देवघर। संवाददाता। बिहार-झाखंड सीमा पर दुम्मा मुख्य द्वार के निकट लगाये गये लोकहित सेवा संस्थान शिविर में थके हुए कांवरियों की खूब सेवा हो रही है। शिविर के सदस्यों की ओर से किये गये सेवा से कांवरियों की थकान मिट रही है। बता दें कि बिहार के सीतामढ़ी की यह संस्था वर्ष 2001 से लगातर दुम्मा बोर्डर पर नि:शुल्क सेवा शिविर लगा रही है। सेवा शिविर संस्था की सचिव अनामिका सिंह के नेतृत्व में चलाया जा रहा है। शिविर में कांवरियों को नि:शुल्क चाय, शरबत, स्वच्छ पेयजल तथा प्राथमिक उपचार मुहैया कराया जाता है। कांवरियों की सेवा ही सही मायने में सच्ची शिवभक्ति है। कांवरिया की सेवा में अजय, उनकी धर्मपत्नी सरिता कुमारी, छोटे भाई शिबू, भतीजी हंसी, सुपुत्री शांभवी प्रियंवदा, और दामाद शाश्वत कुमार सिंह कांवरियों की सेवा की। शिविर के संचालन में श्रीमती सिंह के अलावा आर.के. सिंह, सरिता कुमारी, संजय कुमार, रंजन, मनोज, अनुज छोटेलाल, रामबालक, सचिन, धनंजय के अलावा कई अन्य लोग कांवरियों की सेवा में लगे हुए हैं।
जयंती पर पूर्व मुख्यमंत्री सिंह को श्रद्धांजलि
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार ने जयंती पर संयुक्त बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय चंद्रशेखर सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि चंद्रशेखर बाबू अनुशासन, कर्मठता एवं कार्य संस्कृति के जीते जागते प्रतीक थे। संयुक्त बिहार के हित एवं विकास के लिए वे जीवन के अंतिम क्षणों तक प्रयत्नशील रहे।
जयंती पर अमृतलाल नागर को श्रद्धांजलि
देवघर/वरीय संवाददाता। बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन के पूर्व प्रवक्ता अजय कुमार ने जयंती पर साहित्यकार स्वर्गीय अमृतलाल नागर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि अपनी जादू भरी लेखनी से स्वर्गीय नागर ने साहित्य को एक नई विधा और दिशा प्रदान की। नाटक, बाल साहित्य, संस्मरण व निबंध आदि साहित्य के विविध क्षेत्रों में उनके अमूल्य योगदान को साहित्य जगत सदैव याद रखेगा।
केशव महतो कमलेश और रामेश्वर उरांव को दी बधाई
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड प्रदेश इंटक के प्रदेश सचिव अजय कुमार एवं देवघर जिला इंटक के जिला अध्यक्ष अनंत मिश्रा ने झारखंड प्रदेश कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर केशव महतो कमलेश को एवं कांग्रेस विधायक दल का नेता बनाए जाने पर रामेश्वर उरांव को बधाई देते हुए कहा है कि इन दोनों के कुशल नेतृत्व में झारखंड में पार्टी एक नए आयाम व ऊंचाई को प्राप्त करेगी। श्री कुमार एवं श्री मिश्रा ने कहा की केशव महतो कमलेश जैसे कुशल एवं सांगठनिक रूप से अनुभवी व्यक्ति को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर कांग्रेस कार्यकर्ता के अंदर एक नए उत्साह का संचार हुआ है और निश्चित रूप से जल्द ही इसी साल होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी को लाभ मिलेगा। केशव महतो कमलेश को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने एवं रामेश्वर उरांव को कांग्रेस विधायक दल का नेता बनाए जाने पर सोनिया गांधी, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल एवं झारखंड प्रभारी गुलाम अहमद मीर के प्रति कुमार एवं श्री मिश्रा ने आभार व्यक्त किया है।
केशव महतो और रामेश्वर उरांव को कांग्रेसियों ने दी बधाई
