राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ राजीव रंजन को दिया झारखंड में एक लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य
देवघर/नगर संवाददाता। शनिवार को नरेंद्र मोदी विकास मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद विद्यार्थी का देवघर आगमन हुआ। देवघर पहुंचने के बाद वह तपोवन रोड स्थित नरेंद्र मोदी विकास मिशन के प्रदेश कार्यालय पहुंचे। जहां उनका भव्य स्वागत अंग वस्त्र ओढ़ाकर व पुष्प गुच्छ भेंट कर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह प्रसिद्ध दंत चिकित्सक डॉ राजीव रंजन के नेतृत्व में संगठन के कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया। मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने संगठन के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लें। साथ ही संगठन का विस्तार कर मजबूत बनाने की दिशा में तन मन धन से कार्य करें। मौके पर नरेंद्र मोदी विकास मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मिशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ राजीव रंजन को झारखंड में एक लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य के साथ बंगाल में प्रभारी नियुक्त करने का निर्देश दिया। मौके पर मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ बिहार के नवादा ज़लिा उपाध्यक्ष सिंटू साह, शंकर प्रसाद वरिष्ठ कार्यकर्ता बिहार काशीचक उपस्थित थे।
पोस्ट मैट्रिक के 2130 बच्चों को मिली छात्रवृति
- पोस्ट मैट्रिक के तहत छह करोड़ एक लाख 82 हजार 503 रुपए छात्रों के बीच किया गया वितरित
देवघर/वरीय संवाददाता। कल्याण विभाग द्वारा संचालित पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जाति/जनजाति/पिछड़ी जाति छात्रवृति योजना के तहत बच्चों को छात्रवृति डीबीटी के माध्यम से उपलब्ध करायी जा रही है। इस कड़ी में वित्तीय वर्ष 2023-24 में 2130 पिछड़ी जाति के छात्र-छात्राओं को महाविद्यालयों/संस्थानों में अध्ययनरत इंटरमीडिएट, स्नातक, स्नातकोत्तर, मेडिकल, आईटीआई आदि कोर्स के लिए डीबीटी के माध्यम से कुल 06,01,82,503.00 रुपये का भुगतान उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी के अनुमोदन के पश्चात किया गया है। साथ ही वित्तीय वर्ष 2023-24 में छात्र-छात्राओं का ई-कल्याण पोर्टल पर ऑनलाइन की प्रक्रिया जारी है। ज्ञात हो कि पूर्व में उपायुक्त के स्वीकृति के पश्चात पोस्ट मैट्रिक छात्रवृति के तहत कुल 12589 एससी, एसटी, ओबीसी कोटि के छात्र-छात्रओं को जो संस्थान द्वारा ई-कल्याण पोर्टल पर कॉलेज द्वारा सत्यापित महाविद्यालयों में अध्ययनरत है, वैसे बच्चों को कुल 12,05,56,000.00 रुपए भुगतान पीएफएमएस के माध्यम से किया गया है।
252 को नियुक्ति के लिये किया गया चयन
