पाकुड़/संवाददाता। गोकुलपुर स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल के छात्रों ने सांप्रदायिक सद्भाव सप्ताह के अंतिम दिन सद्भावना साइकिल रैली निकाली। …मां तुझे प्रणाम गीत पर सद्भावना यात्रा में झंडा एवं बैनर लेकर नारे लगाते हुए छात्र-छात्राओं ने शहर में देशभक्ति का माहौल बना दिया। इस रैली का नेतृत्व प्राचार्य डॉ. विश्वदीप चक्रवर्ती ने की। इस सद्भावना साइकिल रैली का शुभारंभ विद्यालय से मेन रोड होते हुए शहर के गांधी चौक एवं तांतीपारा, राजापारा, कूड़ा पारा, माली पारा होते हुए पुन: विद्यालय पर संपन्न हुई। रैली में शामिल छात्र-छात्राओं ने अनेकता में एकता, भारत देश हमारा, जात पात का बंधन तोड़ो, भारत जोड़ो, भारत जोड़ो जैसे स्लोगन से सभी समुदायों के लोगों को आपस में प्रेम से रहने की अपील की। इससे पूर्व सद्भावना समारोह आयोजित कर प्राचार्य डॉ. चक्रवर्ती ने शिक्षकों सहित सभी कर्मियों को सद्भावना प्रतिज्ञा की शपथ दिलाई। इस उपलक्ष्य पर समाज के वंचित वर्ग के लिए दान करने के लिए प्रेरित किया गया। सभी ने हर संभव अपने तरीके से सर्वश्रेष्ठ योगदान दिया। प्राचार्य ने कहा कि संस्कृति और लोकतंत्र की रक्षा के लिए युवाओं को आगे आना होगा। हमें देश की एकता बनाए रखनी है। विद्यार्थी राष्ट्र निर्माता है। पूर्ण एकता एवं समन्वय के साथ ऐसे कार्यक्रमों का हिस्सा बन कर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
झारखंड साइकिलिंग संघ के मधुकांत बने अध्यक्ष और फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव बने मनिंदर
पाकुड़/संवाददाता। आगामी 28 जनवरी से 14 फरवरी तक उतराखंड में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय खेल के सफल आयोजन को लेकर झारखंड ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष और एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के शहर अध्यक्ष प्लैनिंग एंड मॉनिटरिंग कमेटी और झारखंड एथलेटिक्स संघ सह अध्यक्ष झारखंड साइकिलिंग संघ के मधुकांत पाठक को अध्यक्ष तथा साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव मनिंदर पाल सिंह को सदस्य मनोनीत किए जाने पर जिला खेल संघ से जुड़े सदस्यों ने उन्हें बधाई दी है। वहीं इस बाबत झारखंड ओलंपिक संघ के संयुक्त सचिव सह झारखंड साइकिलिंग संघ के कोषाध्यक्ष रणवीर सिंह ने बताया कि 38वीं राष्ट्रीय खेल उत्तराखंड के लिए भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष पीटी उषा ने राष्ट्रीय खेल के सफलता पूर्वक संचालन के लिए विभिन्न कमेटी बनाई। उक्त कमेटी में अभिभावक डॉ. मधुकांत पाठक, महासचिव झारखंड ओलंपिक संघ कोषाध्यक्ष, एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया सह चेयरमैन प्लैनिंग एंड मॉनिटरिंग कमेटी झारखंड एथलेटिक्स संघ सह अध्यक्ष झारखंड साइकिलिंग संघ को एनएसएफएसओ को-ऑर्डिनेशन कमेटी में चेयरपर्सन नामित किया गया एवं मनिंदर पाल सिंह महासचिव, साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया को गेम्स टेक्निकल कंडक्ट कमेटी में मेंबर नामित किया गया। वहीं उन्हें बधाई देने वालों में जिला साइकिलिंग संघ के अध्यक्ष सह झारखंड साइकिलिंग संघ के उपाध्यक्ष अम्लान कुसुम सिन्हा उर्फ बुल्टी, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अर्धेन्दू शेखर गांगुली, जिला ओलंपिक संघ के संयुक्त सचिव पंकज अग्रवाल, जिला एथलेटिक्स संघ उपाध्यक्ष जयदेव कुमार मंडल, सुजीत विद्यार्थी, प्रशिक्षक प्रोनोति रानी दास, नारायणचंद्र राय, प्रशिक्षक अक्षय बावरी, कृष्णा कुमार, प्रवीण कुमार, दीपक सिंह शामिल है।
