बेंगाबाद व नगर पुलिस ने पीछाकर दोनों शातिर अपराधियों को पकड़ा
दोनों पर हत्या सहित कई गंभीर आपराधिक मामले हैं दर्ज
गिरिडीह। संवाददाता। गिरिडीह के नगर थाना और बेंगाबाद पुलिस ने रविवार को जमशेदपुर से चोरी का वाहन लेकर भाग रहे दो अपराधियों को पकड़ा है। बताया जाता है कि गिरिडीह पुलिस को जमशेदपुर के आजाद नगर थाना पुलिस से रविवार की सुबह सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी चोरी का टाटा सूमो वाहन लेकर गिरिडीह की ओर भाग रहा है। सूचना पर नगर पुलिस तुरंत रेस हुई और बेंगाबाद थाना पुलिस को अलर्ट करते हुए अपराधियों को पकड़ने के लिए छापेमारी शुरू कर दी। गाड़ी में जीपीएस सिस्टम लगा होने के कारण अपराधियों के लोकेशन पर पुलिस तुरंत पहुंच गई। पुलिस को देखते ही दोनों गाड़ी को तेज गति से गिरिडीह की ओर लेकर भगाने लगे। पुलिस ने दोनों का पीछा करना शुरू किया तो भागने के दौरान अपराधियों की गाड़ी नगर थाना क्षेत्र के बरगंडा पावर हाउस के पास एक पोल से टकरा गई, जिसके बाद दोनों अपराधी गाड़ी से उतर कर भागने लगे। पुलिस ने दोनों को खदेड़ कर चोरी का टाटा सूमो वाहन संख्या जेएच 05टी 0676 के साथ पकड़ लिया। पकड़े गए अपराधी मानगो पुरलिया रोड निवासी मो सफिक अली, पिता मो फयाद अली और दूसरा उलीडीह थाना निवासी राशीद हुसैन उर्फ चिकना, पिता मुजमिल हुसैन है। बताया जाता है कि दोनों ही काफी शातिर अपराधी हैं और इन दोनों पर झारखंड के विभिन्न थाने में हत्या, अपहरण, आर्म्स एक्ट, डकैती-चोरी सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
बिहार जा रही शराब की बड़ी खेप बरामद
लक्जरी कार से की जा रही थी तस्करी
गिरिडीह। संवाददाता। जिले की तिसरी थाना पुलिस ने शराब लोड एक कार को पकड़ा है। कार में अवैध रूप से अंग्रेजी शराब बिहार ले जाया जा रहा था। इसी दौरान जिला के एसपी दीपक कुमार शर्मा को गुप्त सूचना मिली और पूरी कारवाई को एसपी के निर्देश पर अंजाम दिया गया। कार में कुल 306 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद किया गया है, जिनमें बी-7 की 375 एमएल की 220 बोतलें और 180 एमएल की 86 बोतलें शामिल हैं। इस संबंध में बताया गया कि हुंडई वरना कार संख्या जेएच 10क्यू 5055 में मंडरो से अंग्रेजी शराब लोड कर बिहार ले जाने की सूचना एसपी को मिली थी। इसी सूचना के बाद खोरीमहुआ एसडीपीओ को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया। एसडीपीओ के निर्देश पर तिसरी थाना पुलिस अलर्ट हुई और वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान तिसरी के खिजुरी के समीप पुलिस को देख कर चालक वाहन को लेकर भागने लगा। मगर आगे पुलिस चेकनाका के पास पुलिस की घेराबंदी देख वाहन चालक एवं उसपर सवार दो अन्य लोग कार खड़ी कर मौके पर से फरार हो गए। पुलिस टीम ने कार की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद किया। इस मामले में तिसरी थाना में कांड संख्या 38/24 के तहत केस दर्ज किया गया है।
चैंबर ने किया सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी का अभिनंदन समारोह
कोलकाता-पटना रेल सेवा का होगा प्रयास : चंद्रप्रकाश
