फतेहपुर। संवाददाता। झारखंड सरकार की उन्नति योजना के तहत कल्याण विभाग से मिलने वाली साईिकल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गुरुवार को प्रखण्ड परिसर में सरकारी विद्यालय में पढ़ने वाले आठवीं कक्षा के छात्र-छात्राओं के बीच प्रखण्ड प्रमुख अरबिंद मुर्मू, बीइईओ मिलन कुमार घोष, बीस सुत्री सदस्य परेश यादव ने छात्र-छात्राओं के बीच साईिकल वितरण किया। अरबिंद मुर्मू ने कहा कि राज्य में विकास कार्य बहुत तेजी से हो रहा है। सरकार बच्चों के लिए सावित्री बाई फुले किशोरी योजना व सर्वजन योजना के तहत 25 से 49 वर्ष की महिलाओं को एक हजार प्रति माह सम्मान राशि अन्य जनकल्याणकारी योजना के बारे गिनाया। प्रखण्ड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी मिलन कुमार घोष ने बताया कि साईिकल वितरण मध्य विद्यालय फतेहपुर को 50, उत्क्रमित मध्य विद्यालय अगुठिया को 20, उत्क्रमित मध्य विद्यालय बनगढ़ी को 24, उत्क्रमित मध्य विद्यालय ताराबाद को 31, उत्क्रमित मध्य विद्यालय केवटा को 5, साईिकल बांटा गया। बीइईओ मिलन कुमार ने कहा कि सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में पढ़ने वाले बच्चों को अब विद्यालय आने जाने में कोई परेशानी नहीं होगी। बच्चे मन लगा कर पढे़। मौके पर बीस सुत्री परेश यादव, शिक्षक आशिष सामन्त, सुषमा प्रियदर्शी, सबिता टोपनो, शोभाकर प्रसाद यादव, सुखदेव राम, प्रेम शकर, हरीपद रुई दास, गौर यादव आदि उपस्थित थे।
जामताड़ा जिला मोमिन कॉन्फ्रेंस के कार्यकारिणी बैठक आयोजित
जामताड़ा। संवाददाता। बुधवार को जामताड़ा जिला मुख्यालय के गांधी मैदान में अल्पसंख्यक मुद्दे को लेकर झारखंड प्रदेश मोमिन कांफ्रेंस के जिला कार्यकारणी की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता पूर्व जिला अध्यक्ष नाजीर हुसैन ने किया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड प्रदेश महासचिव डॉ नबी अख्तर मौजूद थे। उन्होंने मोमिन कॉन्फ्रेंस के गठन एवं उद्देश्यों को बताया। उन्होंने कहा कि मुल्क की आजादी हासिल करने में संगठन की अहम भूमिका है। आजादी के लगभग 77 साल बाद भी मोमिन कॉन्फ्रेंस अल्पसंख्यक मुसलमान के उत्थान के लिए मजबूती से खड़ी है। शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना विकास, उर्दू भाषा विकास, उर्दू शिक्षकों की बहाली, उर्दू अनुवादक, मदरसा बोर्ड, वक्फ बोर्ड इत्यादि काफी गंभीर मसलों पर सरकार का ध्यान आकृष्ट जरूरी है। पूर्व जिला अध्यक्ष हाफिज मो नाजीर हुसैन ने कहा कि अल्पसंख्यक मुसलमान समाज के लिए केंद्र सरकार और राज्य सरकार से रोजगार परक प्रशिक्षण देकर कम दर पर ऋण व्यवस्था के माध्यम से बेरोजगारों को रोजगार देकर मजबूत किया जाएगा। लघु उद्योग एवं कुटीर उद्योग को झारखंड के विभिन्न जिलों में भी शुरू करना होगा। मोमिन कॉन्फ्रेंस के प्रभारी पर्यवेक्षक वकील रिजवानुल हक की मौजूदगी में संगठन का विस्तार किया गया, जिसमें हाफिज मो नाजिर हुसैन को कार्यकारी जिला अध्यक्ष, अलीमुद्दीन अंसारी को जिला महासचिव, मौलाना इमरान एवं निमाजी अंसारी, मुश्ताक अंसारी, मुकेश अंसारी एवं इम्तियाज अंसारी को जिला सचिव का जिम्मेदारी देने के साथ ही नारायणपुर, करमाटांड़ एवं जामताड़ा संगठन प्रभारी भी बनाया गया। इमरान खान एवं शमीम अख्तर को जामताड़ा नगर, फैयाज खान को मिहिजाम नगर, मौलाना मुस्तकीम जिला उपाध्यक्ष, फुरकान अंसारी, जहीरूद्दीन अंसारी, मोहम्मद सुल्तान, हाफिज शफीक अंसारी, करीम अंसारी, अजीमुद्दीन अंसारी, अब्दुल जब्बार, मोहम्मद तैय्यब को जिला कार्यकारिणी सदस्य चुना गया।
