मधुपुर/संवाददाता। स्थानीय महेन्द्र मुनि सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में मानक परिषद की दो दिवसीय उन्मुखीकरण प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ सोमवार का हुआ। कार्यशाला का आयोजन विद्या विकास समिति, झारखंड ने किया है। कार्यशाला का उद्घाटन विद्या विकास समिति के प्रांतीय सचिव अजय कुमार तिवारी, विद्यालय के सह संरक्षक शिवकुमार बथवाल, सचिव राजकुमार कोठारी, उपाध्यक्ष अरुण कुमार बरनवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर और मां सरस्वती, ओइम और भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य सह मानक परिषद के क्षेत्रीय प्रमुख मदन मोहन मिश्रा ने मंचासीन अतिथियों एवं पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं विवेक नयन पांडे, ओमप्रकाश सिन्हा एवं बृजेश कुमार सिंह का परिचय कराते हुए श्रीफल एवं अंग वस्त्र देखकर सम्मानित किया।
उद्घाटन सत्र में प्रांतीय सचिव अजय कुमार तिवारी ने कहा कि पारदर्शिता से ही सतत एवं व्यापक विकास संभव है। आज के विद्यालय कई तरह की चुनौतियों का सामना कर रहे हैं इस स्थिति में प्रधानाचार्यों एवं आचार्यों का दायित्व और अधिक बढ़ गया है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति, 2020 का कार्यान्वयन सक्षमता के साथ करना है। यह शिक्षा नीति राष्ट्र को विश्व गुरु बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। प्रत्येक विद्यालय को सूक्ष्म निरीक्षण करते हुए वृत निर्माण करना चाहिए और योजनाबद्ध तरीके से विकास को गति प्रदान करनी चाहिए। प्रशिक्षण में आए प्रधानाचार्यों को अपने आसपास के विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं आचार्यों को भी प्रशिक्षित करना चाहिए तथा पारदर्शिता अपनाते हुए अपने लक्ष्य की ओर बढ़ना चाहिए। मानक परिषद विद्यालयों के सतत एवं व्यापक विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। विद्यालय के उपाध्यक्ष अरुण कुमार बरनवाल ने सभी आगंतुक प्रधानाचार्यों एवं आचार्यों का स्वागत किया तथा कार्यशाला के सफलता की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण से कार्य कुशलता बढ़ती है तथा गुणवत्ता में विकास होता है। कार्यशाला में झारखंड प्रांत के प्रधानाचार्य एवं प्रधानाचार्य प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। कार्यशाला में प्रशिक्षक मदन मोहन मिश्रा अलग-अलग सत्रों में अलग-अलग विषयों पर प्रशिक्षण देंगे। दो दिवसीय कार्यशाला में पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं विवेक नयन पांडे, ओमप्रकाश सिन्हा एवं बृजेश कुमार सिंह का भी मार्गदर्शन प्राप्त होगा विद्यालय के संरक्षक मानक चंद्र नाहटा एवं तेरापंथ ट्रस्ट के विमल कुमार बरडिया ने भी अपने शुभकामना संदेश भेज कर कार्यशाला के सफलता की कामना की है। कार्यक्रम में मंच का संचालन विनोद कुमार तिवारी ने किया।
विद्यालय प्रबंधन समिति का चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न
- पिंटू बने अध्यक्ष व चांदनी देवी उपाध्यक्ष
