रैली में उमड़ा जनसैलाब, किया शक्ति प्रदर्शन
गिरिडीह। संवाददाता। राजधनवार विधानसभा क्षेत्र के निर्दलीय प्रत्याशी निरंजन राय ने खोरीमहुआ अनुमंडल कार्यालय में अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष सोमवार को नामजदगी का पर्चा दाखिल किया। इसके पूर्व वे अपने तिसरी स्थित आवास पपिलो से मां जमामो मंदिर में पूजा-अर्चना कर नामांकन कराने के लिए निकले। खुले वाहन में सवार होकर निरंजन राय लोगों को हाथ जोड़कर अभिवादन करते नजर आए। इस दौरान भारी तादात में लोगों का जनसैलाब उमड़ा पड़ा। भीड़ को देखने के लिए आस-पास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। भीड़ इतनी ज्यादा थी कि जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। आगे-आगे निरंजन राय थे, उनके पीछे हजारों की संख्या में उनके समर्थक नारेबाजी करते हुए चल रहे थे। नामांकन के दौरान भीड़ जुटाकर निरंजन राय ने अपनी ताकत दिखाया। रैली के माध्यम से निरंजन राय ने शक्ति प्रदर्शन किया। अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय में नामांकन करने के बाद निरंजन राय अपने समर्थकों के साथ डोरंडा के खरियोडीह मैदान में आयोजित आम सभा में पहुंचे। इस दौरान उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए निरंजन राय ने कहा कि वे चुनाव लड़ना नहीं चाह रहे थे परंतु क्षेत्र की जनता के प्यार, स्नेह व आशीर्वाद के कारण और उनके कहने पर वे चुनावी दंगल में कुदे हैं। कहा कि लोकतंत्र में जनता ही सर्वोपरी है। क्षेत्र की जनता का अगर सहयोग व आशीर्वाद इसी तरह मिलता रहा तो निश्चित रूप से उन्हें जीतने से कोई नहीं रोक सकता। कहा कि ये उनकी जीत नहीं बल्कि जनता की जीत होगी। उन्होंने कहा कि उनके चुनाव लड़ने से हो सकता है कि आने वाले समय में ईडी और सीबीआई के लोग उन्हें तंग करे, उससे आपलोगों को हताश होने की जरूरत नहीं है। मौके पर रामदेव राय, बसंत भोक्ता, प्रमोद राय, प्रमुख गौतम सिंह, लक्ष्मी वर्मा, अनिल यादव, बैजु मरांडी समेत हजारों की संख्या में समर्थक मौजूद थे।
जेबीकेएसएस प्रत्याशी अभिषेक साहू ने धनवार विधानसभा से किया नामांकन
गिरिडीह। संवाददाता। जेबीकेएसएस प्रत्याशी अभिषेक कुमार साहू ने सोमवार को धनवार विधानसभा क्षेत्र से नामांकन किया। उन्होंने खोरीमहुआ अनुमंडल कार्यालय में एसडीओ के समक्ष एक सेट में नामांकन पर्चा दाखिल किया। नामांकन से पूर्व झारखंड बचाओ क्रांतिकारी संघर्ष समिति के अभिषेक साहू ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ खोरीमहुआ से रैली निकालकर के पूरे विधानसभा क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान उनके साथ जेबीकेएसएस के केंद्रीय अध्यक्ष संजय मेहता, अनुराग पांडेय, रवि गुप्ता, कौसर अंसारी भी शामिल थे। नामांकन के बाद उन्होंने कहा कि वे धनवार विधानसभा का विकास करना चाहते हैं। कहा कि वे एक शिक्षित युवा हैं और उनके पास क्षेत्र के विकास का एक विजन है।
जीत का हो चुका है शंखनाद, जनता में उत्साह का माहौल: शाहाबादी
भाजपा प्रत्याशी निर्भय शाहाबादी ने नामांकन से पूर्व किया शक्ति प्रदर्शन
लोगों का उमड़ पड़ा हुजूम, शहर की यातायात व्यवस्था अस्त-व्यस्त
