जसीडीह/संवाददाता। दुमका में आयोजित झारखंड मुक्ति मोर्चा का 39वां स्थापना दिवस में शामिल होने के लिए जसीडीह के शहरी सहित ग्रामीण क्षेत्रों से झामुमो के सैकड़ों नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने पार्टी के बैनर, झंडा, ढोल नगाड़े एवं पारंपरिक हथियार के साथ कई बसों सहित दर्जनों चार पहिया वाहनों पर सवार होकर रविवार को दुमका के प्रस्थान किए। इस अवसर पर देवघर जिला संयोजक मंडली प्रमुख संजय कुमार शर्मा ने कहा कि दुमका में झामुमो का स्थापना दिवस समारोह दो फरवरी को हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाया जा रहा है। जिसमें देवघर जिला सहित अन्य जिलों से लाखों की संख्या में महिलाओं सहित पुरूष कार्यकर्ताओं शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि देवघर जिला के शहरी सहित ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों की संख्या में आज प्रस्थान कर रहे हैं। इस बार के स्थापना दिवस समारोह ऐतिहासिक होगा। क्योंकि गुरु जी के झारखंड राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, तेजतर्रार विधायक एवं मुख्य मंत्री की पत्नी कल्पना सोरेन, सांसद, मंत्री, विधायक आदि उपस्थित रहेंगे। जसीडीह के शहरी सहित ग्रामीण क्षेत्रों से रवाना होने वाले नेताओं में संयोजक प्रमुख संजय कुमार शर्मा, पूर्व जिला उपाध्यक्ष सरोज कुमार सिंह,केंद्रीय समिति सदस्य श्री सिंह, देवघर प्रखंड संयोजक प्रमुख विपिन यादव, नंद किशोर दास, संतोष कुमार सिंह, मो दिलावर हसन,रंजीत कुमार पंडित, राजाराम राउत, शेखर राउत,अवध बिहारी शर्मा,मो शमीम, मो शरीफ, रामजीत सोरेन,रामसोल मरांडी,बड़का मरांडी, लालमुनि पुजहर, कारू पूजहर, सरस्वती मुर्मू, उमेश यादव, नारायण महथा,रतन रमानी, चंद्रकांत गुप्ता, उमाकांत गुप्ता,मो इलियास, सीता हांसदा, सुकुदी हेंब्रम, अनिता टूडु, सोमरा मुर्मू, प्रदीप मुर्मू, कलीम उद्दीन अंसारी आदि उपस्थित थे।
आम बजट को लेकर प्रबुद्धजनों ने दी अलग-अलग प्रतिक्रिया
देवघर/नगर संवाददाता। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को लोकसभा के पटल पर वित्तीय वर्ष 2025-26 का आम बजट पेश किया। जिसको लेकर शहर के लोगों ने अलग अलग प्रतिक्रिया दी है। कोई बजट की सराहना कर रहे हैं तो कोई इस बजट की आलोचना कर रहे हैं।
बजट में विकसित भारत की झलक नजर आ रही है : डॉ राजीव रंजन
भाजपा नेता सह नरेंद्र मोदी विकास मंच चलो गांव की ओर के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डा राजीव रंजन ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को लोकसभा के पटल पर आठवीं बार आम बजट प्रस्तुत किया। नरेंद्र मोदी सरकार के इस बजट में दिल्ली व बिहार में आगामी चुनाव को ध्यान में रखा गया है। बजट में बिहार के लिए कुछ बड़ी घोषणाएं की हैं। इनमें पटना एयरपोर्ट का विस्तार, पश्चिमी कोशी नहर को वित्तीय मदद व टैक्स सलैब 12 लाख रुपये वार्षिक यानी 1 लाख रूपये महीना कमाने वाले को टैक्स पे से राहत मिला है। मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल के पहले बजट में अपने घोषित लक्ष्य के मुताबिक ही किसानों, दलित महिलाओं और छोटे कारोबारियों के लिए कुछ मदद की घोषणा की है। इस बजट में किसानों के लिए किसान क्रेडिट कार्ड की सीमा बढ़ाकर 5 लाख तक कर दिया है। अब छोटे कारोबारियों को भी 5 लाख तक के क्रेडिट कार्ड की सुविधा मिलेगी। महिलाओं को उद्यमशील बनाने के लिए 5 लाख तक के कर्ज की सुविधा घोषणा इस बजट में किया गया है। बजट में युवा व छात्रों के लिए कुछ विशेष व्यवस्था किया जाना चाहिए था। कुल मिलाकर बजट में विकसित भारत की झलक नजर आ रही है।
मध्यम वर्ग को राहत पहुंचाने वाला बेहतरीन बजट : डॉ पूजा
शहर की प्रसिद्ध दंत रोग विशेषज्ञ व इंडियन डेंटल एसोसिएशन देवघर के सहायक सचिव डॉ पूजा राय ने कहा कि टैक्स सलैब में छूट देकर मध्यम वर्ग को बड़ी राहत पहुंचाने का काम किया गया है। वित मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट में कैंसर रोगियों, महिला, युवा सहित मध्यम वर्ग को ध्यान में रखकर बेहतरीन बजट पेश किया है। भारत को छोटे खिलौना उद्योग का हब बनाने की घोषणा किया गया है। इस घोषणा से बनारस के लकड़ी के खिलौना बनाने वाले छोटे उद्यमियों के मुरझाए चेहरे खिल जाएंगे। चमड़ा उद्योग में सरकार ने निवेश बढ़ाने की घोषणा किया है। सरकार को उम्मीद है कि इस सेक्टर में 22 लाख नौकरियों के सृजन की संभावना है।
बजट संतुलित और भारत को आगे ले जाने वाला है : महेश राय
आजसू के केंद्रीय सचिव सह समाजसेवी महेश प्रसाद राय ने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा लोकसभा के पटल पर आठवीं बार प्रस्तुत कर एक लकीर खिंचने का काम किया है। साथ ही 2025-26 के आम बजट में 2047 के विकसित भारत की झलक मिलती है। टैक्स स्लैब में 12 लाख वार्षिक आय वाले को टैक्स से राहत देकर मध्यम वर्ग के लिए सुनहरा बजट है। कृषि मंत्रालय से अलग मत्स्य पालन विभाग बनाने के बाद अब मछुआरों के लिए स्पेशल इकॉनॉमिक जोन बनाने की भी घोषणा इस बजट में किया गया है। एमएसएमई सेक्टर की कर्ज की सीमा 10 करोड़ से बढ़ाकर 20 करोड़ कर दिया गया है। इन घोषणाओं का उद्देश्य कृषि, छोटे उद्योगों, और मछुआरों को अपनी उद्यमशीलता बढ़ाने के साथ – साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार का सृजन करना भी है। कुल मिलाकर बजट संतुलित और भारत को आगे ले जाने वाला है।
मध्यम वर्ग को बड़ी राहत अगली पीढ़ी के सुधारों को खाका पेश किया : धुव्र साह
मध्यदेशीय वैश्य सभा के राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष सह आजसू के केंद्रीय सचिव धुव्र प्रसाद साह ने कहा कि इस बार का बजट में एक तरफ मध्यम वर्ग को बड़ी राहत देने की घोषणा की गई है। वहीं दूसरी तरफ अगली पीढ़ी के सुधारों को खाका पेश किया है। उन्होंने नौकरीपेशा और मध्यम वर्ग को बड़ी राहत देते हुए 12 लाख रुपये तक की वार्षिक आय को पूरी तरह से आयकर से छूट देने की घोषणा से छोटे व्यवसाईयों के लिए बहुत ही खुशी बात है। इस बार का बजट सभी वर्गों को देखकर रखा गया सराहनीय बजट है।
बजट की घोषणा को सही तरीके से लागू करना और युवाओं तक पहुंचाना एक बड़ी चुनौती होगी : राजेंद्र
राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र कुमार ने बजट में की गई घोषणाओं का स्वागत करते हुए कहा कि ये प्रावधान युवाओं के सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित करेंगे। 2025-26 के बजट में युवाओं के कल्याण और उनके भविष्य को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा की गई है। यह बजट युवाओं के लिए कौशल विकास, रोजगार सृजन और शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार पर जोर देता है। विशेष रूप से, रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए तकनीकी और डिजिटल शिक्षा को प्राथमिकता दी गई है, जो आने वाले समय में उन्हें वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धी बनाएगा। हालांकि, इन योजनाओं को सही तरीके से लागू करना और युवाओं तक पहुंचाना एक बड़ी चुनौती होगी। कुल मिलाकर, यह बजट युवाओं के लिए उम्मीद और अवसर की नई राह खोलता है।
इस साल का सर्वश्रेष्ठ बजट : सतीश दास
जदयू के जिलाध्यक्ष सतीश दास ने कहा कि आम बजट 2025-26 का आज वित्त मंत्री सीतारमण के द्वारा पेश किया गया बजट इस साल का सर्वश्रेष्ठ बजट माना जा रहा है। बजट में मध्यम वर्ग को आयकर में छूट देकर उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार लाने का प्रयास किया गया है। सभी लोगों के लिए आयुष्मान भारत द्वारा चिकित्सा सुविधा देने का प्रयास किया गया है। गरीबों के लिए बहुत सारे योजनाएं वाला बजट निर्धारित किया गया है। बजट में देश की जनता के लिए बहुत अच्छा है बजट है।
बजट देश के नागरिकों की जेब भरने और बचत बढ़ाने पर केंद्रित : गौरव राज
