- महागामा दुर्गा मंदिर के पुजारी ने गंगासागर स्थित बेल वृक्ष का पूजन कर दिया आमंत्रण
महागामा। नगर संवाददाता पावन शारदीय नवरात्र के छठे दिन मां दुर्गा के कात्यायनी स्वरूप की पूजा की गई। पंडितों के अनुसार, इसकी महत्ता है कि देवी का यह स्वरूप विवाह कराने के लिए महत्वपूर्ण है। वैसे व्यक्ति जो प्रेम विवाह करना चाहते हैं या जिन लड़के लड़कियों का विवाह नहीं हो रहा है, शादी में अड़चनें आ रही है, उन्हें मां के कात्यायनी स्वरूप की पूजा कर उन्हें पीला कपड़ा, हल्दी आदि चढ़ाना चाहिए।
शनिवार की सुबह की पूजा के बाद महागामा दुर्गा मंदिर के सभी पंडित एवं पुजारी ढोल बाजा के साथ गंगासागर के समीप बेल वृक्ष के पास गए । वहां पूजा कर निमंत्रण दिया गया। बिल्व फल तोड़कर लाया जायेगा और नव पत्रिका के साथ उनकी पूजा होगी । उसके बाद मां की प्रतिमा में चक्षु दी जाएगी और उन्हें गर्भ गृह में प्रवेश कराया जाएगा। मां दुर्गा को विभिन्न प्रकार के आभूषण पहना कर उनकी पूजा की जाएगी । यह मंदिर राजा मोल ब्रह्म के वंशज दयाशंकर ब्रह्म, श्यामलाल ब्रह्म, रामलाल ब्रह्म, शंभू ब्रह्म के पूर्वजों के द्वारा स्थापित की गई थी। राजा मोल ब्रह्म महागामा के राजा थे। इसलिए महागामा के प्राचीन दुर्गा मंदिर में नवरात्रि की सभी पूजा राजसी तौर तरीके से की जाती है। पाठ पढ़ने के पांच पंडित सतीश कुमार झा, कौशलेश झा, अखिलेश मिश्र, पवन चौधरी, रवि भूषण झा शामिल हैं। जबकि राजा के प्रतिनिधि के रूप में अरविंद झा और जयशंकर शुक्ला उर्फ मिठू है। अन्य कार्य के लिए झिंटु सिकदार आदि हैं। जबकि ढोल बाजा बजाने के लिए दिलीप मेहतर हैं। इसके अलावा कुंवर गोपाल सिंह, अर्जुन ब्रह्म, श्रवण ब्रह्म, निरंजन ब्रह्म, शशिकांत झा, विकास शर्मा, डेनी कुंवर, राजा राम ब्रह्म आदि पूजा व्यवस्था में अपनी भूमिका निभा रहे हैं।
प्रतिबंधित पान मसाला बेचने वालों से वसूला गया जुर्माना
महागामा। नगर संवाददाता अनुमंडल पदाधिकारी सौरव कुमार भुवानिया के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डॉ मोईन अख्तर द्वारा महागामा शहरी क्षेत्र में दुकानों का निरीक्षण करते हुए प्रतिबंधित पान मसाला बेचने वालों से जुर्माना वसूला गया। औचक निरीक्षण के दौरान दुकानों में काफी मात्रा में प्रतिबंधित पान मसाला, तम्बाकू उत्पाद पाये गये। सभी प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों को जब्त करते हुए कोटपा एक्ट के तहत 5 दुकानदारों से कुल 550 रुपए जुर्माना वसूला गया और भविष्य में इसकी पुनरावृति नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई।
इसके साथ-साथ मिष्ठान भंडारों का भी औचक निरीक्षण किया गया। जिसमें मेसर्स रौनक स्वीट कॉर्नर, विक्रम आनंद मिष्ठान भंडार, राधा-कृष्णा मिष्ठान भंडार, कृष्णा मिष्ठान भंडार इत्यादि से पेड़ा, रसगुल्ला, बुन्दी लड्डु, स्पंज रसगुल्ला, बालू शाही इत्यादि का नमूना लिया गया। इसे रसायनिक जांच के लिए राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला, रांची भेजा जायेगा। मिलावट की पुष्टि होने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की जायगी। सभी दुकानदारों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने, खाद्य पदार्थों को ढंक कर रखने, मिठाइयों में किसी प्रकार मिलावट नहीं करने, रसायनिक रंगो का प्रयोग नहीं करने एवं खुली मिठाईयों में इस तारीख से पहले उपयोग करें, अंकित करने आदि का आवश्यक निर्देश दिया गया। आगामी दुर्गा पूजा, दीपावली, छठ पर्व को देखते हुए इस प्रकार का अभियान आगे भी चलता रहेगा।
जिला मुख्यालय में पुलिस ने किया फ्लैग मार्च
गोड्डा। दुर्गा पूजा के मौके पर विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस महकमा काफी अलर्ट है। इस क्रम में बीच-बीच में जिला मुख्यालय के होटलों की भी छानबीन की जा रही है। शनिवार की शाम नगर थाना प्रभारी मुकेश कुमार पांडेय की अगुवाई में पुलिस ने शहरी क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया। दुर्गा पूजा के मद्देनजर विभिन्न पूजा पंडालों में पुलिस बल की भी प्रतिनियुक्ति की गई है।