देवघर/वरीय संवाददाता। बुधवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त विशाल सागर के निर्देशानुसार सागरी बराल सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी देवघर के द्वारा सुपर चेकिंग ऑफ हाउस टू हाउस बूथ वेरिफिकेशन के तहत देवघर 15 क्षेत्र अंतर्गत बूथ संख्या 197 एवं बूथ संख्या 200 में हाउस टू हाउस वोटर्स का सत्यापन किया गया।
इसके अलावा अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा बूथ लेवल आफिसर (बीएलओ) द्वारा किये जा रहे घर-घर सर्वे कार्य की भी जांच की गयी। उन्होंने कहा कि घर के जिस सदस्य की उम्र 18 साल हो चुका है, उनका नाम मतदाता सूची में अवश्य जुड़वाएं। जिनका 18 वर्ष पूरा होने में तीन, छह व नौ माह विलंब है, जो भावी मतदाता है, उनका भी नाम जोड़ने के लिए आवेदन करें। उम्र पूरा होने पर मतदाता सूची में नाम जुड़ जाएगा। एसडीओ ने कई मतदाताओं से बात कर मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण 2024 के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान मौके पर अंचलाधिकारी देवघर एवं संबंधित कर्मी आदि उपस्थित थे।
सड़क किनारे झोपड़ी में 18 घंटे तक पड़ा रहा दुकानदार का शव
- ननि ने झाड़ा पल्ला, बजरंग बली सेवा समिति और हॉकर संघ ने किया दाह संस्कार
देवघर। वरीय संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के सत्संग-भिरखीबाद मुख्य पथ स्थित परिसदन के सामने फुटपॉथ पर दुकान चलाने वाले 55 वर्षीय देवाशीष दास की मृत्यु मंगलवार देर रात हो गई। मृतक देवाशीष के साथ उसकी पत्नी भी वही फुटपॉथ पर बने एक झोपड़ीनुमा दुकान में रहकर गुजर-बसर कर रहे थे। उनकी पत्नी ने बताया कि देवाशीष दास की तबीयत पिछले 7 साल से खराब चल रही थी, इस बीच उसका उपचार भी चल रहा था। मंगलवार देर रात 1:00 बजे के करीब उसकी मृत्यु हो गई। देवाशीष की मृत्यु होने के बाद उसकी पत्नी बेसुध हो गई और बुधवार की सुबह से ही मदद के लिए सड़कों पर भटकने लगी। जब इस बात की सूचना वहां के बजरंगबली सेवा समिति के सदस्यों को लगी, तब इसकी सूचना पुलिस प्रशासन को दी गयी। सूचना मिलने के बाद नगर थाना के एसआई प्रेम कुमार टुड्डू स्थल पर पहुंचे, इसके बाद बजरंग बली सेवा समिति और फुटपॉथ हॉकर संघ के लोगों ने मृत देवाशीष के अंतिम संस्कार को लेकर पहल शुरू किया। इस दौरान देवघर फुटपॉथ हॉकर संघ के जिला अध्यक्ष दिलीप कुमार बरनवाल ने भी मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाया और अपने सहयोगियों से दान स्वरूप राशि इकट्ठा करके अंतिम संस्कार के लिए अनोखी पहल की। इस बीच उन्होंने नगर निगम के अधिकारी से भी बात किया कि किसी तरह इस मृत शरीर का दाह संस्कार कराया जाए। निगम के एक अधिकारी द्वारा शव वाहन उपलब्ध कराने की बात कही गई थी, लेकिन शव वाहन उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम में एक हजार रुपए की डिमांड की गई। डिमांड पूरी करने के बाद भी नगर निगम की ओर से शव वाहन नहीं भेजा गया। इसके बाद सत्संग बजरंगबली सेवा समिति के सदस्य सदानंद उर्फ भुट्टू मालाकार, कीर्ति सरकार, बोर्जो सहित करीब आधे दर्जन लोगों ने मदद करते हुए दाह संस्कार का जिम्मा उठाया। देवाशीष की मौत के बाद करीब 18 घंटे तक शव वहीं सड़क किनारे झोपड़ी में पड़ा रहा और उसकी पत्नी लोगों से मदद के लिए बिलखती रही। लेकिन किसी ने मदद नहीं किया। अगर बजरंगबली सेवा समिति के लोग और फुटपॉथ होकर संघ के लोगों ने दरिया दिली नहीं दिखाई होती तो शायद देवाशीष का अंतिम संस्कार भी नहीं हो पाता।