देवघर/वरीय संवाददाता। शनिवार को जिला नियोजनालय परिसर देवघर में झारखंड सरकार के श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में जिला नियोजनालय देवघर द्वारा रोजगार मेला सह भर्ती कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें निजी क्षेत्र के 14 कंपनियों ने भाग लिया तथा 252 युवा-युवतियों को शार्टलिस्ट किया गया। साथ ही रोजगार मेला में 14 कंपनियों ने भाग लिया। रोजगार मेला सह भर्ती कैंप का आयोजन जिला नियोजन पदाधिकारी-सह जिला कौशल पदाधिकारी देवघर प्रकाश बैठा की देखरेख में एवं परियोजना सहायक कृष्णा मोहन, यंग प्रोफेशनल जेपी शरण, लिपिक समीर कुमार मरांडी, इंस्ट्रक्टर साजन कुमार व रविशंकर कुमार, कंप्यूटर आपरेटर चंदन कुमार, प्रदीप कुमार रजक, रमेश कुमार दास के सहयोग से आयोजित किया गया। रोजगार मेला सह भर्ती कैंप में जिला के स्थानीय नियोजकों एवं अन्य राज्यो से कुल 1554 रिक्तियां प्राप्त हुयी थी। जिसके विरुद्ध कुल 1000 से ज्यादा युवा-युवतियों ने भाग लिया। विदित हो 30 सितंबर 2024 को राज्य स्तरीय रोजगार मेला (ऑफर लेटर वितरण समारोह) का आयोजन धनबाद में मुख्यमंत्री, झारखण्ड के मुख्य अतिथित्व में किया जाना प्रस्तावित है, जिसमंे चयनित अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री के हाथों ऑफर लेटर वितरण किया जायेगा।
विश्व रेबीज दिवस पर कार्यशाला का आयोजन
देवघर/वरीय संवाददाता। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी विशाल सागर के निर्देशानुसार शनिवार को सदर अस्पताल के सभागार में विश्व रेबीज दिवस पर आयोजित कार्यशाला एवं अंतर्राष्ट्रीय सर्पदंश जगरूकता अभियान का शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ रंजन सिंहा, जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ युगल किशोर चौधरी, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ पी के शर्मा जिला वीबीडी पदाधिकारी डॉक्टर अभय यादव, जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ पी के स्वाइन प्रभारी उपाधीक्षक डॉ चित्तरंजन पंकज, जिला महामारी विशेषज्ञ डॉक्टर मनीष शेखर द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया। उक्त कार्यक्रम में महामारी विशेषज्ञ डॉक्टर मनीष शेखर द्वारा रेबीज के बचाव उपचार एवं उसके टीकाकरण के विषय में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही बताया गया कि देवघर जिले में सभी सीएससी एवं जिला सदर अस्पताल में एंटी रेबीज वैक्सीन उपलब्ध है। साथ ही अंतरराष्ट्रीय सर्पदंश जागरूकता अभियान भी चलाया गया। जिसमें सिविल सर्जन द्वारा सांपों के विभिन्न प्रकार एवं उसके बचाव एवं काटने पर किए गए प्राथमिक उपचार और अस्पताल में उपलब्ध एंटी स्नेक वेनम के विषय में विस्तृत जानकारी दी गई। जिला पशुपालन पदाधिकारी द्वारा रेबीज पशुओं में रेबीज के लक्षण उसके वैक्सीनेशन एवं बचाव के विषय में विस्तृत रूप से जानकारी दी गई। जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉक्टर युगल किशोर चौधरी द्वारा एंटी रेबीज द्वारा एंटी रेबीज वैक्सीनेशन एवं एवं स्नेक बाइट से होने वाले दुष्प्रभावों बचाओ उपचार सांपों के प्रकार की विशेष जानकारी दी गई। जिला माहवारी विशेषज्ञ द्वारा बताया गया कि सांप हमारे पर्यावरण के लिए कितने महत्वपूर्ण एवं आवश्यक हैं तो हमें अपने पर्यावरण में सांपों को भी अहमियत के विषय में बताया। साथ ही उनसे बचाव एवं सर्पदंश की घटना में क्या करें क्या ना करे के विषय मे विस्तृत जानकारी दी। कार्यशाला में जिला कार्यक्रम समन्वयक प्रवीण कुमार सिंह, जिला वीबीडी सलाहकार गणेश यादव, राज्य प्रशिक्षक सुधांशु शेखर पांडे, राजेश कुमार राय, शहरी बीटीटी कासिम अंसारी शंकर दयाल एवं सभी शहरी सहिया उपस्थित थे।