मधुपुर/संवाददाता। अनुमंडल के करौं प्रखंड अंतर्गत पाथरोल पंचायत के राजकृत मध्य विद्यालय में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सोमवार को विद्यालय प्रबंधन समिति का चुनाव सर्वसम्मति से सम्पन्न कराया गया।
चुनाव मे समिति के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्य का चुनाव अभिभावकों की उपस्थिति में किया गया। स्थानीय मुखिया बद्री नारायण साह की अध्यक्षता में उक्त चुनाव संपन्न हुआ। उपस्थित अभिभावकों ने सर्वसम्मति से 12 सदस्यों का चयन किया। 12 सदस्यों में से पिंटू तुरी को अध्यक्ष पद के लिए चुना गया। वही उपाध्यक्ष पद के लिए चांदनी देवी का चयन किया गया। समिति के सदस्यों में खुशबू देवी, बबीता देवी, शबनम प्रवीण, प्रतियां देवी, रिंकू देवी, सकलदेव शर्मा, लालटु नंदन, गजानंद शर्मा, बजरंगी साह व अजय ठाकुर का चयन शांति पूर्ण ढंग से किया गया। मौके पर उपस्थित पर्यवेक्षक सुभाष कुमार दास और रणधीर अम्बष्ट, विद्यालय प्रधानाध्यापक अरविंद कुमार, प्रधानाध्यापक अरविंद कुमार, प्रमोद कुमार भोक्ता, हीरालाल भूईयां, स्मृति, पदमा कुमारी, अर्चना सिंह, सरिता कुमारी, चुनचुन राय, शिक्षकअरविंद कुमार सिंह समेत जीतन रवानी, वरुण सिंह, तपन आचार्य, पिंटू आचार्य, नंदकिशोर सिंह आदि मौजूद थे।
तीन विद्यालयों में शांतिपूर्वक संपन्न हुआ प्रबंधन समिति का चुनाव
मधुपुर/संवाददाता। अनुमंडल के करौं मंे झारखंड शिक्षा परियोजना देवघर के निर्देश के आलोक में प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय बोगायम बारा एवं उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय टेकरा टोला में विद्यालय प्रबंधन समिति का चुनाव पर्यवेक्षक के देखरेख में संपन्न हुआ। विद्यालय प्रबंधन समिति के चुनाव में बोगायमबारा में अध्यक्ष गौतम दास एवं उपाध्यक्ष रीता देवी का चयन किया गया। वही बघना टेकरा टोला में अध्यक्ष राकेश यादव एवं उपाध्यक्ष सरिता देवी वही उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय रावतडीह में प्रदीप विश्वकर्मा अध्यक्ष एवं पिंकी देवी, उपाध्यक्ष का चयन सर्वसम्मति से किया गया। शांतिपूर्वक चुनाव संपन्न करने के लिए प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी रॉबिन चंद्र मंडल ने दोनों विद्यालयों में पर्यवेक्षक एवं शिक्षक की नियुक्ति किया था। बता दें कि दोनों विद्यालयों में विद्यालय-प्रबंधन समिति का कार्यकाल समाप्त हो गया था। जिसके कारण विद्यालय प्रबंधन समिति का पुनर्गठन किया गया।
जयंती पर याद किए गए राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर
मधुपुर/संवाददाता। स्थानीय भेड़वा स्थित राहुल अध्ययन केन्द्र में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की जयंती पर उन्हें याद किया गया। मौके पर उपस्थित लोगों ने उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किये।
