देवघर/वरीय संवाददाता। गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल भंडारकोला मे राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के खेल एवं शारीरिक शिक्षक के अलावा वरिष्ठ शिक्षकों ने मेजर ध्यानचंद की तस्वीर पर माल्यार्पण किया। इस वर्ष राष्ट्रीय खेल दिवस का थीम “शांतिपूर्ण और समावेशी समाजों को बढ़ावा देने के लिए खेल” है। मेजर ध्यानचंद को हॉकी का जादूगर भी कहा जाता है। उन्होंने अपने खेल जीवन में 1000 से अधिक गोल दागे। उन्हें 1956 में भारत के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान पद्मभूषण से सम्मानित किया गया। उन्होंने खेल के क्षेत्र में भारत का सर दुनिया में ऊंचा किया। विदित हो कि खेलों में जागरूकता लाने के लिए 2012 में सरकार ने मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन को खेल दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया और तभी से 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इस अवसर पर विद्यालय में खेलकूद का आयोजन भी किया गया।
मकुनिया जंगल के कुएं से मिला एक व्यक्ति का शव
- पुलिस ने जतायी हत्या की आशंका
जसीडीह/संवाददाता। जसीडीह थाना अंतर्गत कोकरीबांक पंचायत के मकुनिया टोला जंगल स्थित एक सरकारी कुएं में 40 वर्षीय एक व्यक्ति का शव मिला। सूचना पाकर जसीडीह थाना के एएसआई शशिभूषण राय सशस्त्र पुलिस बल के साथ गुरुवार को घटनास्थल पहुंचे। साथ ही घटनास्थल आदि की छानबीन कर कुएं से शव को निकलवा कर कब्जे में कर कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया। इंस्पेक्टर सह जसीडीह थाना प्रभारी रवि ठाकुर ने संभावना व्यक्त कर कहा कि शव को देखने से प्रतीत होता कि उक्त व्यक्ति की हत्या कई दिन पूर्व की गई है और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को कुएं में डाल दिया। उन्होंने कहा कि शव की पहचान को लेकर ग्रामीणों से पूछताछ की गई लेकिन किसी ने पहचान नहीं किया। घटना एवं शव की पहचान को लेकर पुलिस छानबीन में जुटी है।
एफसीआई खुले बाजार बिक्री योजना के तहत करेगा चावल बिक्री
जसीडीह/संवाददाता। भारत सरकार के दिशा-निर्देश पर भारतीय खाद्य निगम द्वारा बाजार में चावल की कीमतों को नियंत्रित करने हेतु खुले बाजार विक्रय योजना के तहत चावल की बिक्री करने का निर्णय लिया है। उक्त जानकारी भारतीय खाद्य निगम मंडल कार्यालय देवघर के मंडल प्रबंधक आकाश कुमार ने गुरुवार को जसीडीह स्थित एफसीआई डिपो परिसर में प्रेस कांफ्रेंस कर दी। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत कोई भी थोक उपभोक्ता, व्यापारी एवं चावल उत्पादों के उत्पाद एम जंक्शन पोर्टल पर पंजीयन कराकर साप्ताहिक नीलामी प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। उक्त योजना के तहत हर हफ्ते की बुधवार को एम जंक्शन पोर्टल पर ई-नीलामी के माध्यम से बिक्री की जा रही है। मंडल प्रबंधक श्री कुमार ने कहा कि चावल की खरीद हेतु व्यापारी, थोक उपभोक्ता एवं चावल उत्पादों के उत्पादक द्वारा ई-नीलामी के माध्यम से बोली लगाई जाती है। साथ ही कहा कि भारतीय खाद्य निगम 80 करोड़ लाभार्थियों को मुफ्त खाद्यान्न उपलब्ध कराती है। ऐसे में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चावल गेहूं के बाजार भाव को भी