मधुपुर/संवाददाता। स्थानीय भेड़वा स्थित राहुल अध्ययन केन्द्र में मगंलवार को अमर शहीद क्रांतिकारी चंद्रशेखर आज़ाद व स्वतंत्रता सेनानी बाल गंगाधर तिलक की जयंती और स्वतंत्रता सेनानी कैप्टन लक्ष्मी सहगल की पुण्यतिथि मनायी गयी। मौके पर उपस्थित लोगों ने तीनों विभूतियों की तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किये। मौके पर धनंजय प्रसाद ने विस्तार पूर्वक चर्चा करते हुए कहा कि चंद्रशेखर आजाद जैसे क्रांतिकारियों के बूते आज हम आजाद हवा में सांस ले रहे है। चंद्रशेखर आजाद ने यह प्रण लिया था कि वह आजाद है, आजाद रहेगा और आजाद ही मरेगा। उन्होंने अंतिम समय तक अपने प्रण की रक्षा की। अंग्रेजी हुकूमत की गोली तक उन्हें नहीं छू पाई। वो भगतसिंह सरीखे क्रांतिकारियों के अग्रणीय साथी रहे। वो हिन्दुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिकन एशोसिएशन में शामिल थे। काकोरी कांड के नायक थे, जिसे राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाकउल्ला खान व मनमथनाथ के साथ मिलकर अंजाम दिया गया था। आजादी के इतने वर्षों बाद भी देश के लिए मर मिटने वाले उन क्रांतिकारी नायकों को वो सम्मान नहीं मिल पाया है, जिसके वे हकदार थे। उन्होंने कहा कि तिलक गरम दल के अग्रणीय नेता थे और कैप्टन लक्ष्मी सहगल नेताजी सुभाष चंद्र बोस के सहकर्मी थी। ऐसे स्वतंत्रता सेनानियों व क्रांतिकारी को याद करना लाजिमी है । हम तो ऐसे देशभक्तों को कभी भी नही भूल सकते हैं। अन्य लोगों ने भी अपने विचार रखें।
मधुपुर में फिर उच्चकों ने चुरायी बाइक
मधुपुर/संवाददाता। शहर के पथरचपटी कॉलेज गली से घर के सामने रखा बाइक उच्चकों ने चुरा लिया। इस संबंध मे बुढ़ई थाना क्षेत्र के राजदहा गांव निवासी मो. शहबाज अंसारी ने मधुपुर थाना में लिखित शिकायत दी है। बताया कि वह अपनी बाइक जेएच 15 यू 8231 को कॉलेज गली स्थित अपने दूसरे मकान के बाहर
खड़ी कर घर के अंदर गया। कुछ देर बाद वापस लौटने के बाद देखा कि बाइक गायब है। काफी खोजबीन के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिली। आसपास के लोगों से पूछताछ किया लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला। चोरी बाइक की जांच कर कार्रवाई की मांग पुलिस से की गई है। बता दें इसके पूर्व भी शहर के कई इलाकों से बाइक चोरी की घटना हुई है, लेकिन पुलिस एक भी मामले का उद्भेदन नही कर पायी है। लगातार बाइक चोरी की घटना से लोग दहशत में है। लोग शहर में पुलिस गश्त बढाने की मांग की है।
डायरिया का रामबाण दवा है अमड़ा : डॉ. उदय
