- विश्व जनसंख्या पखवाड़ा पर निकली जागरुकता रैली
- सिविल सर्जन ने हरी झंडी दिखा कर किया रवाना
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता जिला स्वास्थ्य समिति, गोड्डा के तत्वावधान में विश्व जनसंख्या पखवाड़ा के मौके पर बुधवार को जन जागरुकता रैली का आयोजन किया गया। सिविल सर्जन डॉ. अनंत कुमार झा ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही सभी स्वास्थ्य कर्मियों को परिवार सीमित रखने के बारे में जागरूक किया गया। परिवार नियोजन के लिए बुधवार को सिविल सर्जन कार्यालय परिसर से रैली निकाली गई, जो कारगिल चौक से बापू चौक होते हुए अटल मोहल्ला क्लीनिक पहुंची। कार्यक्रम के दौरान सिविल सर्जन डॉ. झा ने कहा कि परिवार की खुशहाली, शिक्षा, स्वास्थ्य और तरक्की तभी संभव है, जब परिवार सीमित होगा। आज के समय में संतुलन बनाए रखने के लिए जनसंख्या स्थिरीकरण की ज्यादा जरूरत है। समुदाय में परिवार नियोजन के प्रति जागरुकता लाने के लिए जनसंख्या दिवस मनाया जा रहा है। यह पखवाड़ा एक जुलाई से प्रारंभ हुआ है, जो 31 जुलाई, 2024 तक चलेगा। मौके पर बीटीटी प्रहलाद कुमार, बेबी कुमारी, सहिया अंजू, प्रेमलता, रानी, राखी समेत महिला आरोग्य समिति के सदस्य, एएनएम ट्रेनी आदि उपस्थित थीं।
भाजपा कार्यकर्ता ने ‘मां के नाम एक पौधा’ कार्यक्रम के तहत किया पौधा- रोपण
- पौधा रोपण कार्यक्रम में महागामा के पूर्व विधायक, भाजपा के जिला अध्यक्ष भी रहे मौजूद
हनवारा। संवाददाता महागामा विधानसभा के भाजपा के पूर्व विधायक सह भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक कुमार भगत ने मां के नाम पौधा-रोपण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम के तहत मां के नाम एक-एक पौधा लगाने का अभियान चलाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर एक पेड़ मां के नाम को लेकर पौधा रोपण का कार्यक्रम पूरे देश में भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से चलाया जा रहा है। इसी क्रम में महागामा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक सह भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक कुमार ने जिला अध्यक्ष संजीव मिश्रा, जिला महामंत्री मुरारी चौबे आदि कार्यकर्ता के साथ मिल कर एक पेड़, मां के नाम कार्यक्रम के तहत पौधा रोपण किया। वहीं इस कार्यक्रम के बारे में बताया कि प्रदेश की ओर से निर्धारित कार्यक्रम 14 जुलाई तक प्रत्येक विधानसभा के प्रत्येक बूथ स्तर तक पेड़ लगाने का कार्यक्रम चल रहा है। इसके तहत प्रत्येक विधानसभा में आठ हजार पौधा लगाने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक महागामा विधानसभा क्षेत्र में बूथ स्तर तक 1600 पौधा रोपण किया गया है। वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को पर्यावरण संरक्षण के लिए एक वृक्ष लगाना अत्यंत आवश्यक है। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव मिश्रा, पप्पू ठाकुर, विजय शर्मा, मुन्ना झा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
बीआरपी-सीआरपी संघ ने सरकार के कदम की सराहना की
- समस्याओं के समाधान के लिए कृषि मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के प्रयासों को सराहा गया
हनवारा। संवाददाता महागामा प्रखंड मुख्यालय में प्रखंड साधन सेवी एवं संकुल साधन सेवी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता गोड्डा जिला सीआरपी-बीआरपी महासंघ के पूर्व जिला महासचिव सुलेमान जहांगीर आजाद की ओर से किया गया। बैठक में सभी सीआरपी एवं बीआरपी ने एक स्वर में सरकार की ओर से सीआरपी एवं बीआरपी की समस्याओं के समाधान के लिए झारखंड सरकार की ओर से उठाए गए कदम की प्रशंसा की। विशेष रूप से सीआरपी एवं बीआरपी की लंबित समस्याओं के निराकरण में महागामा विधानसभा की विधायक सह कृषि मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की कार्यशैली की जमकर प्रशंसा की। इस अवसर पर सभा अध्यक्ष सुलेमान जहांगीर आजाद ने कहा कि मानदेय की बढ़ोत्तरी कर सीआरपी-बीआरपी के मनोबल को बढ़ाया गया है। राज्य सरकार के इस कदम से शिक्षा व्यवस्था के गुणात्मक सुधार में सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। इस कार्य में महागामा विधानसभा की विधायक सह राज्य के नवनियुक्त कृषि मंत्री दीपिका पांडेय सिंह का सराहनीय रोल रहा है। इसके साथ ही ऑल इंडिया डीजल-पेट्रोल डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष सह झारखंड प्रदेश कांग्रेस के वरीय नेता धनबाद के अशोक सिंह के योगदान को भी सराहा गया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी दिनों में सीआरपी-बीआरपी संघ की ओर से कृषि मंत्री सह महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह का अभिनंदन समारोह आयोजित कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा। इस कार्य के लिए संघ की ओर से सुलेमान जहांगीर आजाद, सुभाष पांडेय, राजकुमार यादव, निसार अहमद एवं अब्दुल हफीज को अधिकृत किया गया। बैठक में बीआरपी शमीम इकबाल, राकेश ठाकुर, अजीज अख्तर, ईश्वर मंडल समेत कई लोग उपस्थित थे।
अज्ञात स्कॉर्पियो के चपेट में आने से वृद्ध की मौत
मेहरमा। संवाददाता स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत मेहरमा-ललमटिया मुख्य सड़क पर डोलिया पुल के समीप बुधवार को साइकिल सवार एक वृद्ध पुरुष के अज्ञात स्कॉर्पियो वाहन की चपेट में आ जाने से घटना स्थल पर ही उनकी मौत हो गयी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 70 वर्षीय दिनेश कापरी के रूप में हुई है जो बलबड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत खट्टी सिमानपुर गांव के निवासी थे। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि मृतक खट्टी गांव से साइकिल पर सवार होकर बाराहाट बाजार की तरफ जा रहे थे। उसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन ने साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मारकर घटना स्थल से भाग निकला। घटना की सूचना राहगीरों ने मेहरमा पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोड्डा भेज दिया। खबर लिखे जाने तक देर शाम पुलिस केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई थी। मौत से मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।