जामताड़ा। संवाददता। झारखंड राज्य रसोईया संयोजिका यूनियन जामताड़ा जिला कमिटी की बैठक नूरजहां बीबी की अध्यक्षता में हुई। सबसे पहले सभी सदस्यों ने बारी बारी से अपनी अपनी बातों को रखी। सभी की बातों को सुनने के बाद सीटु राज्य कमिटी सदस्य कामरेड लखन लाल मंडल ने केंद्र और राज्य सरकारों की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि चाहे केंद्र सरकार हो या राज्य सरकार हो रसोइया संयोजिका को शोषन किया है। आज भी उन्हें न्यूनतम मजदूरी नहीं मिल रहा है। उन्हें 2000 मासिक में काम करना पड़ता है। वह भी हाल में दस माह ही मिलता है। इसके अलावा उनसे जबरन स्कूल की साफ सफाई भी करना पड़ता है। सर्वसम्मति से अपनी समस्याओं के समाधान के लिए 12 अगस्त को अनुमंडलाधिकारी के समक्ष धरना प्रदर्शन करने का निर्णय लिया, जिसमें जिलेभर की रसोईया, संयोजिका भाग लेगी। इस बैठक में मुख्य रूप से भवानी किस्कू, नूरजहां वीवी, चाइना भंडारी, मकीना बीबी, हिना कोसर, अशोक भंडारी सहित अन्य ने भाग लिया।
गणेश पूजा को लेकर किया गया भूमि पूजन सह खुटा पूजा
लगातार 21वें वर्ष की जा रही है गणेश महोत्सव
जामताड़ा। संवाददाता। आगामी 7 सितंबर से शुरू होने वाले गणेश महोत्सव को लेकर रविवार को गांधी मैदान में भूमि पूजन सह खुटा पूजा का आयोजन किया गया। इस दौरान पंडित ने वैदिक मंत्र उच्चारण के साथ पूजा पाठ संपन्न कराई। भूमि पूजन के दौरान फूल, बेलपत्र, नारियल प्रसाद आदि चढ़कर पूजा अर्चना संपन्न हुई। इस संबंध में आयोजन समिति के लोगों ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी 10 दिवसीय गणेश महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भगवान गणेश की आदमकद प्रतिमा स्थापित कर पूजा अर्चना की जाएगी। कमेटी के सदस्यों ने बताया कि इस वर्ष 21वें वर्ष की पूजा है। बताया कि भूमि पूजन के साथ ही पंडाल निर्माण का कार्य प्रारंभ हो गया है। इस वर्ष भी बंगाल के कारीगर द्वारा आकर्षक पंडाल का निर्माण किया जा रहा है। पूजा के दौरान मेला का भी आयोजन होगा। जिसमें मनोरंजन के तरह-तरह के साधन उपलब्ध रहेंगे। बताया कि गणेश महोत्सव के दौरान ही मेला प्रांगण में एक दिन रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मेला कमेटी के लोग के अलावे मेला घूमने आने वाले लोगों द्वारा रक्तदान की जाएगी। साथ ही, लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित भी किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद का वितरण किया गया। मौके पर पूजा आयोजन समिति के काफी संख्या में सदस्य मौजूद थे।
जमात ए इस्लामी हिंद के सौजन्य से किया गया पौधारोपण
जामताड़ा। संवाददाता। नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत नारोडीह गांव में जमात ए इस्लामी हिंद की ओर से रविवार को पौधारोपण कार्य किया गया। इस अवसर पर जमात ए इस्लामी हिंद के विस्तार एवं स्थिरता के राष्ट्रीय सचिव डॉ हामीद मोहम्मद खान ने बताया कि अच्छी सेहत और ऑक्सीजन के लिए पेड़ पौधों का होना बहुत जरूरी है। उन्होंने इसका मुख्य उद्देश्य बताते हुए यह कहा है कि प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण के प्रति जागरूक होना चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा आवश्यक रूप से लगाना चाहिए यदि प्रकृति का संतुलन बनाना है तो पौधा लगाना है। वृक्षों से ही जीवन है, वृक्ष नहीं तो कुछ नहीं, वृक्ष प्रकृति की अनमोल देन है, वृक्षों से ही जीवन संभव है। इस भीषण गर्मी का मुख्य कारण है, वृक्षों की कमी। व्यक्ति अपनी आवश्यकता के लिए वृक्ष काट देते हैं। हमें वृक्ष को काटना नहीं है, हमें वृक्ष लगाना है। हमें प्रत्येक दिन पर्यावरण दिवस के रूप में मनाना है और पौधा लगाना है। वहीं जिला संयोजक मौलाना सिराजुद्दीन ने कहा कि जामताड़ा जिला में धार्मिक स्थल, ईदगाह, कब्रिस्तान, स्कूल, मदरसा आदि जगहों में 1000 से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। इस अवसर पर विस्तार एवं स्थिरता के प्रदेश सचिव मुजाहिदुल इस्लाम, जिला संयोजक मौलाना सिराजुद्दीन, मौलाना मंसूर आलम, मौलाना अब्दुल सत्तार कासमी, मौलाना उस्मान, मो फारूक आजम आदि काफी संख्या में लोग मौजूद थे।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर सर्वोदय सेवा समिति व पतंजलि योगपीठ की ओर से किया गया पौधरोपण