नियंत्रित करना अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य की पूर्ति हेतु निगम चावल के लिए यह प्रक्रिया अपना रही है। उन्होंने कहा कि एक हजार मीट्रिक टन से दो हजार मीट्रिक टन तक चावल खरीदा जा सकता है। साथ ही इस योजना से मंहगाई से राहत मिलेगी और सभी जगह पर्याप्त चावल की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जा सकेगी। इस अवसर पर मंडल कार्यालय देवघर के वाणिज्य प्रबंधक कमलेश कुमार सिंह, खाद्य संग्रह डिपो जसीडीह के प्रबंध सिद्धार्थ टोप्पनो, एफसीआई मंडल कार्यालय देवघर के परिचालन प्रबंधक सजल प्रकाश सिन्हा उपस्थित थे।
जरुआडीह में पीसीसी पथ निर्माण का विधायक ने किया शिलान्यास
चितरा/संवाददाता। सारठ विधायक रणधीर सिंह ने गुरुवार को जमुआ पंचायत के जरुआडीह गांव में पीसीसी पथ निर्माण के लिए शिलान्यास किया। इस दौरान विधायक द्वारा शिलापट्ट का अनावरण कर एवं नारियल फोड़कर कर शिलान्यास कार्य सम्पन्न किया गया। इस मौके पर विधायक रणधीर सिंह ने कहा कि ग्रामीणों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए छोटी से छोटी और बड़ी से बड़ी योजनाओं को सरजमीं पर लाने का काम किया जा रहा है। कहा कि हमारा प्रयास है कि क्षेत्र के एक भी गांव के ग्रामीण विकास की रौशनी से वंचित न रहे, इसके लिए प्रयास जारी है। उन्होंने कहा कि आगे भी विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास का सिलसिला यूं ही जारी रहेगी। मौके पर यूनियन नेता अरुण महतो, खागा मंडल अध्यक्ष कामदेव यादव, सतीश महतो,ग्राम प्रधान मदन मोहन महतो, संतोष महतो, सुरेंद्र मंडल योगेंद्र मंडल,भूमिलाल महतो सहित अन्य उपस्थित थे।
वारंटी को पुलिस ने भेजा जेल
जसीडीह/संवाददाता। पुलिस ने जसीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत तुलसीटांड़ गांव से एक वारंटी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही कानून प्रक्रिया पूरी कर गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। जहां से उसे जेल भेजा गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार वारंटी का नाम वासु पुजहर है। जो काफी दिनों से पुलिस की नजरों से भागा फिर रहा था।
पवन ने रक्तदान कर महिला मरीज की बचायी जान
देवघर/नगर संवाददाता। भाजपा सारवां मंडल के पूर्व महामंत्री पवन पांडेय ने गुरुवार को एक महिला मरीज की प्राण रक्षा हेतु रक्तदान किया। बताया जाता है कि बगझोंपा, बासुकीनाथ की महिला मरीज राखी देवी रक्त की कमी के कारण बीमारी थी और शहर के सुधीर हॉस्पिटल में भर्ती थी। चिकित्सक ने महिला मरीज को शीघ्र ओ प्लस ग्रुप का एक यूनिट ब्लड चढ़ाने की सलाह दी। जिसके बाद परिजन ब्लड के लिए इधर उधर भागदौड़ करने लगे। इसकी सूचना पवन पांडेय को मिलने पर ब्लड बैंक पहुंच कर परिजन राजीव पांडेय से संपर्क कर महिला मरीज की जीवन रक्षा के लिए रक्तदान किया। रक्तदान करने के लिए परिजनों ने उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि रक्तदान करने के लिए युवा वर्ग को आगे आना चाहिए। चूंकि रक्त ही एक ऐसा जीवन रक्षक है, जो मानव से ही मानव को दिया जाना संभव है।
विधायक ने किया सड़क निर्माण का शिलान्यास