गिरिडीह। संवाददाता। भाजपा प्रत्याशी निर्भय कुमार शाहाबादी के नामांकन से पूर्व भाजपा युवा मोर्चा ने शहर में रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। सदर प्रखंड के मंगरोडीह पंचायत से निकाली गयी बाइक रैली शहर के विभिन्न मार्गो का भ्रमण करते हुए भंडारीडीह स्थित पार्टी के प्रधान चुनावी कार्यालय के समीप बनाये गए सभा स्थल पर पहुंची। मौके पर भाजयुमो कार्यकर्ता निर्भय शाहाबादी के पक्ष में गगनचुम्बी नारे लगा रहे थे। इधर भाजपा नेता दिनेश यादव के नेतृत्व में काफी संख्या में कार्यकर्ता रैली की शक्ल में सभा स्थल पर पहुंचे। नामांकन के पश्चात भाजपा प्रत्याशी निर्भय शाहाबादी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की जीत का शंखनाद हो चुका है। जनता अब बिना किसी भेदभाव को त्यागते हुए झारखंड को बचाने के लिए अपना मतदान करें। कहा कि भ्रष्टाचार, लूट-खसोट इस सरकार में बहुत हुआ है। कहा कि ऐसी शक्तियों को नेस्तनाबूद करने का काम झारखंड व गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र की जनता करें। वही मौके पर युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष मिथुन चंद्रवंशी, नगर अध्यक्ष हरमिंदर सिंह बग्गा, रंजीत राय, आकाश सिंह, संदीप देव, दिनेश यादव, संजीत सिंह पप्पू, राजेश शर्मा, हब्लू गुप्ता, दीपक स्वर्णकार, मनोज सिंह, साधु यादव, साथु ठाकुर, मुकेश जालान, संदीप डंगाईच, मनोज संघई, दीपक शर्मा, विवेश जालान, कंपू यादव, प्रियंका शर्मा, कुमार सौरव, दीपक यादव सहित भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।
गिरिडीह विधानसभा में खींची जायेगी विकास की लंबी लकीर: नवीन
जेकेएलएम प्रत्याशी नवीन चौरसिया की रैली में उमड़ा जन सैलाब
गिरिडीह। संवाददाता। गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र से जयराम महतो की पार्टी जेकेएलएम के प्रत्याशी नवीन आनंद चौरसिया ने सोमवार को 12 बजे सिविल कोर्ट के बगल में स्थित अनुमंडल कार्यालय में नामांकन किया। इससे पहले बाइक रैली पचंबा के तेतरिया मैदान से निकाली गई। बाइक जुलूस में निकले नवीन आनंद चौरसिया ने पचंबा और शहरी क्षेत्र में रोड शो किया। बाइक में हजारों की संख्या में उनके समर्थक नारेबाजी करते हुए शहर में प्रवेश किया। इस मौके पर नवीन आनंद चौरसिया ने लोगों से समर्थन मांगा और इस बार के विधानसभा चुनाव में परिवर्तन करने की बात कही। नामांकन के दौरान इनके साथ पार्टी के प्रमुख लोग मौजूद थे। इस बाबत नवीन आनंद चौरसिया ने बताया कि गिरिडीह में विकास का काम पूरी तरह से फ्लॉप है। जनता के आशीर्वाद से सेवा करने का मौका मिलेगा तो विकास की लकीर खींची जाएगी, पलायन को रोका जाएगा, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की व्यवस्था की जाएगी। यहां के आदिवासी, गरीब, युवा के लिए काम किया जाएगा। कहा कि बड़े-बड़े शिलान्यास का बोर्ड लगाने से कुछ नहीं होता विकास को तेज गति से धरातल पर उतारकर जनता को सुपुर्द करना है।
निर्भय शाहाबादी की सभा में हेमंत सरकार पर गरजे शिवराज सिंह, कहा
झारखंड मुक्ति मोर्चा के रहते झारखंड की जनता कभी सुखी नहीं रह सकती
मोहब्बत की दुकान चलाने वाले नफरत फैलाने में जुटे हैं
गिरिडीह। संवाददाता। भारतीय जनता पार्टी के गिरिडीह प्रत्याशी निर्भय कुमार शाहबादी के नामांकन सभा में केंद्रीय कृषि, किसान कल्याण सह ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान पहुंचे। यहां उपस्थित जनता और कार्यकर्त्ता को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री जो कहते हैं, वही करते हैं। वहीं कांग्रेस जो कहती है, वह नहीं करती है। झारखंड में सरकार हेमंत की बनी तो वादा किया कि पांच लाख लोगों को रोजगार देंगे लेकिन दिया नहीं गया। उन्होंने कहा कि हम तो सभी के सुखी रहने की कामना करते हैं, सभी के स्वस्थ रहने की कामना करते हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड की तरक्की की कामना करते हैं, लेकिन कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा के रहते यह राज्य सुखी नहीं रह सकता। कहा कि हेमंत की सरकार में आज लगातार बहनों का अपमान हो रहा है। राहुल कहते हैं कि वे मोहब्बत की दुकान चला रहे हैं, मोहब्बत की दुकान। झारखंड में राहुल की दुकान इरफान अंसारी चला रहे हैं। कहा कि ये लोग मोहब्बत की दुकान चलाने की बात कर नफरत फैलाने में जुटे हैं। शिवराज सिंह ने कहा कि ये लोग नफरत के सौदागर हैं। ये सिर्फ नफरत फैला सकते हैं। ये रोज मां-बहन का अपमान करने वाले हैं। अभी हमारी बहन सीता सोरेन को अपमानित किया। सीता सोरेन कौन हैं दिवंगत दुर्गा सोरेन की पत्नी, शिबू सोरेन की बहू और सूबे के मुख्यमंत्री हेमंत की भाभी। हमारे यहां भाभी को मां का दर्जा दिया जाता है और इरफान अंसारी ने मां का अपमान कर दिया। कहा कि इन बातों को सुनकर दर्द होता है। यहां बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। इस दौरान शिवराज ने हेमंत सोरेन की सरकार पर खूब हमला बोला। सभा के दौरान प्रत्याशी निर्भय कुमार शाहाबादी ने अपने प्रस्तावक के साथ गिरिडीह एसडीएम श्रीकांत बिस्पुते के समक्ष अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया। इस बाबत श्री शाहबादी ने बताया कि लोग जात-पात को प्रमुखता ना देते हुए सभी स्वच्छ रूप से झारखंड को अगर बचाना है तो अपना-अपना मतदान भाजपा के पक्ष में करें। इस दौरान छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा, भाजपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र राय, राष्ट्रीय लोकजनशक्ति पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार राज के अलावा विनय सिंह, श्याम प्रसाद, डॉ विनिता, मुकेश जालान, पूनम प्रकाश, पूनम देवी, संदीप डंगाईच, सुभाष सिन्हा, सुरेश मंडल समेत कई नेता मौजूद थे।
निर्भय शाहाबादी, विनोद सिंह, निरंजन राय, नवीन आनंद समेत कई ने किया नामांकन
सभी प्रत्याशियों ने नामांकन के दिन अपनी शक्ति का किया प्रदर्शन
गिरिडीह। संवाददाता। इस बार का विधानसभा चुनाव काफी रोमांचक देखने को मिल रहा है। नामांकन को लेकर जहां एक ओर सभी प्रत्याशी अपनी शक्ति का प्रदर्शन कर रहे हैं। नामांकन के पांचवें दिन गिरिडीह विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी निर्भय शाहाबादी ने नामांकन का पर्चा दाखिल किया। इस दौरान इनके साथ भाजपा नेता विनय सिंह, चुन्नूकांत, शालिनी बैसखियार, दीपक यादव, राजेश शर्मा आदि मौजूद थे। वहीं बगोदर विधानसभा सीट से सीपीआई माले प्रत्याशी विनोद सिंह ने नामांकन का पर्चा दाखिल किया। वहीं निरंजन राय ने धनवार से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन का पर्चा भरा। नवीन आनंद चौरसिया ने जेएलकेएम पार्टी से नामांकन का पर्चा भरा। सोमवार को कुल 33 लोगों ने नामजदगी का पर्चा दाखिल किया है।
कई ईलाकों में खुला भाजपा प्रत्याशी मुनिया देवी का चुनावी कार्यालय
झामुमो और माले छोड़कर दर्जनों ने थामा भाजपा का दामन
बेंगाबाद। संवाददाता। गांडेय विधानसभा चुनाव को लेकर बेंगाबाद प्रखंड के छोटकी खरगडीहा मंडल और बेंगाबाद मंडल में भाजपा के चुनाव कार्यालय का अलग अलग निर्धारित समय पर उद्घाटन किया गया। वहीं अहिल्यापुर और ताराटांड़ में भी कार्यालय खोला गया। वहीं भाजयुमो प्रखंड अध्यक्ष सुधीर राणा के नेतृत्व में माले छोड़कर सुनील राय, अनूप मंडल, साथ कई अन्य कार्यकर्ताओं ने भाजपा का दामन थामा। साथ ही, खरगडीहा मंडल में झामुमो और माले छोड़कर दर्जनों कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर पूर्व विधायक लक्ष्मण स्वर्णकार ने सबों को माला पहना कर स्वागत