देवघर/वरीय संवाददाता। केशव महतो कमलेश को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के नये अध्यक्ष तथा झारखंड सरकार के मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव को कांग्रेस विधायक दल के नेता बनाए जाने पर देवघर जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ मुन्नम संजय ने नेताद्वय को बधाई देते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी तथा राहुल गांधी का आभार व्यक्त किया। कहा कि पार्टी का सही वक्त पर सही निर्णय लिया है। नेताद्वय ने कहा कि दिनों काफी मृदुभाषी, मिलनसार तथा अनुभवी हैं। इनके नेतृत्व में प्रदेश में पार्टी संगठन को काफी मजबूती मिलेगी तथा आने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी का बेहतर प्रदर्शन होगा। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर के कार्यों का सराहना करते हुए उनके अध्यक्षीय कार्यकाल को भी बेहतर बताया।
ग्राम प्रधानों ने मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
देवघर/वरीय संवाददाता। ग्राम प्रधान मूल रैयत प्रधान संघ की बैठक शनिवार को इंडोर स्टेडियम के सभागार जिलाध्यक्ष श्यामाकांत झा की अध्यक्षता में की गई। मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को बधाई देते हुए प्रधानों ने कहा कि प्रधानों की सम्मान राशि बढ़ोतरी कर संघ के पुराने मांग को पूरा करने का कार्य किया है। वहीं संघ ने मंत्री हफीजुल हसन के प्रति भी आभार जताया कि इनके प्रयास से ही प्रधानों की सम्मान राशि में बढ़ोतरी हुई। वही सम्मान समारोह के लिए मंत्री से मुलाकात कर समय, स्थान, तिथि तय करने का निर्णय लिया गया। जिसमें मंत्री श्री हसन को सम्मानित किया जाएगा। बैठक में पुरुषोत्तम मिश्रा, जयप्रकाश तिवारी, मुस्ताक अहमद, रामानंद राय, राजेश्वर नरोने,वशिष्ठ राय, नवल किशोर राय, भोला नाथ सिंह, कृष्ण कुमार गुप्ता, मुकेश कुमार सिंह, अविनाश चंद्र राय, महमूद मियां, मोहिब खान सहित जिले के सभी प्रधान उपस्थित थे।
हवाई तीर्थ दर्शन के तहत चल रहे कार्यों को लेकर डीसी ने दिए कई दिशा-निर्देश
-उपायुक्त ने स्थाई हेलीपैड निर्माण हेतु जमीन चिह्नित कर डीपीआर बनाने का दिया निर्देश
देवघर/वरीय संवाददाता। उपायुक्त सह जिला दण्डदाधिकारी विशाल सागर की अध्यक्षता में शनिवार को हवाई परिक्रमा आकाशीय दर्शन के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा बैठक का आयोजन समाहरणालय सभागार में किया गया। इस दौरान उपायुक्त द्वारा जानकारी दी गयी कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार झारखण्ड में पहली बार नागर विमानन (जेएफआई) के सौजन्य से देवघर-बासुकीनाथ तीर्थ स्थलों के हेलीकॉप्टर के माध्यम से हवाई परिक्रमा-आकाशीय दर्शन हेतु चल रहे कार्यों को लेकर संबंधित अधिकारियों को निदेशित किया कि हेली सेवा के व्यापक प्रचार प्रसार की आवश्यकता है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसकी जानकारी मिले और इस सेवा का लाभ व आनंद प्राप्त कर सके। साथ ही उपायुक्त ने जिला जनसंपर्क पदाधिकारी एवं जिला पर्यटन पदाधिकारी को निदेशित किया कि आपसी समन्वय स्थापित करते हुए हवाई परिक्रमा आकाशीय तीर्थ दर्शन के प्रयास को सार्थक करने की दिशा में कार्य करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने हवाई परिक्रमा आकाशीय तीर्थ दर्शन के तहत हथगड़ अवस्थित अस्थायी हेलिपैड के समीप एम्बुलेंस व आवश्यक सुविधा सुनिश्चित करने के अलावा अग्निशमन वाहन उपलब्धता सुनिश्चित करने का निदेश संबंधित अधिकारियों को दिया। आगे उपायुक्त ने देवघर एवं मोहनपुर के अंचलाधिकारी को निदेशित करते हुए कहा कि स्थायी हेलिपैड बनाने हेतु जल्द से जल्द एक एकड़ सरकारी जमीन चिन्हित कर उसका प्रतिवेदन उपायुक्त कार्यालय में उपलब्ध कराया जाय, ताकि अग्रेतर कार्रवाई की जा सके। साथ ही भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को निदेशित किया कि हथगढ़ स्थित हेलीपैड के पक्कीकरण एवं जिस जगह स्थायी हेलीपैड बनाने हेतु जगह चिन्हित किया जाएगा उसके पक्कीकरण हेतु डीपीआर बनाना सुनिश्चित करें।
