ईदगाहों में सुबह से ही लोग नमाज अदा कर अमन, शांति व खुशहाली की दुआएं मांगी
जामताड़ा। पंच टीम। शहर सहित संपूर्ण जिले में सोमवार को ईद-उल-अजहा यानी बकरीद का पर्व परंपरागत तरीके से मनाया गया। त्याग और समर्पण का प्रतीक स्वरूप कुर्बानियां दी गई। बकरीद के नमाज पढ़कर अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों ने अमन शांति एवं खुशहाली की दुआएं मांगी। जामताड़ा के न्यू टाउन स्थित ईदगाह, पाकडीह, सरखेलडीह ईदगाह, मियांडीह, बुधुडीह, नाराडीह, बेवा, धनबाद, चिरूनबांध, शहरपुरा, मोहड़ा, पोसोई सहित अन्य ईदगाहों में बकरीद की नमाज अकीदत के साथ अदा की गई। पर्व को लेकर सुबह से ही लोगों में उत्साह देखा गया। नए कपड़े पहनकर लोग विभिन्न ईदगाह और मस्जिदों में जमा होने लगे थे। मौके पर पाकडीह व सरखेलडीह ईदगाह में नमाज के दौरान संबोधित करते हुए इमाम मौलाना अख्तर रजा ने कहा कि ईद उल अजहा बलिदान और संयम का दिन है। इस्लामी कैलेंडर के अंतिम माह जिलहिज्जा की दसवीं तारीख को यह पर्व मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि कुर्बानी आत्मा को शुद्ध करने का एक उत्तम साधन है। उन्होंने कहा कि कुर्बानी में इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि दिखावे के लिए न हो। उन्होंने कहा कि हजरत इब्राहिम अलैहिस्सलाम ने अल्लाह के हुक्म पर अपने बेटे हजरत इस्माइल अलेही सलाम को कुर्बानी देने के लिए तैयार हो गए थे। अल्लाह को यह अदा काफी पसंद आई। इसके बाद सभी लोगों ने त्याग एवं समर्पण के प्रतीक स्वरूप बकरे की कुर्बानी दी गई। उसके बाद देर शाम तक कुर्बानियों का सिलसिला चलता रहा। सभी धर्मों के लोगों ने इस्लाम धर्मावलंबियों से गले मिलकर बधाई दी। घर-घर पकवान बने। एक दूसरे के घर जाकर लोगों ने पकवान भी बांटे। मौके पर लोगों ने कहा कि ईद उल अजहा एकता का संदेश देता है। एकता से बड़ी कोई दौलत नहीं है। इस दौरान जामताड़ा भाजपा नेता वीरेंद्र मंडल, कांग्रेस जिला अध्यक्ष दीपिका बेसरा, राजनीतिक दलों के लोगों ने भी सक्रियता दिखाई और मुस्लिम बस्तियों में जाकर एक दूसरे को बकरीद की बधाई दी। इस दौरान विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए थे। क्षेत्र के सभी ईदगाहों में बकरीद को लेकर जिला प्रशासन द्वारा नमाज के दौरान दंडाधिकारी तथा पुलिस के जवान तैनात किए गए थे। सभी जगह शांतिपूर्ण रहा।
कुंडहित संवाददाता के अनुसार, सोमवार को कुंडहित प्रखंड के सभी मुस्लिम बहुल गांव में समुदाय के लोगों ने ईद-उल-अजहा यानी बकरीद का पर्व परंपरागत तरीके से मनाया गया। वही त्याग और समर्पण के प्रतीक स्वरूप कुर्बानियां दी गई। सुबह सुबह ईदगाह में बकरीद के नमाज पढ़कर अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों ने अमन, शांति एवं खुशहाली की दुआएं मांगी। प्रखंड के बाघाशोला, विक्रमपुर, चुहादहा, बनकाटी, महेशपुर, सटकी, नौडिहा, जालालपुर आदि मुस्लिम बहुल गांव के ईदगाहों में बकरीद की नमाज अकीदत के साथ अदा की गई। नमाज के बाद अमन, शांति के लिए अल्लाह ताला से दुआएं मांगी और एक दूसरे को गले लगाकर बधाई दिया। पर्व को लेकर सुबह से ही लोगों में उत्साह देखा गया। नए कपड़े पहनकर लोग विभिन्न ईदगाह और मस्जिदों में जमा होने लगे थे। सभी धर्मों के लोगों ने इस्लाम धर्मावलंबियों से गले मिलकर बधाई दी। एक दूसरे के घर जाकर लोगों ने समाई भी बांटे। इस दौरान विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रखंड प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए थे। क्षेत्र के सभी ईदगाहों और मस्जिदों में बकरीद को लेकर प्रखंड प्रशासन द्वारा नमाज के दौरान मैजिस्ट्रेट तथा पुलिस के जवान तैनात किए गए थे।
