-आगामी 28 अगस्त से 12 सितंबर तक कुष्ठ खोज पखवाड़ा कार्यक्रम का आयोजन
-पीड़ित व्यक्ति खांसता या छींकता है तो वह फैलाता है एम लेप्री बैक्टीरिया युक्त बूंदें
गोड्डा। संवाददाता राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन गोड्डा के तत्वावधान में रविवार को शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर रामनगर गोड्डा में आगामी 28 अगस्त से 12 सितंबर तक चलने वाले कुष्ठ खोज पखवाड़ा के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। जिसमें अचिकित्सा सहायक संजय कुमार मिश्रा ने सभी एएनएम और साहिया को कुष्ठ के बारे में बताते हुए कहा कि कुष्ठ रोग एक संक्रामक रोग है, जो हाथों, पैरों और शरीर के आसपास त्वचा पर गंभीर घाव और तंत्रिका क्षति का कारण बनता है। कुष्ठ रोग प्राचीन काल से ही मौजूद है।
लेकिन कुष्ठ रोग इतना संक्रामक नहीं है। आप इसे तभी पकड़ सकते हैं जब आप किसी ऐसे व्यक्ति के नाक और मुंह से निकलने वाली बूंदों के नजदीक और बार-बार संपर्क में आते हैं, जिसका इलाज नहीं हुआ है। बच्चों को व्यस्कों की तुलना में कुष्ठ रोग होने की अधिक संभावना होती है। जब इस बीमारी से पीड़ित व्यक्ति खांसता या छींकता है तो वह एम लेप्री बैक्टीरिया युक्त बूंदें फैला सकता है। जिसे दूसरा व्यक्ति सांस के साथ अंदर ले लेता है। कुष्ठ रोग फैलाने के लिए संक्रमित व्यक्ति के साथ निकट शारीरिक संपर्क होना जरूरी है। यह हाथ मिलाने, गले लगाने या बस में या भोजन के दौरान किसी के बगल में बैठने जैसे आकस्मिक संपर्क से नहीं फैलता है। कुष्ठ रोग से पीड़ित गर्भवती महिलाओं से यह रोग उनके शिशुओं में नहीं फैल सकता। यह यौन संपर्क से भी नहीं फैलता। कुष्ठ रोग का शीघ्र पता लगाना और उपचार करना, इसे फैलने से रोकने का सबसे अच्छा तरीका है। वैसे तो आपको कुष्ठ रोग होने का जोखिम कम है, लेकिन आप कुष्ठ रोग से पीड़ित लोगों की त्वचा और शरीर के तरल पदार्थों के साथ निकट संपर्क से बच कर इसके जोखिम को और कम कर सकते हैं। अगर आपके घर में किसी का कुष्ठ रोग से पीड़ित व्यक्ति से संपर्क हुआ है, तो तुरंत डॉक्टर से मिलें। जब स्थिति बढ़ती है, तो लक्षण निम्न हो सकते हैं। भौंहों या पलकों का झड़ना, आपके पैरों के तलवों पर घाव जो ठीक नहीं होते, दर्द, लालिमा और जलन, नाक, हाथ और पैरों की विकृतियां, अंधापन, छोटे पैर की उंगलियां और अंगुलियां आपके पैरों और हाथों का पक्षाघात। इस मौके पर जिला शहरी स्वास्थ्य प्रबंधक जयशंकर, फिजियोथेरेपी राकेश कुमार, अर्बन कम्यूनिटी फेसिलिटेटर प्रहलाद कुमार, सदानंद वर्मा, एनटीपी गोड्डा, एएनएम आराधना कुमारी, रीना कुमारी, सहिया सोनी, प्रेमलता, रजनी, राखी आदि मौजूद थीं।
कर्मचारी चेतना जागरण सह प्रखंड कार्यकारिणी पुनर्गठन के लिए द्वितीय चरण का आगाज