किया। चुनाव कार्यालय का उद्घाटन भाजपा के प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा, मंडल अध्यक्ष सौरभ सागर मिश्रा ने तो छोटकी खरगडीहा मंडल में पूर्व विधायक लक्ष्मण स्वर्णकार, मंडल अध्यक्ष रघुनंदन कुशवाहा ने किया। उद्घाटन के मौके पर राजेश पोद्दार, महेंद्र वर्मा, शिवपूजन राम, सुधीर राणा, सुनील राय, अनिल यादव, राजेंद्र, वर्मा, अजीत राणा, अर्जुन वर्मा, कैलाश वर्मा, दिनेश शर्मा, हेमराज साह, भुनेश्वर मंडल, रिंकू राणा, अजीत सिंह, प्रवीण राम, शंकर तिवारी, दिवाकर पाठक, हरि वर्मा, दशरथ सिंह, महेंद्र तिवारी, हरि पंडित, इंद्रजीत सिंह, नंदकिशोर साह, संदीप गुप्ता, बाबूलाल मिश्रा, बैजनाथ यादव, बुधन साह, अजय राणा, सुभाष राणा, मनोज पाण्डेय, मित्नारायण वर्मा, रेनू चौरसिया, निरंजन पाण्डेय, मुन्ना सिंह, महेंद्र पंडित, रामचंद्र यादव, प्रकाश मंडल बुधन साह ओबीसी मोर्चा मंडल अध्यक्ष बाबूचंद साह, सुभाष राणा, बुधन साह, अजय राणा समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
झामुमो प्रत्याशी बेबी देवी ने किया नामांकन का पर्चा दाखिल
डुमरी। संवाददाता। डुमरी विधानसभा क्षेत्र से इंडिया गठबंधन के झामुमो प्रत्याशी पूर्व मंत्री बेबी देवी ने सोमवार को निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी डुमरी शहजाद परवेज के समक्ष नामांकन दाखिल किया। इस उपरान्त पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि डुमरी विधानसभा में मेरे किए गए कामों का परिणाम स्वरूप मुझे जीत दिलाएगी। साथ ही, कुछ अधुरे कामों को पुरा करने के लिए मैं हमेशा तत्पर रही हूं और हमेशा ही रहूंगी। किसानों के लिए सिंचाई की व्यवस्था के लिए कोनार नहर परियोजना के लिए स्वीकृति मिल चुकी है। वहीं राष्ट्रीय जनक्रांति मोर्चा पार्टी से नामांकन पत्र दाखिल करने वाले अब्दुल मोबिन रिजवी ने कहा कि राज्य बने 24 साल हो गया लेकिन जो विकास कार्य होना चाहिए वह नहीं हुआ है। कहा कि इन चौबीस सालों में 13 मुख्यमंत्री बनना यह दर्शाता है कि राज्य की सत्ता में काबिज रहने वाले दलों ने राज्य को लेकर कभी भी संवेदनशील नहीं रही।
राज्य को बाहरी ताकतों से बचाएं, नहीं तो भयावह होगा भविष्य : हेमंत
झामुमो प्रत्याशी बेबी देवी के पक्ष में सभा को मुख्यमंत्री ने किया संबोधित
डुमरी। संवाददाता। आइएनडीआइए गठबंधन के झामुमो प्रत्याशी बेबी देवी के समर्थन में सोमवार को केबी हाई स्कूल के मैदान में आयोजित नामांकन सभा में झारखण्ड मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हम आज आपके बीच वोट मांगने आए हुए हैं। इन पांचों सालों में बहुत उतार चढ़ाव हुआ है। पहले हम किस तरह दिखते हैं अभी हमारी हालत कैसे हो गई है। मेरे कार्यकाल में कोरोना काल में दो-दो मंत्रियों को खोया है। हाजी हुसैन एवं जगरनाथ दा को खोया हैं जो भरपाई कभी नहीं हो सकती है। आज हमने मैया बहनों को मैया सम्मान योजना के तहत पैसा आप सबके खाते में गया है, जिसे बढ़ा कर 25 सौ रूपए कर दिया गया है। ये डुमरी विधानसभा जगरनाथ बाबू की कर्मभूमि है। इस भूमि को सींचने में कोई कसर नहीं छोड़ा था। आज आप सब भी वोट देकर झामुमो की सरकार बनाइए और हमारी हाथों को मजबूत कीजिए। श्री सोरेन ने कहा कि हमारी सरकार ने किसानों को 2 लाख का कर्ज माफ किया है। बिजली बिल माफ किया। वहीं 200 यूनिट बिजली फ्री किया है, जो आज तक किसी ने नहीं किया। जबकि मंत्री बेबी देवी ने कहा कि मैया सम्मान योजना की राशि जो आपके खाते में गई है, वह आपकी सम्मान के लिए दिया गया है। ये सम्मान योजना मेरे पति स्वर्गीय जगरनाथ बाबू का वचन था।