पुण्यतिथि पर सुमित्रानंदन पंत को श्रद्धांजलि
देवघर/वरीय संवाददाता। बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन के पूर्व प्रवक्ता अजय कुमार ने पुण्यतिथि पर प्रख्यात कवि स्वर्गीय सुमित्रानंदन पंत को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा की शब्द शिल्पी के रूप में विख्यात पंत जी ने नाटक, कहानी और निबंध के क्षेत्र में भी नई रचनाएं प्रस्तुत की, मगर मूलत: वे कवि के रूप में प्रसिद्ध रहे। हिंदी की आधुनिक कविता को प्रकृति और नई मानवीय चेतना से संपन्न करने के लिए पंत को सदैव साहित्य जगत में याद रखा जाएगा। यह कहने में कोई अतिशयोक्ति नहीं कि स्वर्गीय पंत प्रकृति के सुकुमार कवि थे। नवीन धारा के प्रवर्तक एवं छायावादी युग के प्रतिनिधि कवि पंत जी की कविताओं में दार्शनिकता, विचारशीलता और मानवतावादी दृष्टिकोण का कलात्मक संयोजन मिलता है। स्वर्गीय पंत के साहित्य में प्रकृति प्रेम और सौंदर्य बोध के साथ कोमल भावनाओं की प्रचुरता है।
जयंती पर शहीद ए आजम भगत सिंह को श्रद्धांजलि
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवादल के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार ने जलसार रोड स्थित अपने आवास पर शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
उक्त अवसर पर श्री कुमार ने कहा कि भगत सिंह के वैचारिक नेतृत्व में एक भावी आजाद भारत के बारे में आधार और दिशा दी गई थी। राष्ट्र के प्रति इनकी कुर्बानी को लोग हमेशा याद रखेंगे। इनकी राष्ट्रीयता के मूल मंत्र को आत्मसात करके भारत की गौरवशाली परंपरा को जीवित रखा जा सकता है।
संदिग्ध परिस्थिति में कुएं में मिला युवक का शव
देवघर/संवाददाता। संदिग्ध परिस्थिति में कुएं में डूबने से गंभीर हुए युवक को शुक्रवार कि देर रात को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया। जहां ऑन ड्यूटी डॉक्टर ने देखने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक का नाम सहाय पासवान है जो सीमावर्ती बिहार के जमुई जिले के सिमुलतला थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव का रहने वाला है। मृतक के भाई बुलेट पासवान ने बताया कि उसका भाई शुक्रवार को चार बजे शाम को ही घर से निकला था। जब सात बजे तक घर नहीं लौटा तो उसकी खोजबीन शुरू की गई। उसके मोबाइल पर जब फोन किया जा रहा था तो रिंग हो रहा था। घर के छत पर से जब उसके मोबाइल पर रिंग किया तो देखा कि बगल के कुएं पर उसका मोबाइल बज रहा है। सभी लोग कुएं के पास पहुंचे तो देखा कि उसका चप्पल और मोबाइल कुएं के ऊपर रखा हुआ है और वह कुएं के अंदर डूबा पड़ा है। बताया कि कुएं से निकाल कर पहले इलाज के लिए चांदन अस्पताल लेकर पहुंचे जहां से प्राथमिक उपचार के बाद देवघर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। देर रात को उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचे जहां देखने के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया कि भाई को एक 14 माह का एक बेटा है। किस परिस्थिति में वह कुएं के पास पहुंचा इसकी जानकारी नहीं है। इधर सदर अस्पताल प्रबंधन द्वारा इसकी जानकारी बैद्यनाथधाम ओपी पुलिस को दे दी गई है।
घर का मेन गेट तोड़कर लाखों की संपत्ति चुरायी
- गहरी नींद में सो रहे थे गृहस्वामी