गोड्डा। संवाददाता कर्मचारी चेतना जागरण सह प्रखंड कार्यकारिणी पुनर्गठन के प्रथम चरण में महागामा अनुमंडल के महागामा प्रखण्ड, ठाकुरगंगटी प्रखंड और बोआरीजोर प्रखंड कार्यकारिणी पुनर्गठन के बाद अब द्वितीय चरण का आगाज हो गया है। द्वितीय चरण में गोड्डा अनुमंडल के पथरगामा प्रखण्ड में छह अगस्त को बंसतराय प्रखंड में 10 अगस्त को, सुन्दरपहाड़ी प्रखंड में 13 अगस्त को, पोडै़याहाट प्रखंड में 21 अगस्त को वहीं सदर प्रखंड गोड्डा में 24 अगस्त को कराने की अधिसूचना डॉ. सुमन कुमार, झारोटेप जिला अध्यक्ष और सुभाष चंद्र जिला सचिव ने संयुक्त रूप से जारी किया। हर कर्मचारी जागेगा, अपना अधिकार मांगेगा के साथ सभी विभागों के कर्मियों से आह्वान किया गया कि वे अपने पदस्थापित प्रखंड में निर्धारित तिथि को सैकड़ों की संख्या में उपस्थित होकर झारोटेप को मजबूती प्रदान करने में अपनी भूमिका का निर्वहन करें।
गैस सिलेंडर की चपेट में आकर मां, बेटा झुलसे
-स्थिति की गंभीरता को देखते हुए धनबाद रेफर
मेहरमा। संवाददाता स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत तुलाराम भुस्का पंचायत के भीमचक गांव में रविवार दोपहर खाना बनाने के दौरान गैस चूल्हा के चपेट में आ जाने से वृद्ध महिला बुरी तरह से झुलस गयी। महिला के चिल्लाने पर उसका पुत्र बचाने के लिए पहुंचा तो वह भी आग की चपेट में आ गया। हालांकि परिजनों की मदद से इलाज के लिए मेहरमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद मां और पुत्र को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर वृद्धा कविता देवी (60) प्रतिदिन की तरह अपने घर पर खाना बना रही थी। अचानक गैस चूल्हा का पाइप लीकेज हो गया, जिसके कारण आग लग गई। आग लगने से महिला झुलस गई। हालांकि बचाव करने के लिए पहुंचा महिला का पुत्र सुमन कुमार सिंह भी बुरी तरह से झुलस गया। पीड़ित सिंह तुलाराम भुस्का पंचायत के उपमुखिया हैं। इधर घटना को लेकर परिजन बेहद चिंतित और परेशान हैं। वहीं बेहतर उपचार के लिए दोनों को धनबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मंत्री दीपिका ने की मंईयां सम्मान योजना की समीक्षा
-नव निर्मित मेहरमा थाना भवन का किया निरीक्षण
मेहरमा। संवाददाता झारखंड सरकार के कृषि मंत्री सह महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत मेहरमा प्रखंड के बाजितपुर, सिंधाडी, मेहरमा, कसबा पंचायत भवन पहुंची। जहां कार्यकर्ताओं के साथ-साथ ग्रामीणों ने मंत्री का स्वागत किया। सरकार की ओर से संचालित मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की समीक्षा की। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं। झारखंड सरकार की ओर से जनहित में किये जा रहे विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। वहीं महागामा एसडीओ राजीव कुमार, मेहरमा बीडीओ सह प्रभारी सीओ अभिनव कुमार के साथ-साथ संबंधित पंचायत कर्मियों को आवश्यक निर्देश दी। उन्होंने बताया कि झारखंड सरकार की ओर से 03 से 10 अगस्त तक मंईयां सम्मान योजना का आवेदन जमा लेने की तिथि तय की गई है, लेकिन सर्वर समस्या के कारण आवेदन ऑनलाइन नहीं हो पा रहा है। उक्त समस्या समाधान के लिए राज्य सरकार पहल कर रही है। अगर निर्धारित तिथि तक शत-प्रतिशत आवेदन जमा नहीं लिया जा सकता तो तिथि को आगे भी बढ़ाने की पहल की जाएगी। वहीं मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने नव निर्मित मेहरमा थाना भवन का औचक निरीक्षण की और उन्होंने संवेदक को आवश्यक निर्देश देते हुए जल्द से जल्द भवन निर्माण कार्य पूर्ण कर विभाग को सुपुर्द करें। मेहरमा थाने के पुलिस अधिकारियों को जर्जर भवन से मुक्ति मिल सके। बताते चलें कि जर्जर भवन के कारण मेहरमा थाना के अधिकतर पुलिस पदाधिकारी, मेहरमा सरकारी पंचायत भवन में रह कर ड्यूटी कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री मंईयां योजना जनता को गुमराह करने की योजना : संजीव
मेहरमा। संवाददाता लोकसभा चुनावों में जेएमएम, कांग्रेस, आरजेडी पार्टी की ओर से जनता के बीच बोले गए झूठ को लोग अब जान चुके हैं। झारखंड विधानसभा चुनावों में लोकसभा चुनावों से बिल्कुल अलग स्थिति होगी और झारखंड में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। यह बात रविवार को गोड्डा जिला अध्यक्ष संजीव मिश्रा ने कही। कहा, झारखंड के मुख्यमंत्री अब कोई भी नारा दें, इससे कुछ भी होने वाला नहीं है। झारखंड में इस समय जेएमएम, कांग्रेस, आरजेडी अच्छी स्थिति में नहीं है। लोकसभा चुनावों में सभी दलों के साथ मिलकर जेएमएम कांग्रेस ने 05 सीट पर जीत हासिल की थी। लोकसभा चुनाव में भाजपा 09 सीटें जीती थी लेकिन इस बार विधानसभा चुनावों में स्थिति बिल्कुल अलग होगी और भारतीय जनता पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में जेएमएम, कांग्रेस, आरजेडी ने कभी संविधान के नाम पर, आरक्षण खत्म करने के नाम पर तो कभी खटाखट रुपये देने की बात कह कर जनता को बरगलाने का काम किया था। अब जेएमएम, कांग्रेस आरजेडी के सभी झूठ जनता के सामने उजागर हो चुके हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री मंईयां योजना पर सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि बड़े ही तामझाम के साथ एक योजना लॉन्च किया, नाम रखा मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना। लेकिन जब इसका आवेदन फॉर्म पढ़ा तो यह बड़के जहांपनाह की खटाखट योजना से ज्यादा कुछ नहीं। झूठ और ठग में सबसे आगे झारखंड राज्य के मुख्यमंत्री हैं। जब मंईयां सम्मान योजना लागू कर ही दिए हैं, उसे दिसंबर 2024 के बाद लिंक करने की क्या आवश्यकता है, सब अभी ही कर दीजिए। यह सिर्फ झारखंड की भोली भाली जनता को एक बार पुन: लाइन में खड़ा करने की तथा पंचायत शिविरों का अनाप-सनाप खर्च दिखाकर जनता के रुपये को लूटने की योजना है। और कहा कि जिस तरह इंडी गठबंधन के शहजादे ने देश की भोली भाली जनता जनार्दन को खटाखट एक लाख रुपये साल में देने का फॉर्म भरवाया था बस वैसे ही झारखंड के भोलीभाली जनता जनार्दन को झांसे में डाल कर फिर से वोट लेने की तैयारी चल रही है। हेमंत सरकार, कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा, आरजेडी का
जब आवेदन फॉर्म पढ़ा तो पता चला झोल-झोल इन लोगों का देखिए। रुपये कब मिलेगा विधानसभा चुनाव के बाद दिसंबर तक तो झारखंड में विधानसभा चुनाव हो जाएगा। मिश्रा ने भ्रष्टाचारियों और लुटेरों से सावधान रहने की जरूरत बतायी।