जल्द ही ऑनलाइन माध्यम से भी हवाई दर्शन हेतु टिकट बुक कर पाएंगे तीर्थयात्री : उपायुक्त
उपायुक्त विशाल सागर द्वारा जानकारी दी गयी कि देवघर-बासुकीनाथ तीर्थ स्थलों के दर्शन हेतु इच्छुक श्रद्धालु ऑनलाइन वेबसाइट के माध्यम से भी टिकट बुक कर सकते है। साथ ही जल्द ही कियू आर कोड एवं यू पी आई भी जेनेरेट किया जा रहा है, जिसके माध्यम से भी टिकट बुक किया जा सकेगा। इसके अलावे हवाई परिक्रमा बुक करने हेतु हथगढ़ स्थित अस्थायी हेलिपैड समीप यह सुविधा सुनिश्चित की गयी है। आगे उपायुक्त ने जिले के होटल संचालकों को भी हवाई परिक्रमा-आकाशीय दर्शन से जुड़ी जानकारी को प्रदर्शित और प्रचारित करने का निर्देश दिया, ताकि बाहर से देवघर आने वालों लोगों की इस सुविधा की जानकारी मिल सके। बैठक में नगर आयुक्त देवघर रोहित सिन्हा, एयरपोर्ट निदेशक प्रवीण भंडारी, नजारत उपसमाहर्ता शैलेश कुमार सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती, जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार, जिला अग्निशमन पदाधिकारी गोपाल यादव, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल एवं संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित थे
दो दिवसीय कांवरिया सेवा शिविर का हुआ शुभारंभ
देवघर/वरीय संवाददाता। सेवा शिविर में श्रावण मास में आए श्रद्धालुओं को शरबत, फल तथा जल का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दूसरे दिन भी छात्र छात्राओं ने काफी उत्साह से कांवरियों की सेवा की कांवरिया की सेवा के साथ-साथ सफाई अभियान भी चलाया गया। कार्यक्रम समन्वयक दुर्गा भौमिक ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस अवसर पर सभी शिक्षक, कर्मचारीगण, स्वयंसेवक तथा छात्र-छात्राओं में उत्साह पूर्वक अपना योगदान दिया। मौके पर उपप्राचार्या डॉ रितु रानी, प्राध्यापिका सुषमा सिन्हा, डॉ.अर्पणा झा, डॉ गूंजा कुमारी, दिव्या कुमारी, मौसमी मुखर्जी, सुनील नरौने, मणिकांत रंजन, पंकज कुमार सिन्हा, प्रमोद कुमार पांडेय, कशिश कुमारी,कार्तिक झा, रवि झा , अभिमन्यु, बादल, वैजयंती देवी इत्यादि के साथ काफी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थीं।
नगर आयुक्त ने की राजस्व शाखा की समीक्षा बैठक
देवघर/नगर संवाददाता। देवघर नगर निगम के नगर आयुक्त सह प्रशासक रोहित कुमार सिन्हा ने शनिवार को राजस्व बढ़ोतरी को लेकर राजस्व शाखा की समीक्षा बैठक की। बैठक में सहायक नगर आयुक्त व नगर प्रबंधक सहित अन्य अधिकारी व कर्मी उपस्थित थे। मौके पर संबंधित एजेंसी एसपीएस द्वारा 265 बकायेदारों की लिस्ट दी गई है। जिनके द्वारा होल्डिंग टैक्स का भुगतान विगत कुछ वर्षों से नहीं किया जा रहा है। इससे संबंधित सभी 265 लोगों का नोटिस निकाला गया है और एजेंसी को एक सप्ताह का समय दिया गया है। इन 265 लोगों को नोटिस दे कर बकाये की वसूली करें अन्यथा जिनके द्वारा भुगतान नहीं किया जाता है वैसे सभी बकायेदारों पर नगर पालिका अधिनियम के अनुसार कार्यवाही की जायेगी।
अभाविप ने फूंका बंगाल की सीएम का पुतला
