जनता की आकांक्षाओं पर उतरा जायेगा खरा : मंजू देवी
नवनिर्वाचित विधायक ने क्षेत्र की जनता को दिया धन्यवाद
गिरिडीह। संवाददाता। जमुआ विधानसभा सीट से विजय हुई भाजपा प्रत्याशी मंजू देवी ने जमुआ विधानसभा क्षेत्र के कई इलाकों में सोमवार को आभार यात्रा निकाली। रैली में काफी संख्या में मोटरसाइकिल पर सवार होकर भाजपा के समर्थक शामिल थे। वहीं कई वाहनों का काफिला साथ चल रहा था। वही जमुआ की नवनिर्वाचित विधायक मंजू देवी, भाजपा जिला अध्यक्ष महादेव दुबे, महिला जिला अध्यक्ष उषा कुमारी खुले जीप में सवार होकर लोगों का अभिवादन स्वीकार कर रहे थे। जमुआ प्रखंड के जमुआ बाजार मिर्जागंज नवडीहा, सियाटांड़ सोनारडीह समेत कई इलाकों का भ्रमण किया गया। इस मौके पर लोगों ने अपने नए विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस बाबत विधायक मंजू देवी ने सभी जनता को साधुवाद देते हुए कहीं की यह जीत पूरे जमुआ विधानसभा क्षेत्र का है। जिस तरह से जनता ने भाजपा पर विश्वास जताया और हमें क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने का मौका दिया, वह मेरे लिए बहुत बड़ी बात है। कहा कि इस इलाके में सभी के लिए काम किया जाएगा। विकास को गांव-गांव तक पहुंचाने का काम करेंगे। महादेव दुबे ने कहा कि जमुआ विधानसभा सीट भाजपा का शुरू से सीट रहा है। इस बार फिर से जनता ने भारतीय जनता पार्टी पर अपना विश्वास जताया है। तेज गति से मंजू देवी के नेतृत्व में इस विधानसभा क्षेत्र में विकास का काम होगा। मौके पर जिला महामंत्री महेंद्र वर्मा, पिंकी कुमारी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
हेमंत सरकार में गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार को मंत्री बनाने की उठी मांग
सुदिव्य कुमार को मंत्री बनाना गिरिडीह की जनता की मांग: कृष्ण मुरारी
मंत्री बनाए जाने पर सरकार का रीढ़ साबित होंगे सदर विधायक: प्रभाकर
गिरिडीह। संवाददाता। झारखंड विधानसभा चुनाव में इंडी गठबंधन के जबरदस्त प्रदर्शन के साथ ही 28 नवंबर को एक बार फिर हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री की शपथ ग्रहण करेंगे, जिससे झामुमो समर्थकों में काफी हर्ष है। वहीं मंत्रिमंडल के गठन से पूर्व ही से गिरिडीह के लोगों की ओर से दूसरी बार जीतकर सदन पहुंचे सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू को मंत्री बनाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। झामुमो नेता कृष्ण मुरारी शर्मा, सईद अख्तर, शिवम आजाद, चंदन वर्मा, सुमित कुमार के अलावे प्रभाकर कुमार, रामजी यादव सहित कई संगठन के लोगों ने गिरिडीह से दोबारा चुनाव जीतकर आए सुदिव्य कुमार सोनू को गिरिडीह से मंत्री बनाने की मांग की जा रही है। सोमवार को झामुमो नेता कृष्ण मुरारी शर्मा ने व्यक्तिगत रूप से सुदिव्य कुमार को मंत्री बनाने की मांग करते हुए कहा कि किसी को मंत्री बनाना मुख्यमंत्री के विशेषाधिकार का मामला है। लेकिन गिरिडीह के जन भावनाओं को अवगत कराना भी हमारा दायित्व है। कहा कि गिरिडीह की जनता चाहती है कि जिस तरह गिरिडीह के विधायक सुदिव्य कुमार ने पिछले पांच सालों में गिरिडीह के साथ-साथ झारखंड के सहायक अध्यापक, सहायक पुलिस, सहिया, जल सहिया, पोषण सखी सहित सभी अनुबंध कर्मियों को सरकार के साथ लाने में अपनी भूमिका निभाई, जिसके परिणाम स्वरूप हेमंत सरकार को दोबारा भारी बहुमत मिला। निश्चित रूप से गिरिडीह से सुदिव्य कुमार को मंत्री बनाया जाना चाहिए। वहीं प्रभाकर कुमार ने कहा कि सुदिव्य कुमार एक दूरदर्शी नेता हैं और वे हमेशा हेमंत सरकार को मजबूती मिली है। उन्हें मंत्री बनाने से न सिर्फ उनके अनुभव का पूरे झारखंड को लाभ होगा बल्कि हेमंत सरकार के लिए एक रीढ के समान साबित होंगे।
