देवघर/वरीय संवाददाता। महर्षि महेश योगी जी का 108वां जन्म उत्सव महर्षि द्वादश ज्योतिर्लिंग परिक्रमा कार्यक्रम रामपुर देवघर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। आश्रम प्रभारी अजीत श्रीवास्तव ने बताया कि महर्षि जी के तपोनिष्ठ शिष्य वेद विद्या मार्तंड ब्रह्मचारी गिरीश जी के दिशा-निर्देश में पूरे भारत में आज महर्षि का जन्म उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। आचार्य दिलीप उपाध्याय और पंकज पांडे के साथ 65 बटुक पंडितों द्वारा सर्वप्रथम गुरु पूजन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की गई। उसके बाद शांति पाठ रुद्राष्टाध्याय का पाठ विष्णु सहस्त्रनाम त्रिलोक विजय कवच तथा बच्चों द्वारा अन्य कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। जिसमें वेद गीत गाए गए। इस संस्था में बिहार, झारखंड एवं बंगाल उड़ीसा के साथ पूरे देश से कर्मकांड की शिक्षा दीक्षा के लिए वैदिक पंडित आते हैं तथा उनको नि:शुल्क सेवा महर्षि संस्थान द्वारा दिया जाता है। जिसमें आवासीय सुविधा के साथ खाना-पीना कपड़ा सब परम पूज्य महर्षि जी के संस्थान द्वारा नि:शुल्क दिया जाता है। पूरे वैदिक पंडितों द्वारा एवं उपस्थित लोगों द्वारा परम पूज्य महर्षि अमर रहे के नारे से पूरा आश्रम गूंज उठा। इस अनुष्ठान में काफी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।
जयंती पर स्वामी विवेकानंद को श्रद्धांजलि
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवादल के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार ने जयंती पर स्वामी विवेकानंद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा की स्वामी जी की जयंती को युवा दिवस के रूप में मनाने का एकमात्र उद्देश्य यह है की सभी युवा वर्ग एक दूसरे के बीच बंधुत्व, एकता, राष्ट्रीयता, पारस्परिक सहयोग एवं सहानुभूति और कर्तव्य परायणता की भावना को विकसित करें। वर्तमान परिपेक्ष में राष्ट्र के चतुर्दिक उत्थान एवं सर्वांगीण विकास हेतु युवाओं की भूमिका और भी ज्यादा महत्वपूर्ण हो गई है। स्वामी जी के मूल मंत्र को आत्मसात करके ही भारतीय संस्कृति की महान गौरवशाली परंपरा को जीवित रखा जा सकता है।
सांसद प्रियंका गांधी को जन्मदिन पर बधाई
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवादल के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव सह लोकसभा सदस्य प्रियंका गांधी को जन्मदिन पर बधाई देते हुए उनके दीर्घायु होने की कामना की ताकि उनके कुशल नेतृत्व में पार्टी एवं राष्ट्र को एक नई दिशा और दशा मिलती रहे।
ब्लड बैंक का होगा आधुनिकीकरण : उपायुक्त
- मधुपुर अनुमंडल अस्पताल के ब्लड बैंक स्टोरेज यूनिट को किया जाएगा हाइटेक
