जामताड़ा। संवाददाता। नगर पंचायत जामताड़ा के सौजन्य से दुर्गा पूजा के सफल संचालन के बाद अध्यक्ष रीना कुमारी के नेतृत्व में धन्यवाद ज्ञापन समारोह आयोजित किया गया। इस धन्यवाद ज्ञापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल शामिल हुए। नगर पंचायत अध्यक्ष रीना कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि इस बार दुर्गापूजा के अवसर पर महाअभियान चलाकर पूजा पंडालों के साथ शहर की विशेष साफ सफाई की गई। मां दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए शहर स्थित तालाब घाटों का संपूर्ण साफ सफाई की गईं और साथ ही पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट की भी सर्वोत्तम व्यवस्था की गई। नगर पंचायत की ओर से दुर्गा पूजा के सफल संचालन के लिए जामताड़ा शहरवासियों और पूजा समितियों ने कार्य को सराहा और हमसबों को सम्मानित किया। इसके लिए नगर पंचायत जामताड़ा आप सभी नगरवासियों और पूजा समितियों का सहयोग मिला। निश्चित ही आने वाले दीपावली और छठ के सुअवसर पर इसी तरह का विशेष साफ सफाई अभियान चलाया जाएगा और आप सभी नगरवासियों का योगदान अहम रहेगा। नगर पंचायत के तमाम वार्ड पार्षद, अधिकारीगण, कर्मीगण और सफाई मित्रों का आभार प्रकट करती हूं। मौके पर मुख्य अतिथि पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल ने कहा कि इस दुर्गा पूजा में नगर पंचायत की ओर से किया गया कार्य सराहनीय रहा। पहली बार झारखंड नगर निकाय ईकाई में दुर्गा पूजा के दिनों में इस तरह का विशेष रात्रि साफ सफाई अभियान चलाया गया। इस धन्यवाद ज्ञापन समारोह में सभी वार्ड पार्षदों और कर्मीगण का धन्यवाद ज्ञापन किया गया।