मधुपुर/संवाददाता। शहर के बावनबीघा संवाद द्वारा पारंपरिक देशज चिकित्सकों का दो दिवसीय प्रशिक्षण भोक्ताछोरांट स्वर्गीय विनय चंद्र सिंह ट्रस्ट और फूलन परिसर में एक्सपोर्टर विजिट के साथ संपन्न हुआ। संताल परगना के विभिन्न जिलों से आए करीब 50 महिला-पुरूष ग्रामीण चिकित्सकों को हजारीबाग से आए वैद्याचार्य डॉक्टर उदय कुमार सिंह ने 200 से अधिक जड़ी- बूटी की परिसर में घूम-घूम कर लोगों को पहचान कराया और उसके विभिन्न रोगों में इस्तेमाल के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। लिवर, किडनी, अमाशय, अपेंडिक्स, पिल्हा संबंधित रोगों के लक्षण और उपचार को बताया। लीवर की बीमारी में भृंगराज, घृतकुमारी, भुंई आंवला, शरपुंखा, रोहन का काढ़ा को लाभकारी बताया। अमाशय रोग में हरड़, त्रिफला, बेल, जामुन, पपीता को रोगनाशक बताया। किडनी रोग में मकोय, गोखरू, पत्थरचूर, बरुण, लघु पंचमूल को लाभकारी बताया। डायरिया होने पर अमड़ा या उसका छाल पीसकर रोगी को पिलाएं। डायरिया की है रामबाण दवा है। बच्चों को मुंह में छाला आने पर त्रिफला और खादिरादी वटी का इस्तेमाल करें। दांत दर्द होने पर सलई का गोंद के साथ हिंग को मिलाकर, दोनों को खैनी की तरह रगड़ लें फिर जिस दांत में दर्द हो रहा है वहां इस्तेमाल करें। मस्तिष्क रोग में ब्राह्मी और बैंग साग को उपयोगी बताया। कहां की वात, पित्त और कफ के असंतुलन से ही रोग उभरते हैं। इनके संतुलन से रोग को समाप्त किया जाता है। मौके पर समाजकर्मी घनश्याम, मोहम्मद अलाउद्दीन अंसारी, सलमा सितारा, सिकंदर आलम, सीमांत राजकुमार, ललिता, सीमा, सागोरी, दुखी शेख, अत्ताउल समय दर्जनों प्रतिभागी उपस्थित थे।
नाबालिग को भगाने वाल आरोपी युवक गया जेल
- विगत शनिवार को किशोरी को भगा ले लगा था
मधुपुर/संवाददाता। मधुपुर अनुमंडल के पाथरोल थाना क्षेत्र के एक गांव की नाबालिग किशोरी को भगा ले जाने के मामले में पुलिस दबिश के कारण मंगलवार को आरोपी युवक किशोरी के साथ पाथरोल थाना पहुंचा। पुलिस ने आरोपी युवक पाथरोल थाना के बधनाडीह गांव निवासी 26 वर्षीय मो. निसार अंसारी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। जबकि किशोरी को मेडिकल जांच के लिए देवघर भेज दिया है। मामले में किशोरी के पिता ने पुलिस को बताया कि विगत शनिवार की रात बधनाडीह निवासी मो. निसार अंसारी उर्फ गुल्लु जबरन उनकी पुत्री को भगा ले गया है। घटना के बाद निसार ने फोन पर बताया कि वह उनकी पुत्री को लेकर भगा ले गया है तथा उसके साथ शादी भी कर लिया है।
बताया कि शादी के बाद वह पनाहकोल में रह रहा है। हमलोगों ने पनाहकोला में जानकारी लिया लेकिन कही पता नहीं चला। उसने बताया कि कही अन्यत्र उनकी पुत्री को छुपा दिया होगा। पनाहकोला में आरोपी युवक की बहन रहती है। बताया कि आरोपी नशेड़ी तथा बदमाश किस्म का युवक है। उसके घर वाले भी इस बात को जानते हैं। उनकी पुत्री और निसार को भगाने में युवक के माता-पिता का भी हाथ है। आरोपी के साथ उसका चचेरा भाई मो. अजमत अंसारी तथा मो. रिजवान अंसारी का भी भगाने में पूरा सहयोग है। बताया कि घर में रखा 1.50 लाख नगद तथा 45 हजार का गहना उनकी बेटी साथ लेकर गई है। मामले में पाथरोल पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी युवक को सामान्य मेडिकल चेकअप के बाद न्यायिक हिरासत मे भेज दिया। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
बालू माफियाओं पर पालोजोरी पुलिस की कार्रवाई