- घर में लगे सीसीटीवी में चोरी करते कैद हुआ चोर
देवघर/संवाददाता। जिले के रिखिया थाना इलाके में चोरों द्वारा लगातार चोरी की घटना को अंजाम दिया जा रहा है। पुलिस चोरों को दबोचने में नाकाम साबित हो रही है। शुक्रवार की देर रात को चार से पांच की संख्या में आये चोरों ने थाना क्षेत्र के महेशमारा मोहल्ला में एक घर के मेन गेट को तोड़कर लाखों की संपत्ति की चोरी कर ली। जिस वक्त चोरों द्वारा चोरी की घटना को अंजाम दिया गया उस वक्त घर के सभी सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे। चोरों ने तीन कमरे में घुसकर तीन अलमीरा को तोड़कर उसमें रखे नकदी, जेवरात और कपड़े तक की चोरी कर ली। घर में लगे सीसीटीवी में चोर चोरी करते कैद हो गया है। घटना की जानकारी मिलते ही रिखिया पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन के बाद चोरों की पहचान करने को लेकर सीसीटीवी फुटेज को भी जांच के लिये ले गयी।
गृहस्वामी ने थाने में की शिकायत : गृहस्वामी बजरंग कुमार मंडल ने रिखिया थाना में आवेदन देकर घर में चोरी होने को लेकर शिकायत की है। कहा है कि 27 सितंबर की देर रात को घर के सभी सदस्य खाना खा कर सोने चले गये। 11.40 बजे रात के आसपास मेन गेट के कुंडी के पास दीवार तोड़कर अज्ञात चोर घर के अंदर घुसकर चेारी को अंजाम दिया है। यह घटना घर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गया है। चोरों ने अलमीरा में रखा डेढ़ लाख नकद, सोने का दो चेन कीमत लगभग 1.50 लाख, सोने की कनवाली दो जोड़ी कीमत लगभग एक लाख, सोने का बजरंगबली का लॉकेट कीमत लगभग 30 हजार, चांदी का पांच जोड़ पायल, मठिया, बिछिया वजन लगभग 500 ग्राम कीमत लगभग 40 हजार, पांच किलो कांसा का बर्तन, एक मोबाइल, पुश्तैनी जमीन का कागजात सहित अन्य सामन की चोरी कर ली। चोरों ने घर में लगे सीसीटीवी का तार भी काट दिया। कहा है कि रात के करीब दो बजे नींद खुली तो देखा की घर का सामान इधर-उधर फेंका हुआ है। इधर रिखिया पुलिस शिकायत लेकर घटना की जांच में जुट गयी है।
चोरी का सामान बरामद, आरोपी गया जेल
देवघर/संवाददाता। नगर थाना पुलिस ने चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार कर एक आरोपी को पुछताछ के बाद जेल भेज दिया। जेल गये आरोपी का नाम आलोक मिश्रा है जो दुर्गाबाड़ी हरदला कुंडा का रहने वाला है। उसके पास से चोरी किये गये पूजा का बर्तन बरामद किया गया है।
अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मजदूर की मौत
देवघर/संवाददाता। जसीडीह थाना क्षेत्र के सुजनी गांव के पास गुरूवार की देर रात को अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गयी। मृतक का नाम उमेश यादव है जो सीमावर्ती बिहार के जमुई जिला के बीचकोड़बा थाना क्षेत्र के बक्शीला गांव का रहने वाला है। बताया जाता है कि मृतक उमेश यादव मजदूरी करने के लिए जसीडीह के सुजनी गांव आया था। मजदूरी कर वह वापस लौट रहा था उसी क्रम में शुक्रवार को रात 10 बजे के आसपास सुजनी मोड़ के पास अज्ञात वाहन के चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया जहां पर ऑन ड्यूटी चिकित्सक के द्वारा जांचोपरांत मृत घोषित कर दिया। सदर अस्पताल स्थित बैद्यनाथधाम ओपी पुलिस द्वारा घटना की जानकारी परिजनों को दी गयी। शनिवार को परिजन सदर अस्पताल पहुंचे उपरांत शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया गया।
