पुलिस को चकमा देकर हो गया था फरार
शिकारीपाड़ा/निज संवाददाता। रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस को चकमा देकर फरार आरोपी को पुलिस सोमवार को जेल भेज दी। गिरफ्तार आरोपी शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के हांसापाथर गांव निवासी कैबिरियल सोरेन उर्फ गागू है। जानकारी के अनुसार बीते 28 फरवरी 2021 को थाना क्षेत्र के क्रशर मालिक हाबिल मल्लिक ने एक लाख रुपए का रंगदारी मांगने का आरोप में दो लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की थी जिसमें कैबिरियल सोरेन उर्फ गांगू और मोहन बेसरा उर्फ मोहन लाल बेसरा को नामजद आरोपी बनाया था। शिकायतकर्त्ता ने बताया था कि आरोपी उनके क्रशर कार्यालय पहुंच पहाड़ का आदमी यानि नक्सली बता एक लाख रुपए लेवी की मांग किया था। पुलिस ने कांड संख्या 29/21 के तहत रंगदारी के सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपी को 6 माह पहले गिरफ्तार करने में सफल रही थी। लेकिन पुलिस को चकमा देकर थाने से ही कैबिरियल सोरेन उर्फ गागू भागने में सफल रहा। वहीं पुलिस मोहन बेसरा उर्फ मोहन लाल बेसरा को न्यायिक हिरासत में पूर्व में ही जेल भेजने में सफल रही थी। पुलिस ने फरार कैबिरियल सोरेन उर्फ गागू को बीते रविवार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
युवक का शव बरामद, शिनाख्त नहीं
रामगढ़/निज संवाददाता। प्रखंड के घोड़दौड़ गांव के सड़क के किनारे से एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया है। ग्रामीणों की सूचना पर रामगढ़ थाना प्रभारी रूपेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर शव को बरामद कर थाना लाया गया। थानेदार ने बताया कि शव की पहचान नहीं हो पा रही है। अज्ञात युवक का शव के बारे में पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ किया गया। लेकिन पुलिस को उक्त युवक के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है। शनिवार की रात गम्हरियाहाट में मेला का आयोजन किया गया था। हालांकि गम्हरिया हाट में दुर्गा पूजा के अवसर पर प्रतिवर्ष प्रतिमा का विसर्जन आश्विन मास के चतुर्दशी को होने की परंपरा वर्षों से चल आ रही है। परंपरा के अनुसार प्रतिमा विसर्जन के दिन मेला का आयोजन किया जाता है। ऐसा प्रतीत होता है कि मेला देखने आए युवक घर जाने के क्रम में यह हादसा हुआ है। रामगढ़ पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए फूलो झानो मेडिकल अस्पताल, दुमका भेज दिया है।
पीएलवी ने ग्रामीणों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक
दुमका/निज संवाददाता। विश्व मानसिकता दिवस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के पारा लिगल वोलेंटिरों ने प्रखंडों में जागरूकता अभियान चलाया। वोलेंटियर ने लोगों को समझाया कि जीवन में बहुत से ऐसे तथ्य होते हैं जो एक खुशहाल जीवन को परिभाषित करते हैं। लेकिन उनमें सबसे महत्वपूर्ण है हमारा मानसिक स्वास्थ्य। जब किसी व्यक्ति की भावनाएं, विचार अथवा व्यवहार दूसरे लोगों के लिए समस्या बन जाए तो यह उस व्यक्ति के मानसिक बीमारी से ग्रस्त होने के लक्षण हो सकते हैं। लेकिन समुचित जानकारी के अभाव में लोग इस ओर ध्यान नहीं देते। जिससे समस्या गंभीर रूप धारण कर लेती है। पीएलवी ने लोगों को जागरूक करते हुए बताया कि समय रहते सही मनोचिकित्सक के पास जाने से इस बीमारी का पता लगाकर इलाज करवाया जा सकता है।
सेवानिवृत्त क्लर्क का निधन
जामा/निज संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के हथवारी गांव के सेवानिवृत हेड क्लर्क नलिनी कुमार मंडल का निधन 82 वर्ष की उम्र में रविवार को हो गया। वे कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। रविवार को सुबह अचानक सीने में दर्द होने के उपरांत उनकी मृत्यु हो गयी। नलिनी मंडल दुमका उत्पाद विभाग में 25 वर्ष तक सेवा दिये थे। वर्ष 2000 में देवघर उत्पाद विभाग कार्यालय से सेवानिवृत्त हुए थे। वह सामाजिक कार्यों में काफी रुचि लिया करते थे। वह अपने पीछे विधवा पत्नी और तीन पुत्रों सहित भरापूरा परिवार छोड़ गये हैं। उनकी बड़ी बहू सुशीला देवी चिगलपहाड़ी पंचायत समिति सदस्य है।
अवैध बालू लदा ट्रैक्टर जप्त
शिकारीपाड़ा/निज संवदादता। थाना क्षेत्र के दुमका-रामपुरहाट के मुख्य मार्ग पर पिनरगड़िया गांव के समीप पुलिस एक बालू लदा ट्रैक्टर जप्त किया। थाना प्रभारी संजय सुमन ने गुप्त सूचना के आधार पर बालू लदा ट्रेक्टर जप्त कर थाना लाया। थाना प्रभारी संजय सुमन ने बताया कि एक बालू लदा ट्रैक्टर पिनरगड़िया गांव के समीप जप्त किया है। डीएमओ और सीओ ने लिखित सूचना देगें और आगे की करवाई की जाएगी।
मनसा सोरेन बने कांग्रेस के नए प्रखंड अध्यक्ष
रानीश्वर/निज संवाददाता। प्रखंड स्थित पीडब्लूडी निरीक्षण भवन परिसर में सोमवार को कांग्रेस पार्टी के प्रखंड कमेटी गठन को लेकर पूर्व प्रखंड अध्यक्ष योगानन्द सरकार की अध्यक्षता में बैठक हुई। प्रखंड अध्यक्ष मनसा सोरेन, प्रखंड उपाध्यक्ष दवी प्रसाद पाल, मनवर हुसेन खान, चरण हेम्ब्रम, अमजाद अंसारी, ब्रेंटियुस मुर्मू, सचिव अंसार हुसैन खान, जोसेफ टुडू, शेख रियाज, हयदार मिया, बबलू मुर्मू, राजेश हांसदा को बनाया गया है। बैठक में राजा मरांडी, अमजद अंसारी, बाबू सिंह सोरेन, सिदो हांसदा, बबलू मुर्मू, भुहका हांसदा आदि शामिल थे।
दो दिवसीय फुटबाल मैच का शुभारंभ
रानीश्वर/निज संवाददाता। प्रखंड के एकतल्ला गांव में नबी दिवस के उपलक्ष्य पर सोमवार को याअली क्लब के सौजन्य से गांव के फुटबॉल मैदान में दो दिवसीय फुटबॉल मैच कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। मैच का उद्घाटन एमजी डिग्री कॉलेज के प्रचार्य डॉ अब्दुल रईस खान ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर और शुभकामनाएं देकर किया। क्लब के सदस्य सकिल खान ने बताया कि इस मैच में 16 टीम भाग लेंगे। विजेता टीम को 8 हजार रुपये पुरस्कार दिया जाएगा। मंगलवार को मैच का समापन होगा।