इनर व्हील गिरिडीह सनशाइन की उत्कृष्ट सामाजिक पहल
50 बच्चों के लिए 6 डेस्क-बैंच, स्कूल बैग व टी-सर्ट का वितरण
गिरिडीह। संवाददाता। इनर व्हील क्लब की ओर से क्लब के जिलाध्यक्ष के दौरे पर कई गतिविधियों का आयोजन किया गया। हुनर सेंटर में क्लब ने 50 बच्चों के लिए 6 डेस्क-बेंच, स्कूल बैग, इनर व्हील लोगो प्रिंट किया हुआ टी-शर्ट और क्राफ्ट सामग्री प्रदान की। यह पहल शिक्षा और कौशल विकास को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके बाद, जिला अध्यक्ष ने क्लब की ओर से किए गए प्रोजेक्ट्स की फाइलों की समीक्षा की और उनके कार्यों की भरपूर सराहना की। क्लब ने एक अनोखा प्रोजेक्ट भी शुरू किया, जिसमें एक गेराज में पुरानी वस्त्रों की दुकान खोली गई। इन कपड़ों को क्लब सदस्यों द्वारा दान किया गया है और इसे एक जरूरतमंद महिला द्वारा संचालित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण और उनके जीविकोपार्जन के साधन उपलब्ध कराना है। साथ ही, क्लब ने मेयाबाकी फॉरेस्ट बनाने की शुरुआत की, जो अगले 3-5 वर्षों में तैयार होगा। शाम को हुई जनरल बॉडी मीटिंग में क्लब ने दो व्हीलचेयर, 101 सैनिटरी पैड्स और 101 टिफिन बॉक्स दान करने की घोषणा की। इस प्रोजेक्ट का उद्घाटन किया गया और इन वस्तुओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। इस दौरान जिला अध्यक्ष आलोकनंदा बख्शी ने क्लब की ओर से 60 प्रोजेक्ट्स शुरू करने के लिए सराहना की और क्लब को समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया। जनरल बॉडी मीटिंग की शुरुआत इनर व्हील प्रेयर के बाद दीप प्रज्वलन कर आराध्या झुनझुनवाला के मनमोहक नृत्य के साथ हुई। सचिव राखी झुनझुनवाला ने रिपोर्ट पढ़ी और क्लब की अध्यक्ष सोनाली तर्वे ने सभी का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन शवाना रव्वानी ने किया और सोभिनियर का विमोचन एडिटर दीप्ति सिन्हा ने किया। इस कार्यक्रम को पीडीसी पूनम प्रकाश के मार्गदर्शन में संपन्न किया गया। मौके पर चार्टर प्रेसिडेंट रंजना बगरिया, ट्रेजर स्मृति आनंद आइसो सुनीता शर्मा तनूजा भूषण, नमिता जमुआर, आभा बगड़िया क्लब के सभी सदस्य, और अतिथि अभिषेक छापरिया, एसपी बगड़िया, प्रकाश सहाय, रवि चूड़ीवाला, राहुल केडिया विकास बगड़िया के साथ और भी लोग उपस्थित थे।
सशस्त्र सीमा बल की ओर से मनाया गया राष्ट्रीय साम्प्रदायिक सद्भाव सप्ताह
गिरिडीह। संवाददाता। 35 वाहिनी सशस्त्र सीमा बल गिरिडीह की ओर से राष्ट्रीय साम्प्रदायिक सद्भाव सप्ताह 19 नवम्बर से 25 नवम्बर तक मनाया गया। समापन के मौके पर सोमवार सशस्त्र सीमा बल गिरिडीह के सभी बल कार्मिकों ने दौड़ लगाकर झंडा दिवस मनाया। इस दौरान राष्ट्रीय साम्प्रदायिक सद्भाव सप्ताह समापन पर टिकटों का वितरण किया गया। वक्ताओं ने कहा कि यह पर्व हमारे देश के विभिन्न जातियों, धर्मों और सम्प्रदायों को एक साथ लाने का कार्य करता है क्योंकि हम एक-दूसरे से भिन्न होकर भी एक ही हैं और हमारी असली पहचान राष्ट्रीयता यानि कि हमारा भारतीय होना है। इस उपलक्ष्य पर स्थानीय नागरिक एवं 35 वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के कार्मिकों ने एक साथ मिलकर शांति एवं सद्भाव का संदेश दिया।
उपायुक्त कार्यालय से सेवानिवृत हुए कर्मी के घर हुई चोरी
दो अपराधियों ने घटना को दिया अंजाम
सीसीटीवी में कैद हुई घर के अंदर जाने वाले अपराधी की तस्वीर, जांच में जुटी पुलिस