सीएस के आश्वासन के बाद एएनएम-जीएनएम संघ का धरना-प्रदर्शन स्थगित
- तीन दिन में रोस्टर क्लीयरेंस कर विभाग को भेजी जाएगी अधियाचना : डॉ रंजन
देवघर/नगर संवाददाता। झारखंड एएनएम जीएनएम संघ की ओर से 8 जुलाई से जिले में चल रहे आंदोलन के तीसरे दिन बुधवार को सिविल सर्जन कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया। जिसमें जिले में अनुबंध पर नियुक्त सभी एएनएम ने हिस्सा लिया। धरना प्रदर्शन को झारखंड चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ का पूर्ण समर्थन रहा संघ के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार मिश्र लगातार अनुबंध कर्मचारियों का मार्गदर्शन करते रहे। धरना प्रदर्शन स्थल पर अपराह्न करीब तीन बजे सिविल सर्जन डॉ रंजन सिन्हा उपस्थित हुए और तीन दिन में रोस्टर क्लियरेंस कराते हुए विभाग को एएनएम के सीधी नियुक्ति हेतु अधियाचना विभाग को भेज दिया जाएगा। अभी जिले से रोस्टर क्लीयरेंस कराते हुए कमिश्नर के पास दूमका भेज दिया जाएगा। इसके साथ ही धरना प्रदर्शन समाप्त करने का अनुरोध किया गया। सिविल सर्जन के आश्वासन के बाद अनुबंध कर्मचारियों ने तत्काल धरना प्रदर्शन कार्यक्रम को समाप्त करने का निर्णय लिया और तीन दिनों में अधियाचना नहीं भेजे जाने की स्थिति में सोमवार से पुन: आंदोलन की शुरुआत की जाएगी। इस तरह सिविल सर्जन डॉ रंजन सिन्हा के सुझबुझ से एक व्यापक आंदोलन समाप्त कराया गया। आंदोलन को सफल बनाने में झारखंड चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के राज्य उपाध्यक्ष अरूण कापरी, जिलाध्यक्ष मनोज कुमार मिश्र सहित एएनएम जीएनएम संघ की जिलाध्यक्ष अलका कुमारी, सचिव संगीता राजहंस सहित अन्य एएनएम ने हिस्सा लिया।
ननि के संयुक्त दल ने किया जर्जर भवनों का निरीक्षण
देवघर/नगर संवाददाता। देवघर जिला प्रशासन एवं नगर निगम के नगर आयुक्त सह प्रशासक रोहित कुमार सिन्हा के निर्देशानुसार बुधवार को श्रावणी मेला के आलोक में मेला क्षेत्र एवं शिवगंगा क्षेत्र के विभिन्न जर्जर एवं असुरक्षित भवनों का स्थल निरिक्षण नगर निगम के संयुक्त दल द्वारा किया गया। इस दौरान क्यू कॉम्प्लेक्स के निकट, बाबा मंदिर वीआईपी गेट के निकट, शिवगंगा पश्चिमी तट के निकट, बमबम बाबा पथ स्थित भवन, होटल एवं दुकानों की जांच कर चिह्नित किया गया। सभी संबंधित को नोटिस के माध्यम से नियमानुसार भवन मरम्मति अथवा ध्वस्त करने हेतु निदेशित भी किया जायेगा। जांच के क्रम में नक्शा, होल्डिंग, ट्रेड लाइसेंस आदि की भी जानकारी ली गयी। नगर निगम द्वारा यह जांच आगे भी जारी रहेगी। जांच दल में निगम के सहायक नगर निवेशक विवेक हर्षशील, कनीय अभियंता रत्नेश, सौरभ, संकेत, दिव्या एवं अमीन शम्भू वर्मा आदि सम्मिलित थे।
दहशत फैलाने को लेकर फायरिंग
- घटनास्थल से एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद
देवघर/संवाददाता। जिले के रखिया थाना क्षेत्र के बंधा इलाके में दहशत फैलाने को लेकर गोलीबारी किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पहुंची और मौके पर से एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया है। घटना बुधवार शाम की बताई जाती है। बताया जाता है कि बाइक पर सवार दो अपराधी बंधा इलाके में पहुंचे और दहशत फैलाने को लेकर फायरिंग करते हुए फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर रिखिया थाना प्रभारी संजय कुमार, कुंडा थाना प्रभारी प्रशांत कुमार सदल बल पहुंचे। पुलिस ने मौके पर से एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया है। हालांकि इस मामले में पुलिस कुछ भी बताने से इंकार कर रही है।