सारवां/संवाददाता। जरमुंडी विधायक बादल पत्रलेख ने गुरुवार को प्रखंड क्षेत्र के अलावा विभिन्न गांवों को जोड़ने के लिये तीन सड़क का शिलन्याय किया। इस अवसर पर उनके द्वारा सारवां तीरनगर मुख्य पथ से बेहराकनारी केरी तक दो करोड़ 48 लाख से बनने वाले 2.9 केएम सड़क, सारवां तीरनगर पथ से मडराइनसारे तक एक करोड सात लाख की लागत से 1.9 केएम सड़क, सारवां तीरनगर मुख्य पथ से राजासारे तपोवन वाया मडराइनसारे बेजुकूरा 7.1 केएम पथ का सुदृढ़ीकरण 3 करोड 85 लाख से बनने वाले सड़क का शिलान्यास फीता काट किया गया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष प्रो. उदय प्रकाश, दिनेश मंडल, मुखिया सुलेखा देवी, मो रिसासत अंसारी, नाजीर अंसारी, मो इरफान अंसारी, समाजसेवी विक्रम पत्रलेख, अनिल राउत,सुबास राय, अर्जुन यादव, पूर्व मुखिया श्रीकांत यादव, पप्पु सिंह, कांग्रेस यादव, छोटू सिंह, श्रीकांत सिंह, रामदेव यादव, संजय यादव, सूरज मंडल, रामदेव यादव, झारी बाबा आदि उपस्थित थे।
वार्षिक गणिनाथ पूजा को लेकर मध्यदेशीय वैश्य समाज ने की बैठक
चितरा/संवाददाता। चितरा में श्री श्री 108 भगवान गणिनाथ गोविंद जी महाराज की वार्षिक पूजा आयोजन को लेकर अखिल भारतीय मध्यदेशीय वैश्य समाज चितरा द्वारा चितरा स्थित हाटतल्ला में बैठक की गयी। बैठक की अध्यक्षता रामजी साह ने किया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 21 सितंबर को चितरा में भगवान गणिनाथ गोविंद जी महाराज की वार्षिक पूजनोत्सव धूमधाम के साथ किया जाएगा। तैयारी को लेकर विशेष रूप से चर्चा की गई। इस संबंध में चितरा शाखा अध्यक्ष रामजी साह ने कहा कि वार्षिक पूजा को लेकर समाज में प्रचार-प्रसार भी किया जायेगा और सभी को आमंत्रण पत्र देने के साथ साथ पूजा को सफल बनाने के लिए आवश्यक सहयोग की अपील भी की जायेगी। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया। मौके पर लखन साह, दामोदर साह, बाबूलाल साह, सकलदेव साह, मुकेश साह, राजेश साह, दीपू साह, दीपेश साह, मोनू साह आदि मौजूद थे।
यज्ञ समिति चितरा कोलियरी ट्रस्ट के संस्थापक सदस्य का निधन
चितरा/संवाददाता। चितरा एवं तिलैया निवासी सह चितरा यज्ञ समिति चितरा के संस्थापक सदस्य 89 वर्षीय अमूल्य रत्न अड्डी उर्फ पागल अड्डी की हृदयाघात के कारण निधन हो गया। इधर निधन की सूचना मिलने पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष शशांक शेखर भोक्ता एवं यज्ञ समिति के सदस्यगण अंतिम दर्शन करने पहुंचे। इस दौरान श्रद्धा सुमन अर्पित कर मृतात्मा की शांति के लिए कामना किया गया। पूर्व विस अध्यक्ष श्री भोक्ता ने कहा कि वे बहुत सरल मृदुभाषी स्वभाव के व्यक्ति थे। साथ ही वे यज्ञ समिति की स्थापना से ही बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे। मौके पर यज्ञ समिति के अध्यक्ष विवेकानारायण देव, सत्यनारायण, राजेश राय, अरुण पांडेय, मीडिया प्रभारी राममोहन चौधरी, ललित मिश्रा, अशोक भोक्ता, रवींद्र सिंह, अशोक सिंह, अशोक चौधरी, युगल किशोर राय, नवल किशोर राय सहित दर्जनों ने श्रद्धासुमन अर्पित किया।
भागवत कथा ज्ञान यज्ञ से इलाका हुआ भक्तिमय