जामताड़ा। संवाददाता। सर्वोदय सेवा समिति जामताड़ा एवं पतंजलि योगपीठ शाखा जामताड़ा के संयुक्त रूप से रविवार को जामताड़ा के पर्यटक स्थल पर्वत विहार परिसर में गुरु पूर्णिमा के शुभ अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को लेकर पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मौके पर सर्वोदय सेवा समिति के सचिव मुन्ना कुमार ने कहा कि हम सबों ने पूरे सावन महीना में कुल 100 पेड़ से अधिक लगाने का लक्ष्य रखा है। जो आज पूर्णिमा के शुभ अवसर पर पांच पेड़ लगाकर कार्यक्रम की शुरुआत किया गया। आगे भी हम लोग प्रतिदिन यहां पर पांच पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण को लेकर समाज में एक संदेश देने की आवश्यकता है। लोगों को जागरूक भी करना होगा। साथ ही, उन्होंने कहा कि हम सभी लोग आज के समय में अपने जरूरतें पूरी करने को लेकर पेड़ को काट रहे हैं, जिससे हम सभी को ऑक्सीजन एवं अन्य चीजों में काफी नुकसान रहो रहा है। इसीलिए हम सभी को एक साथ मिलकर पौधरोपण करने की आवश्यकता है, जिससे हमारे आने वाले पीढ़ी को ऑक्सीजन, समय पर वर्षा सहित अन्य चीजों के लिए परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। मौके पर योगपीठ के प्रभारी उपेंद्र कुमार, प्रदीप चक्रवर्ती, चंद किशोर कुमार, हरधन महतो, सुधांशु महतो, राजेश कुमार, संजय कुमार, अर्जुन कुमार, कालिंदी रानी, कुणाल महतो सहित कई लोग उपस्थित थे।
गुरुकुल आवासीय संस्थान फतेहपुर में गुरु दक्षिणा कार्यक्रम आयोजित
नाला। संवाददाता। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर ज्ञानदीप गुरुकुल आवासीय संस्थान में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से गुरु दक्षिणा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी नाला विधानसभा कार्यक्रम प्रभारी मनोज गोस्वामी ने अंग वस्त्र तथा भागवत गीता देकर गुरुओं का सम्मान किया। मालूम हो कि हिमांशु शेखर मंडल के आवास पर आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान शिक्षक प्रणव कुमार मंडल, शिक्षक सुनील कुमार मंडल, हिमांशु मंडल आदि को सम्मानित किया गया। उक्त कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए मनोज गोस्वामी ने कहा कि गुरु पूर्णिमा के दिन सबसे प्रथम गुरु, माता-पिता तथा शिक्षक को नमन करना चाहिए और सही मार्ग दर्शक और धर्म के राह पर चलने की दिशा के अनुयायी गुरुदेव हैं।
गुरू पूर्णिमा पर शिवालय में उमड़ी शिव भक्तों की भीड़
नाला। संवाददाता। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर छात्र-छात्रा सहित आमजनों ने जहां अपने अपने गुरु का वंदन पूजन करते हुए उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं पूजा-अर्चना के लिए नाला प्रखंड क्षेत्र स्थित कर्दमेश्वर, देवली, कालींजर, भक्तेश्वर, कुमीरदाहा, महेशमुंडा आदि शिवालयों में भीड़ उमड़ी। ऐसे तो पूर्णिमा के दिन से ही सावन का आगाज हो जाता है और श्रद्धालु भक्तिरस में झुम उठते हैं। जिला प्रसिद्ध धार्मिक स्थल देवलेश्वर धाम में रविवार सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। बाबाधाम परिसर में बोल-बम और हर-हर महादेव की मधुर ध्वनि उच्चारित होने से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय बना हुआ था। कोई भगवान की जाप में मगन थे तो कोई बाबा मंदिर परिक्रमा करते हुए मन्नत मांग रहे थे। सनद रहे कि इस पावन तिथि में उपवास रखकर भगवान शंकर की पूजा और जलाभिषेक करने के लिए महिला पुरुष तथा नौनिहालों ने कतारबद्ध होकर मंदिर