- अवैध बालू लदे दो ट्रैक्टर पकड़े, एक चालक गिरफ्तार
- खनन विभाग लेगा एक्शन
पालोजोरी/संवाददाता। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल यानी एनजीटी के नियम कानून को दरकिनार करते हुए बालू माफियाओं की मनमानी को खत्म करने के लिए पालोजोरी पुलिस ने कार्रवाई करनी शुरू कर दी है। पालोजोरी पुलिस अवैध बालू लदे दो ट्रैक्टर को पकड़कर अग्रतर कार्रवाई करने में जुटी हुई है। एक ट्रैक्टर से चालक को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने पालोजोरी बाजार से एक और कोलगी गाँव से दूसरे ट्रैक्टर को पकड़ा है। दोनों में अवैध बालू लदा हुआ था। नदियों से बालू के उठाव पर एनजीटी की रोक इसबार 10 जून से ही लगी हुई है। उठाव पर रोक लगने के बावजूद बालू माफियाओं द्वारा धड़ल्ले से बालू उठाव कर मनमाने कीमत पर बेची जा रही थी। सरकार को राजस्व का चूना लगाने वालों पर पुलिस की नजर टेढ़ी हो चली थी। दो ट्रैक्टर के पकड़े जाने से बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया है। अवैध बालू लदे ट्रैक्टर के पकड़े जाने की सूचना पालोजोरी पुलिस ने खनन विभाग सहित पुलिस के आला अधिकारियों को भी दे दी है। पुलिस की गिरफ्त में चालक से पूछताछ चल रही है। आगे की कार्रवाई खनन विभाग द्वारा की जानी है।
जलापूर्ति को दुरूस्त करने के लिए जल्द की जाएगी उपभोक्ताओं के साथ बैठक
- ग्राम जल व स्वच्छता समिति लेगी संचालन अपने हाथ
- उपभोक्ताओं को देना होगा नियमित जल कर
पालोजोरी/संवाददाता। पालोजोरी बाजार और आसपास के टोला मोहल्लों में जलापूर्ति को दुरूस्त करने के लिए जल्द ही उपभोक्ताओं के साथ एक बैठक की जाएगी। ग्राम जल व स्वच्छता समिति इसकी पहल करने जा रही है। पेयजल और स्वच्छता विभाग के प्रावधान के अनुसार जलापूर्ति का संचालन हो, इसके लिए ग्राम पंचायत पालोजोरी के मुखिया अंशुक साधु ने ग्राम जल व स्वच्छता समिति और विभाग के साथ उपभोक्ताओं की बैठक करने का निर्णय लिया है। विभाग की माने, तो सभी तरह के ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं का संचालन ग्राम पंचायत को ही करना है।
पालोजोरी बाजार के लिए फिलहाल दो जलापूर्ति योजनाएं : पालोजोरी बाजार और आसपास के टोला मोहल्लों के लिए फिलहाल दो जलापूर्ति योजनाएं संचालित हो रही हैं। एक तो इंटेक वेल, दूसरी एचवाईडीटी। इंटेक वेल के लिए एक उच्च क्षमता वाली मशीन मुखिया के प्रयास से विभाग ने उपलब्ध कराया है, जो कुछ दिनों में इंस्टॉल हो जायेगा। दूसरे इंस्टॉल हुए मशीन और एचवाईडीटी के जरिए अभी जलापूर्ति हो रही है। लेकिन दोनों ही योजनाओं से अभी सभी उपभोक्ताओं को पानी नहीं मिल पा रहा है।
जलकर का कलेक्शन शून्य : पालोजोरी और आसपास के टोला मोहल्लों में तकरीबन 350 से ज्यादा उपभोक्ता दोनों जलापूर्ति योजना से जुड़े हुए हैं। लेकिन कोई सिस्टम नहीं होने से जलकर का कलेक्शन शून्य है। विभाग के अनुसर जल व स्वच्छता समिति की कोषाध्यक्ष जलसहिया होती है, जिसे जलकर का कलेक्शन करना है।