जागरुकता रथ को सीएस ने किया रवाना
- विकसित भारत की नई पहचान परिवार नियोजन हर दंपत्ति की शान का नारा बुलंद
देवघर/नगर संवाददाता। बुधवार को सदर अस्पताल देवघर से सिविल सर्जन डॉ. रंजन कुमार सिन्हा ने विकसित भारत की नई पहचान परिवार नियोजन हर दंपति कि शान जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह प्रचार वाहन देवघर के शहरी क्षेत्र में जाकर परिवार स्वास्थ्य मेला के बारे में विस्तार से लोगों को जानकारी देगा। यह मेला एक माह तक चलेगा। इस परिवार स्वास्थ्य मेला में परिवार नियोजन की दोनों विधि अस्थाई एवं स्थायी विधि के बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा। स्थायी परिवार नियोजन के तहत पुरुषों का नसबंदी एवं महिलाओं का बन्ध्याकरण के लिए एवं वही अस्थायी परिवार नियोजन के तहत कॉपर टी माला एन, कंडोम अंतर एवं छाया आदि नि:शुल्क लोगों को उपलब्ध कराया जाएगा। मौके पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक नीरज भगत, जिला कार्यक्रम समन्वयक प्रवीण कुमार सिंह, जिला शहरी स्वास्थ्य प्रबंधक सुनील मणि त्रिपाठी एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।
सफाई कर्मचारियों का आंदोलन जारी, हड़ताल शुरू
- झारखंड लोकल बॉडीज इंप्लाइज फेडरेशन के नेतृत्व में निकाला जुलूस
देवघर/नगर संवाददाता। अपनी मांगों को लेकर झारखंड लोकल बॉडीज इंप्लाइज फेडरेशन के बैनर तले सफाई कर्मचारियों का आंदोलन जारी है। इसी सिलसिले में बुधवार को आंदोलनरत कर्मचारियों ने 11 बजे दिन में नगर निगम डिपो परिसर से कर्मचारियों का आक्रोश मार्च निकला गया। साथ ही मांग पूरी होने तक सफाई कर्मी हड़ताल पर चले गए हैं। जिससे शहर में गंदगी फैलने की संभावना है। आक्रोश मार्च शहर के विभिन्न मार्ग से गुजरकर नगर निगम कार्यालय पहुंच कर धरना-प्रदर्शन में तब्दील हो गया। आंदोलन का नेतृत्व फेडरेशन के अध्यक्ष संजय मंडल कर रहे थे। मौके पर नगर आयुक्त सह प्रशासक रोहित कुमार सिन्हा से एक घंटे वार्ता के बाद भी समस्या का हल नहीं निकल पाया। श्री मंडल बताया आज तक सभी नगर आयुक्त ने केवल आश्वासन देकर कर्मचारियों को ठगने का काम किया है। अब यह नहीं होगा और आर-पार लड़ाई होगी। जब सभी मांगे पूरी नहीं हो जाती है हड़ताल जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि प्राइवेट एजेंसी एमएसडब्लूयएम का भी काम बंद होगा। नगर आयुक्त जितनी जल्द मांगों को पूरा कर देते है उतनी जल्द हड़ताल वापस होगा नहीं तो जारी रहेगा हड़ताल।
हैप्पी फीट ए प्रेप स्कूल के बच्चों ने वेजिटेबल सप्ताह के तहत किया गोपीडीह में कृषि फार्म का भ्रमण
- बच्चों को दी गई सब्जी उत्पादन व खाने के लाभ की जानकारी
देवघर/नगर संवाददाता। स्थानीय हैप्पी फीट ए प्रेप स्कूल में वर्तमान सप्ताह वेजिटेबल सप्ताह के रूप में मनाया जा रहा है। इसके तहत नन्हे बच्चों को जहां विभिन्न प्रकार के सब्जियों से परिचित कराया जा रहा है। वहीं उन्हें सब्जी खाने को प्रेरित भी किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज बच्चों को वेजिटेबल फार्म का भ्रमण करने के लिए देवघर प्रखंड अंतर्गत गोपीडीह गांव में कृषक अंबिका कुशवाहा के फार्म पर ले जाया गया। जहां कृषक अंबिका कुशवाहा के बेटे राजकुमार कुशवाहा ने बच्चों को भिंडी, लौकी, बींस, बैगन, ओल, नींबू, मक्का, पपीता, गन्ना जो उनके खेतों में लहलहा रहा था से बच्चों का परिचय कराया। खेत में बहुत से कृषक उस समय कार्य भी कर रहे थे। बच्चों को यहां यह समझाने का प्रयास किया गया की जो सब्जियां उनके थाली तक आती हैं। वह इन्हीं खेतों में उपजाया जाता है और इसके लिए कृषकों को काफी मेहनत करनी पड़ती है। इन खेतों से सब्जियां बाजार में ले जाया जाता है और बाजार से खरीद कर हम इन्हें अपने घरों तक ले जाते हैं। फार्म में सभी बच्चों ने काफी मस्ती भी की एवं कृषकों द्वारा किए जा रहे उनके मेहनत के प्रति सबों ने आभार भी प्रकट किया। बच्चों ने सब्जी फॉर्म में घूमाने एवं विभिन्न जानकारियां साझा करने के लिए कृषक राजकुमार कुशवाहा को पुष्प गुच्छ भेंट कर उनके प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर मोहनपुर प्रखंड के तकनीकी प्रबंधक अजीत कुमार सिंह, स्कूल की प्राचार्या रेणु सिंह एवं शिक्षिका प्रगति और टिंकी भी उपस्थित थी।
विश्व हिन्दू परिषद् बजरंग दल जिला इकाई की बैठक संपन्न
- बैठक में प्रांतीय अधिकारियों ने किया संगठनात्मक मुद्दे की समीक्षा
देवघर/नगर संवाददाता। बुधवार को विश्व हिन्दू परिषद् बजरंग दल जिला इकाई की महत्वपूर्ण बैठक शोभा कम्पलेक्स के निकट विहिप जिला कार्याध्यक्ष डॉ गोपाल जी शरण के निवास पर विहिप जिला अध्यक्ष डॉ राजीव पाण्डेय की अध्यक्षता हुई। मौके पर प्रांत संयोजक दीपक ठाकुर एंव प्रांत सह मंत्री रामनरेश सिंह की उपस्थिति में संपन्न हुआ। बैठक के दौरान प्रांतीय अधिकारियों के द्वारा जिला के संगठनात्मक मुद्दे पर समीक्षा की गई। प्रांत संयोजक के द्वारा संगठन के आगामी होने वाले विभिन्न कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया गया कि प्रांत के सभी जिलों में प्रखण्ड प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया जाना है। आगामी 22 जुलाई से विश्व हिन्दू परिषद् स्थापना दिवस जिला के सभी प्रखण्ड, पंचायत एवं ग्राम टोली के द्वारा मनाया जाना है। जिसमें सभी स्तर के दायित्ववान सदस्य अपने अपने क्षेत्र शामिल रहेंगे। कोडरमा में 15 जुलाई से 17 जुलाई तक प्रांत कार्य समिति की बैठक होने जा रही है। इस बैठक देवघर जिला से अधिक से अधिक संख्या में दायित्ववान सदस्य शामिल होगें। उपस्थित सदस्यों के राय विचार से देवघर में मातृशक्ति दुर्गा शक्ति को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से शिलाई प्रशिक्षण केन्द्र सेवा विभाग के द्वारा चलाए जाने का निर्णय लिया गया। विहिप जिला मंत्री बिक्रम सिंह ने बताया कि हर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी विश्व हिन्दू परिषद् बजरंग दल सेवा विभाग के द्वारा देवघर आने वाले शिव भक्तों के लिए नि:शुल्क सेवा करने के लिए स्थानीय जलसार चिल्ड्रेन पार्क के निकट सेवा शिविर चलाया जायेगा जो पूरे श्रावण माह तक दिन रात शिव भक्तों की सेवा करेगा। इस सेवा शिविर में अधिक से अधिक संख्या में संगठन के सदस्य शामिल होकर शिव भक्त की सेवा करेंगे। सेवा शिविर की अनुमति के लिए देवघर अनुमंडल पदाधिकारी सह दण्डाधिकारी को लिखित आवेदन दिया जा चुका है। मौके पर प्रांत संयोजक दीपक ठाकुर, प्रांत सह मंत्री रामनरेश सिंह, जिला अध्यक्ष डॉ राजीव पाण्डेय, जिला कार्याध्यक्ष डॉ गोपाल जी शरण, देवी लाल टुड्डू,, जिला मंत्री बिक्रम सिंह, जिला संयोजक अभिषेक मिश्रा, विहिप जिला कोषाध्यक्ष अजय कुमार सिन्हा, जिला गौ रक्षा प्रमुख संजय देव, जिला सह मंत्री राकेश कुमार वरनवाल, संतोष डे एवं अन्य दायित्ववान कार्यकर्ता उपस्थित थे।