अंतर्राज्यीय गिरोह के सात साइबर आरोपी गिरफ्तार, गया जेल
- एक किशोर निरूद्ध
- 11 मोबाइल और 16 सिमकार्ड बरामद
देवघर/संवाददाता। जिले के साइबर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर पालोजोरी थाना क्षेत्र के घोरपरास जंगल एवं करौं थाना क्षेत्र के सिकटिया जंगल से अंतर्राज्यीय गिरोह सात साइबर आरोपित को गिरफ्तार कर पुछताछ के बाद जेल भेज दिया। वहीं एक किशोर को निरूद्ध किया गया है। इनके पास से 11 मोबाइल और 16 सिमकार्ड बरामद किया गया है। जेल गये साइबर आरोपियों के पास से मिले मोबाइल एवं सिम की प्रारंभिक जांच में यह पता चला की ये सभी फर्जी कस्टमर केयर एवं सरकारी पदाधिकारी बनकर फोन पे यूजर्स को कैश बैक का झांसा देकर ऑन लाइन ठगी का काम करते थे। वहीं निरूद्ध किये गये किशोर के पास से मिले मोबाइल से साइबर अपराध से संबधित प्रतिबिंब एप में अपलोड चार फर्जी सिमकार्ड बरामद किया गया है।
ये साइबर आरापित गये जेल : जेल गये साइबर अरोपितो में सीमावर्ती बिहार के जमुई जिला के गिद्धौर थाना क्षेत्र के गोनाडीह निवासी संतोष कुमार शर्मा, देवघर के पालोजोरी थाना क्षेत्र के डुमरकोला मनोज यादव, सारठ थाना क्षेत्र के पिंडरी निवासी आसीर अंसारी, चितरा थाना क्षेत्र के दुमदुमी निवासी संदीप कुमार दास, करौं थाना क्षेत्र के डुमरथर निवासी छोटू अंसारी, करौं के प्रेमनाथ दास, चोरबरिया के विकास महरा का नाम शामिल है।
अज्ञात वाहन के धक्के से बाइक चालक की मौत
जसीडीह/संवाददाता। जसीडीह थानांतर्गत कृषि विज्ञान केन्द्र के समीप बिरला मुख्य मार्ग पर बीते शुक्रवार की रात अज्ञात वाहन के धक्के से बाइक चालक की घटना स्थल पर मृत्यु हो गई। सूचना पाकर जसीडीह थाना पुलिस पदाधिकारी पुलिस कर्मी के साथ घटनास्थल पहुंचे एवं घटना की छानबीन कर शव एवं बाइक को कब्जे में कर लिया और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया। साथ ही बाइक को जसीडीह थाना ले आया। वहीं पुलिस ने मृतक के पुत्र एवं बिहार के जमुई जिला अंतर्गत बीच कोड़ा थाना के बकशीला गांव निवासी राहुल कुमार के आवेदन पर जसीडीह थाना में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई में जुटी है। मृतक के पुत्र राहुल कुमार ने कहा कि प्रति दिन की तरह उसके पिता उमेश यादव बकशीला गांव स्थित अपने घर में 27 सितंबर को मोटरसाइकिल जेएच- 15 एक्स/3453 से मजदूरी करने देवघर गया था और रात करीब नौ बजे देवघर से वापस अपना घर लौट रहे थे। इसी दौरान जसीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत कृषि विज्ञान केन्द्र के समीप बिरला मुख्य पथ पर अज्ञात वाहन ने पिताजी बाइक की धक्का मारकर फरार हो गया। धक्का लगने से पिता उमेश यादव की घटनास्थल पर मृत्यु हो गई। सूचना पाकर घटना स्थल पहुंचे तो देखा कि वहां जसीडीह थाना पुलिस एवं चौकीदार मौजूद थे। पुलिस ने पिता के शव को पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया और बाइक जसीडीह थाना ले गए। उन्होंने थाना प्रभारी से घटना की छानबीन कर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगायी है।
सेविका-सहायिका का अनिश्चितकालीन हड़ताल पांच अक्टूबर से