गिरिडीह। संवाददाता। गिरिडीह लोकसभा सीट से लगातार दूसरी बार सांसद बने चंद्रप्रकाश चौधरी के स्वागत में चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज गिरिडीह की ओर से अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। सीसीआई के क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित इस समारोह के दौरान सांसद का भव्य स्वागत किया गया। सीसीआई की ओर से उन्हें शॉल और गुलदस्ता देकर स्वागत किया गया। इस दौरान गिरिडीह के व्यवसायियों व नागरिकों के हित में लोगों ने कोलकाता और पटना के लिए रेल सेवा शुरू करवाने की मांग की। इसपर अपने संबोधन में सांसद श्री चौधरी ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए संबंधित मंत्रालय व विभाग से वार्तालाप करने की बात कही। उन्होंने कहा कि वे जानते हैं कि गिरिडीह से कोलकाता के लिए ट्रेन सेवा कितनी जरूरी है। वे इसके लिए पूरा जोर लगाएंगे और उम्मीद करते हैं कि रेलमंत्री से इस मांग को पूरा करवाने में सफल होंगे। उन्होंने इस आयोजन के लिए सीसीआई के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले दिनों में वे समय-समय पर जनता दरबार लगाकर जनसमस्याओं को सुनेंगे और उसका हरसंभव निदान का प्रयास करेंगे। कार्यक्रम का संचालन संयोजक अरविंद कुमार ने जबकि धन्यवाद ज्ञापन अध्यक्ष राहुल वर्मन ने किया। मौके पर लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार राज, आजसू जिलाध्यक्ष गुड्डू यादव, भाजपा के जिला प्रवक्ता कामेश्वर पासवान, सीसीआई के सचिव विकास गुप्ता, कोषाध्यक्ष गोपाल दास भदानी, अमरनाथ मंडल, राजेश गुप्ता, रवि कुमार, सीए ब्रमदेव बरनवाल, सीए राकेश वैश्खियार, मशरुर आलम सिद्दीकी, रंजीत केशरी, संजय बरनवाल, आभाष गुप्ता, संजय गुप्ता, हबलु गुप्ता, पिंटू गुप्ता, अरुण गुप्ता समेत सीसीआई के कई सदस्य मौजूद थे।
पोस्टल ऑर्डर नहीं मिलने से लोगों के समक्ष समस्या उत्पन्न
आरटीआई कार्यकर्ता सुनील खंडेलवाल के प्रयास से जल्द होगा समस्या का निराकरण
गिरिडीह। संवाददाता। आरटीआई कार्यकर्ता सुनील खंडेलवाल लगातार जनमुद्दो को लेकर गंभीर रहते हैं और लोगों की समस्याओं का निराकरण का हरसंभव प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि अभी वर्तमान में पोस्ट ऑफिस में पोस्टल ऑर्डर नहीं मिलने से लोगों के समक्ष समस्या उत्पन्न हो गई है। कहा कि लोग पोस्ट ऑफिस जाते हैं और बिना पोस्टल ऑर्डर के बैरंग लौट जाते हैं। कहा कि 13 जून को जब वे स्वयं गिरिडीह प्रधान डाकघर पोस्टल ऑर्डर खरीदने पहुंचे तो वहां पर उपस्थित पोस्टमास्टर ने बताया कि 10 रूपये मूल के पोस्टल ऑर्डर हमारे पास प्रचूर मात्रा में है लेकिन इसे निर्गत करने में हम असमर्थ हैं और हमारे सिस्टम में कुछ तकनीकी त्रुटि के कारण पोस्टल ऑर्डर निर्गत नहीं हो पा रहा है। उन्होंने इस मामले को लेकर अपने ट्वीटर के माध्यम से इंडिया पोस्ट और मंत्री अश्विनी वैष्णव को ट्वीट किया। इस पर इंडिया पोस्ट की ओर से डाक अधीक्षक से जवाब मांगा गया। डाक अधीक्षक ने बताया कि हमारे यहां प्रचूर मात्रा में पोस्टल ऑर्डर उपलब्ध है लेकिन पटना से कुछ त्रुटि होने के कारण दिक्कत आ रही है। जल्द ही इस समस्या का निराकरण कर लिया जायेगा। आरटीआई कार्यकर्ता श्री खंडेलवाल ने कहा कि पोस्टल ऑर्डर की समस्या से लोगों को जल्द निजात मिलेगी।
गर्मी व लू से रसोईया की मौत
डुमरी। संवाददाता। उत्क्रमित उच्च विद्यालय रोशनाटुंडा की रसोईया श्वेता देवी को 11 जून को विद्यालय में खाना बनाने के क्रम में अत्यधिक गर्मी एवं लू के कारण गंभीर रूप से तबीयत बिगड़ गई थी, जिसको उपचार के लिए रिम्स रांची ले जाया गया, जहां 15 जून की रात्रि इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की खबर पाकर रविवार को भाजपा नेता सुरेन्द्र कुमार शोकाकुल परिवार से मिल कर सांत्वना दी। साथ ही, हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया, जबकि सीओ व बीईईओ से बात कर विभागीय स्तर से मदद दिलाने का आग्रह किया।