मौके पर जलेस के प्रांतीय सह सचिव धनंजय प्रसाद ने विस्तार पूर्वक चर्चा करते हुए कहा कि आधुनिक हिंदी काव्य जगत में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर का विशिष्ट स्थान है। वे राष्ट्रकवि के साथ ही राष्ट्रीय उद्घोषक कवि भी थे। उनकी देशभक्ति क्रांतिकारी कविता स्वतंत्रता सेनानियों की जुवान पर रख थी। दिनकर जी के काव्य में अटूट देशप्रेम है। उनकी कविताओं में किसान, मजदूर, सर्वहारा व दलित की दुर्दशा पर उत्कृष्ट आक्रोश और मानवता के लिए अदम्य प्रयासों से परिपूर्ण है। दिनकर जी साम्राज्यवाद से मुक्ति के लिए हिंसात्मक मार्ग को स्वीकृति ही नहीं प्राथमिकता भी देते हैं। दिनकर जी का गहन अध्ययन और गंभीर चिंतन उनके गद्य में प्रतिलक्षित होता है। उन्होंने गद्य मैं संस्मरण, यात्रा वृतांत, आलोचना, वैयक्तिक निबंध और बोध कथाएं लिखी हैं। संस्कृति के चार अध्याय, नामक इतिहास और संस्कृति के संबद्ध बिषय की उनकी पुस्तक में सूक्ष्म अनवेषियी दृष्टि और भारतीय संस्कृति के प्रति उनके अटूट आस्था उजागर करती है। उनकी भाषा सरल, असरदार और संगीतमय है। उनमें जोरदार ढंग से अपनी बात कहने की अदभूत क्षमता रही है। दिनकर जी 42 वर्षों की साहित्यिक जीवन में कुल पचास पुस्तकों की रचना किये और हिन्दी साहित्य जगत मे अपना अमिट छाप छोड़े हैं। ऐसे विभूति को याद करना लाजिमी है। अन्य लोगों ने भी अपने विचार व्यक्त किये।
मारपीट व जानलेवा हमला मामले में दो माह से फरार आरोपी गिरफ्तार
मधुपुर/संवाददाता। मधुपुर शहर मे सरेआम बाजार में मारपीट व जानलेवा हमला मामले में दो माह से फरार आरोपी रिजाउल अंसारी उर्फ बेलू को पुलिस ने हाजी गली से गिरफ्तार कर मेडिकल जांच के बाद सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
बता दें कि आरोपी ने अपने गुर्गो के साथ सरे आम बाजार क्षेत्र में एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी थी। जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। मधुपुर थाना मे मामला दर्ज हुआ। उसके बाद से आरोपी फरार चल रहा था।
सम्मान राशि की मांग को लेकर आदिवासी संगठन ने सौंपा ज्ञापन
सोनारायठाढ़ी/संवाददाता। आदिवासी मूलवासी संगठन के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को प्रखंड के प्रधान सहायक उरगान किस्कू को सौंपा। ज्ञापन के जरिए संगठन के केन्द्रीय अध्यक्ष मनोज कुमार हेम्ब्रम ने कहा कि देवघर जिले के सभी आदिवासी संथाल गांव में संथाल समाज के परंपरागत पदधारक जैसे परगना मांझी, पारानिक जोग मांझी, नायकी आदि को सरकार के आदेश पत्र के आलोक में अभी तक सम्मान राशि प्राप्त नहीं हुई है। हमारा संगठन अपने स्तर पर पूरे जिले में वर्षों से संथाल परंपरागत पदाधिकारियों को जागरूक करने, संथाल समाज के प्राकृतिक सरना धार्मिक पूज्य स्थलों जैसे मांझी, जाहेर थान, थान गोट, बोंगा थान, दिहरी थान, बरियात दोन तांडी, पाग दोन, तांडी आदि के सरंक्षण विकास के लिए संघर्षरत है परंतु देवघर जिले अब तक एक भी परंपरागत पदधारक को उक्त सम्मान राशि नही दी गई। जबकि संथाल परगना के अन्य पांच जिलों में यह सम्मान राशि विगत 2018 से ही दी जा रही है। मौके पर बिजय हेम्ब्रम, मनोज हांसदा, बाबूसल वास्की, जगन टुडे, आनत हेम्ब्रम, मनोज हेम्ब्रम, संजीव हेम्ब्रम, घमेन्द्र हेम्ब्रम, मुनीलाल मुर्मू, जोगेसल हेम्ब्रम आदि मुख्य रूप से मौजूद थे।
मधुपुर पुलिस ने अवैध बालू लदा ट्रैक्टर पकड़ा
