देवघर/वरीय संवाददाता। विगत 12 अक्टूबर को शहर के जाने माने कवि, साहित्यकार सह योगमाया मानवोत्थान ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष सुरेश प्रसाद सिंह ‘श्वेताभ’ की धर्मपत्नी वीणा देवी का निधन इलाज के दौरान हुआ। वे 2 अक्टूबर से शहर के स्वनामधन्य चिकित्सक के अधीन में इलाजरत थी। वे अपने पीछे चार पुत्र, पुत्रवधू, पोता-पोती छोड़कर गई। उनके बड़े पुत्र रवींद्र कुमार सिंह, मझले पुत्र मनोज कुमार सिंह, संझले पुत्र दिवेश कुमार सिंह व सबसे छोटे पुत्र, स्थानीय गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल में शिक्षक पद पर कार्यरत अभिषेक सूर्य सहित पूरे परिवार शोकग्रस्त हैं। उनकी मृत्यु की खबर सुनते ही विवेकानंद शैक्षणिक सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा संस्थान के केंद्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार सिंह देव, देवघर महाविद्यालय के पूर्व अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. रामनंदन सिंह, योगमाया ट्रस्ट के वर्तमान अध्यक्ष ई. अंजनी कुमार मिश्रा, समाजसेवी सुमन सौरभ, पत्रकार अजय संतोषी, रामायण वाचक कपिलदेव प्रसाद सिंह, भारती विद्यापीठ के उप-प्राचार्य संजीव कुमार सिंह व सैंकड़ों शुभाकांक्षियों ने उनके आवास पर जाकर दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की।
पूर्व पीएम डॉ मनमोहन को भारतरत्न देने की मांग
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवादल के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार ने केंद्र सरकार से देश के पूर्व प्रधानमंत्री व विश्व प्रसिद्ध अर्थशास्त्री डॉ मनमोहन सिंह को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न देने की मांग की है। श्री कुमार ने कहा कि जब स्वर्गीय पीवी नरसिम्हा राव देश के प्रधानमंत्री बने थे तो उस वक्त देश की अर्थव्यवस्था संकट में थी और देश की आर्थिक हालत खराब थी। नरसिम्हा राव के मंत्रिमंडल में वित्त मंत्री के पद पर आसीन डॉ मनमोहन सिंह का ही योगदान था कि देश की अर्थव्यवस्था पटरी पर आ पाई थी। यह कहने में कोई अतिशयोक्ति नहीं की न सिर्फ देश में बल्कि दुनिया के सबसे प्रख्यात अर्थशास्त्रियों में एक डॉ मनमोहन सिंह भारत रत्न पाने के पूर्ण हकदार हैं।
राजद की छात्र इकाई ने ने देवघर कॉलेज प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन
देवघर/वरीय संवाददाता। गुरुवार को राजद की छात्र इकाई ने अध्यक्ष सुरेश यादव के नेतृत्व में मांगों से संबंधित ज्ञापन देवघर कॉलेज देवघर के प्राचार्य बसंत कुमार गुप्ता को सौंपा। ज्ञापन में बताया गया है कि झारखंड अधिविद् परिषद द्वारा इंटरमीडिएट कक्षा में नामांकन फार्म एवं रजिस्ट्रेशन के लिए जो समय निर्धारित की गई थी उसे 15 नवंबर तक समय बढ़ाने जाए। कहा कि हाल ही में दुर्गा पूजा समाप्त हुआ है। इसके बाद दीपावली और छठ है जिससे छात्राओं को परेशानी हो रही है। अधिकांश छात्र नामांकन फॉर्म से वंचित रह जायेंगे। ऐसे ही कोविड-19 के चलते 2 साल तक आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ा था। अभिभावक की आर्थिक स्थिति को देखते हुए छात्र हितों को ध्यान में रखते हुए इंटरमीडिएट कक्षा में अधिक से अधिक छात्र का नामांकन फॉर्म भरा जा सके। प्राचार्य द्वारा आश्वासन दिया गया कि झारखंड अधिविद् परिषद सचिव को यह पत्र शीघ्र अग्रसारित कर देंगे। इस अवसर पर विकास कुमार यादव, कुंदन कुमार, राहुल फुलवारी एवं सौरभ सिंह मौजूद थे।