-यह आंशिक सूर्य ग्रहण दिखाई देगा भारत में
गोड्डा। संवाददाता । सूर्य ग्रहण एक ऐसी घटना है जिसका विज्ञान से लेकर धर्म और ज्योतिष में भी बहुत ज्यादा महत्व होता है। साल 2022 का अंतिम सूर्य ग्रहण 25 अक्टूबर मंगलवार को होगा यानी दीपावली के ठीक अगले दिन। ऐसा दुर्लभ संयोग कई दशकों में एक बार बनता है। यह आंशिक सूर्य ग्रहण होगा जो भारत में दिखाई देगा। धार्मिक और ज्योतिष नजरिये से यह ग्रहण काफी खास होगा। पंडित नितेश कुमार मिश्रा के अनुसार आंशिक सूर्य ग्रहण 25 अक्टूबर मंगलवार को आइसलैंड में दोपहर 2:29 बजे से शुरू होगा और शाम 6:32 बजे पर अरब सागर में समाप्त होगा। भारत में इसकी शुरूआत शाम लगभग 4:22 बजे से होगी और सूर्यास्त के साथ ही यह समाप्त हो जाएगा। झारखंड में यह ग्रहण शाम 4:42 बजे से शुरू होगा और 5:15 बजे पर समाप्त हो जाएगा। गोड्डा में यह आंशिक सूर्य ग्रहण की शुरूआत शाम 4:42 बजे से होगी और इसका समापन 5:06 बजे पर हो जाएगा। पंडित मिश्रा के मुताबिक इस बार यह सूर्य ग्रहण स्वाति नक्षत्र एवं तुला राशि पर लग रहा है। सूर्य ग्रहण का सूतक काल ग्रहण शुरू होने के 12 घंटे पहले प्रारंभ हो जाता है। भारत में सूर्य ग्रहण की शुरूआत शाम 4:22 बजे से हो रही है। ऐसे में इसका सूतक सुबह 4:22 बजे से आरंभ हो जाएगा। इस अवधि में मंदिरों में प्रवेश करना, मूर्ति स्पर्श करना, भोजन करना व यात्रा करना वर्जित है। बालक, वृद्ध व रोगी अति आवश्यक होने पर फलाहार ले सकते हैं। ग्रहण काल में दान, जप तथा मंत्र सिद्ध करने का विधान है। खगोलीय जानकारों के अनुसार जब धरती सूरज की परिक्रमा करती है और चंद्रमा धरती की परिक्रमा करता है। जब सूर्य और धरती के बीच चंद्रमा आ जाता है तो सूर्य की रोशनी को कुछ समय के लिए ढक देता है, इसी घटना को सूर्य ग्रहण कहा जाता है। यह सूर्य ग्रहण देश के पश्चिमी एवं उत्तरी हिस्सों में देखा जा सकेगा। लेकिन पूर्वोत्तर भारत में यह सूर्य ग्रहण नहीं दिखेगा। क्योंकि इस क्षेत्र में यह सूर्य ग्रहण सूर्यास्त के बाद लगेगा। भारत में यह ग्रहण उत्तराखंड, पंजाब, दिल्ली, लेह लद्दाख, जम्मू, श्रीनगर, गुजरात, राजस्थान, और पश्चिमी मध्यप्रदेश में यह ग्रहण दिखाई देगा। ओड़िशा, छत्तीसगढ़, मुंबई, बिहार, झारखंड, तमिलनाडु, कर्नाटक में कुछ ही देर के लिए यह ग्रहण दिखाई देगा। भारत के अलावा यह सूर्य ग्रहण उत्तरी हिंद महासागर, पाकिस्तान, अफगानिस्तान, यूरोप, पूर्वोत्तर अफ्रीका, दक्षिण पश्चिम एशिया, और अटलांटिक में दिखाई देगा।
आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन
-45 आवेदन हुए प्राप्त
महागामा/नगर संवाददाता । महागामा नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नं 05 में आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम के तहत बसुआ चौक स्थित दक्षिणी पंचायत सचिवालय के प्रांगण में आयोजित की गयी। जिसमें कचरा साफ-सफाई, जन शिकायत, जन्म-मृत्यु, प्रधानमंत्री आवास योजना, एनयूएलएम, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, होल्डिंग टैक्स के स्टॉल लगाए गए। शिविर का समय अवधि 10 सुबह से लेकर 4 बजे शाम तक है, हालांकि दोपहर 1 बजे तक शिविर में कम भीड़-भाड़ देखी गई। सभी स्टॉल पर मात्र दोपहर तक 9 आवेदन ही मात्र प्राप्त हुआ था जिसे लेकर नगर पंचायत महागामा के मधुरेन्द्र कुमार ने बताया कि कैम्प में कुल 45 आवेदन प्राप्त हुए हें। सभी की जांच कर समस्या का समाधान किया जाएगा। साथ ही शुक्रवार को महागामा दुर्गा मंदिर स्थित आदर्श क्लब 06 वार्ड के प्रागण में शिविर का आयोजन होना है
ऊर्जा नगर दुर्गा मंदिर के प्रांगण में विहिप की बैठक आयोजित
महागामा/नगर संवाददाता। महागामा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत उर्जा नगर दुर्गा मंदिर के प्रांगण में गुरुवार को विश्व हिंदू परिषद् की बैठक हुई। जिला के सभी प्रखंड के कार्यकर्ता एवं पंचायत के कार्यकर्ता गण बैठक में उपस्थित थे। मुख्य उद्देश्य संगठन मजबूती एवं सदस्यता अभियान को लेकर थी। वही कार्यक्रम में वीरेंद्र यादव, प्रांत सह मंत्री विभाग पालक साहेबगंज ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा हमें सबसे निचले स्तर पर ज्यादा कार्य करने की आवश्यकता है, सबसे नीचे उपखंड , वार्ड खंड, पंचायत, प्रखंड एवं जिला में ज्यादा से ज्यादा समिति का गठन कर युवा कार्यकर्ता को जोड़ना है, जिसकी उम्र 15 वर्ष से लेकर 40 वर्ष के बीच हो उसे जोड़ने की आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने बताया कि सदस्यता अभियान 06 नवंबर से लेकर 20 नवंबर, 2022 तक आयोजित की जाएगी। जिसमें गोड्डा जिला को 20 हजार सदस्य हित चिंतक में जोड़ने का लक्ष्य दिया गया है। वहीं बैठक में जिला महामंत्री प्रमोद ओझा, गोड्डा जिला संयोजक विवेक राज भगत, जिला संपर्क प्रमुख चंदन यादव, महागामा प्रखंड अध्यक्ष संदीप जायसवाल, प्रखंड संयोजक संतोष ठाकुर सहित दर्जनों कार्यकर्ता गण उपस्थित थे।