देवघर/वरीय संवाददाता। जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर और सुदृढ़ बनाने की दिशा में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी विशाल सागर के निर्देशानुसार पुराने सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक का आधुनिकीकरण व जीर्णोद्धार के साथ ब्लड बैंक को आधुनिक उपकरण मुहैया कराया जा रहा है। साथ ही उपायुक्त ने अपने अनटाइड फंड से कुल 45 लाख रुपये की राशि प्रदान की है, ताकि ब्लड बैंक में डोनर काउच, ब्लड स्टोरेज फ्रिज, डोमेस्टिक फ्रिज, ईएलआईएसए मशीन, बाइनोकुलर माइक्रोस्कोप, व्यू बॉक्स, वर्टीकल ऑटोक्लेव, इलेक्ट्रॉनिक वेट बैलेंस, ब्लड बैग शेकर, वाटर कूलर, जेनसेट 30 केवीए, इंवर्टर, बैटरी, इनक्यूबेटर, पेशेंट बेड, सिविल वर्क, इलेक्ट्रिक वायरिंग आदि का कार्य किया जाएगा। इसके अलावा आमजनों की सुविधा के लिए टीवी लाउंज, वेटिंग एरिया विथ रिसेप्शन, बैठेने के लिए कुर्सी के साथ एसी की व्यवस्था और ब्लड बैंक के आसपास के क्षेत्रों का सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जाएगा, ताकि आधुनिक ब्लड बैंक से जिलावासियों को हरसंभव सहयोग व सुविधा मिल सके। साथ ही उपायुक्त ने जिला स्तर से तैयार डीपीआर के अनुरूप कार्यों को ससमय पूर्ण करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों व कार्यपालक अभियंता को दिया है। उपायुक्त निर्देशानुसार मधुपुर अनुमंडल अंतर्गत मधुपुर अनुमंडल अस्पताल में ब्लड बैंक स्टोरेज यूनिट का आधुनिकीकरण व सुदृढ़ बनाने की दिशा में डीएमएफटी मद से 4 लाख रुपये की राशि प्रदान की है, ताकि अनुमंडल अस्पताल में संचालित ब्लड बैंक का अपग्रेड किया जा सके। साथ ही ब्लड बैंक का जल्द ही जीर्णोद्धार के साथ आवश्यक कार्य शुरू किया जाएगा, ताकि आमजनों को असुविधा न हो।
डीएवी में स्वामी विवेकानंद की जयंती मनी
देवघर/वरीय संवाददाता। रविवार को गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल कास्टर टाउन, देवघर में महान भारतीय संत, दार्शनिक व देशभक्त स्वामी विवेकानंद की 162 वीं जयंती पर ‘राष्ट्रीय युवा दिवस समारोह’ का आयोजन किया गया। प्रात: कालीन सभा में प्राचार्य एवं शिक्षकों ने स्वामी विवेकानंद की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर प्राचार्य दिलीप कुमार सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय युवा दिवस देश के नव युवकों को प्रेरित करने के उद्देश्य से मनाया जाता है। स्वामी विवेकानंद की शिक्षाएं और संदेश आज भी पूरे विश्व का मार्गदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया था कि वे अपना लक्ष्य निर्धारित करें और चरित्रवान बनकर कठिन परिश्रम के साथ देश सेवा में जुटें। आज के दिन उनके विचारों को देश के हर युवा तक पहुंचाना है जिससे देश के प्रगति में अपना योगदान दे सकें। ‘अध्यात्म विद्या और भारतीय दर्शन के बिना विश्व अनाथ हो जाएगा’ यह स्वामी जी का दृढ़ विश्वास था। वे सदा अपने को गरीबों का सेवक समझते थे। भारत के गौरव को देश-देशांतरों में उज्ज्वल करने का सदैव प्रयास किया। उनका जीवन दर्शन, कार्य एवं आदर्श हर भारतीय के लिए सदैव प्रेरणा स्रोत रहेगा।
दीनबंधु उच्च विद्यालय में याद किए स्वामी विवेकानंद
देवघर/वरीय संवाददाता। रविवार को दीनबंधु उच्च विद्यालय के रवीन्द्र सभागार में स्वामी विवेकानंद जी की 163वां जयंती मनाई गई। उनके प्रति श्रद्धा-सुमन जताने वाले में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ एन सी गांधी, सचिव संदीप कुमार गोस्वामी, सदस्या शाश्वती चटर्जी, रेखा दास, पूर्व सदस्य मिहिरलाल दास, ट्रस्ट कमिटी के सचिव शरदिंदु कुंडू,सनधा साथी ग्रुप के सचिव देवाशीष चटर्जी, राम नंदन सिंह, प्रसून वसु, संस्थापक शिक्षक बिधान चन्द्र मंडल, रजत मुखर्जी, बीएस झूले, प्रकाश चंद्र झा, प्रधानाध्यापक काजल कान्ति सिकदार, शिक्षक जीतेन्द्र कुमार चन्द्र, शिक्षक शिक्षिकाओं में मनीष घोष, भारती कुमारी, सुदीप्ता चक्रवर्ती, जीत राय मैनाक दास, विकास कुमार दास,राजू कुमार के अलावे और गणमान्य व्यक्तियों ने स्वामी विवेकानंद के चित्र में पुष्प अर्पित किए।