मधुपुर/संवाददाता। थाना क्षेत्र के पटवावाद गांव के समीप पुलिस ने अवैध बालू लदा एक ट्रैक्टर जब्त किया है। मौके से चालक व खलासी फरार हो गए। ट्रेक्टर में नंबर प्लेट नही लगा हुआ है। हलांकि ट्रैक्टर मालिक की पहचान पटवाबाद निवासी के रूप में की गयी है। पुलिस ट्रैक्टर मालिक की तलाश कर रही है। फिलहाल ट्रैक्टर को मधुपुर थाना में रखा है।
अबुआ आवास स्वीकृति कराने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप
- मुखिया, उपमुखिया एवं पंचायत सचिव के खिलाफ शिकायत
- बीडीओ ने कहा मामले की होगी जांच
मोहनपुर/संवाददाता। वर्तमान सरकार ऐसी योजना ला रही है जिससे जनता को सीधे लाभ मिले। इसको लेकर प्रखंड के प्रत्येक पंचायत में सरकार आपके द्वार कार्यक्रम चलाकर महत्वाकांक्षी योजना से जनता को लाभान्वित कर रही है, लेकिन सरकार किसी भी प्रकार से बिचौलिया एवं घुसखोरी को नहीं रोक पा रही है। ऐसा ही ताजा मामले में मोहनपुर प्रखंड क्षेत्र के घोंघा पंचायत के घोंघा गांव निवासी रजिया बीबी ने मुख्यमंत्री के नाम से आवेदन को प्रेषित कर जांच की मांग की है। दिए आवेदन में बताया है कि सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में अबुआ आवास को लेकर आवेदन दी है। जिसका आवेदन संख्या- 530 है। लाभुक की योजना स्वीकृत हो गयी है। जिसका क्रमांक संख्या- 64 है। वहीं लाभुक का आरोप है कि मुखिया पिंकी देवी, उपमुखिया मालती देवी एवं पंचायत सचिव नीतू कुमारी तीनों की मिलीभगत से मोटी रकम की मांग की जा रही है। आवेदन में बताया कि वह काफी गरीब है और किसी तरह जीवन यापन कर रही है। ऐसे में वह रिश्वत का पैसा नहीं दे सकती है। इस बात पर पंचायत सचिव द्वारा अबुआ आवास लिस्ट से लाभुक का नाम हटा दिया गया। इसकी शिकायत प्रखंड विकास पदाधिकारी, उपायुक्त एवं उप विकास आयुक्त की भी शिकायत कर चुकी है, लेकिन अभी तक कार्रवाई नहीं हुई है। इसके बाद वह लाचार होकर मुख्यमंत्री एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री से शिकायत की है।
क्या कहतीं हैं मुखिया व उपमुखिया : मुखिया पिंकी देवी ने कहा कि अबुआ आवास योजना ग्राम सभा की कॉपी में नहीं चढ़ाया गया है। प्रधानमंत्री आवास सूची में नाम दर्ज है लगाए गए सारे आप में बेबुनियाद झूठ हंै। इधर उपमुखिया ने कहा कि लगाये गये सभी आरोप झूठे हैं।
क्या कहतीं हैं पंचायत सचिव : पंचायत सचिव नीतू कुमारी कहा कि लगाया गया आरोप झूठ है। लाभुक से किसी प्रकार की कोई बात नहीं हुई है।
क्या कहते हैं बीडीओ : बीडीओ संतोष कुमार चौधरी ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। इसकी जांच कराई जाएगी। जांच में सही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
छिनतई व अपहरण का आरोपी गया जेल
मोहनपुर/संवाददाता। जिले के मोहनपुर थाना की पुलिस ने सोमवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट पेशी के बाद जेल भेज दिया है। आरोपी युवक थाना क्षेत्र के मेदनीडीह गांव निवासी हरेंद्र यादव के पुत्र मनीष यादव के विरुद्ध थाने में छिनतई एवं अपहरण का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अनुसंधान के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