मुखिया ने क्या कहा : मुखिया अंशुक ने कहा कि हाल ही में ग्राम पंचायत ने जलापूर्ति व्यवस्था को अपने हाथों में लिया है। सभी उपभोक्ताओं को कैसे नियमित पानी मिल सके, इसके लिए पंचायत, विभाग और उपभोक्ता का एकसाथ बैठना जरूरी है। अपने स्तर से वह टेक्नीशियन को बुलाकर पाइपलाइन के फॉल्ट को ठीक कराएंगे। उपभोक्ताओं के द्वारा पानी के दुरूपयोग पर रोक लगाई जाएगी और नियमित रूप से जलकर का कलेक्शन किया जाएगा।
मांगों को लेकर झारखंड आंदोलनकारियों ने किया प्रदर्शन
मधुपुर/संवाददाता। मधुपुर अनुमंडल के करौं प्रखंड के जोड़ामो रेलवे स्टेशन के समीप मंगलवार को झारखंड आंदोलनकारी के कार्यकर्ता सह 20 सूत्री अध्यक्ष कांग्लु मरांडी, मुरारी प्रसाद चौधरी व बलदेव रवानी के नेतृत्व में आंदोलनकारी अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। देवघर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आंदोलनकारियों ने अविलंब चिह्नित किए गए आंदोलनकारी को सम्मान दिए जाने एवं जिनका नाम सूची में छूट गए हैं उन्हें जल्द जोड़ने का मांग किया गया।
मौके पर वरिष्ठ झारखंड आंदोलनकारी मुरारी प्रसाद चौधरी ने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों ने सिपाही के रूप मे काफी संघर्ष किया है। : उन्हें सम्मान अतिशीघ्र मिलना चाहिए। नशीरुद्दीन अंसारी ने साफ तौर पर कहा कि अगर समय पर आंदोलनकारियों को सम्मानित नही किया गया तो आने वाले दिनों में जिले भर में आंदोलन तेज किया जाएगा। बता दें झारखंड के एकमात्र देवघर जिला को छोड़कर सभी जिलों में झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया है। मौके पर बिहूलाल हांसदा, कार्तिक रवानी, रमजान अंसारी, नसीरुद्दीन अंसारी, हेनो टुडू, उबीलाल हंसदा, सुनील हांसदा, वोशिम अंसारी, सुकदेव मंडल,अरुण यादव, बालेश्वर यादव, कयूम अंसारी, शालीग्राम रवानी, शालीग्राम टुडू आदि सैकड़ों लोग मौजूद थे।
सारठ कलस्टर की सहियाओं की हुई बैठक
सारठ/संवाददाता। मंगलवार को सारठ पंचायत के रानीगंज गांव में सारठ कलस्टर की सहियाओं की बैठक पूर्वाह्न 10 बजे सहिया साथी प्रीति सिन्हा की अध्यक्षता आहूत की गई। बैठक में सहियाओं द्वारा किये गये कार्यो की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान एसटीटी सुधांशु पांडेय और बीटीटी निरंजन प्रसाद राय निरीक्षण करने पहुंचे। एसटीटी श्री पांडेय ने सहिया साथी से सहियाओं द्वारा किये गये मूल्यांकन सम्बन्धित कार्यो की जानकारियां लीं तथा बारी-बारी से सभी सहियाओं के रजिस्टर का भी निरीक्षण किया। मौके पर सहिया बन्दना देवी, मानसी देची, रंभा देवी, सरिता देेवी, मेनका देवी, मीना देवी, रशीदा बीबी, बीरमा देवी, एवं सोनिया देवी उपस्थित थीं।
रुक-रुक हो रही बारिश से किसान खुश
सारठ/संवाददाता। रुक-रुक कर हो रही बारिश से क्षेऋ के किसानों में खुशी देखी जा रही है। देर से बारिश शुरू होने के कारण किसान धानरोपनी में जुट गये हैं। किसानों का कहना है कि इस बार भगवान भरोसे ही खेती होगी। अगर अच्छी बारिश नहीं हुई तो पिछला साल वाली स्थिति हो जाएगी।