वृद्धा आश्रम के लोग शरीरिक और मानसिक रूप से रहें प्रसन्न : उपायुक्त
- वृद्धा आश्रम में रह रहे बुजुर्गों के बीच गर्म कपड़े, शॉल, दवाई, चप्पल, फल और व्हीलचेयर का किया गया वितरण
- मूकबधिर और दिव्यांग बच्चों के बीच स्वेटर, जैकेट, फल एवं चॉकलेट का किया वितरण
देवघर/वरीय संवाददाता। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी विशाल सागर ने रविवार को देवघर प्रखण्ड के चांदडीह गांव में स्थित वृद्धा आश्रम का निरीक्षण कर वहां रहने वाले बुजुर्गों व मूक बधिर बच्चों से मुलाकात कर उन्हें मिलने वाली सुविधाओं से अवगत हुए। साथ ही वृद्धा आश्रम में मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधा, रसोईघर, स्नानघर एवं शौचालयों की साफ-सफाई की वस्तुस्थिति से अवगत हुए। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों व आश्रम के संचालक को निदेशित किया कि वृद्धा आश्रम में रहे बुजुर्गों के देखाभाल के साथ-साथ उनकी नियमित स्वास्थ्य जांच कराते रहें एवं यह कोशिश है कि यहां रहने वाले सभी बुजुर्गों व बच्चों को सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं ससमय उपलब्ध हों एवं उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। आगे उपायुक्त ने ठंड को देखते हुए आश्रम में रह रहे बुजुर्गों के बीच गर्म कपड़े, शॉल, ठंड से बचाव हेतु दवाई, चप्पल व फल का वितरण कर भोजन कराया गया एवं आश्रम संचालक को निर्देशित किया गया कि जिन सामग्रियों की आवश्यकता हो उसकी सूची उपलब्ध कराया जाय, ताकि आश्रम को हरसंभव मदद की जा सके।
फर्जी नोटिस भेजकर ठगी का प्रयास
देवघर/संवाददाता। एक युवक को फर्जी नोटिस देकर ठगी का प्रयास किए जाने की शिकायत की गई है। इस सिलसिले में नगर थाना क्षेत्र के नंदन पहाड़ रोड निवासी अंकित कुमार का कहना है कि उसे एक नंबर से काल आया। काल करने वाले ने कहा कि आपने इंडिगो का फार्म भरा है। फोन करने वाले ने उसे 3500 रुपया देने को कहा। पैसा जमा नहीं करने पर कानूनी कार्रवाई किए जाने की धमकी दी गई। युवक को बातचीत के दौरान लगा कि उसे ठगने का प्रयास हो रहा है। उसके बाद उसने साइबर थाने में इसकी शिकायत की। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
मारपीट कर छिनतई का आरोप
देवघर/संवाददाता। मारपीट कर नकदी छीन लेने का आरोप लगाते हुए नगर थाने में शिकायत की गई है। जिले के सारठ थाना क्षेत्र के नगड़ो गांव निवासी अभिषेक कुमार राणा उर्फ टिंकू कुमार का कहना है कि देवघर रेलवे स्टेशन के पास से जा रहा था। इस दौरान कुछ युवकों ने आकर उसके साथ मारपीट किया। उसकी गाड़ी का चाबी निकाल लिया। उसके बाद उसे थाना ले जाने की बात कही, लेकिन वे लोग उसे दूसरी ओर ले जाने लगे। इस बीच वहां लोग जमा हो गए। लोगों को जमा होते देख उन लोगों ने मारपीट कर उसके पास से 4800 रुपए नकद छीन लिया और वहां से भाग गए। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