संकुल स्तरीय राष्ट्रीय खेलों के लिए डीएवी की टीम देवघर रवाना
जामताड़ा। संवाददाता। डीएवी राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता 2024 के संकुल स्तरीय स्पर्धाओं में भाग लेने सावित्री देवी डीएवी पब्लिक स्कूल जामताड़ा की टीम देवघर रवाना हुई। 26 और 27 जुलाई को ये स्पर्धाएं गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल सातर रोड, भंडारकोला, देवघर में आयोजित होगी। जहां प्रक्षेत्र के दसों विद्यालयों से प्रतिभागी पहुंचेंगे। इनमें सावित्री देवी डीएवी पब्लिक स्कूल जामताड़ा से वॉलीबॉल में बालक एवं बालिका वर्ग, वुशु और ताइक्वांडो में बालक वर्ग भाग लेंगे। इन टीमों में कुल 22 विद्यार्थी शामिल हैं। जिनका नेतृत्व अंजलि हांसदा और हिमांशु कुमार करेंगे। मार्गदर्शन के लिए क्रीड़ा शिक्षक अभिषेक दुबे और शिक्षिका मधुलिका मंडल भी गए हैं। विजय होने की शुभकामना देकर विदा करते हुए प्राचार्य डॉक्टर विजय कुमार ने कहा कि खेल-कूद हमारे जीवन का आवश्यक अंग है। इससे तन और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। हमें पूरी उम्मीद है कि हमारी टीमें संकुल स्तर पर विजय पताका फहराकर वापस लौटेंगी। डीएवी संस्था विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के मद्देनज़र राष्ट्रीय खेलकूदों का आयोजन प्रतिवर्ष करती है। डीएवी जामताड़ा की टीमें विगत वर्षों में भी बेहतर प्रदर्शन करती रही है। वर्तमान समय में खेलकूद के क्षेत्र में भी भविष्य का निर्माण संभव है। आज बहुत से खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए प्रशंसा के साथ-साथ धनोपार्जन भी कर रहे हैं।
इच्छुक शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को मिलेगा मुफ्त कौशल प्रशिक्षण : सरवर आलम
करमाटांड़। संवाददाता। मुख्यमंत्री सारथी योजना को लेकर करमाटांड़ प्रखंड सभागार भवन में गुरुवार को बाल विकास परियोजना के महिला पर्यवेक्षिका रेणु कुमारी के नेतृत्व में एकदिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 18 वर्ष से लेकर 35 वर्ष तक के युवक-युवतियों का मुफ्त प्रशिक्षण रांची में तत्पश्चात उनका रोजगार से जोड़ने के लिए बातें कही गई। प्रशिक्षण दे रहे एसजीआरएस संस्था रांची के प्रशिक्षक सरवर आलम ने उपस्थित प्रखंड कर्मियों को मुख्यमंत्री सारथी योजना कौशल प्रशिक्षण विषय पर विस्तार पूर्वक जानकारी दिए। कहा कि गांव समाज में शिक्षित बेरोजगार युवक एवं युवतियां मुख्यमंत्री सारथी योजना के तहत विभिन्न ट्रेडों में मुफ्त में प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। इस संबंध में अपने गांव, समाज में इच्छुक शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियां एवं अभिभावकों को इसकी जानकारी दे कर उन्हें प्रेरित कर योजना से जुड़ने को कहा गया। ताकि वह योजना का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बन सके। मौके पर अंचल निरीक्षक हितेश दास, स्थापना सहायक परेश दास, अविनाश कुमार, आकांक्षी प्रखंड संयोजक दिलीप कुमार शाह आदि उपस्थित थे।
