- मामले की जांच सीबीआई को होगी रेफर
देवघर/वरीय संवाददाता। गोड्डा लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ निशिकांत दूबे ने कहा कि देवघर जिले में मनरेगा में बड़ा घोटाला हुआ है जिसकी जांच सीबीआई से कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि शनिवार को सोनारायठाढ़ी प्रखंड के ठाड़ीलपड़ा गांव में जहां पर 200 योजना मनरेगा की योजना स्वीकृत है। इसमें मात्र तीन योजनाओं की जांच की गयी है। जिसमें घोटाला ही घोटाला नजर आया है। उन्होंने कहा कि इन सारी योजनाओं में राशि का बंदरबांट ऊपर से लेकर नीचे तक के पदाधिकारियों ने किया है। योजना पूर्ण भी नहीं हुई है और राशि का निकासी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि कोई भी कार्य योजना पर मनरेगा का बोर्ड नहीं लगाया गया है। तालाब मेड़बंदी के नाम पर खानापूर्ति हुई है एवं जेसीबी से कार्य कराया गया है। ट्रेंच काटने के नाम पर पैसा निकासी की गई है। जिले में लगभग ढाई वर्ष के अंदर 300 करोड़ रुपया मनरेगा के तहत दिए गए हैं जिसमें से लगभग 200 करोड़ का बंदरबांट हुआ है।
मृतका के परिजनों को दिया आर्थिक मदद : सांसद ने पेट्रोल कांड की मृतका के परिजनों को दो लाख रुपये आर्थिक मदद दिया। उनके साथ सारठ विधायक रणधीर कुमार सिंह भी मौजूद थे। उन्होंने झारखंड सरकार से पीड़ित परिवार को मुआवजा राशि देने की मांग की।
मारुति हत्याकांड को लेकर सांसद के नेतृत्व में सीएम का पुतला दहन
देवघर/वरीय संवाददाता। दुमका जिले के जरमुंडी में शादी से इंकार करने को लेकर वहशी दरिंदे द्वारा मारुति कुमारी को पेट्रोल छिड़ककर आग लगाकर हत्या कर देना के मामले में गोड्डा लोकसभा क्षेत्र के सांसद निशिकांत दुबे के नेतृत्व में स्थानीय टावर चौक पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया गया। मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मौके पर सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने कहा कि अभी दुमका जिले में अंकिता का मामला शांत भी नहीं हुआ था कि दूसरी घटना मारुति के साथ घटित हो गई जो काफी निंदनीय है। हत्याकांड राज्य सरकार की विधि-व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के गढ़ संथाल परगना में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति हो रही है इससे स्पष्ट है कि राज्य सरकार इस मामले में गंभीर नहीं है। ऐसी सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई हक नहीं है। स्थानीय विधायक सह जिलाध्यक्ष नारायण दास ने कहा कि दुमका जिले से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हैं वहां की जनता उनको स्नेह प्यार देकर सत्ता तक पहुंचाई है। उसके बाद भी मुख्यमंत्री संथाल परगना की विधि व्यवस्था को लेकर चिंतित नहीं दिख रहे हैं। लगातार किशोरियों के साथ हो रही घटना से स्पष्ट हो गया है कि सरकार विधि व्यवस्था को बनाए रखने में अक्षम है। ऐसी सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई हक नहीं है। मौके पर भारतीय जनता पार्टी कार्यसमिति सदस्य रीता चौरसिया, संजीव रजवाड़े, संजय यादव, भाजपा महिला जिला अध्यक्ष विजया सिंह, रुपा केशरी, माया केसरी सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे।