आयोजित
गिरिडीह। संवाददाता। बड़ा चौक स्थित श्री राम जानकी महावीर मंदिर का वार्षिकोत्सव पूजा पाठ का दौर शुक्रवार को सुबह 9 बजे से देर शाम 8 बजे तक जारी रहा। तीन दिवसीय कार्यक्रम के तहत गुरुवार से अखंड रामायण पाठ की शुरुआत हुई थी। आज अखंड रामायण पाठ पंडितों द्वारा विधि विधान के साथ पूरा किया गया। वही शाम 7 बजे महा आरती का भी आयोजन किया गया था। कल पूजा-पाठ, हवन और प्रसाद वितरण के साथ तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव कार्यक्रम की समाप्ति हो जाएगी। इस बाबत पूर्व नप अध्यक्ष दिनेश यादव ने बताया कि हर साल की तरह इस साल भी प्रसिद्ध मंदिर का वार्षिकोत्सव कार्यक्रम बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। इन्होंने कल होने वाले प्रसादी कार्यक्रम में ज्यादा से ज्यादा लोगों को शामिल होकर प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है। पुजारी ने बताया कि हर साल वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया जाता है इस साल भी तीन दिवसीय पूजा पाठ की गतिविधियां दूसरे दिन समाप्त हुईं। मौके पर शशि कुमार, किशन अग्रवाल, अजय साव, टिंकू भदानी, सुमन आनंद, मनीष सिंह समेत कई भक्त मौजूद थे।
एनसीसी कैडेट राहुल राय के निधन पर गिरिडीह कॉलेज में शोकसभा
गिरिडीह। संवाददाता। गिरिडीह कॉलेज गिरिडीह में 2023 बैच के एनसीसी कैडेट राहुल राय के आकस्मिक निधन पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए 2 मिनट का मौन धारण किया गया। पूर्व सीटीओ प्रो विनीता ने कहा कि सोनबाद निवासी राहुल राय अच्छे कैडेट्स में से एक थे। उनकी अकस्मात निधन से पूरे कैडेट्स के बीच शोक की लहर है। श्रद्धांजलि सभा में पूर्व कैडेट्स मनीष तिवारी, अनीस कुमार, सिनियर कैडेट्स प्रफुल्ल कुमार, सत्यम कुमार, विकास मरांडी, सिया आदि के साथ तीन बैच के कैडेट्स उपस्थित थे।
आउटरीच कार्यक्रम के तहत सरजेसी बोस विद्यालय में प्रतियोगिता आयोजित
पेंटिंग व लेखन प्रतियोगिता में छात्राओं ने दिखायी अपनी प्रतिभा
गिरिडीह। संवाददाता। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार पांडेय के मार्गदर्शन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव सोनम बिश्नोई के नेतृत्व में विधिक सहायकता केंद्रों में कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 90 दिवसीय जागरूकता सह आउटरीच कैंपेन के तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों में आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में सर जे सी बोस बालिका उच्च विद्यालय गिरिडीह, प्लस 2 उच्च विद्यालय गिरिडीह में लेखन प्रतियोगिता एवं पेंटिंग का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम को सुदूरवर्ती क्षेत्रों में अत्यंत पिछड़े क्षेत्रों में जाकर लोगों को जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से कार्यक्रम की जानकारी दी जा रही है ताकि अधिक से अधिक हर क्षेत्र के लोग इसका लाभ उठा सकें। वैसे जरूरतमंद लोगों को नि:शुल्क विधिक सहायता, नि:शुल्क अधिवक्ता का उपलब्ध कराना, मध्यस्थ कराना, पीड़ित अनुदान योजना के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई। इस कार्यक्रम में पीएलबी दिलीप कुमार, अशोक कुमार वर्मा, कामेश्वर कुमार, सुनील कुमार, संतोष कुमार एवं अन्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