बिरसा फसल विस्तार योजना अंतर्गत बीज वितरण शिविर में उपायुक्त ने किसानों को किया प्रेरित
किसान सामूहिक रूप से खेती कर अपनी आर्थिक अर्थव्यवस्था को और सुदृढ़ करें : डीसी
नाला। संवाददाता। कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग की ओर से आयोजित बिरसा फसल विस्तार योजना अंतर्गत बीज वितरण शिविर में जामताड़ा उपायुक्त कुमुद सहाय भी मौजूद हुए। इस दौरान उन्होंने किसानों के बीच मक्का तथा उड़द बीज वितरण किया। इस क्रम में उन्होंने सभी किसानों को संबोधित किया और आधुनिक कृषि प्रणाली अपनाने के लिए प्रेरित की। साथ ही, नए कृषि यंत्र का प्रयोग करने एवं सभी किसानों को समूह में खेती करने का भी सुझाव दिए। इस दौरान उन्होंने कृषि से संबंधित अन्य बिंदुओं पर भी चर्चा की। साथ ही, सभी किसानों को सामूहिक रूप से खेती कर अपनी आर्थिक अर्थव्यवस्था को और सुदृढ़ करने की बात कही। बताया जाता है कि आदिवासी बहुल गांव पीपला में कुल 70 परिवारों के बीच बीज वितरण किया गया। इस दौरान मक्का तथा उड़द बीज वितरण किया गया। इस अवसर पर जिला कृषि पदाधिकारी लव कुमार ने भी कृषि की वैज्ञानिक खेती तथा तकनीकी जानकारी किसानों को दी। मौके पर नाला बीटीएम सुजीत कुमार सिंह, करमाटांड़ बीटीएम विजय कुमार, कृषक मित्र मंत्री राम मंडल सहित काफी संख्या में किसान मौजूद थे।
नाला। संवाददाता। लंबे समय से इंतजार कर रहे वित्तरहित शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों को अब तक आशा की स्पष्ट रोशनी नहीं दिखाई पड़ी है। इस कारण से जहां वे पारिवारिक आवश्यकता की पूर्ति करने में सक्षम नहीं हैं। वहीं सरकार ने भी उन्हें मुख्य धारा में शामिल करने के लिए कारगर कदम नहीं उठाया है। इतना ही नहीं नौनिहालों के लिए शिक्षा की रोशनी बिखेरने वाले अपने भविष्य को लेकर स्वयं चिंतित रहते हैं। इस बाबत इंटर महाविद्यालय नाला में झारखंड राज्य वित्तरहित शिक्षक-शिक्षकेतर कर्मचारी महासंघ के तत्वावधान आयोजित बैठक की अध्यक्षता विपिन कुमार सिंह ने की। मौके पर मोर्चा के चंद्रशेखर पाठक एवं अरविंद कुमार ने संघ की एकता, सरकार की मंशा और भिन्न-भिन्न गतिविधियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। बैठक में आवश्यक बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा के उपरांत सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 31 जुलाई को मोर्चा द्वारा निर्धारित शिक्षा मंत्री का आवास घेराव कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी कर्मचारियों को शिरकत करना है। इसके लिए अलग-अलग दायित्व भी सौंपा गया है। कर्मचारियों की मांग के संबंध में बताया गया है कि वित्तरहित शिक्षा नीति समाप्त कर सभी कर्मियों को राज्य कर्मी का दर्जा दिया जाए। अनुदान राशि में इजाफा कर 75 फीसदी वृद्धि की जाए तथा उक्त राशि कर्मियों के खाते में सीधे भेजा जाए। उक्त मांगों को लेकर उपस्थित कर्मचारियों ने सरकार से एक स्वर में मांग किया है। मौके पर तीर्थमय मंडल, स्वपन गोस्वामी, भीमसेन मंडल, गौतम पंडित, तन्मय मंडल, विदुयत यादव, गौतम राय, देवदास राय, वृन्दावन दास, नरोत्तम यादव, संदीप मंडल आदि कर्मी उपस्थित थे।
सेविका चयन को लेकर आमसभा आयोजित
कुंडहित। संवाददाता। कुंडहित प्रखंड के बाबुपुर आंगनबाड़ी केंद्र में सेविका चयन को लेकर ग्राम सभा प्रमुख रामकिशोर मुर्मू की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। सेविका चयन को लेकर ग्रामसभा में बीडीओ, महिला पर्यवेक्षिका, शिक्षक, एएनएम, सेविका आदि के उपस्थिति में सेविका पद के लिए योग्यता एवं जाति बहुल्यता के आधार पर संतोषी कुमारी, पति दीपक मंडल को चयन किया गया। इस दौरान बीडीओ सह प्रभारी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी जमाले रजा ने सेविका चयन प्रक्रिया को लेकर ग्रामसभा में उपस्थित लोगों को चयन प्रक्रिया के मार्गदर्शिका को पढ़कर सुनाया गया। ग्राम सभा में शैक्षणिक अंक एवं जाति बाहुल्य के आधार पर संतोषी कुमारी का सेविका पद के लिए चयन किया गया। ग्रामसभा में सेविका पद के लिए 5 अभ्यर्थी ने भाग लिया, जिसमें नयनतारा मंडल, श्यामली मंडल, सुलेखा चौधरी, संतोषी कुमारी, प्याली मिर्धा सेविका पद के लिए आवेदन किया, जिसमें संतोषी कुमारी का सबसे अधिक अंक रहने के कारण सेविका पद चयन किया गया। मौके बीडीओ के अलावे प्रमुख रामकिशोर मुर्मू, महिला पर्यवेक्षिका गीता देवी, शिक्षक आशीष फौजदार, सेविका के अलावे काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
डीसी ने किया कुंडहित कस्तूरबा आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण
छात्राएं मन लगाकर पढ़ें और जीवन में कुछ बेहतर करें : उपायुक्त
कुंडहित। संवाददाता। गुरुवार को क्षेत्र भ्रमण पर निकली जामताड़ा की उपायुक्त कुमुद सहाय ने कुंडहित प्रखंड के कस्तूरबा आवासीय बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीसी कुमुद सहाय ने विद्यालय की छात्राओं और शिक्षिकाओं से बातचीत कर विद्यालय की गतिविधियों की जानकारी ली। साथ ही, विद्यालय में मौजूद समस्याओं के बारे में भी पूछताछ की। इस दौरान विद्यालय की वार्डन चैताली दास ने उपायुक्त को जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय में मौजूद जनरेटर की स्थिति सही नहीं है और वह सही ढंग से काम नहीं कर पा रहा है। विद्यालय में नए जनरेटर सेट की आवश्यकता है। वार्डन श्रीमती दास ने बताया कि विद्यालय में छात्रावास की क्षमता से दुगुनी संख्या में छात्राओं का नामांकन है जिससे छात्राओं को रहने में काफी परेशानी हो रही है। खासकर गर्मी के समय में छात्राओं को काफी असुविधा होती है। फिलहाल विद्यालय में 481 छात्राएं नामांकित है जबकि छात्रावास में ढाई सौ बेड ही उपलब्ध है। निरीक्षण के क्रम में विद्यालय में कार्यरत अंशकालिक शिक्षिकाओं ने बताया कि उन्हें प्रतिदिन सिर्फ 240 रुपए का भुगतान होता है जो एक मजदूर को मिलने वाली मजदूरी के तुलना में भी काफी कम है। शिक्षिकाओं ने उपायुक्त से मानदेय बढ़ाने की भी मांग की। समस्याओं को सुनने के बाद उपायुक्त श्रीमती सहाय ने कहा कि जनरेटर की व्यवस्था जल्द सुनिश्चित की जाएगी। वही छात्रावास एवं मानदेय के संबंध में सरकार को सूचित किया जाएगा। डीसी श्रीमती सहाय ने शिक्षिकाओं को सही ढंग से काम करने की बात कही। वही छात्राओं से मन लगाकर पढ़ने और जीवन में कुछ बेहतर करने की बात कही। मौके पर जिला कृषि पदाधिकारी लव कुमार के अलावे सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अक्षय तिवारी तथा कस्तूरबा विद्यालय की अधिकतर शिक्षिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित थी।