सड़क हादसे में छोटे भाई की मौत, बड़ा भाई हुआ घायल
- रेलवे के स्लीपर बनाने वाली फैक्ट्री से काम कर लौट रहे थे दोनों भाई
देवघर/संवाददाता। जिले के मधुपुर थाना क्षेत्र के सुग्गापहाड़ी इलाके में रविवार को हुए सड़क हादसे में एक भाई की मौत हो गई जबकि दूसरा भाई घायल हो गया। मृतक का नाम कुंदन कुमार है। वहीं घायल का नाम सुभाष कुमार है। दोनों सहोदर भाई हैं। दोनों मधुपुर थाना क्षेत्र के धवाना गांव के रहने वाले हैं। घायल सुभाष ने बताया कि दोनों भाई मधुपुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव रेलवे लाइन में लगाए जाने वाले स्लीपर बनाने वाली फैक्ट्री में काम करते थे। रविवार की सुबह वहां से ड्यूटी कर दोनों भाई बाइक से वापस घर धवाना लौट रहे थे। छोटा भाई मृतक कुंदन बाइक चला रहा था और वह पीछे बैठा था। सुग्गापहाड़ी के पास एक अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार धक्का मार दिया। हादसे में दोनों भाई बाइक से गिरकर घायल हो गए। वहीं हादसे के बाद वाहन चालक गाड़ी लेकर मौके पर से फरार हो गया। इस घटना में उसके छोटे भाई को सिर गंभीर चोट लग गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्वजन घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों को एम्बुलेंस से इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां आन ड्यूटी चिकित्स ने जांच करने के बाद कुंदन को मृत घोषित कर दिया। वहीं घटना में हादसे में घायल सुभाष को प्राथमिक इलाज के घर भेज दिया गया है। वहीं स्वजन शव का बिना पोस्टमार्टम कराए उसे लेकर घर चले गए हैं। इस बारे में पुलिस को जानकारी दे दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार वृद्ध घायल
देवघर/संवाददाता। रिखिया थाना क्षेत्र के बंधा बायपास रोड के पास ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार वृद्धि गंभीर रूप से घायल हो गया। जख्मी हालत में उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर ऑन ड्यूटी चिकित्सा के द्वारा इलाज के लिये वार्ड में भर्ती कर दिया गया है। घटना के संबंध में पथरोल थाना क्षेत्र के करमी गांव निवासी घायल जगदीश मंडल अपनी बेटी से मिलकर घर वापस जा रहा था। उसी क्रम में ट्रक की चपेट में आ कर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। स्थानीय लोगों ने इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया। वहीं घटना की जानकारी रिखिया थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले को लेकर जांच पड़ताल में जुट गई।
सदर अस्पताल के डस्टबिन में मिला नवजात का शव
देवघर/संवाददाता। देवघर सदर अस्पताल के एक डस्टबिन में नवजात का शव बरामद किया गया है। किसने अस्पताल के डस्टबिन में नवजात के शव को फेंका इसकी जानकारी नहीं मिल पायी है। प्रबंधन द्वारा सदर अस्पताल में लगे सीसीटीवी के माध्यम से जांच किया जा रहा है। बताया जाता है कि रविवार की सुबह अस्पताल के डस्टबिन में कोई व्यक्ति कचरा फेंकने गया था। उसी ने नवजात को डस्टबिन में फेंका हुआ देखा और लोगों को इस बारे में जानकारी दी। देखते-देखते काफी संख्या में लोग वहां जुट गये। सदर अस्पताल प्रबंधन द्वारा बच्चे के शव को डस्टबिन से निकाल कर पोस्टमार्टम कराया गया। मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को भी दे दी गयी है। पुलिस इसकी छानबीन मेें जुट गयी है।