अंचल के प्रभारी निरीक्षक के निधन पर शोकसभा का आयोजन
मारगोमुंडा/संवाददाता। अंचल के प्रभारी निरीक्षक अवधेश चन्द्र दुबे का आकस्मिक निधन होने पर सोमवार को प्रखंड कार्यालय में बीडीओ साकेत कुमार सिन्हा के नेतृत्व में प्रखंड व अंचल कर्मियों ने उनकी आत्मा की शांति को लेकर शोकसभा का आयोजन किया। दो मिनट का मौन धारण कर आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गयी। मौके पर कपिल दास, अवध पंडित, साकेत कुमार, कमल कोल, पप्पू, मो. इकबाल, आदि प्रखंड व अंचल कर्मी मौजूद थे।
प्रखंड क्षेत्र की 16 पंचायत की महिलाओं के साथ विधायक ने की बैठक
- भाजपा की सरकार बनी तो प्रत्येक बहनों को दी जाएगी सम्मान राशि : रणधीर
चितरा/संवाददाता। चितरा के सहरजोरी स्थित ऑडिटोरियम होल में सोमवार को विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सारठ प्रखंड के 16 पंचायत से महिला सखी मंडल समूह के महिलाओं की सम्मेलन विधायक रणधीर सिंह के अगुवाई में आयोजित की गई। इस अवसर पर भारी संख्या में महिलाएं कार्यक्रम में जुटी। मौके पर विधायक रणधीर सिंह ने आगामी विधानसभा चुनाव में सभी से समर्थन देने की अपील किया। वहीं महिलाओं ने भी दोनों हाथ उठाकर विधायक को पूर्ण समर्थन देने का वादा किया। इस दौरान विधायक रणधीर सिंह ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता का पूर्ण समर्थन अगर मिला और झारखंड में भाजपा की सरकार बनी तो सबसे पहले प्रत्येक मां बहनों को दो-दो हजार की सम्मान राशि देने का काम किया जाएगा। कहा कि राज्य में जब हमारी पार्टी की सरकार थी, उस समय महिला सशक्तिकरण के दिशा में कई योजनाओं को लाने का काम किया गया था। कहा कि मेरे मंत्रित्व काल में गाय वितरण, बकरी वितरण, कृषि उपकरणों आदि का वितरण किया गया था, लेकिन हेमंत सोरेन की सरकार में महिलाओं के हित के लिए कोई काम नहीं किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि मां बहनों का सामाजिक व आर्थिक रूप से कैसे उत्थान हो और कैसे महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत हो। इसके लिए मेरे द्वारा अभी से योजना बनाई जा रही है। वहीं विधायक की धर्मपत्नी मीनाक्षी सिंह ने भी अपने संबोधन में आगामी चुनाव में समर्थन देने अपील की। मौके पर भारी संख्या में महिलाएं मौजूद थीं।
कार्यकर्ता ही संगठन की रीढ़ : हफीजुल
- झामुमो युवा मोर्चा ने किया एक दिवसीय कार्यकर्ता सम्मेलन
मारगोमुंडा/संवाददाता। युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष राहुल चंद्रवंशी के निर्देशानुसार प्रखंड के युवा मोर्चा के प्रखण्ड अध्यक्ष मकबूल फिदा के नेतृत्व में प्रखंड कार्यालय के समीप मैदान में युवा मोर्चा के एक दिवसीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। मौके पर मुख्य रूप से सूबे के अल्पसंख्यक कल्याण एवं नगर विकास मंत्री हफीजुल हसन सहित जिला अध्यक्ष संजय शर्मा आदि पहुंचे। मौके पर मंत्री ने कहा कार्यकर्ता ही संगठन की रीढ़ हैं। जितना मजबूत कार्यकर्ता रहेगा उतना ही पार्टी को मजबूती मिलेगी। कहा कि युवाओं की संख्या बता रही है कि