देवघर/नगर संवाददाता। शनिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा सुभाष चौक पर बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का पुतला दहन किया गया। प्रदेश सह छात्रा ने कहा की हम सभी को पता है की पश्चिम बंगाल के कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में जूनियर डॉक्टर की दुष्कर्म के बाद हत्या की घटना सामने आई और पूर्व में भी ऐसे कई घटनाएं सामने आई थी। बंगाल में हो रही यह घटनाएं मानवता को संसार करने वाली है। इन घटनाओं को ध्यान में रखते हुए ममता सरकार के विरोध में ममता बनर्जी का पुतला दाहन किया गया। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य युवराज सिंह ने कहा की इस तरह की घटना बार-बार हो रही है। इसके दोषियों को जल्द से जल्द फांसी की सजा दिया जाए। मौके पर नगर एसएफडी प्रमुख नवरत्न कुमार, एएस कॉलेज अध्यक्ष कुंदन लाल यादव, उपाध्यक्ष सौरभ कुमार, मंत्री किट्टू प्रजापति, बाजला कॉलेज मंत्री किया भट्टाचार्य, सह मंत्री सुमन कुमारी, चंदन कुमार, प्रियंका, खुशी कुमारी आदि छात्र-छात्राएं ेउपस्थित थे।
डिलीवरी बॉय से सामान की छिनतई
देवघर/संवाददाता। नगर थाना के क्षेत्र के उपर सिंघवा इलाके में मेसो कंपनी के डिलीवरी बॉय से सामान की छिनतई कर लिये जाने का मामला सामने आया है। इसे लेकर राम मंदिर इलाके का रहने वाला डिलवरी बॉय ने नगर थाना में शिकायत किया है। बताया जाता है कि वह एक पार्सल देने उपर सिंघवा में गया था। जहां वह डिलवरी देने गया था वहां पर तीन-चार की संख्या में युवक खड़ा था। जिसको डिलीवरी देने गया था उसी के साथ सभी लड़के थे। उसने जब एक लड़के को डिलीवरी देने लगा तो चारों लड़कों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दिया। वहीं उसके बैग में रखे डिलीवरी के लिये लगभग तीन हजार रुपए के कपड़े छिनतई कर लिया। इधर नगर पुलिस शिकायत लेकर जांच में जुट गयी है।
एक साइबर अपराधी गिरफ्तार, गया जेल
देवघर/संवाददाता। जिले के साइबर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर पथरौल थाना इलाके से साइबर अपराध को अंजाम देते एक आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद जेल भेज दिया। जेल गये आरोपी का नाम मुन्ना दास है जो पथरौल थाना इलाके का रहने वाला है। उसके पास से पुलिस ने एक मोबाइल और दो सिम बरामद किया है। बताया जाता है कि साइबर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी की पथरौल उच्च विद्यालय के पास एक व्यक्ति साइबर अपराध को अंजाम देने में लगा है। उक्त सूचना पर साइबर थाना के पुनि छठुराम गोंड के नेतृत्च में एक टीम का गठन कर छापेमारी के लिये भेज गया। दल में उनके अलावा थाना प्रभारी पथरौल पुअनि दिलीप कुमार बिलुंग, आरक्षी आशीष कुमार, रंजन कुमार दास शामिल थे। छापेमारी दल के द्वारा गिरफ्तार किये गये साइबर अपराधी के मोबाइल की जब जांच की गयी तो पता चला कि उसके द्वारा फर्जी कस्अमर केयर पदाधिकारी बन कर फोन पे उपभोक्ता को कैश बैक का झांसा देकर गलत तरीके से उनका डेटा प्राप्त कर ऑनलाइन ठगी करने का कार्य करते थे। जेल गया आरोपी पूर्व में भी साइबर थाना कांड संख्या 31/19 का आरोपी रहा है।
चेक बांउस का वारंटी गया जेल
देवघर/संवाददाता। जिले के कुंडा थाना पुलिस ने चेक बाउंस के एक वारंटी को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद शनिवार को जेल भेज दिया। जेल गये वारंटी का नाम सुभाष कुमार है जो थाना क्षेत्र के सातर का रहने वाला है। वह पिछले तीन वर्ष से फरार चल रहा था।
20 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब के शराब के साथ एक गिरफ्तार
देवघर/संवाददाता। जिले के कुंडा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर 20 बोतल अंग्रेजी शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति का नाम राकेश कुमार सिन्हा है जो बिहार के बेगुसराय जिला के पोखरिया थाना इलाके के अशोक नगर का रहने वाला है। कुंडा पुलिस द्वारा उसे गिरफ्तार कर अग्रतर कार्रवाई के लिये उत्पाद विभाग को सौंप दिया गया है।