शहीद महेंद्र सिंह की शहादत दिवस को लेकर हुई बैठक
गिरिडीह। संवाददाता। शहीद महेंद्र सिंह की शहादत दिवस को लेकर शुक्रवार को हरिचक व चंदनडीह में एक बैठक हुई। बैठक में 16 जनवरी को होने वाले कार्यक्रम को सफल बनाने पर चर्चा की गई। बैठक का नेतृत्व भाकपा माले सह एपवा नेत्री प्रीति भास्कर ने की। इस दौरान उन्होंने कहा कि महेंद्र सिंह गरीब-गुरबों व दबे-कुचलों की आवाज थे। वो जब तक रहे उनकी आवाज झारखंड और बिहार के एक एक गांव में गूंजता रहा। माले के गिरिडीह विधानसभा प्रभारी राजेश सिन्हा ने कहा कि कार्यक्रम को लेकर हाल के दिनों में असंगठित मजदूर यूनियन की बैठक महुआडांड़ में कन्हाई पाण्डेय, सनातन साहू और नवीन पांडे के नेतृत्व में हुई थी। गिरिडीह शहर में भी बैठक हो चुकी है। जल्द ही सभी वार्ड, मुफ्फसिल और पीरटांड़ इलाके में भी बैठक होगी, जिसमें कार्यक्रम को सफल बनाने पर चर्चा की जायेगी। मौके पर रेखा देवी, रंजू देवी, गुड़िया देवी परमिला देवी, ललिता देवी, मोहिनी देवी, धनेश्वरी देवी, कलावती देवी, हेमंती देवी, सुगनी देवी, मीना देवी, मधु देवी, सुमा देवी, हरली देवी, नमिता वर्मा, मधु देवी समेत कई लोग मौजूद थे।
10 लाख के इनामी नक्सली साहेब राम मांझी के घर पहुंचे एएसपी अभियान
सरेंडर पॉलिसी को लेकर की परिजनों से बात, कहा मुख्य धारा से जुड़ें नक्सली
पीरटांड़। संवाददाता। गिरिडीह एसपी दीपक कुमार शर्मा के निर्देश पर शुक्रवार को पीरटांड़ थाना क्षेत्र के नक्सल प्रभावित क्षेत्र करंदो गांव का एएसपी अभियान सुरजीत कुमार एवं सीआरपीएफ असिस्टेंट कमांडेंट मनोज यादव ने दौरा किया। इस दौरान एएसपी ने करंदो गांव के हार्डकोर नक्सली साहेबराम मांझी के घर पहुंचे, जिसके बाद 10 लाख के इनामी नक्सली जोनल कमिटी के सदस्य साहेब राम मांझी के बारे में लोगों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान एएसपी सुरजीत कुमार ने जब लोगों से साहेब राम के बारे में बात करना शुरू किया तो लोगों ने बताया कि वह कई वर्षों से घर नहीं लौटा है। सरेंडर पॉलिसी को लेकर एएसपी ने साहेब राम मांझी के परिजनों से काफी देर तक बातचीत की। इस दौरान एएसपी ने सरकार के आत्म समपर्ण नीति के बारे में बताया। एएसपी ने कहा कि जो लोग मुख्यधारा से भटक गए हैं। उनके लिए सरकार की सरेंडर पॉलिसी है। दर्जनों नक्सली इस योजना का लाभ ले रहे हैं। आत्मसमर्पण करने के बाद कई सारे लोग को लाभ दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस लोगों के सहयोग के लिए हमेशा तैयार रहती है। जब भी किसी भी व्यक्ति को जरूरत पड़े बेझिझक जिला कार्यालय पहुंचे। आपके हर दुख-सुख में पुलिस आपके साथ है। अब तक कई लोगों के इलाज, शादी विवाद, पढ़ाई आदि कार्यों में पुलिस ने कई लोगों की मदद किया है। बता दें की पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि 10 लाख के इनामी नक्सली जोनल कमिटी के सदस्य साहेब राम मांझी अपने घर करंदो गांव आया हुआ है। इसी को लेकर पुलिस करंदो गांव पहुँची थी। लेकिन पुलिस को इस दौरान कुछ हाथ नही लगा। इधर बताया जाता है कि साहेब राम मांझी 15 वर्ष की उम्र में ही घर से निकल गया था। साहेब राम अब लगभग 50 वर्ष का हो गया होगा। साहेब राम मांझी के तीन बच्चे हैं, दो लड़का मुम्बई में काम करता है। जबकि एक लड़का घर में रहकर पढ़ाई करता है। पत्नी गृहस्थी कार्य में रहती है। इस दौरान पीरटांड़ थाना प्रभारी दीपेश कुमार, मधुबन थाना प्रभारी जगरनाथ पान, खुखरा थाना प्रभारी निरंजय कच्छप के अलावे दर्जनों जवान शामिल थे।
