गोड्डा। कार्यालय संवाददाता । सदर प्रखंड के पुनसिया ग्राम निवासी सुनील मंडल हत्याकांड के नामजद आरोपी एवं डेविल्स ग्रुप के मुख्य संचालक मुकेश कुमार उर्फ मुकेश माही को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस बात की जानकारी मंगलवार को नगर थाना में आयोजित प्रेसकॉन्फ्रेंस के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आनंद मोहन सिंह एवं नगर थाना प्रभारी मुकेश पांडेय ने दी।
बताते चलें कि 22 सितंबर, 2022 को रात्रि अपराधियों ने सदर प्रखंड के पुनसिया ग्राम निवासी दो सगे भाई सुनील मंडल एवं अनिल मंडल के साथ बेरहमी से मारपीट की थी। अपराधी युवकों की बेरहम पिटाई के कारण सुनील मंडल की घटना स्थल पर ही मौत हो गई थी एवं उनके बड़े भाई गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। अपने परिवार की एक नाबालिग लड़की से छेड़खानी का विरोध करने पर अपराधियों ने दरिंदगी का परिचय देते हुए इस घटना को अंजाम दिया था। इस कांड में शामिल नामजद अभियुक्तों में अधिकांश डेविल्स ग्रुप से जुड़े अपराधी शामिल हैं। इस आपराधिक ग्रुप में कुछ नाबालिग लड़के भी शामिल हैं। हाल के कुछ माह के दौरान इस ग्रुप के अपराधी मानसिकता के लड़कों ने कई घटना को अंजाम दिया है।
23 सितंबर, 2022 को जख्मी अनिल मंडल, पिता स्व. अर्जुन मंडल, साकिन पुनसिया, थाना-गोड्डा नगर के आवेदन के आधार पर 13 नामजद एवं 10 -12 अज्ञात अपराधियों के विरूद्ध सुसंगत धाराओं में नगर थाना में कांड संख्या 260/22 अंकित किया गया था। पुनसिया की एक नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ का उसके परिजनों द्वारा मना एवं विरोध करने पर प्राथमिकी अभियुक्तों ने लाठी, डंडा, फैट मुक्का, लात से मार कर सुनील मंडल की हत्या कर दी थी एवं अनिल मंडल गंभीर रूप से जख्मी होकर सदर अस्पताल गोड्डा में इलाजरत था। एसपी नाथू सिंह मीणा के निर्देशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गोड्डा के नेतृत्व में कांड के अनुसंधान एवं छापामारी के लिए टीम का गठन किया गया था। इस मामले में पूर्व में सात प्राथमिकी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। एसपी मीणा के लागातार अनुश्रवण एवं निर्देश के आलोक में गठित टीम द्वारा उक्त कांड के प्राथमिकी नामजद अभियुक्त एवं डेविल्स ग्रुप के मुख्य संचालक मुकेश कुमार उर्फ मुकेश माही, पिता चन्द्रकांत साह, साकिन मोहनपुर, मारखन, थाना- गोड्डा (मु ), वर्तमान पता नहर चौक, मधुस्थली के पास, थाना-गोड्डा नगर को मंगलवार को सुबह गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
अपराधिक इतिहास
गिरफ्तार डेविल्स ग्रुप के मुख्य संचालक मुकेश कुमार, गोड्डा नगर थाना कांड संख्या 91/21, दिनांक 4 मार्च, 2021, भारतीय दंड विधान की धारा 341, 323, 307, 379/34 एवं गोड्डा नगर थाना कांड संख्या 234/21, दिनांक 13 जुलाई 2021, भारतीय दंड विधान की धारा 341,323, 504/34 में भी नामजद आरोपी रहा है। उसके पास से एक मोबाइल भी जब्त किया गया है जिसकी सहायता से डेविल्स ग्रुप के अपराधियों की जन्म कुंडली खंगालने में पुलिस लग गई है।