हमारा संगठन कितना मजबूत है। आगामी विधानसभा चुनाव में इसी ऊर्जा और एकता से लड़ना है। कहा क्षेत्र में चौमुखी विकास हुआ है। कहा मारगोमुंडा मेरा गृह क्षेत्र है। मैने किसी के साथ भेदभाव नहीं किया है। अनाबाद फंड से विधानसभा क्षेत्र में 50 योजना को लाया जायेगा। कहा कि मुख्य सड़क से महजोरी तक पीडब्ल्यूडी सड़क की स्वीकृति प्रदान किया गया है। एक सप्ताह के अंदर मारगोमुंडा क्षेत्र में तीन पुल के साथ सड़क की आधारशिला रखी जायेगी। हेमंत सोरेन के जेल से बाहर आने के बाद मंईयां सम्मान योजना, बिजली बिल माफी, दो सौ यूनिट बिजली मुफ्त के साथ जनहित से जुड़े दर्जनों योजनाओं को धरातल पर उतारा गया है। कहा मारगोमुंडा में डिग्री कॉलेज के साथ महिला कॉलेज का निर्माण कराया जायेगा। कहा हर पंचायत में सोलर लाइट की व्यवस्था की जायेगी।
वहीं जिला अध्यक्ष संजय शर्मा ने कार्यकर्ता और पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि जो बचे हुए काम है वह करें। इस बार और अधिक ताकत से हमें चुनाव लड़ना है और एक बार फिर मधुपुर विधानसभा में झामुमो पताका लहराना है। मौके पर जिप सदस्य उपाध्यक्ष प्रतिनिधि इमरान अंसारी, जिप सदस्य प्रतिनिधि इदरीश अंसारी, बीस सूत्री सह प्रखंड अध्यक्ष सोहन मुर्मू, सचिव मुर्शीद अली, डुगू टुडू, सोहराब अंसारी, अबुतालिब अंसारी, प्रकाश पांडेय, दिनेश यादव, छोटू किस्कू, गुलजार अंसारी, पवन चंद्रवंशी, आनाउल अंसारी, अलीमुद्दीन, दीपक दास, इम्तियाज अंसारी, सुनील टुडु, रमेश साह, जियाउल हक़, हलीम अंसारी, तस्लीम अंसारी, लियाकत अंसारी, साकिर अंसारी, नाजिम खान सहित प्रखंड क्षेत्र के दर्जनों झामुमो कार्यकर्ता मौजूद थे।
पत्थर लदा हाइवा पुलिस ने पकड़ा
मधुपुर/संवाददाता। अनुमंडल के बुढ़ई पुलिस ने उच्च पदाधिकरी के निर्देशानुसार बुढ़ई थाना प्रभारी अशोक कुमार ने मार्गोमुंडा धमनी मार्ग के तीनघरा के पास से पत्थर लदे हाइवा को जांच हेतु रोका। पत्थर से संबंधित पेपर की मांग करने पर चालक द्वारा कोई वैध कागजात नहीं दिखा पाया। जिसके बाद वाहन को जब्त कर थाना लाया गया। वही इसकी सूचना वरीय पदाधिकरी समेत जिला खनन पदाधिकरी, को भेज दिया गया हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पडताल कर रही है।
ट्रेन की चपेट मे आने से वृद्ध की मौत
मधुपुर/संवाददाता। मधुपुर स्टेशन के पूर्वी छोर पर निर्माणाधीन फ्लाई ओवर ब्रिज के समीप सोमवार को डाउन रेल पटरी से रेल पुलिस ने 74 वर्षीय वृद्ध व्यक्ति का शव बरामद किया। सूचना पर रेल पुलिस घटना स्थल पहुंचकर शव का पंचनामा किया। रेल थाना मधुपुर के एएसआई अवधेश प्रसाद राय ने बताया कि मृतक के पॉकेट से मिले एसबीआई बैंक कार्ड से उसकी पहचान हुई है। मृतक पाथरोल थाना के पथरा गांव निवासी पंचम दास के रूप मे उसकी पहचान हुई है। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दिया गया है। परिजन भी पहुंच गए हैं। बताया कि वह किसी अज्ञात ट्रेन की चपेट में आने से हादसे का शिकार हुआ है। रेल पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए देवघर भेज दिया। मामले में रेल थाना मंे यूडी मामला दर्ज कर लिया गया है।