में प्रवेश किया। पुजारी जियाराम ठाकुर के सानिध्य में वैदिक रीति रिवाज से यजमानों को संकल्प पूजा किया गया। ध्यान देने योग्य बात यह भी है कि यहां पहुंचने वाले कांवरिया को छोड़ सभी श्रद्धालु पारिवारिक सुख शांति और समृद्धि के लिए संकल्प पूजा करवाते हैं। इसके लिए फूल, बेलपत्र और नैवेद्य थाली में सजाने के साथ साथ भोलेनाथ का प्रिय धतूरा, भांग तथा राम नाम लिखा हुआ बेलपत्र आदि सामग्री भी अर्पण किया जाता है। इधर बांग्ला सावन के पहला दिन यानी पिछले 17 जुलाई से प्रांगण में भजन-कीर्तन अनुष्ठान जारी रहने से श्रद्धालुओं ने भी चंद क्षणों के लिए शिरकत किया। बाबाधाम परिसर में शाम तक श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला।
गुरू पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
बिंदापाथर। संवाददाता। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बिंदापाथर थाना मुख्यालय स्थित शिव मंदिर के अलावा मंझलाडीह स्थित शिव मंदिर, श्रीपुर स्थित शिव मंदिर, गेड़िया स्थित बाबा कालिंजर मंदिर, निलकंठपुर स्थित शिव मंदिर, बस्ती पालाजोरी स्थित शिव मंदिर सहित अन्य शिवालयों में महिला पुरुषों श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना कर बाबा भोलेनाथ से सुख, शांति, समृद्धि व स्वस्थ्य रहने की कामना किया। इधर आषाढ़ी पूर्णिमा होने के फलस्वरूप समाज में मान्यता है कि इस तिथि को शंकर भगवान का जलाभिषेक करने से मनोवांछित फल प्राप्त होता है। यही कारण है कि रविवार सुबह से ही लोगों ने जलाभिषेक किया तथा दर्शन नमन करने के लिए भगवान के दरबार में पहुंचे। मौके पर बिंदापाथर थाना क्षेत्र के गेड़िया स्थित बाबा कालिंजर मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक के लिए कांवरिया और श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। बोलबम और हर हर महादेव के जयकारे से सभी शिवालय गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं ने महादेव का जयघोष करते हुए भक्ति भाव से पूजा-अर्चना की। सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की प्रार्थना करते हुए बेलपत्र, गंगाजल, फल-फूल, भांग, धतूरा आदि का शिवलिंग पर अर्पण किया। वहीं महिला श्रद्धालुओं ने पूर्णिमा का व्रत व उपवास रखकर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा अर्चना कर सुख समृद्धि की कामना की।
परिवार नियोजन कार्यक्रम के तहत नुक्कड़ नाटक का हुआ आयोजन
नाला। संवाददाता। जिला स्वास्थ्य समिति जामताड़ा के तत्वावधान में परिवार स्वास्थ्य मेला कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन को लेकर परिवार नियोजन कार्यक्रम के तहत जन जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। इस अवसर पर नाला प्रखंड क्षेत्र के सुंदरबाड़ी सहित विभिन्न जगहों में नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम का आयोजन कर लोगों को स्वास्थ्य मेला एवं परिवार नियोजन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की जानकारी दी गई। कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से छोटा परिवार सुखी परिवार तथा परिवार नियोजन के तहत स्थाई विधि और अस्थाई विधि तथा विभिन्न आयामों की जानकारी दी। इसके अलावा सरकार द्वारा संचालित परिवार नियोजन से संबंधित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर ललित टुडू, विभीषण कुमार दास, सुनीता हेम्ब्रम, श्रीप्रसाद कुमार, अरुण दास आदि मौजूद थे।
कार्यकारिणी की बैठक में संगठन मजबूती पर बल
