उधवा। संवाददाता। प्रखंड सभागार में शनिवार को न्याय आपके द्वार कार्यक्रम के तहत अनुमंडलीय विधिक सेवा प्राधिकार राजमहल के तत्वावधान में चलंत लोक अदालत सह विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम संजय कुमार दुबे, सबजज तृतीय अनुज कुमार, अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी सह सचिव अनुमंडल विधिक सेवा समिति हिसामुद्दीन वारिस तथा राजमहल एसडीपीओ यज्ञ नारायण तिवारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में विभिन्न पंचायतों की महिलाओं ने भाग लिया। इस दौरान जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम संजय कुमार दुबे ने शिविर में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि साधन के अभाव में कोई भी व्यक्ति न्याय से वंचित नहीं रह सकता। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग के लोगों के लिए अलग-अलग कानून बनाए गए हैं। जागरूक होकर अपने अधिकारों को प्राप्त किया जा सकता है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को कानूनी रूप से साक्षर और जागरूक करना प्राधिकार का दायित्व है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को नि:शुल्क विधिक सहायता देने के प्रति विधिक सेवा प्राधिकार कृत संकल्प है। महिलाओं के अधिकारों के संरक्षण के लिए कई कानून बनाए गए हैं। महिलाएं जागरूक होकर अपने अधिकारों को प्राप्त कर सकती हैं। इसके अलावा दहेज प्रतिषेध अधिनियम, बाल विवाह, पॉक्सो एक्ट सहित महिलाओं से संबंधित अन्य कानूनों को विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई। मौके पर अधिवक्ता संघ राजमहल के अध्यक्ष मनीलाल मंडल, सुधीर घोष, राजदीप यादव, प्रखंड समन्वयक अभिजीत कुमार, जीपीएस बलराम दास, बीपीओ गगन बापू, सुमित कुमार, राम प्रसाद चौधरी सहित अन्य मौजूद थे।