श्रद्धालुओं को सुलभ व सुरक्षित जलार्पण कराना ही प्राथमिकता : उपायुक्त
- आखिरी सोमवारी को लेकर उपायुक्त ने दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों को किया ब्रीफ
देवघर/वरीय संवाददाता। राजकीय श्रावणी मेला, 2024 के पांचवीं और अंतिम सोमवारी के सफल संचालन को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी विशाल सागर की अध्यक्षता में बीएड कॉलेज प्रांगण में प्रतिनियुक्त सभी दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं बाहर से आए पुलिस फोर्स के अधिकारियों को सामूहिक रूप से ब्रीफ किया गया। इस दौरान उपायुक्त ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि चारों सोमवारी में अब तक आप सभी ने बेहतर तरीके से काम किया है, जिसकी वजह से लाखों श्रद्धालुओं ने अब तक बाबा बैद्यनाथ का सुलभ व सुरक्षित जलार्पण किया है। ऐसे में आने वाली पांचवी और अंतिम सोमवारी को लेकर सभी दण्डाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों को और भी एक्टिव होकर कार्य करने की आवश्यकता है।
इसके अलावा उपायुक्त ने राजकीय श्रावणी मेला, 2024 के सफल संचालन को लेकर वरीय अधिकारियों, दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, पुलिस बल के जवान, कर्मचारियों, प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले संस्थाओं का जिला प्रशासन की ओर से आभार व्यक्त किया। उपायुक्त ने कहा कि आखिरी और पांचवीं सोमवारी को देवघर आने वाले श्रद्धालुओं को विनम्रता व सेवाभाव के साथ श्रावणी मेला हेतु पूरी तरह सजग रहे, क्योंकि श्रावणी मेला के दौरान खासकर सोमवारी के दिन सर्वाधिक भीड़ होती है। ऐसे में श्रावणी मेला के पांचवी और अंतिम सोमवारी को पूरी सजगता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करें, ताकि दूसरे राज्यों से यहां आने वाले लोग हमारे राज्य की एक अच्छी छवि लेकर यहां से अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करें। आगे उपायुक्त ने सभी को निदेशित किया कि श्रद्धालुओं की कतार बिना गैप के आगे बढ़ते रहें, इस बात का विशेष रूप से ध्यान रखें। साथ ही उपायुक्त ने सभी को शालिनता व सेवाभाव से श्रद्धालुओं को हर संभव सुविधा व सहयोग मुहैया कराने की बात कही।
इस दौरान उपरोक्त के अलावा नगर आयुक्त रोहित सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी देवघर सागरी बराल, अनुमंडल पदाधिकारी मधुपुर आशीष अग्रवाल प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, नजारत उपसमाहर्ता, जिला खेल पदाधिकारी मेला क्षेत्र में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, अधिकारी, कार्यपालक अभियंता, पुलिस पदाधिकारी, सहायक जनसम्पर्क पदाधिकारी कर्मी आदि उपस्थित थे।
असम के सीएम व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का गर्मजोशी से हुआ स्वागत
- तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है हेमंत सरकार: हेमंता
देवघर/नगर संवाददाता। शनिवार को आदिवासी पीड़ित परिवार से मिलने गिरिडीह के बेंगाबाद जाने के क्रम में भाजपा झारखंड के सह प्रभारी व असम के मुख्यमंत्री हेमंता विश्व सरमा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के साथ वायु मार्ग से देवघर एयरपोर्ट पहुंचे। जहां भाजपा नेता व कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ दोनों नेताओं का स्वागत किया।
