राजमहल। संवाददाता अनुमंडल अंतर्गत राधानगर थाना पुलिस ने जान मारने की नियत से अपहृत युवक को 48 घंटे के अंदर सकुशल बरामद कर लिया साथ ही घटना में संलिप्त दो अभियुक्तों को भी गिरफ्तार किया है। इसे पुलिस की कामयाबी के रूप में देखा जा रहा है। इस संदर्भ में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अरविंद कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता कर जानकारी देते हुए बताया कि बीते शुक्रवार को राधानगर थाना क्षेत्र के उधवा, ताफुटोला गांव निवासी फेलु शेख ने राधानगर थाना पुलिस को लिखित आवेदन देकर ताफुटोला, राधानगर थाना क्षेत्र निवासी बेचन शेख के 4 पुत्रों इमरान शेख, साईम शेख, जसीम शेख तथा मेहंदी शेख के विरुद्ध अपने पुत्र माबुद शेख का जान मारने की नीयत से अपहरण करने के आरोप लगाया था। मामले को लेकर पीड़ित पिता फेलू शेख के बयान पर पुलिस द्वारा राधानगर थाना कांड 20/22 भादवि की धारा 364/34 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। अपहरण की घटना को पुलिस ने गंभीरता से लिया और त्वरित कार्रवाई करते हुए बरहरवा थाना पुलिस के सहयोग से पीड़ित के पुत्र माबुद शेख को सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में सलिप्त अभियुक्त साईम शेख को बीते शुक्रवार को ही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था और अपहरण की इस घटना में प्रयुक्त मोटरसाईिकल होण्डा एसपी शाइन को भी जप्त किया था।छापामारी के दौरान राधानगर पुलिस ने इस कांड के मुख्य अभियुक्त इमरान शेख को रविवार के दिन गिरफ्तार कर लिया। अन्य 2 अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस सघन छापामारी अभियान चला रही है। प्रेस वार्ता के दौरान राधानगर थाना प्रभारी कुंदन कांत विमल सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।