गिरिडीह। संवाददाता। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के पटेल नगर में उपायुक्त कार्यालय से सेवानिवृत हुए कृष्ण देव सिंह और जहानाबाद कोर्ट में प्रेक्टिस करने वाले गृहस्वामी के बेटे अधिवक्ता राजेश चंद्रा के घर में चोरो ने सेंधमारी करते हुए नगद सहित करीब पांच लाख के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की उक्त घटना आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई, जिसके अनुसार दो की संख्या में चोरो ने रविवार की सुबह घटना को अंजाम दिया है। घटना के दौरान में कोई नही था। गृहस्वामी कृष्ण देव सिंह और उनकी पत्नी शादी समारोह में शामिल होने बाहर गए हुए थे। वहीं राजेश जहानाबाद में ही थे, जिसका फायदा उठाकर ही बाइक से आए दो अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार बाइक से आए दो अपराधियों में एक अपराधी घर में भीतर जाता दिख रहा है। वहीं दूसरा अपराधी बाइक के साथ बाहर खड़ा दिख रहा है। घटना की जानकारी गृह स्वामी और उनके बेटे को रविवार की रात को मिलने के बाद सोमवार की सुबह वे सभी घर लौटे। इस दौरान घटना की जानकारी पुलिस को दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो खुद घटना की जांच करने पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट का सहारा लिया गया है। वहीं सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।
कांग्रेस नेता सुखदेव सेठ ने की जयमंगल सिंह को डिप्टी सीएम बनाने की मांग
डुमरी। संवाददाता। कांग्रेस पार्टी के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष सह सदस्य बीस सूत्री डुमरी प्रखंड सुखदेव सेठ ने पार्टी के केन्द्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को ट्वीट कर बेरमो से नवनिर्वाचित विधायक कुमार जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह जो लगातार दो बार विधायक चुने गए हैं। उन्हें उपमुख्यमंत्री बनाने की मांग की है। कांग्रेस नेता ने कहा है कि श्री सिंह मजदूरों के नेता हैं। साथ ही, सभी वर्गों को लेकर चलने वाले नेता हैं। इनके घर के दरवाजे हमेशा गरीबों मजलुमों के लिए खुला रहता है। लिखा है कि वे हमेशा कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को मान सम्मान देते हैं। इनके उपमुख्यमंत्री बनने से कांग्रेस का संगठन और मजबूत होगा। श्री सिंह को डिप्टी सीएम बनाने की मांग कांग्रेस नेता नागेश्वर मंडल, मनोज जायसवाल, सरफराज उर्फ गुड्डु मलिक, कपिल ठाकुर, सादिक अंसारी आदि ने भी किया है।
बीडीओ ने समीक्षा बैठक में दिये कई निर्देश
जमुआ। संवाददाता। जमुआ बीडीओ अमल कुमार की अध्यक्षता में प्रखंड सभागार में समीक्षा बैठक की गई। बैठक में मुख्य रूप से बीपीओ राजकुमार हेम्ब्रम एवं गणेश कुमार सहायक अभियंता आकाश गुप्ता के अलावे सभी कनीय अभियंता, पंचायत सचिव, जनसेवक, रोजगार सेवक, स्वयंसेवक एवं बीएफटी आदि उपस्थित थे। समीक्षा के दौरान बीडीओ ने कहा कि सभी लोग अपने अपने पंचायत सचिवालयों को सुचारू रूप से क्रियाशील बनायें। कहा कि कल से मेरा लगातार विभिन्न पंचायतों का निरीक्षण एवं क्षेत्र भ्रमण होगा। कहा कि निरीक्षण के दौरान अगर कोई कर्मी अनुपस्थिति पाए गए तो उसपर निश्चित कार्यवाई की जाएगी। कहा कि सभी कर्मी बायोमेट्रिक हाजरी बनाये। अब संबंधित कर्मियों का पेमेन्ट बायोमेट्रिक अटेंडेंसन के आधार पर दिया जाएगा। समीक्षा बैठक में सर्वप्रथम इंदिरा आवास, पीएम आवास, अम्बेडकर आवास एवं अबुवा आवास का पंचायत वार समीक्षा किया समीक्षा के दौरान वित्तीय वर्ष 2016-17 से लेकर 2022-23 तक के लंबित सभी आवासों को दस दिनों के अंदर पूर्ण कराने का निर्देश संबंधित पंचायत सचिवों को दिया गया। बैठक में पीएम आवास, मनरेगा समेत कई बिंदुओं पर चर्चा की गई। मौके पर लेखा सहायक उमेश कुमार, कनीय अभियंता हिमांशु शेखर सिंह, खुर्शीद अंसारी, उत्तम कुमार, युधिष्ठिर मंडल, कमेशर मरांडी, नरेश दास, सुमंत कुमार मुन्ना एवं रोजगार सेवक, याकूब अंसारी, नेहाल अहमद, मंजू कुमारी, संतोष मुर्मू आदि मौजूद थे।