अनियंत्रित टै्रक्टर ने बिजली के डीपी बॉक्स में मारी टक्कर, बड़ी दुघर्टना टली
देवघर/संवाददाता। देवघर-दुमका बाइपास सड़क पर सोरेन पेट्रोल पंप के सामने एक धान लदा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर बिजली के डीपी (पावर सप्लाई) बॉक्स में जा टकराया। जिससे बड़ी दुघर्टना टल गयी। बताया जाता है कि सड़क किनारे जिस डीपी बॉक्स में टक्कर मारी गयी वह बंद था। वहीं जहां ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर घुसा बगल में एक फर्नीचर की दुकान है। उक्त दुकान में कई लोग काम कर रहे थे। गनीमत यह रही की ट्रैक्टर दुकान के दीवार से नहीं टकरायी। नहीं तो कोई बड़ी घटना घट सकती थी। घटना के बाद मौके पर से ट्रैक्टर चालक फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही रिखिया और नगर थाना की पेट्रोलिंग पार्टी पहुंची। बताया जाता है कि धान लदे ट्रैक्टर को सामने से आ रहे एक गिट्टी लदे ट्रैक्टर ने चकमा दे दिया। उससे बचने के चक्कर में ट्रैक्टर का चालक का वाहन पर नियंत्रिण खो दिया।
कारागृह को बुरी आदतों को परिवर्तन का केंद्र बना लीजिए : बीके भगवान
- केन्द्रीय कारागृह में प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विवि ने किया कार्यक्रम
देवघर/संवाददाता। यह कारागृह नही, बल्कि सुधारगृह है। इसमें आपको स्वयं में सुधार लाने के लिये रखा गया है। शिक्षा देने के लिये नहीं इस कारागृह को संस्कार परिवर्तन का केंद्र बना लो, बुरी आदतों को परिवर्तन कर फिर समाज में जाना है। इसमंे एक-दूसरे से बदला लेने के बजाए स्वयं को बदलना है। बदला लेने से समस्या और ही बढ़ जाती है। बदला लेने के बजाय स्वयं को ही बदलकर दिखाने की प्रवृति रखनी है। मनुष्य जीवन बड़ा अनमोल होता है। उसे व्यर्थ कर्म कर व्यर्थ ऐसा ही नहीं गंवाना चाहिए। उक्त बातें माउंट आबू राजस्थान से प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय से आये हुए ब्रह्मकुमार भगवान भाई ने कही। रविवार को वे केन्द्रीय कारागृह (जेल) में बंद कैदियों को कर्म गति और व्यवहार शुद्धि विषय पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि कारागृह के इस एकांत स्थान पर बैठकर स्वयं को परिवर्तन करने के लिए सोचो कि मैं इस संसार में क्यों आया हूं? मेरे जीवन का उद्देश्य क्या है, मुझे परमात्मा ने किस उद्देश्य से यहां भेजा है? मैं यहां आकर क्या कर रहा हूं? ऐसी बातों का चिंतन करने से संस्कार, व्यवहार परिवर्तन होगा। उन्होंने कहा कि जो जैसा करता है वैसा फल पाता है। जिस भूलों के कारण हम यहा आये है उस भूलो को या बुराईयां दूर करना है तो हमारे अंदर की अपराधिक प्रवति में परिवर्तन आएगा। इन अवगुणों ने और बुराईयों ने हमें कंगाल बनाया इससे दूर रहना है। जीवन में नैतिक मूल्यों की धारणा करने की आवश्यकता है। जीवन में सद्गुण न होने के कारण ही समस्याएं पैदा होती है। स्थानीय ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की