अभाविप के प्रदेश खेल संयोजक गौरव राज ने कहा कि यह बजट सरकार का खजाना भरने की बजाय, देश के नागरिकों की जेब भरने और बचत बढ़ाने पर केंद्रित है। यह बजट नागरिकों के विकास को बढ़ावा देने और उन्हें विकास का भागीदार बनाने के लिए मजबूत नींव रखता है। इस दृष्टिकोण से बजट पूरी तरह से अलग है।इस बजट में शिक्षा, स्वस्थ साथ ही साथ छोटे उद्योग को बढ़ावा दिया गया है।शिक्षा में देश भर के आईआईटी कॉलेजेस में सीट बढ़ाने के लिए सरकार को धन्यवाद।
यह एक कंप्लीट बजट है, जो भारत को आगे ले जाएगा : अमृत
भाजपा देवघर जिला शोशल मीडिया प्रभारी अमृत मिश्रा ने कहा कि यह बजट विकसित भारत और प्रधानमंत्री के नए और ऊर्जावान भारत के सपने को पूरा करने के संकल्प के लिए है। हर क्षेत्र की प्रॉपर स्टडी करने के बाद नया मैप तैयार किया गया है। यह एक कंप्लीट बजट है, जो भारत को आगे ले जाएगा और न केवल भारत को आत्मनिर्भर बनाएगा बल्कि इसे विश्वगुरु के रूप में स्थापित करेगा। अब 12 लाख रुपए तक की आय पर कोई संकट नहीं आएगा। इनकम टैक्स देने वालों को बड़ी राहत देने के लिए पीएम मोदी को धन्यवाद देता हूं।
सभी के लिए बेहतरीन : नीरज
भाजपा युवा मोर्चा जिला मंत्री निरज प्रकाश ने कहा कि गरीबों, मध्यम वर्ग और सभी के लिए एक अद्भुत बजट पेश किया गया है। मैं पीएम मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को एक शानदार बजट पेश करने के लिए बधाई देना चाहता हूं।
कीर्तन से भक्तिमय हुआ वातावरण
जसीडीह/संवाददाता। जसीडीह के कजरिया कॉलोनी स्थित शिव मंदिर आयोजित त्रिदिवसीय शिवलिंग जीर्णोद्धार सह प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम से जहां वातावरण शिवमय हो गया है। वहीं रविवार को शिव मंदिर 24 घंटे का हर राम हरे कृष्णा कीर्तन से वातावरण भक्तिमय हो गया है और लोगों इस भक्तिमय रुपी सागर में डुबकी लगा कर झूमने पर विवश हो गये हैं। शिवलिंग प्राण प्रतिष्ठा को लेकर महिलाओं सहित पुरूषों में उत्साह चरण पर है। साथ ही रविवार को शिवलिंग को नगर भ्रमण भी कराया गया। जिसमें सैकड़ों के संख्या में भक्तगण सम्मिलित हुए। संध्या आरती का आयोजन किया गया। इस संबंध में पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि शिव मंदिर सहित आसपास क्षेत्रों को रंगीन लाइट, फूल माला आदि से पूरी तरह से सजाया गया है। प्राण प्रतिष्ठा को ऐतिहासिक एवं यादगार बनाने में जुटा सभी भक्त गण जुटे हुए हैं।
देवघर ननि एवं साहिबगंज नप को मिला उत्कृष्ट वित्तीय रिपोर्टिंग का सम्मान
देवघर/नगर संवाददाता। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया ने पहली बार स्थानीय निकायों को उनकी वित्तीय रिपोर्टिंग में उत्कृष्टता के लिए सम्मानित किया है। यह पुरस्कार केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल द्वारा प्रदान किया गया। इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के तहत पूरे देश के 4500 से अधिक शहरों के बीच से झारखंड के दो नगर निकायों को अलग अलग कैटेगरी में विजेता घोषित किया गया है। जिसमें देवघर नगर निगम को अवार्ड्स फॉर प्रमोशन ऑफ अकाउंटिंग इन लोकल बॉडीज 2024-25 के तहत म्युनिसिपल कॉरपोरेशन उपश्रेणी में विजेता घोषित किया गया है। वित्तीय वर्ष 31 मार्च 2023 को समाप्त होने वाले वर्ष की वित्तीय रिपोर्टिंग के आधार पर यह चयन किया गया। यह पुरस्कार राष्ट्रीय नगरपालिका अकाउंटिंग मैनुअल और अन्य प्रमुख लेखा सिद्धांतों के विभिन्न मानकों पर आधारित था। पुरस्कार चयन समिति में आईसीएआई के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष, शहरी विकाश मंत्रालय, 16 वें वित आयोग, नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक, राष्ट्रीय वित एवं नीति संस्थान, पंचायती राज मंत्रालय और पब्लिक ऑडिट ऑफ इंडिया के वरिष्ठ प्रतिनिधि शामिल थे। पुरस्कार समारोह 1 फरवरी को यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर, सेक्टर 25 द्वारका नई दिल्ली में आयोजित किया गया। विभाग की ओर से पुरस्कार वितरण समारोह में सम्मिलित होने हेतु देवघर नगर निगम से सहायक नगर आयुक्त रंजीत सिंह, साहिबगंज नगर परिषद से कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक सिंह, राज्य शहरी विकास अभिकरण(शूड) से सहायक निदेशक सूरज उरांव एवं पीएमयू ऑग्मेंटेशन के चार्टड अकाउंटेंट पंकज गोयल को प्राधिकृत किया गया था। इस सम्मान के माध्यम से झारखंड के शहरी निकायों की पारदर्शी वित्तीय व्यवस्था और उत्कृष्ट लेखांकन प्रणाली को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। झारखंड शहरी विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, देवघर नगर निगम के अधिकारियों और पीएमयू टीम के मार्गदर्शन में यह उपलब्धि हासिल की गई है। यह सफलता अन्य नगर निकायों के लिए भी प्रेरणा का श्रोत बनेगी। इस बाबत देवघर नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त रंजीत सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि केवल देवघर नगर निगम या देवघर जिला के लिए ही नहीं बल्कि देश भर में झारखंड को अलग पहचान दिलाने में मदद की है। यह पुरस्कार नगर आयुक्त के मार्गदर्शन एवं पूरे नगर निगम के पदाधिकारियों एवं कर्मियों के सहयोग के बिना संभव नहीं था।
राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के भारत रंग महोत्सव-2025 का आसिफ एकराम ने किया उद्घाटन
- रंगमंच का एक ऐतिहासिक उत्सव, दो से सात फरवरी तक होगा कार्यक्रम
रांची/संवाददाता। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय ने दो फरवरी 2025 को शौर्य सभागार, डोरंडा, रांची में अपने प्रमुख आयोजन भारत रंग महोत्सव, भारत के अंतर्राष्ट्रीय रंगमंच उत्सव, के उद्घाटन समारोह का आयोजन किया।
प्रेमपूर्वक ‘भरंगम’ कहा जाने वाला बीआरएम दुनिया का सबसे बड़ा रंगमंच उत्सव है, जिसने 2024 में सफलतापूर्वक 25 वर्ष पूरे किए। इस अनूठी पहल के माध्यम से, एनएसडी उत्सव की पहुंच को और विस्तारित कर रहा है, जिसमें अंतर्राष्ट्रीय भागीदारी को बढ़ावा दिया जा रहा है। यह पहल पिछले वर्ष की थीम ‘वसुधैव कुटुंबकम, वंदे भरंगम’ पर आधारित है।
कार्यक्रम में कई गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही। मुख्य अतिथि के रूप में आसिफ एकराम, कअर, निदेशक, संस्कृति निदेशालय, पर्यटन, कला, संस्कृति, खेल और युवा कार्य विभाग, झारखंड सरकार, रांची ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। हर्ष नाथ मिश्रा, निदेशक (कार्मिक), सीसीएल विशिष्ट अतिथि रहे, जबकि अब्दुल कादिर शाह, राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के संकाय सदस्य ने सत्र की अध्यक्षता की।
मुख्य अतिथि के रूप में आसिफ एकराम ने कहा, “मैं अत्यंत हर्षित हूं कि भारत रंग महोत्सव हमारे शहर में हो रहा है। यह रांची के लिए एक सुनहरा अवसर है कि वह उच्च स्तरीय रंगमंच की उत्कृष्टता का साक्षी बने—जहाँ प्रस्तुतियां केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं होतीं, बल्कि गहरी संवेदनाएं और सार्थक संदेश भी लेकर आती हैं। बीआरएम 2025 रंगमंच की असीमित कला के माध्यम से लोगों को एकजुट करने का उत्सव है।”
कार्यक्रम के सफल आयोजन में योगदान देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए अजय मल्कानी, एनएसडी के पूर्व छात्र और अकादमिक परिषद के सदस्य, ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। ”एक अभिव्यक्ति, सर्वोच्च सृजन” भारत रंग महोत्सव 2025 का यह नारा रचनात्मक अभिव्यक्ति में एकता और समरसता का संदेश देता है। प्रसिद्ध अभिनेता और एनएसडी के पूर्व छात्र राजपाल यादव को इस वर्ष के ‘रंग दूत’ (उत्सव राजदूत) के रूप में नामित किया गया है। यह उत्सव झारखंड सरकार के पर्यटन, कला, संस्कृति, खेल और युवा कार्य विभाग के सहयोग से 7 फरवरी तक जारी रहेगा।