देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार ने कहा कि सरकार बनाने का भाजपा का सपना मुंगेरीलाल का हसीन सपना ही बनकर रह जाएगा। श्री कुमार ने कहा कि यह एक कटु सत्य है की संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में और भी ज्यादा समृद्ध और सशक्त झारखंड के निर्माण के लिए फिर से एक बार महागठबंधन की सरकार बनाने हेतु हर वर्ग का आशीर्वाद महागठबंधन (इंडिया) के प्रत्याशियों को मिला है। उन्होंने कहा कि मंइयां सम्मान योजना से प्रभावित होकर महिला मतदाताओं ने इंडिया गठबंधन के पक्ष में जिस कदर मतदान किया है इससे स्पष्ट हो गया है कि इंडिया गठबंधन की सरकार को मत प्राप्त हुआ हैं। शहरी क्षेत्र मतदाताओं के बीच मतदान को लेकर किसी तरह की उत्साह ने देखने और ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं के रुझान से स्पष्ट हो गया है कि झारखंड में अगली सरकार इंडिया गठबंधन की बनेगी।
23 नवंबर को होगी मतगणना, चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था
- देर रात तक इवीएम को किया गया जमा
देवघर/वरीय संवाददाता। विधानसभा आम चुनाव 2024 के दूसरे चरण के तहत मतदान समाप्ति पश्चात देवघर कॉलेज स्थित बनाये गये स्ट्रांग रूम में देर रात तक इवीएम मशीन जमा करने को लेकर ऊहापोह की स्थिति बनी रही।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त विशाल सागर की उपस्थिति में विधानसभा आम चुनाव 2024 के दूसरे चरण के तहत मतदान समाप्ति पश्चात देवघर कॉलेज स्थित बनाये गये स्ट्रांग रूम पर पोलिंग पार्टियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। इस दौरान उपायुक्त ने पोलिंग पार्टियों से बातचीत कर उन्हें मिलने वाली सुविधा और उनके हालचाल से अवगत हुए। साथ ही देवघर जिला अंतर्गत 15-देवघर, 13-मधुपुर व 14 सारठ विधानसभा क्षेत्र में शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न कराने के पश्चात पोलिंग पार्टियां इवीएम मशीन के साथ स्ट्रांग रूम पहुंच रहे हैं। साथ ही सभी आवश्यक औपचारिकता पूरी कर संबंधित विधानसभा के लिए बनाये गये काउंटर में संबंधित एआरओ के उपस्थिति में सामग्री रिसिव किया गया। वही स्ट्रांग रूम को सील करने के उपरांत सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गई है। परिसर के हर प्वाइंट पर सीसीटीवी कैमरा लगाया गया हैं। सुरक्षा को लेकर सीआरपी के जवानों की तैनाती की गई है। सभी स्ट्रांग रूम 23 नवंबर को खुलने के बाद मतगणना शुरू होगी। इसकी सभी तैयारी पहले से ही पूर्ण कर ली गई है।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक अंबर लकड़ा, उप विकास आयुक्त नवीन कुमार, अपर समाहर्ता हीरा कुमार, निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी देवघर रवि कुमार, निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी, मधुपुर राजीव कुमार, निर्वाची पदाधिकारी सह जिला आपूर्ति पदाधिकारी नरेश रजक, उप निर्वाचन पदाधिकारी शैलेश कुमार, जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार एवं संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित थे।
चाय दुकान से लेकर चौपालों तक हो रही जीत-हार की चर्चा
देवघर/वरीय संवाददाता। विधानसभा चुनाव 2024 को लेकर बुधवार को जिले के तीन विधान सभा में हुए मतदान होने के बाद अब राजनीति गलियारे ही नहीं चाय दुकान से लेकर चौपालों में लोग प्रत्याशियों के हार जीत की गणित बनाने में लग गए हैं। सभी लोग अपने आकलन के अनुसार जीत का दावा ठोक रहे हैं। हालांकि 23 नवंबर को मतगणना के बाद स्थिति साफ होगी। शहरी क्षेत्र में मतदान नहींकरने वाले मतदाता भी जीत का समीकरण बनाने में जुटे देखे गये।
भाजपा कार्यकर्ताओं को बंधक बनाने वाले पर हो कार्रवाई : नारायण
देवघर/वरीय संवाददाता। विधायक नारायण दास ने कहा कि जमुनियाटांड़ में बुधवार को वोट के दिन भाजपा कार्यकर्ताओं को राजद के लोगों द्वारा बंधक बनाकर रखा गया था और आज पुन: उनलोगों को धमकी दी जा रही है। श्री दास ने इस घटना की निंदा की है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कहा कि राजद हमेशा देवघर को अशांत करने की फिराक में रहता है। उन्होंने कहा कि वे कार्यकर्ताओं के साथ हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से दोषियों पर अविलंब कार्रवाई की मांग की है।
इलाज के क्रम में कैदी की मौत
देवघर/संवाददाता। देवघर सदर अस्पताल में इलाज के क्रम में एक कैदी की मौत हो गई। मृतक का नाम 58 वर्षीय पालटू महतो है जो कुंडा थाना क्षेत्र के करणीबाग इलाके का रहने वाला है। बताया जाता है कि 3 नवंबर को कुंडा पुलिस द्वारा मारपीट के आरोप में उसे जेल भेजा गया था। 12 नवंबर को जेल में उसकी तबीयत बिगड़ गई थी। जेल प्रशासन द्वारा उसे 12 नवंबर को 6.45 बजे शाम को इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के क्रम में 21 नवंबर की सुबह 07 बजे के आसपास उसकी मौत हो गई। सदर अस्पताल पहुंचे मृतक के बड़े पुत्र फाल्गुनी यादव ने बताया कि मारपीट कर पिता को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। इसे लेकर कुंडा थाना में मामला भी दर्ज कराया गया था। दूसरे पक्ष की ओर से भी मामला दर्ज कराया गया था मामले में उसके पिता को भी आरोपी बनाया गया था। कुंडा पुलिस द्वारा उसके पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। बेटे का कहना है की मारपीट में उसके पिता को अंदरूनी चोट लगी थी। इसी वजह से जेल में उनकी तबियत बिगड़ी। उपरांत उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां इलाज के क्रम में मौत हो गई। इधर सदर अस्पताल प्रबंधन द्वारा मौत की जानकारी स्थानीय पुलिस को दे दी गई है।
टोटो शोरूम से 3.50 लाख की चोरी
देवघर/संवाददाता। कुंडा थाना इलाके के बलियाचौकी स्थित एक टोटो शोरूम से बुधवार की देर रात को लाखों के सामान कि चोरी कार लिये जाने का मामला सामने आया है। टोटो शोरूम के सटर का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने न्यू टोटो में लगे 20 और बैटरी चार्जर के साथ वहां रखें लैपटॉप प्रिंटर सहित अन्य सामग्री जिसकी कीमत लगभग 3.50 लाख रुपए के सामान की चोरी कर ली गइ। इसकी जानकारी संचालक चंदन कुमार वर्मा को सुबह तब मिली जब वह दुकान खोलने पहुंचा। देखा कि दुकान का ताला टूटा हुआ है। संचालक चंदन कुमार वर्मा ने बताया कि चोरी की जानकारी उन्हें सुबह हुई जब स्टॉफ शोरूम खोलने आए खोलने के बाद पता चला कि पांच टोटो में लगे 20 बैटरी जिसकी कीमत लगभग 3 लाख, पांच चार्ज जिसकी कीमत 30000 हजार एक पुरानी बैटरी, एक प्रिंटर सभी की लागत करीब 3 लाख 50 हजार की चोरी हो गई। इसकी जानकारी कुंडा थाने को दी गई मौके पर पुलिस पहुंची और छानबीन की। ग्रामीण ने बताया कि इसके पूर्व भी एसबीआई सीएसपी के साथ एक दुकान और एक घर में चोरी हुई थी। स्थानीय ग्रामीणों ने लगातार हो रहे चोरी पर अंकुश लगाने की मांग पुलिस प्रशासन से किया है। मामले को लेकर दुकान संचालक आवेदन देकर कुंडा थाना में शिकायत दर्ज कराया है।
लोन चुकता करने के नाम पर 50 हजार की ठगी
देवघर/संवाददाता। जिले के रिखिया थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति से लोन चुकता करने के नाम पर लगभग 50 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी कर लिये जाने का मामला सामने आया है। इसे लेकर पीड़ित नया चितकाठ निवासी हरिशंकर राणा ने साइबर थाना में आवेदन देकर शिकायत किया है। कहा है कि सोशल साइट फेसबुक पर एक व्यक्ति से संपर्क हुआ वह उसे वेब स्नैप एप से ऑनलाइन लोन देने की बात कही। उसने उक्त एप के जरिये 25 हजार रुपए लोन लिया। उसका एजेंट अंतरराष्ट्रीय नंबर से संपर्क करता था। लोन चुकता करने के नाम पर उससे ब्याज सहित लगभग 50 हजार रुपए की ऑन लाइन की ठगी कर ली गयी। साइबर पुलिस शिकायत लेकर जांच में जुट गयी है।
ट्रेन की चपेट में आने से 35 वर्षीय महिला की मौत
देवघर/संवाददाता। देवघर-दुमका रेल लाइन पर रिखिया थाना क्षेत्र के जरूआडीह गांव के पास ट्रेन की चपेट में आने से एक 35 वर्षीय महिला की मौत हो गयी। मृतका का नाम सरस्वती देवी है।
मामले की जानकारी स्थानीय लोगों को हुई तो सभी घटनास्थल पर पहुंचे और इसकी जानकारी पुलिस को दिया। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। घटना के संबंध में मृतक महिला का देवर जरूआडीह गांव निवासी अशोक कुमार यादव ने बताया कि भाभी खेत से धान लेकर घर लौट रही थी। रेलवे लाइन पार करने के क्रम में ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई है। उन्होंने यह भी बताया कि भाभी को सुनाई कम देता था।