प्रभारी बीके रीता बहन ने बताया कि मनुष्य जब काम, क्रोध, लोभ, मोह, अंहकार इन विकारों के वश हो जाता है तब अपराधी बन जाता है |आध्यात्मिकता और राजयोग द्वारा इन विकारों से बच सकते है। इन विकार, व्यसन से मुक्त बन अपराधमुक्त बन सकते है। एडीसी हीरा कुमार ने बताया कि भगवान भाई जी द्वारा बताई हुई बातों को अपने जीवन में प्रयोग करोगे तो अवश्य ही आप बुरी आदतों को छोड़ दोगे तथा अपने आप अच्छा सोचने लगेंगे और जेल से छूटने के बाद अच्छे नागरिक की तरह जीवन यापन करेंगे। उन्होंने कहा कि आप जैसा सोचोगे वैसा ही बन जाओगे। अत: हमें सदैव अच्छा सोचना चाहिए तथा बुरी आदत को छोड़ देना चाहिए। कार्यक्रम में बीके मनीष भाई, बीके अमर, बीके शिखा और जेल के कर्मचारी भी उपस्थित थे।
अभाविप ने स्वामी विवेकानंद की जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया
राम कृष्णा परमहंस से मिलने के बाद स्वामी विवेकानंद का धार्मिक व संत का जीवन आरंभ हुआ: प्रो डीपी मंडल
देवघर/नगर संवाददाता। रविवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद देवघर नगर इकाई के तत्वावधान में विश्व में भारतीय संस्कृति के स्थापक, आध्यात्मिक गुरु और युवाओं के हृदय सम्राट स्वामी विवेकानंद की जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया गया। मौके पर देवघर जिला प्रमुख प्रो डीपी मंडल, जिला संयोजक प्रशांत शंकर, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रेशम बरनवाल ने स्वामी विवेकानंद की ़फोटो पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया। साथ ही दीप प्रज्ज्वलन कर संगोष्ठी का कार्यक्रम आयोजित किया गया। मौके पर जिला प्रमुख प्रो डीपी मंडल ने स्वामी विवेकानंद की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने रामकृष्ण मिशन और रामकृष्ण मठ की स्थापना की थी। राम कृष्णा परमहंस से मिलने के बाद इनका धार्मिक और संत का जीवन आरंभ हुआ और उन्हें अपना गुरु बना लिया। जिला संयोजक प्रशांत शंकर ने कहा की स्वामी जी 1893 में शिकागो की विश्व धर्म महासभा में हिदू धर्म को परिचित कराया तथा विश्व में ध्यान, योग और अन्य आध्यात्मिक रास्तों को बढ़ावा दिया। स्वामी विवेकानंद को विद्यार्थी परिषद अपना आदर्श मानती है और हमेशा से ही उनके विचारों को आत्मसात करने का प्रयास करती है। इस अवसर पर देशभर के समस्त युवाओं को युवा दिवस की बधाई व शुभकामनाएं दी। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रेशम बरनवाल ने कहा की सामाजिक विज्ञान, दर्शन, इतिहास, धर्म कला और साहित्य जैसे विषयों में अच्छे ज्ञाता होने के साथ अपने ज्ञान तथा शब्दों से विश्वभर में हिदू धर्म के विषय में लोगों का नजरिया बदला। उन्होंने लोगों को अध्यात्म तथा वेदांत से परिचित कराया। अपने भाषण में उन्होंने विश्वभर को भारत के अतिथि देवो भव, सहिष्णुता और सार्वभौमिक स्वीकार्यता के विषय से परिचित कराया। मौके पर प्रदेश कार्यकारिणी युवराज सिंह, कॉलेज अध्यक्ष दीपक कुमार, गोपाल पंडित, कुंदन देव, अर्पित कश्यप, वरुण शर्मा, नेहा सिंह, पायल साह, साक्षी केशरी, खुशबू कुमारी, दिल कुमारी आदि छात्र-छात्रा मौजूद थे। उक्त जानकारी जिला संयोजक प्रशांत शंकर ने दी।