युवक की हत्या के मामले ने पुलिस ने किया दो आरोपियों को गिरफ्तार
बेंगाबाद। संवाददाता। बेंगाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नवाहार में एक युवक की हत्या कर शव को बोरा में बांधकर तालाब में डालने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, सुगन मरांडी का शव बड़कीटांड़ के पास के तालाब में लाश मिला था। सूचना पर बेंगाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा के बाद शव को पीएम के लिए अस्पताल भेजा था। इस मामले में बेंगाबाद थाना में कांड संख्या 169/2024 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी और लगातार पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई थी। मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने पर बेंगाबाद पुलिस अपराध दर्ज कर जांच में जुटी थी। जांच पड़ताल के बाद थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह ने सदलबल के साथ लिलमुनि हेंब्रम और रमेश मरांडी को मृतक की हत्या के मामले में सोमवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पल्स पोलियो अभियान की सफलता को लेकर बैठक का आयोजन
बेंगाबाद। संवाददाता। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बेंगाबाद में सोमवार को पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से बतौर प्रशिक्षक के रूप में मौजूद डब्ल्यूएचओ के मॉनिटर प्रियरंजन ने कार्यक्रम की सफलता को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिया। इस दौरान सभी सुपरवाइजर को बताया कि तीन दिवसीय कार्यक्रम में पहला दिन 8 दिसंबर को बूथ डे है। इसके तहत 90 फीसदी बच्चों को बूथ पर ही पल्स पोलियो की दवा पिलाना है। वहीं दुसरे दिन छुटे हुए बच्चों को घर जाकर डोर टू डोर पोलियोरोधी दवा पिलाना है। इसके बाद भी अगर कोई बच्चा पल्स पोलियो का दवा पीने से छुट जाता है तो उसे तीसरे दिन 10 दिसंबर को घर घर जाकर दवा पिलाना है। उन्होंने बताया कि 8 दिसंबर से 10 दिसंबर तक चलने वाले पल्स पोलियो अभियान 2024 को सफल बनाने को लेकर दिये गये प्रशिक्षण के अनुरूप काम कर शत-प्रतिशत अभियान को सफल बनाना है। कार्यक्रम में बताया कि इस अभियान में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पल्स पोलियो का दवा पिलाया जाना है। अभियान के दौरान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक दवा पिलाना है। मौके पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बीपीएम अरविंद कुमार, एएनएम, बीटीटी, सहिया साथी, संजय वर्मा, संतु साह, प्रभात कुमार, अनिमा सिंह, राजेश रंजन, अशोक कंधवे, किरण कुमारी, सुमित्रा मंडल, पम्मी कुमारी, हेमंती देवी, सीमा मुर्मू, समेत आदि मौजूद थे।
चोरों ने दिया दो घरों में चोरी की घटना को अंजाम
डुमरी। संवाददाता। निमियाघाट थाना क्षेत्र के तांबागुड़ियो में बीती रात्रि चोरों ने दो घरों में चोरी की घटना को अंजाम दे कर आभूषण समेत घर के सामान ले गया। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है जबकि चोरों ने एक सब्बल जिसका उपयोग वह चोरी की घटना को देने में करता होगा, उसे छोड़ दिया। बताया जाता है कि चोरों ने छेदी महतो के घर से चांदी का चेन, चांदी पायल एवं कान का बाली सोना का तथा सोना बाला और बर्तन ले गया। घर बंद था और छेदी महतो बाहर सोया हुआ था। उनकी बहु मायके नावाडीह गई थी, पुत्र रमेश महतो बाहर काम करता है। रात को ढेड़ बजे आवाज सुन कर छेदी महतो निकला तो देखा की एक आदमी अंदर है और चार आदमी बाहर था। आवाज सुनकर सब्बल छोड़ कर सभी भाग गया। वहीं बबलु मिश्रा का दुकान से सिलेंडर और बर्तन, पेन्ट कुर्सी, टेबल सब ले गया। घटना की जानकारी सुबह हुई। पुलिस छानबीन में जुटी है। मुखिया पुत्र नितेश मिश्रा ने चोरी की घटना की जानकारी दिया है।