साहित्योदय में बरस रहा मनभावन सावन
- पहली सोमवारी से सावन महोत्सव प्रारंभ
मधुपुर/संवाददाता। अंतरराष्ट्रीय साहित्य कला संस्कृति न्यास साहित्योदय में एकबार फिर मनभावन सावन का भव्य आयोजन शुरू हो गया है। पहली सोमवारी पर कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए संस्थापक अध्यक्ष पंकज प्रियम ने कहा की साहित्योदय शुरू से ही भारतीय साहित्य, कला और संस्कृति के उत्थान के प्रति कृत संकल्प है। इसी के निमित्त हर पर्व त्यौहार को बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। लगातार 7वें साल मनभावन सावन में देश-विदेश के साहित्यकार और कलाकारों की शानदार प्रस्तुति हो रही है। पहले दिन सभी ने भगवान भोलेनाथ के भजन से कार्यक्रम की शुरुआत की, फिर सावन और बरसात पर कविता, गीत, कजरी की बारिश होती रही। देर रात तक चले ऑनलाइन कार्यक्रम को पूरी दुनिया के हजारों लोगों ने लाइव देखा। पहले दिन का संचालन रांची से खुशबू बरनवाल सीपी ने किया जबकि पटना से डॉ प्रियमबदा मिश्रा, नमिता लोहानी, डॉ मीना परिहार, प्रयागराज से डॉ शशि जायसवाल रांची से डॉ विनय कुमार वर्मा, सत्या सिन्हा, सुधा रानी, कानपुर से डॉ नीता सरोजिनी समेत दर्जनों रचनाकारों ने प्रस्तुति दी। यह कार्यक्रम प्रत्येक सोमवार को शाम सात बजे होगा। जिसे अलग अलग संचालक संचालित करेंगे। इसमे कविता, गीत, संगीत और नृत्य की सुंदर प्रस्तुति होगी। इसके अलावे सावन रानी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। इसी कड़ी में अगले महीने रांची में सम्मान समारोह का भी आयोजन किया जाएगा।
हवन के साथ तीन दिवसीय चंडी पाठ का समापन
सारवां/संवाददाता। प्रखंड के विशनपुर स्थित मां दुर्गा मंदिर में आचार्य जयनाथ पांडेय की देखरेख में चल रहे तीन दिवसीय अखंड चंडी पाठ सह होम यज्ञ का समापन मंगलवार को हुआ। मौके पर आचार्य महेश पांडे, यजमान राजेश कुमार सिंह द्वारा विधि-विधान के साथ गढ की प्राचीन नियम के अनुसार पूजा संपन्न की गइ।. मां को वस्त्र के साथ आभूषण चढ़ाये गये। यज्ञ में विशनपुर गढ़ परिवार के अमरेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह, संतोष सिंह, सुरेश सिंह, रमेश सिंह, प्यारेलाल सिंह, रमेश सिंह, विकास सिंह, मदन सिंह, शिवम सिंह, व्यास रवानी, सिकंदर सिंह, कैलाश राव, उमेश वर्मा, हलधर वर्मा, दिलीप वर्मा, तरूण रवानी, प्रमोद राम समेत काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
नौखिला पिछी डहुआ जोरिया में बनेगा उच्चस्तरीय पुल
सारवां/संवाददाता। पूर्व कृषि मंत्री सह जरमुंडी विधायक बादल पत्रलेख की अनुशंसा पर नौखिला पिछी डहुवा जोरिया पर चार करोड़ 94 लाख की लागत से उच्चस्तरीय पुल बनेगा। यह जानकारी विधायक के प्रतिनिधि नरेश यादव ने दी। बताया इसके लिये इसके लिये ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। जल्द ही टेंडर निकलेगा। बता दें कि पुल की मांग यहां के लोग काफी दिनों से कर रहे थे। बीस सूत्री सदस्य अर्जुन हाजरा, डहुवा मुखिया दिवाकर पासवान, नंदकिशोर यादव, रंजीत यादव, शहवाज हुसैन, अनिल यादव, बास्की यादव, उज्जवल राय, सिकंदर पासवान, रामविलास पासवान आदि ने इस कार्य के लिये विधायक के प्रति आभार जताया है।