तीन लोगों से मोबाइल की छिनतई
देवघर/संवाददाता। नगर थाना इलाके के अलग- अलग इलाके के रहने वाले तीन लोगों से बाइक सवार बदमाशों ने मोबाइल की छिनतई कर ली। पीड़ित जसीडीह थाना क्षेत्र के मसनजोरा निवासी शैलेश कुमार सिंह ने बताया कि वह भगवान टॉकिज के पैदल रहे थे। उसी क्रम मंे बाइक से दो युवक पहुंचा और हाथ से मोाबइल छिनकर फरार हो गया। वहीं पांडेय गली धोबियाटोला निवासी शक्ति कुमार मिश्रा ने बताया कि वह कुछ कार्य से बाइपास रोड स्थित भूरभूरा मोड़ के पास गया था। उसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने हाथ से मोबाइल छिनतई कर भाग निकला। तीसरा पीड़ित बम्पास टाउन निवासी जितेन्द्र मेहता ने बताया कि वे बाजला चौक पर कुछ सामान खरीदने गये थे। उसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश मोबाइल छिनकर फरार हो गया। नगर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है।
उत्सर्जी कला प्रदर्शनी का हुआ शुभारंभ
देवघर/वरीय संवाददाता। 34वां वार्षिक कला प्रदर्शनी का उद्घाटन गुरुवार को पूजनीय अंशुमान चक्रवर्ती के हाथों से सत्संग नगर कोल डिपो के प्रांगण में हुआ। उद्घाटन समारोह में काफी संख्या में दर्शक मौजूद थे। इस प्रदर्शनी में 82 चित्रकार, मूर्तिकार, फोटोग्राफर अपने 280 से ज्यादा कलाकृतियों को प्रदर्शित किया है।
प्रदर्शनी में स्थानीय कलाकार के साथ झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, असम, उड़ीसा, दिल्ली से आये कलाकारों ने 12 हस्तकला का भी कई स्टॉल लगाया गया है। यह प्रदर्शनी 21 नवंबर से 23 नवंबर तक प्रतिदिन दोपहर 12:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक दर्शक के लिए खुला रहेगा। प्रति संध्या में स्थानीय एवं बाहरी कलाकारों का संगीत व नृत्य का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। एक विशेष आकर्षण के रूप में उत्सर्जी ने बच्चों के लिए ‘सिट एंड ड्रॉ प्रतियोगिता’ आयोजित किया है।
श्री शिव महापुराण कथा से वातावरण भक्तिमय
देवघर/वरीय संवाददाता। सतगुरू महर्षि मेंहीं परमहंस महाराज के शिष्यों की ओर से स्थानीय केकेएन स्टेडियम में सात दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा का आयोजन 21 नवंबर से 27 नवंबर तक किया जा रहा है। उक्त अवसर पर महर्षि मेंहीं ब्रह्मा विद्यापीठ हरिद्वार के परम पूज्य स्वामी व्यासआनंद जी महाराज के श्रीमुख से श्री शिव महापुराण कथा का प्रवचन प्रारंभ हुआ। सात दिवसीय शिव पुराण कथा प्रात: आठ बजे से 11 बजे एवं संध्या तीन बजे से छह बजे तक किया जाएगा। मुख्य आयोजक रघुवीर सिंह श्रवण सुल्तानियां, सुदर्शन बरनवाल, गणेश बरनवाल एवं राजीव नयन ने बताया कि हजारों की संख्या में महिला-पुरूष श्रद्धालुगण कथा के प्रथम दिन महाशिवपुराण कथा का श्रवण किया। आयोजक कमेटी की ओर से केके स्टेडियम में भव्य पंडाल का निर्माण कराया गया है। कथा के प्रथम दिन मुख्य कथावाचक महर्षि मेंहीं ब्रह्मा विद्यापीठ हरिद्वार के परम पूज्य स्वामी व्यासआनंद जी महाराज ने महाशिवपुराण कथा का महात्म को बताया। कहा कि शिवपुराण कथा का श्रवण मात्र से मनुष्य सभी पापों से मुक्ति पा सकता है। कथा के अंत में आरती की गई और प्रसाद वितरण भी किया।
ब्लड डोनेशन ऑन व्हील्स के तहत रक्तदान शिविर 24 को
देवघर/नगर संवाददाता। देवघर रक्त अधिकोष में रक्त की कमी को पूर्ण करने के उद्देश्य से इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा चलाए जा रहे बहुआयामी मुहिम ब्लड डोनेशन ऑन व्हील्स के तहत आगामी 24 नवम्बर को पूर्वाह्न नौ बजे से अपराह्न पांच बजे तक स्थानीय रामकृष्ण मिशन विद्यापीठ परिसर में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी रामकृष्ण मिशन विद्यापीठ और इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा संयुक्त रूप से पंजाब नेशनल बैंक के सकारात्मक सहयोग से मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन होगा। आयोजन को सफल बनाने की सारी तैयारी पूरी कर ली गई है। उक्त जानकारी रेडक्रॉस के चेयरमैन जीतेश राजपाल ने दी।