धन्य भूमि पारसनाथ, जहां 20 तीर्थंकर निर्वाण पद को किया प्राप्त : मोरारी बापू
पीरटांड़। संवाददाता। जैनियों के विश्व प्रशिद्ध तीर्थ स्थल मधुबन के फुटबॉल मैदान में विश्व विख्यात कथा वाचक मोरारी बापू अपने कथा के दूसरे कहा कि पारसनाथ की भूमि धन्य है जहां जैनियों के 20 तीर्थंकर निर्वाण पद को प्राप्त किए हैं जिस कारण यहां का कण-कण पूजनीय है। उन्होंने कहा कि यह वही धरती है जहां से जैन धर्म के 24 तीर्थकरों में 20 तीर्थकरों ने मोक्ष की प्राप्ति की है। यह तप की धरती है, यह मोक्ष की धरती है। जहां से इतने तीर्थंकर निर्वाण को प्राप्त हुए हैं। ऐसी धरती को मैं व्यास पीठ से प्रणाम करता हुं। मोरारी बापू ने कहा कि महावीर के पहले सूत्र में आचार्य वाणी किसको कहते हैं। आचार्य की महिमा विचार से भी अधिक है। इसलिए आचार्य की महिमा बहुत है। भगवान महावीर कहते हैं कि आचार्य वही है, जिसके पास विनय है। सबसे बड़ा आचार्य आदमी का विनय होता है। आगे उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध जब घर को त्याग के निकल गए तब उनसे पूछा गया की ये आपने ठीक किया, तो भगवान बुद्ध कहते है कि अभी मैं कुछ नही बोलूंगा क्योंकि मैं सत्य के मार्ग पर निकला हुं, एक बार सत्य मेरी पकड़ में आ जाए तो फिर मैं कुछ बोलूंगा। अहिंसा पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि अहिंसा परमो धर्म। संसार में अहिंसा से बड़ा कोई धर्म नहीं है। राम कथा के अंतर्गत बंदना प्रकरण आदि विषयों पर चर्चा की। कथा सुनने के लिए गुजरात से तीन हजार भक्त आए हैं। वहीं न केवल गिरिडीह वरण सम्पूर्ण झारखंड से लोग कथा सुनने आ रहे हैं। दिन के 10 बजे से दोपहर के 1:30 बजे तक कथा चली।
फर्जीवाड़ा कर किसानों की कीमती जमीन हड़पने की साजिश का माले ने किया विरोध
झामुमो नेता संग ग्रामीणों की मीटिंग और विरोध प्रदर्शन में उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
गिरिडीह। संवाददाता। गांडेय प्रखंड में भू माफियाओं का मनोबल इतना बढ़ चुका है कि अब वे अंचल कार्यालय से सांठगांठ और फर्जीवाड़ा करके गलत वंशावली तथा एलपीसी बनवाकर किसानों की जमीन रजिस्ट्री करवाना भी शुरू कर दिए हैं। उक्त बातें आज भाकपा माले के गांडेय विधानसभा क्षेत्र के नेता सह अखिल भारतीय किसान महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव ने इस सवाल पर करमाटांड़ गांव में पीड़ित किसानों के साथ आयोजित एक बैठक में आवश्यक जानकारी लेने के बाद कही। श्री यादव सहित बैठक में मौजूद झामुमो नेता सह स्थानीय मुखिया दशरथ किस्कू ने भी जिला प्रशासन से इस मामले की उच्चस्तरीय जांच व दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग करते हुए यह भी ऐलान किया कि किसान जान देकर भी अपनी जमीन की रक्षा करेंगे। साथ ही, गांडेय थाना तथा उपायुक्त को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए आवेदन दिया गया है। आज की बैठक और विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से रोहित यादव, नुनुलाल महतो, गोवर्धन यादव, प्रमोद यादव, सुरेंद्र यादव, उमेश यादव, शिवचरण यादव, प्रकाश यादव, मिथिलेश यादव, कामदेव यादव, रंजीत यादव, गणेश यादव, सुनील यादव, उपेंद्र यादव, पूरन यादव, नीमा यादव, प्रदीप यादव, झगरु महतो, अशोक यादव, रोहित यादव, विक्की यादव, दासो यादव, अर्जुन यादव, सुरेश यादव, पूसा महतो, राजू महतो, सोहेल महतो, टेटू महतो, दिलीप यादव, संजय यादव, दिवाकर यादव, मिठ्ठू यादव, अजय यादव, प्रभु यादव, जागेश्वर महतो सहित बड़ी तादाद में स्थानीय लोग मौजूद थे।
गंगा दशहरा को लेकर लोगों ने नदियों में आस्था की लगायी डुबकी
गंगा दशहरा निर्जला एकादशी आज
बिरनी। संवाददाता। प्रखण्ड के बनपुरा, जुरपा, पथलडीहा, पड़रिया, चानो, रूपायडीह, झांझ, टाटो, डबरी, भरकट्टा आदि गांवों के लोगों ने विभिन्न नदियों में गंगा दशहरा के नहाय खाय को लेकर रविवार को आस्था की डुबकी लगाई। नदियों में अहले सुबह से ही आस्था की भीड़ उमड़ रही थी। गांव से दूर जाकर लोग नदियों में आस्था की डुबकियां लगा रहे थे। वहीं कई लोगों ने सरिया के राजदह धाम उत्तरवाहिनी नदी जाकर आस्था की डुबकी लगाई। गंगा स्नान में छोटे-छोटे बच्चे, वृद्ध, युवा एवं हजारों महिला-पुरुषों ने भी आस्था की डुबकी लगाई। गंगा स्नान के ततपश्चात लोगों ने मंदिरों में भी आस्था के साथ पूजा-अर्चना किया तथा सुख, समृद्धि, सम्पदा, दीर्घायु की कामना की।
पुतरीगढ़ में डैम निर्माण के लिए संघर्ष समिति का गठन
डुमरी। संवाददाता। गंगा दशहरा के अवसर पर रविवार को प्रखण्ड पुतरीगढ़हा की तलहटी (सपाही) में लोहेडीह मुखिया अर्जुन महतो की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गयी जिसका संचालन नगरी मुखिया जितेन्द्र दास ने किया। बैठक में पारसनाथ पहाड़ के पुतरीगढ़ नाला में बह जाने वाले पानी का भंडारण करने पर चर्चा की गई। ग्रामीणों ने निम्न बिन्दुओं पर भी चर्चा की, जिसमें जल संकट को दुर करने के लिये जल संग्रहण करने, आसपास के खेतों में पानी की कमी के कारण विगत दस वर्षों से खेती नहीं होने पर चर्चा की गई। बैठक में प्रस्ताव लिया गया, जिसमें पुतरीगढ़ में वृहद डैम के निर्माण के लिए एक संघर्ष समिति का गठन किया गया, जिसमें अध्यक्ष पद पर चन्द्रदेव वर्णवाल बालुटुंडा का चयन किया गया। वहीं सचिव पद पर जितेन्द्र दास जबकि कोषाध्यक्ष पद पर शिवकुमार महतो का चयन किया गया। इसी तरह उपाध्यक्ष बजल हेम्ब्रम एवं अर्जुन महतो, कार्यकारी अध्यक्ष संतोष कुमार महतो, संयोजक बासुदेव महतो, सह-संयोजक सुरेन्द्र कुमार व महेंन्द्र साव को बनाया गया। मार्गदर्शक मंडली में प्रवीण कुमार महतो, चिंतामणी महतो, सुशील टुड्डू, मनोज महतो समेत कई लोगों को शामिल किया गया।
नि:शुल्क ऑपरेशन शिविर का आयोजन
पीरटांड़। संवाददाता। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पीरटांड़ में नि:शुल्क ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया गया है। इस शिविर में कटे होंठ या फटे तालु के साथ जन्में शिशुओं एवं किसी भी उम्र के व्यक्ति के लिए नि:शुल्क ऑपरेशन की व्यवस्था की गई है। इस शिविर का आयोजन एकता परिषद झारखंड की ओर से 02 जुलाई 2024 (मंगलवार) को पूर्वाह्न 10.00 बजे से 02:00 बजे तक की गई है। यह शिविर पूर्ण रूप से नि:शुल्क होगा, जिसकी जानकारी एकता परिषद की ओर से दी गई और बताया गया कि पीरटांड़ सहित गिरिडीह के विभिन्न क्षेत्रो के ग्रामीण इस शिविर में बढ़ चढ़ कर भाग लें और ऐसे मरीज शिविर का लाभ उठाएं। प्रखंड क्षेत्र के कटे ओंठ एवं तालु वाले मरीजों को शिविर का लाभ अवश्य दिलायें।