कैंप के आयोजन से बच्चों में खेल के प्रति बढ़ती है रुचि
जामताड़ा/संवाददाता। सावित्री देवी डीएवी पब्लिक स्कूल जामताड़ा में सात दिवसीय समर कैम्प का समापन हुआ। बतौर मुख्य अतिथि श्रेया भार्गव उपस्थित हुईं। वहीं बतौर विशिष्ट अतिथि अन्नपूर्णा दास, श्वेता सिंह, रूबी सिन्हा मौजूद थीं। मौके पर भार्गव ने बताया कि विद्यालय में ऐसे कैम्प का आयोजन होने से बच्चों में खेल के प्रति जागरूकता बढ़ती है और बच्चों को खेल के क्षेत्र में अनेक अवसर मिलते हैं जिससे वे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय एवं जिले का नाम रोशन कर सकते हैं। प्राचार्य बलराम कुमार झा ने बताया कि ऐसे समर कैम्प का आयोजन होने से खिलाड़ियों को खेल के विभिन्न कौशल सीखने को मिलते हैं। जामताड़ा में प्रतिभावान खिलाड़ी की कमी नहीं है। बस जरूरत है तो खिलाड़ियों को सही मार्गदर्शन की जिससे वे भविष्य को सुदृढ़ कर सकें। कैम्प में वॉलीबॉल से रूपम दत्ता, कबड्डी से आदित्य टुडू, योगा से सृष्टि किशोर, बास्केट बॉल से आराध्य, क्रिकेट से रुद्र अभिषेक, बैडमिंटन से अनन्या, फुटबॉल से अखिल हेम्ब्रम को सर्वश्रेष्ठ कैंपर के रूप में चयनित कर सम्मानित किया गया। खेल शिक्षक नवीन सिंह ने बताया कि कैम्प में विद्यालय के 150 विद्यार्थियों ने विभिन्न खेलों में हिस्सा लिया। विभिन्न खेलों का अभ्यास राष्ट्रीय स्तर के कोच द्वारा कराया गया तथा बच्चों को खेल के विभिन्न कौशल सिखाये गये। मौके पर खेल शिक्षक गुंजन झा, अभिषेक दुबे एवं कोच मिलन दत्ता, करन राउत, आशुतोष दुबे, शुभम किशोर, सुरेश मिस्त्री, उदय कुमार आदि मौजूद थे।