देवघर/वरीय संवाददाता। आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका संघ द्वारा बताया गया कि झारखंड राज्य अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यरत आंगनबाड़ी सेविका सहायिका द्वारा अपनी जायज मांगों की प्राप्ति के लिए कई बार मिलकर लिखित और मौखिक रूप से को मांग पत्र समर्पित किया लेकिन उन लोगों की मांगों पर सकारात्मक विचार नहीं किया गया। जिस कारण सेविका-सहायिका में आक्रोश व्याप्त है।
सेविका सहायिका के आक्रोश को ध्यान रखते हुए राज्य के तमाम आंगनबाड़ी कर्मियों के संघों की एक संयुक्त राज्यस्तरीय बैठक बीते दिन रांची में हुई थी। इसके बाद 23 सितंबर को रांची में प्रदर्शन भी किया गया था। मंच में सरकार के प्रतिनिधि के रूप में विधायक सुदिव्य कुमार सोनू भाग लेकर मोर्चा को भरोसा दिलाया था कि 27 सितंबर तक उनकी मांगों पर विचार कियाजाएगा। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अब संघ पांच अक्टूबर से हड़ताल पर जाने का मन बना लिया है।
वृद्ध के शव बरामदगी मामले में हत्या का मामला दर्ज
जसीडीह/संवाददाता। जसीडीह थानांतर्गत रोहिणी के जनकपुर चौक के समीप बीते गुरुवार की रात एक 70 वर्षीय वृद्ध का शव मिला था। जसीडीह पुलिस ने शव एवं घटनास्थल की छानबीन कर कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं मृतक के पास से बरामद आधार कार्ड पर अंकित नाम एवं पता से परिजनों को सूचना दी। साथ ही मृतक वृद्ध के पुत्र एवं बिहार के जमुई जिला अंतर्गत सोनो थाना के झरका गांव निवासी नीतीश कुमार शर्मा के आवेदन पर जसीडीह थाना में दो नामजद सहित अन्य के खिलाफ हत्या मामला दर्ज कर कार्रवाई में जुटी। नीतीश ने कहा कि उसके पिता प्रयाग मिस्त्री और गांव के सकलदेव गुप्ता के बीच पूर्व में जमीन का विवाद हुआ था। उन्होंने कहा कि पिता 19 सितंबर को अपने भतीजा के श्राद्ध के लिए कोलकाता गए हुए थे और 24 सितंबर को वापस अपने घर लौट आए। उसी दिन सकलदेव गुप्ता ने उसके पिता के मोबाइल पर फोन कर उसे जमीन के सर्वे कराने के काम से 25 सितंबर को वर्तमान पता ग्राम नारायण क्लोनी गली नंबर एक (सर्किट हाउस के बगल में) थाना देवघर बुलाया। जबकि एक सप्ताह पूर्व सकलदेव गुप्ता के पुत्र शिवम गुप्ता उसके घर आकर उसने चार सौ रुपए भी दिया और पिताजी से बातचीत भी की। नीतीश ने कहा कि 25 सितंबर को सकलदेव गुप्ता के वर्तमान में घर नारायण कॉलोनी गली नंबर एक सर्किट हाउस के बगल थाना देवघर पहुंचे थे। इसके बाद पिता प्रयाग मिस्त्री शाम होने पर वापस घर नहीं लौटे तो खोजबीन करने लगे लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। एक दिन बाद उसे सूचना मिली कि उसके पिता का शव जसीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जनकपुर चौक के समीप पड़ा हुआ है तो वहां पहुंचे और देखा कि उनके शरीर पर चाकू से वार कर जख्मी कर जान से मार दिया। पुत्र ने आगे कहा कि जब सकलदेव गुप्ता और शिवम गुप्ता के मोबाइल पर फोन किया तो स्वीच ऑफ मिला। तब उसके घर पर गया मगर दोनों ने दरवाजा नहीं खोला और नहीं बाहर निकला। नीतीश ने कहा कि उसे शंका है कि सकलदेव गुप्ता ने पूर्व के जमीन विवाद को लेकर षड्यंत्र के तहत उसके पिता प्रयाग मिस्त्री को अपने घर बुलाकर पुत्र शिवम गुप्ता एवं अन्य सहयोगी के सहयोग से हत्या कर दी है।