बता दें कि पिछले दिनों हजारीबाग मेडिकल कॉलेज में कैदी की सुरक्षा में तैनात बेंगाबाद निवासी जवान की हत्या कर दी गई थी और भाजपा के दोनों नेता पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर जाने के लिए एयरपोर्ट पर पहुंचे। जहां भाजपा नेता व कार्यकर्ता से मिलने के बाद दोनों सड़क मार्ग द्वारा बेंगाबाद के लिए रवाना हो गए। दोनों भाजपा नेता चाटर्ड प्लेन से सुबह आठ बजे के आसपास देवघर एयरपोर्ट पहुंचे और पीड़ित परिवार से मिलने के बाद दोपहर एक बजे के आसपास वायु मार्ग से रांची के लिए रवाना हो गए। एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए असम के मुख्यमंत्री हेमंता विश्व सरमा ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि वर्तमान राज्य सरकार तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि 11 अगस्त को हजारीबाग मेडिकल कॉलेज में आदिवासी भाई सदोरी हेंब्रम को मार दिया गया और आरोपी शाहिद अंसारी फरार हो जाता है। आज पीड़ित परिवार से मिलने उसके घर जा रहे हैं। लेकिन मुझे जैसी सूचना है कि पुलिस आज सुबह साढ़े चार बजे के आसपास घर बंद कर परिजनों को नौकरी देने के नाम पर हजारीबाग ले गयी है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पीड़ित परिवार से मिलकर संवेदनशीलता दिखाने का काम करना चाहिए लेकिन हम मिलने जा रहे हैं तो बाधा उत्पन्न किया जा रहा है। जबकि पिछले दिनों पाकुड़ के गोविंदपुर हमें जाने नहीं दिया गया। पांच साल के दौरान झारखंड सरकार ने तुष्टीकरण की राजनीति की है। मौके पर देवघर एयरपोर्ट पर हेमंता विश्व सरमा व बाबूलाल मरांडी का स्वागत शाल ओढ़ाकर व पुष्पगुच्छ भेंट कर सारठ विधायक रंधीर सिंह, देवघर विधायक नारायण दास, भाजपा नेता सह मधुपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी गंगा नारायण सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष सचिन रवानी, भाजपा नेत्री रीता चौरसिया सहित अन्य ने किया। स्वागत करने में वालों में भाजपा जिला महामंत्री अधीरचंद्र भैया, डॉ राजीव रंजन, बबलू पासवान, भाजपा नगर अध्यक्ष धनंजय खवाड़े, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष आशीष दूबे, दिलीप सिंह, विजया सिंह, नवल राय, केके दास, दशरथ दास, अमृत मिश्रा, रामनारायण राय, ईश्वर प्रसाद राय, धनंजय तिवारी, जूनियर बाबूलाल मरांडी, गौतम राय, संतोष तिवारी, सौरभ कुमार सिंह, संतोष पासवान सहित अन्य लोग शामिल हैं।
कांग्रेस नेता ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष व सीएलपी को दी बधाई
देवघर/नगर संवाददाता। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिनेशानंद झा ने झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के नव मनोनीत अध्यक्ष कमलेश महतो कमलेश तथा झारखंड सरकार के मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव को विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता बनाए जाने बधाई दी है। साथ ही पार्टी आलाकमान के इस निर्णय पर राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी तथा नेता राहुल गांधी का आभार व्यक्त किया। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष तथा विधायक दल के नेता को बधाई एवं शुभकामनाऐं देते हुए शीर्ष नेतृत्व ने समर्पित तथा जमीनी कार्यकर्ता को यह बड़ी जिम्मेदारी दी है। नेता राहुल गांधी सिर्फ पिछड़ो तथा आदिवासियों की बात ही नहीं करते,उनका सम्मान भी करते हैं। इस निर्णय ने यह साबित कर दिया। इनके नेतृत्व में झारखंड में कांग्रेस संगठन काफी सशक्त रुप से उभरेगी तथा आसन्न विधानसभा चुनाव में पार्टी का परचम लहरेगा।