नाला संवाददाता के अनुसार, प्रखंड क्षेत्र में सोमवार को ईद-उल अजहा बकरीद पर्व सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया गया है। प्रखंड मुख्यालय के अलावा बामनडीहा, टेसजोड़िया, सुल्तानपुर, चिचुरबिल, खैरा, लछुरायडीह, शहरजोड़िया, कास्ता, बंदरडीहा, पीपला सहित सभी मुसलिम आबादी बहुल गांव स्थित ईदगाहों में गुरुवार को निर्धारित समय पर नमाज अदा कर लोगों ने अल्लाह से मुल्क की तरक्की, सलामती और कौम की खुशहाली की दुआ मांगी। त्याग और बलिदान का इस पर्व के दौरान समुदाय के लोगों ने जरुरतमंदों के बीच खैरात भी बांटा। पर्व को लेकर सुबह से ही लोगों में उत्साह देखा गया। नमाज के बाद एक दूसरे को गले मिलकर ईद उल अजहा की बधाई दी। इस त्योहार में विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना प्रभारी प्रदीप राणा के नेतृत्व में प्रशासन के लोग भी तटस्थ थे। मौके पर निजाम अंसारी, मो साजिद, मो सफीक अंसारी, मो समीम, मो जाबेद, इबरार अहमद खान सहित अन्य ने नमाज अदा की।
नारायणपुर संवाददाता के अनुसार, नारायणपुर प्रखंड में सोमवार को ईद उल अजहा यानि बकरीद बड़े ही सादगी के साथ मनाया गया। सुबह होते ही नमाज पढ़ने वाले लोगों ने मस्जिद और ईदगाह में नमाज अदा की। गर्मी के कारण साढ़े छह बजे ही ईदगाह में नमाज अदा की गई। पवित्र रमजान महीने की समाप्ति के लगभग सत्तर दिनों बाद इसे मनाया जाता है। इस्लाम धर्म मानने वालों के अनुसार हजरत इब्राहिम अपने पुत्र हजरत इस्माइल को इसी दिन खुदा के हुक्म पर खुदा की राह में कुर्बान करने जा रहे थे, तो अल्लाह ने उसके पुत्र को जीवनदान दे दिया, जिसकी याद में यह पर्व मनाया जाता है। इस्लाम धर्म को मानने वाले आज के दिन शबाब के लिए जानवरों की कुर्बानी भी करते हैं। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर थाना प्रभारी रंजीत प्रसाद गुप्ता सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी में लगे रहे।
फतेहपुर संवाददाता के अनुसार, सोमवार को फतेहपुर, बनगड़ी, खिजूरिया, बबनडीहा भागुपाड़ा आदि गावों के मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बकरीद पर्व को लेकर ईदगाह में नमाज अदा की। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने गाइडलाइन को देखते हुए सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में नमाज अदा कर भाईचारा के साथ एक दुसरे से गले लगाकर बधाई दी। इधर बीडीओ प्रेम कुमार तथा सीओ घनश्याम कुमार के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिस तथा जवानों की तैनाती की गई थी। वही सभी प्रमुख स्थानों पर दंडाधिकारी भी प्रतिनियुक्त किए गए थे। पुलिस सोशल मीडिया पर नजर बनाए हुए थे। मौके पर एनाउल अंसारी, रफीक अंसारी, रजाउल अंसारी, मानिक अंसारी, अफजल अंसारी आदि मुस्लिम समुदाय के लोग उपस्थित थे।
झामुमो की बैठक में लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज करने पर सांसद को दी गई बधाई
30 जून को हूल दिवस आयोजन को सफल बनाने को लेकर हुआ विचार विमर्श