मंुशी प्रेमचंद ग्रामीण पुस्तकालय में मनायी चंद्रशेखर आजाद की जयंती
सारवां/संवाददाता। सारवां दुखियानाथ महादेव मंदिर प्रांगण अवस्थित मुंशी प्रेमचंद ग्रामीण पुस्तकालय में महान क्रांतिकारी शहीद चंद्रशेखर आजाद की जयंती समारोह मनायी गयी। छात्रों ने उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण कर उनको याद किया गया। कहा देश के लिये उनका त्याग और बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा। मौके पर विकास, रितेश, सुनील, मनीष, नीरज, महेश, अभिषेक, अजय, नरेश, प्रदीप, अजीत, शिवम आदि छात्र उपस्थित थे।
लाभुकों के बीच पशुधन का वितरण
सारवां/संवाददाता। मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत सारवां में पशुपालन विभाग द्वारा डॉ एस टोप्पो की देखरेख में गाय वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मौके पर विधायक प्रतिनिधि नरेश यादव, उमाकांत मंडल, लालू यादव, सुबोध झा उर्फ झारी,बीरू यादव आदि द्वारा लाभुकों को गाय वितरण किया गया। इसकी जानकारी देते हुए विधायक प्रतिनिधि नरेश यादव ने बताया पूर्व कृषि मंत्री सह जरमुंडी विधायक बादल पत्रलेख की पहल पर 12 लाभुकों को योजना का लाभ मिल पाया।
बाल विवाह रोकथाम को ले आश्रय ने चलाया जागरूकता अभियान
मारगोमुंडा/संवाददाता। पिपरा गांव में मंगलवार को आश्रय, मधुपुर व लोरियल द्वारा बाल विवाह रोकथाम को लेकर महिला व किशोरियों के बीच जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान आश्रय के सचिव दीपा कुमारी ने बताया कि पूरे देश में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ को लेकर सरकारी विद्यालयों में मुफ्त में शिक्षा,पठन पाठन समग्री व मिड-डे-मील की व्यवस्था किया गया है। इसके बावजूद भी कुछ लोग अपने बच्चियों को पढ़ाने में रुचि नहीं रखते। कहा शिक्षा से ही सामाजिक कुरीतियों को समाप्त किया जा सकता है। मौके पर आश्रय से आदर्श कुमार यादव, तमन्ना परवीन, मुस्कान परवीन आदि मौजूद थे।
बाइक सवारों युवकों ने मोबाइल छीना
मधुपुर/संवाददाता। मधुपुर थाना क्षेत्र के डंगालपाडा निवासी विशाल कुमार वर्णवाल का बाइक सवार युवकों ने झपट्टा मारकर छिन लिया।
घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस को लिखित आवेदन देकर कर घटना की जानकारी देते हुए बताया कि वह कंपनी का कार्य समाप्त कर बाइक द्वारा पसिया मोड़ से वापस घर आ रहा था। इसी बीच उसके मोबाइल पर फोन आया तो बात करने लगा तभी बाइक सवार दो युवकों ने तेजी से आकर उसका मोबाइल झपट्टा मारकर भाग गया। घटना के बाद काफी दूर तक पीछा किया लेकिन युक्त बाइक सवार युवकों ने काफी तेज रफ्तार से भागने मे सफल रहे। शिकायत पर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।