एक मतदान केंद्र में पूर्व विधायक को मिला एक मत
महेशपुर/संवाददाता। महेशपुर विधानसभा क्षेत्र में एक ऐसा गांव है जहां वोट बटोरने के लिए पूर्व विधायक मिस्त्री सोरेन ने एड़ी- चोटी एक कर दिया। उस गांव से उसे मात्र एक वोट प्राप्त हुआ यह चर्चा का विषय बना हुआ है। बताते चलें कि विधानसभा क्षेत्र के गायबथान गांव के बूथ संख्या 09 में मिस्त्री सोरेन को मात्र एक वोट प्राप्त हुआ है। विधानसभा चुनाव की घोषणा होते ही भाजपा से टिकट न मिलने से भाजपा से बगावत कर भारतीय आजाद सेना पार्टी से प्रत्याशी रहे और चुनाव लड़े परंतु उस गांव के बूथ संख्या 09 से मात्र 01 वोट मिला।
इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल रिवोल्ट हब का समाजसेवी ने किया उद्घाटन
पाकुड़/संवाददाता। शहर स्थित गोकुलपुर के पास रिवॉल्ट इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल हब का उद्घाटन समाजसेवी लुत्फुल हक और पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष मुकेश शुक्ला ने संयुक्त रूप से किया। वहीं उद्घाटन के बाद समाजसेवी हक ने कहा कि बदलते जमाने के साथ इलेक्ट्रिक वाहन की मांग लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन से प्रदूषण भी काम होता है और इस कारण लोग इसकी ओर आकर्षित हो रहे हैं। शहर में इलेक्ट्रिक बाइक का शोरूम खुला है और निश्चित ही लोग इसका लाभ उठाएंगे। वहीं पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष मुकेश शुक्ला ने कहा कि इलेक्ट्रिक बाइक आज पूरी तरह से प्रचलन में आ चुका है। युवा पीढ़ी अब इलेक्ट्रिक बाइक ज्यादा से ज्यादा चलाना पसंद कर रही है। निश्चित ही यहां के युवाओं को यह शोरूम अपनी ओर आकर्षित करेगा। उन्होंने हब के ओनर नंद किशोर मंडल को बधाई भी दी। वहीं हब के ओनर नंदकिशोर मंडल ने कहा कि अपने आप में यह अनोखा हब है। यहां अलग-अलग रेंज के इलेक्ट्रिक बाइक फाइनेंस में भी उपलब्ध रहेंगे।
राजमहल सांसद ने मुख्यमंत्री और जिला अध्यक्ष को दी बधाई
पाकुड़/संवाददाता। राज्य में झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता हेमंत सोरेन के नेतृत्व में विधानसभा में मिला बहुमत से झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं में जोश दिख रहा है। वहीं राजमहल लोकसभा सांसद विजय हांसदा रांची स्थित सीएम आवास में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिल कर उन्हें फूल का बुके देकर बधाई दी। मौके पर पार्टी के केंद्रीय सचिव पंकज मिश्रा, राजमहल से नवनिर्वाचित विधायक एमटी राजा, जिला संगठन प्रभारी अजीजुल इस्लाम, जिला उपाध्यक्ष हाजी समद अली मौजूद थे। सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन के कठिन परिश्रम व मेहनत का नतीजा है कि पूरे राज्य में पार्टी का प्रदर्शन शानदार रहा। वहीं मुख्यमंत्री सोरेन ने सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि जिस मकसद से राज्य की जनता ने उन्हें आशीर्वाद दिया है। वे पूरी निष्ठा के साथ राज्य के गरीब-गुरबों, आदिवासियों, मूलवासियों, युवाओं, मजदूरों, किसानों और महिलाओं के हितों में जन कल्याणकारी योजनाओं को कार्यान्वित करते रहेंगे। वहीं झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष श्याम यादव ने भी मुख्यमंत्री से मिलकर उन्हें बधाई दी।