मधुपुर/संवाददाता। स्थानीय चांदमारी हरि बोल मंडा स्थिर मंदिर परिसर में मां मनसा पूजा समिति के तत्वावधान में तीन दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ हुआ। प्रथम दिन गुरुवार को इस्कॉन मंदिर कोलकाता के मायापुरी से आए कथावाचक श्रीनिवास गोपाल प्रभु जी द्वारा श्रीमद्भागवत महिमा के बारे में वर्णन किया। कहा कि जन्म-जन्मांतर एवं युग-युगांतर में जब पुण्य का उदय होता है, तब ऐसा अनुष्ठान होता है। श्रीमद्भागवत कथा एक अमर कथा है। इसे सुनने से पापी भी पाप मुक्त हो जाते हैं। कहा कि वेदों का सार युगों-युगों से मानव जाति तक पहुंचाता रहा है।कथाओं में श्रीमद्भागवत कथा श्रेष्ठ है। जिस स्थान पर भागवत कथा का आयोजन होता है,वह तीर्थ स्थल कहलाता है। इसे सुनने और आयोजन करने का सौभाग्य प्रभु प्रेमियों को ही मिलता है। इसके सुनने से मनुष्य बुराई त्याग कर धर्म के रास्ते पर चलने के साथ-साथ मोक्ष को प्राप्त करता है। आयोजक मंडल के अनुसार श्रीमद्भागवत कथा वाचन प्रतिदिन तीन बजे से शाम छ: बजे तक किया जाएगा। श्रीमद्भगवत कथा का श्रवण करने के लिये के श्रोताओं की भीड़ उमड़ पड़ी थी। कार्यक्रम को सफल बनाने में पूजा समिति के अध्यक्ष पूर्व पार्षद मंजू देवी, सचिव अटल चौरसिया, उपाध्यक्ष सुरेश रजवार, दीपक गुप्ता समेत कई लोग लगे हुए हंै।
करौं की जनता ने जो प्रेम दिया है, वह भुलाया नहीं जा सकता : राज पलिवार
- पूर्व मंत्री ने जाना ग्रामीणों का हाल
मधुपुर/संवाददाता। गुरुवार को सूबे के पूर्व मंत्री राज पलिवार करौ बाजार का भ्रमण किया। इस दौरान दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता और नेता साथ में थे। इस अवसर पर उन्होंने करौं स्थित कर्णेश्वर मंदिर धर्मराज मंदिर सिंह महारानी मंदिर विष्णु मंदिर दुर्गा मंदिर आदि मंदिरों में माथा टेककर प्रखंड वासियों की मंगल कामना की। मुख्य सड़क होते हुए चंडी ताला चौक, धर्मराज चौक, हटिया चौक, केवट टोला, आचार्य ओला चक्रवर्ती टोला, बनिया टोला आदि जगह जाकर लोगों से मिलकर उनके समस्या के बारे में जानकारी ली। कहा कि सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। कहा कि वह करौं की जनता का ऋणी हैं। यहां की जनता ने जो प्यार दिया है उसे कभी भूलाया नहीं जा सकता। मौके पर जिला परिषद सदस्य ललन कुमार सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता विष्णु चौधरी, बलराम चौधरी, रॉकी मंडल, सुनील आचार्य, तारकेश्वर आचार्य सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
नेताजी सुभाष जागृति मंच के केंद्रीय अध्यक्ष के माता की पहली पुण्यतिथि मनी
देवघर/नगर संवाददाता। गुरुवार को नेताजी सुभाष जागृति मंच के केंद्रीय अध्यक्ष उदय चक्रवर्ती के माता की पहली पुण्यतिथि उनके निजी आवास पर मनाया गया। मौके पर मंच के सदस्य एवं पदाधिकारी सहित शहर के गणमान्य लोग उपस्थित हुए। जिसमें स्वदेशी जागरण मंच के जिला संयोजक मनोज सिंह, आर्ट ऑफ़ लिविंग प्रभारी अभय सिंह, आजसू केंद्रीय सचिव सह नेताजी सुभाष जागृति मंच के जिला अध्यक्ष ध्रुव प्रसाद साह, विश्वनाथ बनर्जी, मंच के केंद्रीय संरक्षक दीपू झा उर्फ दीपू राज, कृष्ण कुमार गुप्ता, कृष्ण ठाकुर, शिवशंकर दास, गौतम कर्मकार, उत्तम राय, मनोज कुमार, मुनमुन बोस, कल्पना कुमारी, सोनाली घोष, सरस्वती चक्रवर्ती, कृष्ण चक्रवर्ती, समिष्ठा चक्रवर्ती, रुद्र चक्रवर्ती, तापस चक्रवर्ती, तपन चक्रवर्ती, तरुण चक्रवर्ती, वरुण चक्रवर्ती, शिवम शंकर आदि ने माताजी के चित्र पर फूल चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित किया।