मिहिजाम। संवाददाता। जामताड़ा विधानसभा युवा कांग्रेस की कार्यकारिणी की बैठक रविवार को मिहिजाम के पार्टी कार्यालय में आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता जामताड़ा युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष दानिश रहमान ने की। बैठक में मुख्य रूप से झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस के कोऑर्डिनेटर खुर्शीद खान, जामताड़ा जिला युवा कांग्रेस के प्रभारी प्रतीक सिंह, झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस के महासचिव विनोद क्षत्रिय उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश युवा कोऑर्डिनेटर खुर्शीद खान ने कहा कि युवा कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कड़ा निर्णय लिया है। कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए अब कांग्रेस युवाओं के मजबूत कंधों के सहारे विधानसभा चुनाव जीतने की तैयारी कर रही है। इसी को लेकर कांग्रेस प्रदेश में संगठन को और धारदार देने के लिए पूरे झारखण्ड प्रदेश में अभी से जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि यूथ जोड़ों, बूथ जोड़ों व डोर टू डोर, कैंपेन करने जा रहे हैं। युवा कांग्रेस के प्रभारी प्रतीक सिंह ने कहा कि हम सभी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दे दी गई है, जिसमें संगठन को लेकर जो भी कार्यकर्ता एक्टिव है उसे कार्य करने दें। जो लोग संगठन में एक्टिव नहीं है उसके स्थान पर नए लोगों को मौका दें। मौके पर प्रखंड अध्यक्ष दाऊद अंसारी, कांग्रेसी नेता मिंटू मंडल, मिहिजाम नगर अध्यक्ष अरुण दास, युवा नगर अध्यक्ष कृष्णा राम, प्रवक्ता इरशाद उल हक आरसी सहित अन्य मौजूद थे।
गोली मारकर दो लोगों को घायल करने वाला फरारी अभियुक्त गिरफ्तार
एसपी अनिमेष नैथानी ने प्रेस कांफ्रेस कर दी मामले की जानकारी
जामताड़ा। संवाददाता। करमाटांड़ थाना क्षेत्र के सकलपुर गांव में गोली मार कर दो लोगों को गंभीर रूप से घायल कर देने के मामले में फरार अपराधियों में एक से एक अपराधी को करमाटांड़ पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफल रहा है। गिरफ्तार अपराधी नारायणपुर थाना क्षेत्र के पोखरिया गांव निवासी हारून अंसारी है। इस संबंध में एसपी अनिमेष नैथानी ने रविवार को प्रेस कांफ्रेस कर मामले की जानकारी दिया। बताया कि 16 जुलाई को देवघर जिले के करौं थाना क्षेत्र के मदनकट्टा स्टेशन के आगे बसकुपी जाने वाले रास्ते में नदी के समीप तीन बाइक में 7 अपराधी सवार होकर मार्गोमुंडा थाना के पंचरूखी निवासी इलियास अंसारी से 8 मोबाइल की लूटपाट को अंजाम दिया था। लूट पाट के बाद सभी अपराधी करमाटांड़ रोड की ओर से भाग रहे थे। इसी बीच सूचना के आधार पर सकलपुर गांव के पास अपराधियों की बाइक को ग्रामीणों ने रोकने का प्रयास किया। लेकिन बाइक सवार सभी अपराधी फायरिंग कर भागने में सफल रहा। फायरिंग के दौरान हराधन मुर्मू व महेन्द्र साव गंभीर रूप से घायल हो गये थे। घायल व्यक्ति हराधन मुर्मू के बयान पर करमाटांड़ थाना में आर्म्स एक्ट का मामला कांड संख्या 99/2024 दर्ज कर एसआईटी टीम का गठन किया गया, जिसके बाद छापेमारी के क्रम में घटना में शामिल पोखरिया गांव के हारून अंसारी को चंद्रपुर गांव के पास से गिरफ्तार किया गया है। बाकी 6 अपराधियों को गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी किया जा रहा है। कांड में प्रयुक्त एक देशी कट्टा, दो जिंदा गोली, बिना नंबर प्लेट का एक बाइक, एक मोबाइल जब्त किया गया है। बताया कि घटना में संलिप्त मुख्य आरोपी सतुवाटांड़ के हामिद अंसारी अब भी फरार है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। बताया कि ये सभी अपराधी ज्यादा देवघर जिले में विभिन्न थाना क्षेत्र में लूटपाट की घटना को अंजाम देता था। मदनकट्टा स्टेशन में उतरने वाले ऐसे यात्रियों को निशाना बनाता था। साथ ही, साइबर अपराध से जुड़े लोगों को निशाना बनाकर लूटपाट की घटना का अंजाम देता था, जो थाना में शिकायत नहीं करते थे।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त हारून अंसारी का अपराधिक इतिहास रहा है। पूर्व में नारायणपुर थाना कांड संख्या 104/16 में आर्म्स एक्ट, पालोजोरी थाना कांड संख्या 94/16 में सारठ थाना में कांड संख्या 109/16, कुंडहित और फतेहपुर थाना में कांड संख्या दर्ज है।