-प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन के उद्देश्यों की दी जानकारी
पाकुड़/संवाददाता। सदर प्रखंड के चाचंकी गांव में ऑल ड्राइवर वेलफेयर एसोसिएशन सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में रांची से आए संगठन के केंद्रीय कोषाध्यक्ष सह झारखंड प्रदेश अध्यक्ष अवतार सिंह उपस्थित हुए। सम्मेलन का उद्घाटन उनके द्वारा किया गया। इसके साथ-साथ उन्होंने मौके पर मौजूद चालकों को संबोधित करते हुए कहा कि देश में ड्राइवरों की स्थिति बद से बदतर हो चुकी है। ड्राइवर की समस्या कोई सुनता नहीं है जबकि यदि देखा जाए तो ड्राइवर से ही देश का जीडीपी और देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि ड्राइवर जी जान लगा कर देश की सेवा कर रहे हैं, लेकिन जब उनका अधिकार देने की बात आती है तो उनके साथ भेदभाव किया जाता है। उन्होंने कहा कि ड्राइवर वेलफेयर एसोसिएशन के गठन का एकमात्र उद्देश्य है ड्राइवर को उनका हक दिलाना। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार से मांग है कि सरकार ड्राइवर के कल्याण के लिए ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड का गठन के साथ-साथ सरकार ड्राइवर आयोग का गठन करे ताकि ड्राइवर के हक उन्हें मिल सके। उन्होंने कहा कि ड्राइवर के अधिकारों का हनन हो रहा है। सरकार यदि हमारी मांग को नहीं माना तो आने वाले दिनों में हमलोग जोरदार आंदोलन करेंगे। वहीं देश भर में ड्राइवरों के हो रहे लिंचिंग पर उन्होंने रोष जाहिर करते हुए इस पर ठोस कानून बनाने की मांग की। वहीं मौके पर मौजूद पश्चिम बंगाल की स्टेट प्रेसिडेंट मुशर्रफ हुसैन और पश्चिम बंगाल के नदिया जिला के अध्यक्ष मिनारुल हुसैन ने भी ड्राइवर के साथ किए जा रहे भेदभाव का मुद्दा जोर शोर से उठाते हुए केंद्र सरकार पर जम कर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ड्राइवर के हित के लिए एक भी बात नहीं कहते हैं उल्टे हमें जो ड्राइवरी लाइसेंस दिया जाता है उस पर बदलाव करने की साजिश कर रहे हैं। ड्राइवर के साथ भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, हमें संगठन को सशक्त बनाना है क्योंकि ड्राइवर अपने घर परिवार का त्याग कर समाज और देश का भला करने में लगे हुए हैं। लेकिन हमें हमारे अधिकारों से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी ड्राइवर को एक होना होगा और संगठन को मजबूत करना है। वहीं सम्मेलन में जिला के नए कमेटी की घोषणा की गई जिसमें असमाउल शेख को अध्यक्ष, सेनाउल शेख को उपाध्यक्ष, असमाउल हक को एडवाइजर, सरफराज शेख को कोषाध्यक्ष, तनमादीर आलम को सचिव, विश्वजीत डोम को कानूनी सलाहकार, फिरोज शेख को जनरल सेक्रेटरी और शमशेर अली को मीडिया सलाहकार मनोनीत किया गया। वहीं मौके पर विशेष रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष चंदन योगी, रांची के जिला अध्यक्ष गुड्डू यादव, रांची के जिला उपाध्यक्ष सुनील सिंह, झारखंड प्रदेश सचिव के दिलीप यादव, अरुण यादव समेत बड़ी संख्या में ड्राइवर मौजूद थे।
स्वामी विवेकानंद जयंती सह राष्ट्रीय युवा दिवस के मौके पर अभाविप ने निकाली पदयात्रा
पाकुड़/संवाददाता। स्वामी विवेकानंद जयंती सह राष्ट्रीय युवा दिवस के मौके पर जिला भर में लोगों ने स्वामी जी को याद करते हुए उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। भाजपा के साथ-साथ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, गायत्री परिवार व सामाजिक संगठन के लोगों ने शहर के विवेकानंद चौक पर स्थापित प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा निकाली और स्वामी जी के विचारों को आत्मसात किया। शहर स्थित रेलवे स्टेशन मैदान में जिला वॉलीबॉल संघ की ओर से एकदिवसीय दिवा रात्रि वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन नगर परिषद के अध्यक्ष संपा साहा, हिसरी राय, रणबीर सिंह, अखिलेश चौबे, समिति अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके साथ-साथ मौके पर स्वामी विवेकानंद के जीवन पर प्रकाश डाला गया। प्रतियोगिता में कई टीम ने हिस्सा लिया। वहीं जयंती के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से पदयात्रा निकाली गई और स्वामी विवेकानंद चौक पर स्थापित प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। गायत्री परिवार की ओर से प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके साथ-साथ लड्डू बाबू आम बागान में वनभोज का कार्यक्रम आयोजित करते हुए स्वामी जी के जीवन पर प्रकाश डाला गया। बंगाली एसोसिएशन के सदस्यों ने भी स्वामी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके साथ-साथ मौके पर गीत संगीत पेश किया गया।
स्वामी विवेकानंद की 162वीं जयंती बड़े ही धूमधाम से मनायी गयी
-युवाओं को स्वामी विवेकानंद से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए : सरोज
महेशपुर/संवाददाता। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद महेशपुर इकाई की ओर से रविवार को आदिवासी कल्याण छात्रावास परिसर में स्वामी विवेकानंद की 162वीं जयंती बड़े ही धूमधाम से मनाई गई। मौके पर नगर अध्यक्ष सरोज पांडेय एवं सह नगर मंत्री जीत साहा ने संयुक्त रुप से विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सर्वप्रथम राहुल मिश्रा ने स्वामी विवेकानंद की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हम सभी युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उनकी जीवन पद्धति अनुकरण करके ही हम सभी अपने-अपने जीवन में सफल हो सकते हैं। साथ ही उन्होंने भारत के प्रति राष्ट्रप्रेम की भावना को याद करते हुए कहा कि उनका यह विचार रहा कि भारत को विश्व गुरु बनाते हुए विश्व का मार्ग भारत के द्वारा प्रशस्त हो ऐसे उनकी हमेशा से ही भावना रही। नगर अध्यक्ष सरोज पांडेय ने विवेकानंद की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि युवाओं को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए और उनको आदर्श मान कर जीवन पर आगे बढ़ना चाहिए। मौके पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सनी तिवारी, परेश घोष, दीपांशु सिंह, रोहित यादव, पीयूष मिश्रा, अभिमन्यु, अनिक आरजो, राजेंद्र हेंब्रम, मनोज, राजेंद्र मरांडी, रायसेन मरांडी, रॉकी हांसदा आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे। वहीं जिला के अन्य प्रखंडों में भी स्वामी जी को याद किया गया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद इकाई हिरणपुर के कार्यकर्ताओं ने स्वामी विवेकानंद की जन्म जयंती को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया। मौके पर कार्यकर्ताओं ने स्वामी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें पुष्प अर्पित किया। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुरोजित मंडल ने स्वामी जी की जीवनी के बारे में बताते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद एक महान भारतीय संत, दार्शनिक और राष्ट्रवादी थे। वह एक आध्यात्मिक गुरु थे, जिन्होंने भारत में ही नहीं विदेशों तक राष्ट्रीय चेतना और भारतीय संस्कृति को पहुंचाया और युवाओं को प्रोत्साहित किया। अमेरिका स्थित शिकागो में 1893 में आयोजित विश्व धर्म महासभा में भारत की ओर से सनातन धर्म का प्रतिनिधित्व किया और उसे सार्वभौमिक पहचान दिलवायी। उनका उपदेश था कि उठो जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए। मौके पर दीपक साहा, अजय यादव, सुलभ मंडल, कंचन मंडल, महानंद साहा, अमन ठाकुर, रोहन यादव, अमन भगत, विजय साहा, आलोक कुमार, भाग्यश्री कुमारी आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अवैध बालू लदा ट्रैक्टर जब्त
हिरणपुर/ सीओ मनोज कुमार और थाना प्रभारी रंजन कुमार ने संयुक्त रूप से बगैर माइनिंग चालान के अवैध बालू लोड ट्रैक्टर को दुलमीडांगा चेकपोस्ट के निकट जब्त किया। इस मामले में ट्रैक्टर मालिक और चालक के विरुद्ध लघु खनिज समुदान नियमावली की सुसंगत धाराओं के तहत थाना कांड संख्या 3/25 में मामला दर्ज किया गया। दर्ज मामले में सीओ ने उल्लेख किया है कि बालू लोड ट्रैक्टर संख्या जेएच17ए 2629 को दुलमीडांगा चेकपोस्ट निकट जांच के लिए रोका गया। इस दौरान बालू का चालान मांगे जाने पर मौके से चालक फरार हो गया। इस बावत थाना प्रभारी रंजन कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अवैध परिवहन एवं तस्करी पर अंकुश लगाया जाएगा। छापेमारी लगातार जारी रहेगी।
पति ने की दूसरी शादी, किया पीसीआर
हिरणपुर/संवाददाता। पति के दूसरी शादी किये जाने से नाराज पीड़ित महिला ने पीसीआर के तहत पति व सास के खिलाफ केस दर्ज कराया है। दर्ज केस में सुराईडीह की पीड़ित महिला स्टेनशिला किस्कू ने उल्लेख किया है कि उसकी शादी सुराईडीह निवासी मानवेल सोरेन से 2015 में हुई थी। उनसे उन्हें 07 वर्ष का एक पुत्र व 04 वर्ष की पुत्री है। दिसंबर 2023 से उसके पति दूसरी शादी के लिए उसे प्रताड़ित कर अवैध मांग करने लगे। अंतत: 2024 में उसके पति व सास ने उसे व उसकी पुत्री को मारपीट कर घर से निकाल दिया। दूसरी शादी भी कर ली। महिला ने अपने व पुत्र- पुत्री के भरण-पोषण के लिए न्यायालय में केस दायर किया। जहां उसके पति ने समझौता कर लेने की बात कही लेकिन अब तक समझौता नहीं किया गया। इस बीच उसकी पुत्री को भी बहला फुसला कर ले गया। पीड़िता के इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी रंजन सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है। एक और मामले के तहत थाना क्षेत्र के मोहनपुर छापतल्ला निवासी एक महिला ने अपने ससुराल वालों के विरुद्ध दहेज प्रताड़ना का पीसीआर दर्ज कराया है। पीड़िता अफसाना बीवी ने अपने शिकायत में उल्लेख किया है कि उनकी शादी दो वर्ष पूर्व बाबूपुर निवासी हुसैन मोमिन के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के व़क्त परिजनों ने नकद राशि एवं कई घरेलू सामान उपहार स्वरूप दिया। करीब एक वर्ष के बाद ऑपरेशन के बाद पीड़िता को एक पुत्र भी हुआ। जिसके बाद पीड़िता के ससुराल पक्ष की ओर से लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा और अपने मायके से 02 लाख रुपये लाने का दबाब बनाया गया। बच्चा होने के कुछ दिन बाद पीड़िता के पेट मे दर्द हुआ जिसके बाद पीड़िता के ससुराल पक्ष ने बंगाल ले जाकर साजिश के तहत उसके बच्चेदानी को निकाल दिया। बीते 23 अप्रैल, 2024 को पीड़िता के पति, ससुर, सास एवं जेठानी ने पुन: मायके से 02 लाख लाने को कहा गया। पीड़िता ने इसमें असमर्थता जताई तो उसे ससुराल पक्ष ने मारपीट एवं गाली-गलौज करके घर से निकाल दिया। जिसके बाद पीड़िता ने बीते 05 मई को हिरणपुर थाने में इसकी शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिसके पश्चात पीड़िता ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। जिसके बाद हिरणपुर थाना कांड संख्या 4/25 में विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया।
टेंपो पलटने से एक यात्री घायल
लिट्टीपाड़ा/संवाददाता। थाना क्षेत्र के लिट्टीपाड़ा-अमड़ापाड़ा मुख्य सड़क सिथत थाना के समीप रविवार को टेंपो का संतुलन बिगड़ जाने से सड़क पर पलट गया। घटना में एक यात्री घायल हो गया। मिली जानकारी के अनुसार बिना नंबर का टेंपो लिट्टीपाड़ा से बैजनाथपुर जा रहा था कि थाना के समीप वाहन का संतुलन बिगड़ जाने से सड़क पर ही टेंपो पलट गया। जिससे टेंपो में सवार मसौदी हांसदा (22) घायल हो गई। पुलिस ने घायल को उठा कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां डॉक्टर ने घायल का प्राथमिक उपचार कर छोड़ दिया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी मुकेश बेसरा ने कहा घटना में घायल का प्राथमिक उपचार कर छोड़ दिया गया। पुलिस वाहन को जब्त कर थाना ले आया।
कृषि विज्ञान केंद्र में रखा बोटा जब्त
महेशपुर/संवाददाता। कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में अवैध रूप से रखे गए पेड़ का बोटा रविवार को वन कर्मियों ने जब्त कर लिया। 35 बोटा लकड़ी जब्त किया गया। इस बाबत रेंजर रामचंद्र पासवान ने कहा कि दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिला खनन पदाधिकारी ने कहा कि खनन पट्टाधारियों को पर्यावरण की रक्षा का भी रखना है ख्याल
-अधिकतर खनन पट्टाधारी सुरक्षा नियमों का नहीं करते हैं पालन
पाकुड़/संवाददाता। जिला में पत्थर और कोयला उद्योग से सबसे ज्यादा राजस्व की उगाही होती है। अक्सर पाकुड़ जिला में पत्थर के अवैध उत्खनन और परिवहन की शिकायत भी मिलती है। इसके साथ-साथ अधिकतर खनन पट्टाधारी सुरक्षा नियमों का पालन भी नहीं करते हैं। वहीं सुरक्षा नियमों के पालन के साथ-साथ राजस्व उगाही को लेकर जिला खनन पदाधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि डीजीएमएस की गाइड लाइन के अनुसार सुरक्षा मानक का पालन करने को लेकर खनन विभाग तत्पर है। राजेश कुमार ने नए साल में जिला के खनन पट्टाधारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित करते हुए कहा कि खनन पट्टाधारियों को खनन करते समय सुरक्षा मानकों का पालन हर हाल में करना है। खनन विभाग की ओर से जो दिशा निर्देश दिया गया है उसका पालन नहीं करने वाले खनन पट्टा धारियों पर कार्रवाई भी की जाएगी। जिला खनन पदाधिकारी ने कहा कि खनन पट्टाधारियों को पर्यावरण की रक्षा का भी ख्याल रखना है। खनन पट्टाधारी पत्थर के उत्खनन के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र में पौधा रोपण करें। इसके साथ-साथ खनन क्षेत्र में उड़ने वाले धूल वातावरण में ना फैले, इसको लेकर पानी का छिड़काव भी करें। वहीं उन्होंने कहा कि डीजीएमएस के गाइडलाइन के अनुसार मजदूरों के सुरक्षा का खास ख्याल रखें। इसके साथ-साथ पत्थर खदान में ब्लास्टिंग करने में भी नियमों का अनुपालन शत-प्रतिशत करें। वहीं उन्होंने कहा कि अवैध उत्खनन और परिवहन को लेकर जिला टास्क फोर्स गठित किया गया है और समय-समय पर इसको लेकर जांच भी चलाया जा रहा है। वैसे लैसी जिसका किसी भी प्रकार का खनन से संबंधित बकाया है उसे जमा करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि माइनिंग विभाग को इस वर्ष 1200 करोड रुपए कर का लक्ष्य दिया गया था। उन्होंने कहा कि राजस्व का अधिकतर हिस्सा कोयला से मिलता है। उन्होंने कहा कि डीएमएफटी फंड के तहत अभी तक 130 करोड़ का कलेक्शन हुआ है जो काफी अच्छा है और इसका भी टारगेट फुल फील कर लिया जाएगा।
तीन दिवसीय सोहराय महोत्सव का आयोजन
पाकुड़/संवाददाता। जिला प्रशासन की ओर से रविवार को बाजार समिति प्रांगण में तीन दिवसीय सोहराय महोत्सव का आयोजन किया गया। इस महोत्सव का शुभारंभ डीसी मनीष कुमार और एसपी प्रभात कुमार, डीडीसी महेश कुमार संथालिया, अनुमंडल पदाधिकारी साइमन मरांडी ने दीप प्रज्वलित कर किया। वहीं मौके पर आदिवासी परंपरा के अनुसार पूजा-अर्चना की गई। डीसी कुमार ने कहा कि संथाल में आने के बाद हमने प्रण लिया है कि संथाली भाषा हम जरूर सीखेंगे। मुख्यमंत्री का जो एक सपना है पारंपरिक कल्चर को बढ़ावा देने का हमलोग उस ही दिशा में एक सही कदम उठा रहे हैं। एसपी प्रभात कुमार ने कहा कि यह त्योहार मवेशियों के सम्मान में मनाया जाता है। सोहराय से ही संथाली सभ्यता व संस्कृति अब भी जीवित है। कहा कि मान्यता है कि मनुष्य के सुखमय जीवन में कृषि और जीव जंतु की पूजा की जाती है। वहीं एसपी ने सभी लोगों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि प्रकृति की रक्षा के लिए यह पर्व मनाया जाता है और हमलोग प्राकृतिक रक्षा का संकल्प लें। वहीं समाहरणालय में स्वास्थ्य कैंप का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में परियोजना निदेशक आईटीडीए अरुण कुमार एक्का समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
युवा दिवस पर पुस्तकालय का शुभारंभ
हिरणपुर/संवाददाता। युवा दिवस के अवसर पर रविवार को लिट्टीपाड़ा अंचल क्षेत्र के हिरणपुर आत्मा भवन में स्वामी विवेकानंद पुस्तकालय का शुभारंभ किया गया। जिसका उद्घाटन लिट्टीपाड़ा बीडीओ संयज कुमार, पूर्व मखिया जोगेश मुर्मू, शिक्षक मुकुंद महतो, अभिजीत दत्ता, अंनत साहा, जयंत दत्ता, सिबेन चन्द्र दे आदि ने दीप प्रज्वलित किया। कार्यक्रम में सर्वप्रथम स्वामी विवेकानंद की जयंती पर उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। हिरणपुर के समाजसेवी चंदन भगत, पंचायत समिति सदस्य विकास कुमार दास, बापिन दत्ता आदि के सहयोग से पुस्तकालय का शुभारंभ किया गया। जहां एक शांत एवं स्वच्छ वातावरण में बच्चों के पढ़ने की व्यवस्था की गई है। इस दौरान लिट्टीपाड़ा बीडीओ ने हिरणपुर युवाओं के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि पुस्तकालय का शुभारंभ हिरणपुर के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि हिरणपुर युवाओं की ओर से एक पौधा लगाया गया, जिसे सींचने का काम यहां के स्थानीय लोगों का काम है। इसके संचालन के लिए एक आम समिति एवं एक संचालन समिति का बनना आवश्यक है। किसी भी पुस्तकालय के संचालन के लिए अनुशासन आवश्यक है। इसके लिए समय सारणी के अनुरूप कार्य होना चाहिए। पुस्तकालय में मोबाइल का सीमित उपयोग होना चाहिए। पुस्तकालय में एक ऐसा वातावरण होना चाहिए, जिससे बच्चों को पढ़ने में सहजता हो। मौके पर अजीत यादव, रघु मंडल, मुकेश कुमार, चंदन दत्ता, राणा दे आदि मौजूद रहे।