जामताड़ा। संवाददाता। दुमका रोड स्थित झारखंड मुक्ति मोर्चा पार्टी कार्यालय में सोमवार को जिला उपाध्यक्ष रविंद्र नाथ दुबे की अध्यक्षता में एक बैठक किया गया। बैठक में आगामी 22 जून को लोकसभा चुनाव का जिला समीक्षा बैठक को लेकर कार्यकर्ताओं के सामने बाते रखी गई। इसके अलावे बैठक में 30 जून को हूल दिवस आयोजन को सफल बनाने को लेकर विचार विमर्श किया गया। वही तैयारी की रूपरेखा पर आवश्यक निर्णय लिया गया। बैठक के दौरान जिला कोषाध्यक्ष सह जिला प्रवक्ता अशोक मंडल ने लोकसभा चुनाव के दौरान जामताड़ा जिले में अच्छा प्रदर्शन को लेकर सभी कार्यकर्ताओं को आभार व्यक्त करते हुए दुमका लोकसभा क्षेत्र से नवनिर्वाचित सांसद नलिन सोरेन को जीत की बधाई दी। उन्होंने कहा कि जामताड़ा विधानसभा से कार्यकर्ताओं का मेहनत इस बार रंग लाया है क्योंकि कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही आज हमलोग दुमका लोकसभा वापस लाने में सफल हुए है। इसी प्रकार से विधानसभा में भी अपनी अहम भूमिका निभानी होगी। मौके पर नगर अध्यक्ष किशोर रवानी, सचिव विजय राउत, मुखिया नरेंद्र मुर्मू, परेश मुर्मू, शिवधन मुर्मू, कमल टुडू, वासुदेव मरांडी, रहीम अंसारी, सहदेव मुर्मू, शिवचरण हेंब्रम, मनोज राउत, श्यामलाल सोरेन सहित अन्य मौजूद थे।
18 जून को होने वाली परीक्षा अब 23 जून को होगा : डॉ पूनम
मिहिजाम। संवाददाता। जनजातीय संध्या डिग्री महाविद्यालय में 18 जून को दोनों पालियों में होने वाली सभी विषयों की इग्नू सत्रांत की परीक्षा स्थगित 23 जून 2024 को होगी। परीक्षा इग्नू अध्ययन केंद्र 87017 मिहिजाम जनजातीय संध्या डिग्री महाविद्यालय मिहिजाम के कॉर्डिनेटर सह केंद्राधीक्षक डा. पूनम कुमारी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि इग्नू स्टूडेंट्स एग्जामिनेशन डिवीजन मैदानगढ़ी न्यू दिल्ली के आदेशानुसार 18 जून को दोनों पालियों में होने वाली सभी विषयों की इग्नू सत्रांत 18 जून 2024 की परीक्षा स्थगित कर दी गई है। अब यह परीक्षा 23 जून 2024 रविवार को आयोजित होगी, जिनका उक्त तिथि को परीक्षा है वे अपना रिवाइज्ड हॉल टिकट डाउन लोड कर प्राप्त कर सकते हैं। दूसरी ओर, केंद्राधीक्षक ने यह भी कहा कि इस केन्द्र पर आठ दिन पहले दोनों पालियों में स्नातक एवं स्नातकोत्तर की परीक्षा कदाचारमुक्त शान्तिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। दोनों पालियों में कुल 115 परीक्षार्थी में से 102 परिक्षार्थी उपस्थित हुए। मौके पर वीक्षक संजय कुमार सिंह, मृदुला मंडल, रश्मि किरण, हरिनन्दन पंडित आदि के साथ उपेन्द्र कुमार पाण्डेय, नवल किशोर सिंह, राज कुमार मिस्त्री, दिनेश रजक, कुमारी रेखा शर्मा, अभिजीत सिंह खरतोल, उत्तम कुमार दत्ता का सक्रिय योगदान रहा।
कुरथीभीटा सहित विभिन्न जगहों में एचबीएनसी व एचबीवाईसी के तहत किया गया गृह भ्रमण
नाला। संवाददाता। कुरथीभीटा सहित विभिन्न जगहों में स्वास्थ्य कर्मियों की ओर से एचबीएनसी तथा एचबीवाईसी के तहत गृह भ्रमण किया गया। इस दौरान नवजात बच्चों की देखभाल को लेकर विभिन्न गतिविधियों की जांच की गई। इस दौरान 28 दिन के नवजात शिशु का वजन, तापमान के बारे में जानकारी प्राप्त की गई। साथ ही, धात्री माताओं को बंध्याकरण, साफ-सफाई आदि की जानकारी दी गई। इसके अलावा टीकाकरण की स्थिति तथा बच्चा वृद्धि चार्ट में किस वर्ग में है आदि की जानकारी प्राप्त की गई। इस दौरान बच्चे को सुचारू रूप से देखभाल के बारे में भी बताया गया। वहीं कुपोषित बच्चों को एमटीसी में भर्ती को लेकर चर्चा की गई। मौके पर सहिया सादमनी टुडू, सोनामनी राय सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे।