-हेमंत सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं का बिंदुवार विश्लेषण
कर लोगों को समझाया गया
गोड्डा। संवाददाता जिला झारखंड मुक्ति मोर्चा समिति की ओर से शुक्रवार को एक दिवसीय प्रशिक्षण सम्मेलन का आयोजन नगर भवन सरकंडा में किया गया। जिसमें केंद्रीय समिति रांची से तीन सदस्यीय प्रशिक्षक दल ने सम्मेलन में हिस्सा लेकर जिले के सभी कार्यकर्ताओं को हेमंत सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं का बिंदुवार विश्लेषण करते हुए वीडियो स्क्रीन पर विस्तार से समझाया गया। खास कर शनिवार से शुरू होने वाली योजना झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के विषय में बिंदुवार चर्चा की गई। बताया गया कि इस योजना में इनकम टैक्स पेयर को छोड़ कर सभी 21 से 49 साल की माताएं, बहनें लाभ ले सकती हैं। इस योजना के अंतर्गत प्रति महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपए प्रति माह उनके बैंक अकाउंट में क्रेडिट हो जाएगा। 03 से 10 अगस्त तक राज्य के सभी जिले के पंचायत स्तर पर सरकार की ओर से शिविर लगा कर फॉर्म जमा लिया जाएगा। झामुमो के सभी कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री की इस अतिविशिष्ट योजना में सक्रिय भूमिका निभाते हुए डोर टू डोर कार्यक्रम चलाना होगा। कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला अध्यक्ष बासुदेव सोरेन, केंद्रीय समिति सदस्य सह प्रवक्ता राजेश मंडल, जिला सचिव अजीमुद्दीन, कोषाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार सिंह, सदर प्रखंड अध्यक्ष बालमुकुंद महतो, सचिव संतलाल मरांडी, जिला उपाध्यक्ष घनश्याम यादव, अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष क्यूम अंसारी, महिला जिला अध्यक्ष ललिता झा, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष चंदन हेंब्रम समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित हुए।
मांगें नहीं माने जाने तक झारखंड अनुसचिवीय कर्मचारी संघ का हड़ताल जारी
गोड्डा। संवाददाता। झारखंड अनुसचिवीय कर्मचारी संघ जिला संवर्ग की ओर से राज्य संघ के आह्वान पर हड़ताली कर्मचारियों की ओर से सरकार का हृदय परिवर्तन सप्ताह मनायी जा रही है। जिसके तहत शुक्रवार को संघ के उपाध्यक्ष आलोक कुमार एवं राकेश कुमार झा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सरकार का हृदय परिवर्तन एवं नौ सूत्री मांगों की पूर्ति की बात कही। गौरतलब है कि झारखंड अनुसचिवीय कर्मचारी संघ पिछले 22 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। राज्य सरकार की ओर से अबतक कोई पहल नहीं की गई है। कर्मचारियों के हड़ताल में चले जाने से प्रखंड, अंचल, अनुमंडल तथा समाहरणालय में कार्य बाधित है। संघ के जिला मंत्री मोजाहिदुल इस्लाम ने बताया कि सरकार जब तक उनकी जायजा मांगों को नहीं मानेगी अथवा सम्मानजनक समझौता नहीं करेगी तब तक यह हड़ताल जारी रहेगा और आंदोलन चलता रहेगा।
रिमझिम बारिश होने से मौसम हुआ सुहावना
-अगले दो दिनों तक जम कर बारिश होने की संभावना
हनवारा। संवाददाता महागामा प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार को रिमझिम बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया। किसानों के चहरे खिल उठे हैं। गुरुवार को भी देर रात से आसमान में बादल छाए हुए थे। शुक्रवार अहले सुबह से ही रिमझिम बारिश हो रही है। जिससे तापमान में भी कमी आई है। मौसम में ठंडक आ गई। पारे में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। वर्षा होने से खरीफ फसलों को लेकर निराश किसानों में आस जग गई। वर्षा न होने की वजह से कहीं-कहीं अबतक 20 से 25 फीसदी ही रोपा हो पाया है। बिचड़े भी तेज धूप में सूखने लगे थे। अब इन बिचड़ा वाले खेतों में जान आ गयी है। साथ ही अब रोपा भी लगभग हो जाएगा। सब्जी की खेती करने वाले किसान खुश हो गए। सब्जी वाले खेतों में इस वर्षा से नमी लौट आयी है। इससे सब्जी उत्पादक किसान खुश हैं। तपती गर्मी में झूलस रही उनकी सब्जी की फसलों में हरियाली लौटने वाली है। खेतों में नई सब्जियां लगेगी तो पुराने पौधों में नए फल आएंगे। इसके साथ ही अन्य खरीफ फसलों की जमकर खेती भी शुरू हो जाएगी। हालांकि अगले दो दिनों तक मौसम विभाग ने जम कर बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं बारिश होने से गांव की सड़क और गलियों में पानी भर गया। नालियों का पानी सड़क पर आने से सड़क जलमग्न हो गया। बारिश के कारण बिजली की आपूर्ति पर भी असर पड़ रहा है। जिसके कारण बिजली की आंखमिचौनी जारी रही।
नया नगर से हनवारा बिहार बॉर्डर तक जाने वाला मार्ग पूरी तरह से हो चुका है जर्जर
-स्थानीय लोगों के साथ ही राहगीरों को झेलनी पड़ रही है मुसीबत
हनवारा। संवाददाता महागामा प्रखंड क्षेत्र के नयानगर-हनवारा मुख्य सड़कों पर रोजाना राहगीर गिर कर चोटिल हो रहे हैं। नया नगर से हनवारा बिहार बॉर्डर तक जाने वाला मार्ग पूरी तरह से जर्जर है। जिससे राहगीरों की समस्या बढ़ती ही जा रही है। यहां के सड़कों का हाल-बेहाल बना हुआ है। सड़कें जगह-जगह से गड्ढों में तब्दील हो गई है। इसके कारण स्थानीय लोगों के साथ ही राहगीरों को मुसीबत झेलनी पड़ रही है। मानसून आते ही परेशानी और भी बढ़ गई है। बारिश के कारण सड़कों पर बने गड्ढों में पानी जमा हो रहा है। जिससे चलना दुभर हो गया है। कई जगह तो दुर्घटनाएं भी हो रही हैं। हालांकि कुछ सड़कों पर कुछ दिन पहले मरम्मत का कार्य भी कराया गया था। लेकिन चंद दिनों में ही सड़कें जस की तस हो गईं। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। जिसके कारण वाहन भी पलट जा रहे हैं। बारिश के कारण समस्या और भी भयावह हो गई है। कारण कि बारिश का पानी जमा होने के कारण कई स्थानों पर तो पता ही नहीं चल रहा कि कहां सड़क है, कहां गड्ढा जिससे दुर्घटनाएं हो रही है। मिल्की चौक से सांहौला की ओर जाने वाली सड़क पर जगह-जगह जानलेवा गड्ढे हैं। गड्ढे करीब एक से डेढ़ फीट के हैं जिससे छोटे पहिए वाले वाहन पलट भी जा रहे हैं। गुरुवार व शुक्रवार को हुई झमाझम बारिश के कारण सड़कों पर हुए गड्ढे में पानी भर गया। नतीजा रहा कि शुक्रवार को टोटो में सवारी लेकर जा रहा था जो हनवारा हाट के सामने पलट गया। जिसके कारण टोटो में बैठे यात्री घायल हो गए। एक महिला को गंभीर चोट आई थी, वह अपने पैरों पर खड़ी नहीं हो पा रही थी। ऐसा मालूम हो रहा था कि उसके पैर ही टूट गए थे।
हर दो कदम पर सड़क में गड्ढा ही गड्ढा
हनवारा में सड़क का हाल तो बेहाल है। मार्ग पूरी तरह से गड्ढों में तब्दील हो गयी है, जो वाहन चालकों के लिए मुसीबत बन गया है। करीब 500 मीटर की इस सड़क पर हजरों गड्ढे हैं। जिस पर चलना मतलब जान जोखिम में डालने के बराबर है। इस मार्ग पर हर दो कदम पर गड्ढे ही गड्ढे हैं। जिससे आए दिन लोग गिर कर चोटिल हो रहे हैं। राहगीरों में इसे लेकर रोष है। हालांकि महागामा विधायक सह कृषि मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के प्रयास से इस सड़क मार्ग का टेंडर जारी कर दिया गया। लेकिन अभी तक जस का तस स्थिति बनी हुई है, जिसका सुध लेने वाला कोई नहीं है।
सामाजिक अंकेक्षण जन सुनवाई कार्यक्रम में कई मुख्य बिंदुओं पर हुई चर्चा
-मामलों को सुन कर ज्यूरी के सदस्यों ने सभी कार्य के लिए संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मियों को दिये आवश्यक निर्देश
गोड्डा। संवाददाता झारखंड राज्य बाल संरक्षण संस्था अंतर्गत जिला बाल संरक्षण इकाई के विभिन्न घटक कार्यक्रमों का ग्रामीण विकास विभाग की ओर से सामाजिक अंकेक्षण बीते 22 जुलाई, 2024 से 02 अगस्त 2024 तक किया गया। उक्त परिपे्रक्ष्य में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित डीआरडीए सभागार में सामाजिक अंकेक्षण जन सुनवाई कार्यक्रम आयोजित की गई। इस दौरान ग्रामीण विकास विभाग की ओर से सामाजिक अंकेक्षण के दौरान पाई गई विभिन्न कमियों को जन सुनवाई के लिए ज्यूरी के समक्ष रखा गया एवं संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों से सवाल किए गए। जन सुनवाई में मुख्यत: सीडब्ल्यूसी के रिकॉर्ड में फॉर्म 15 का नहीं होने पर चर्चा की गई और पैनल की ओर से इसे अद्यतन कराने का निर्देश दिया गया। जिला चाइल्ड हेल्पलाइन के तहत मासिक प्रतिवेदन तैयार करने, कार्य योजना बनाने, रजिस्टर संधारण जैसे मुद्दों को ज्यूरी के समक्ष रखा गया। इस सभी मामलों को सुनकर ज्यूरी के सदस्यों ने सभी कार्य के लिए संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए। कार्य को पूरा करने का समय सीमा भी निर्धारित किया गया। साथ ही पंजी संधारित करने से संबंधित यह निर्देश दिया गया कि दो दिनों के अंदर पंजी बनाना सुनिश्चित करें। इस मौके पर जन सुनवाई के लिए ज्यूरी के रूप में पुलिस उपाधीक्षक विनेश लाल, कार्यपालक पदाधिकारी आशीष कुमार, श्रम अधीक्षक संजय आनंद, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी आलोक वरण केसरी, जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथिला टुडू के अलावा जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी रितेश कुमार, जिला बाल संरक्षण इकाई की पूरी टीम, अध्यक्ष, सदस्य बाल कल्याण समिति, सदस्य किशोर न्याय बोर्ड, डालसा के प्रतिनिधि, चाइल्ड लाइन, ऑडिट टीम के रामजीवन अघाड़ी और उनकी टीम मौजूद रहे। —————————————
प्रमंडलीय आयुक्त ने पोड़ैयाहाट प्रखंड का भ्रमण कर विभिन्न मतदान केन्द्रों का किया निरीक्षण
-निरीक्षण के क्रम में प्रमंडलीय आयुक्त ने पुरुष, महिला और कुल मतदाता के संबंध में ली जानकारी
-मतदान केंद्र पर आवश्यक मूलभूत सुविधा का किया निरीक्षण
गोड्डा। संवाददाता संथालपरगना प्रमंडलीय आयुक्त लालचंद डाडेल की ओर से शुक्रवार को जिले के पोड़ैयाहाट प्रखंड का भ्रमण कर विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रमंडलीय आयुक्त ने मतदान केंद्र संख्या-117, प्राथमिक विद्यालय, कारुडीह, 111, 112, 113, मध्य विद्यालय, पोड़ैयाहाट बालक, 76, 77, 78 मध्य विद्यालय द्रोपद एवं मतदान केंद्र संख्या-70, 71, मध्य विद्यालय, पसई का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में प्रमंडलीय आयुक्त ने पुरुष, महिला एवं कुल मतदाता के संबंध में जानकारी ली। मतदान केंद्र पर आवश्यक मूलभूत सुविधा यथा, बिजली, पेयजल, शौचालय, रैंप, इत्यादि की उपलब्धता का निरीक्षण किया गया। वर्तमान में पुनरीक्षण अभियान के दौरान प्राप्त प्रपत्र-6,7,8 के संख्या के संबंध में संबंधित बीएलओ से जानकारी ली गई। मतदान केंद्र संख्या-117 के बीएलओ की ओर से प्रपत्र-8 के कम संग्रहण पर प्रमंडलीय आयुक्त ने डोर-टू-डोर भ्रमण कर अधिक से अधिक प्रपत्र-8 संग्रहण करने का निर्देश दिया। वहीं मतदान केंद्र संख्या-112 एवं 113 के बीएलओ शिखा रक्षित एवं विनीत सुधा रानी की ओर से अधिक प्रपत्र संग्रहण के फलस्वरूप आयुक्त ने खुशी व्यक्त किया। प्रमंडलीय आयुक्त की ओर से प्रखंड मुख्यालय में छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल वितरण किया गया। साथ ही पोड़ैयाहाट प्रखंड परिसर में पौधा रोपण किया गया। मौके पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी बैद्यनाथ उरांव, भूमि सुधार उपसमाहर्ता मिथिलेश कुमार, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जय प्रकाश नारायण चौधरी, सदर उपनिर्वाचन पदाधिकारी पंकज कुमार, पोड़ैयाहाट बीडीओ फुलेश्वर मुर्मू, सहायक तकनीकी पदाधिकारी आयुक्त कार्यालय दुमका के विधान चक्रवर्ती, सहायक आयुक्त कार्यालय दुमका के रूपेश कुमार शर्मा, प्रभारी प्रखंड पंचायतीराज पदाधिकारी मौजूद थे।
एलईडी जागरूकता वैन को डीडीसी समेत अन्य पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
गोड्डा। संवाददाता झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय परिसर से एलईडी जागरूकता वैन को डीडीसी स्मिता टोप्पो, डीटीओ सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कंचन कुमारी भुदोलिया, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी आलोक वरण केसरी, सामाजिक सुरक्षा पदाधिकारी मोनिका बास्की, जिला खेल पदाधिकारी डॉ. प्राण महतो सहित अन्य ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मौके पर डीडीसी टोप्पो ने कहा कि राज्य सरकार ने महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए झारखण्ड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की शुरूआत किया है, यह सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। इसके लिए आगामी 03 से 10 अगस्त तक सभी पंचायत सचिवालयों एवं शहरी क्षेत्र के वार्डों में शिविर लगेगा। इस योजना के तहत लक्ष्य अनुरूप महिलाएं जुड़ें, इसके लिए जागरूकता व पात्रता की जानकारी के लिए एलईडी जागरूकता वैन को रवाना किया गया है। यह रथ जिले के सभी प्रखंडों का भ्रमण कर योजना के प्रति आमजनों को जागरूक करेगी