ग्रामीण बैंक में सहायक पद पर चयनित ज्योति को किया गया सम्मानित
डुमरी। संवाददाता। झारखंड कॉलेज डुमरी में शुक्रवार को एक सादे समारोह का आयोजन कर झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक में कार्यालय सहायक के पद पर चयनित हुई कॉलेज की छात्रा ज्योति कुमारी को ज्ञानवर्धक पुस्तक देकर सम्मानित किया गया। इसरीबाजार निवासी स्व. त्रिवेणी प्रसाद की पुत्री ज्योति कॉलेज में सत्र 2020-23 की मैथेमैटिक्स ऑनर्स की छात्रा रही है। स्नातक करने के बाद ज्योति बैंक की तैयारी घर में ही रहकर कर रही थी। ज्योति की सफलता वैसे युवतियों के लिए प्रेरणा है जो आर्थिक अभाव एवं बिना कोचिंग के नौकरी पाने की सोंच रही हो। ज्योति का कहना है कि यदि सच्ची लगन व मेहनत से तैयारी किया जाये तो घर में रहकर भी सफलता प्राप्त किया जा सकता है। सफलता पर कॉलेज प्राचार्य प्रो प्रमोद कुमार सिन्हा, प्रो घनश्याम यादव, डा सुजीत माथुर, डॉ बीएन प्रसाद, प्रो टी नायक, प्रो रवीन्द्र सिंह, प्रो मनोज तिवारी, प्रो शंकर ठाकुर, प्रो मनोज सिंह, प्रो राजेश प्रसाद, प्रो उमाशंकर राय, कैलाश चौधरी, रवि सिन्हा, आदि सभी शिक्षक, शिक्षकेत्तरकर्मी उपस्थित थे।
झारखंड एकता किसान मजदूर यूनियन की बैठक संपन्न
डुमरी। संवाददाता। झारखंड एकता किसान मजदूर यूनियन की एक बैठक शुक्रवार को नगरी में हुई। इस दौरान विश्व हिन्दी दिवस की महत्ता पर चर्चा की गयी। यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष गंगाधर महतो ने कहा कि हिन्दी हमारे देश की राष्ट्रीय भाषा तो है ही, साथ ही सबसे अधिक बोली जाने वाली भाषा है। कहा कि आज युवा पीढ़ी पाश्चात्य संस्कृति में रमकर हिन्दी भाषा से बोलचाल करने में हिचकिचाते हैं लेकिन संस्कृत और हिन्दी भाषा हमारी मातृभाषा है। इस दौरान रवीन्द्र कुमार महतो, त्रिवेणी दास, मनोज स्वर्णकार, सोनू रजक, सुभाष दास, उमेश ठाकुर, प्रसादी कांदू, निर्मल कांदू आदि उपस्थित थे।
युवा कांग्रेस नेता ने निजी नर्सिंग होम की जांच करने की मांग की
जिला महासचिव सरफराज अहमद ने चिकित्सा पदाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
डुमरी। संवाददाता। युवा कांग्रेस के जिला महासचिव सरफराज अहमद उर्फ गुड्डु मलिक ने शुक्रवार को डुमरी रेफरल अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को एक पत्र देकर प्रखंड में संचालित निजी नर्सिंग होम की जांच करने का आग्रह किया है। पत्र में लिखा है कि प्रखंड में दर्जनाधिक निजी नर्सिंग होम व अस्पताल संचालित हैं जबकि कई नर्सिंग होम व प्रसव केन्द्र ऐसे संचालित हैं, जहां स्वास्थ्य व्यवस्था नगण्य रहता है। साथ ही, मेडिकल वेस्ट का निस्तारण के लिए कोई व्यवस्था नहीं रहता है। लिखा है कि ऐसे अस्पतालों एवं नर्सिंग होम की जांच पड़ताल कर उचित कार्रवाई करें।