साइबर अपराध पर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश
महिला उत्पीड़न मामलों में त्वरित निर्णय लें : एसपी
जामताड़ा। संवाददाता। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शनिवार को मासिक अपराध समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉक्टर एहतेशाम वकारिक, प्रशिक्षु आईपीएस, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थाना प्रभारी और अन्य अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में पिछले एक वर्ष के अपराध आंकड़ों का विश्लेषण करते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ एहतेशाम वकारिब ने साइबर अपराध और महिला उत्पीड़न मामलों में कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में बेहतर कार्य करने वाले 52 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों से अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपनी जिम्मेदारी पूरी तत्परता से निभाने का आह्वान किया।
घटवार-घटवाल आदिवासी महासभा का वनभोज सह मिलन समारोह आयोजित
महासभा ने जाति प्रमाण पत्र की समस्या पर आंदोलन की दी चेतावनी
जामताड़ा। संवाददाता। जिले के अजय नदी घाट पर घटवार-घटवाल आदिवासी महासभा की ओर से वनभोज सह मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पूरे प्रदेश से समाज के लोग एकत्रित हुए और एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत समाज के शहीद महापुरूषों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई, जहां उपस्थित समाज के लोगों ने शहीदों के योगदान को सम्मानित किया।
समारोह के दौरान समाज के संगठन की मजबूती और आगामी राजनीति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। समाज के प्रमुख नेताओं ने समाज की विभिन्न समस्याओं पर अपने विचार साझा किए। जामताड़ा जिलाध्यक्ष दुबराज राय ने गंभीर आरोप लगाया कि जिले में अब तक घटवार-घटवाल आदिवासी समाज का जाति प्रमाण पत्र जारी नहीं किया गया है, जिससे समाज के लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि यह एक गंभीर समस्या है और इसे शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो प्रदेश स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। समारोह में मौजूद समाज के प्रमुख सदस्यों ने इस मुद्दे को लेकर एकजुटता का संदेश दिया और सभी ने मिलकर प्रदेश सरकार से मांग की कि जल्द से जल्द जाति प्रमाण पत्र की प्रक्रिया को शुरू किया जाए। जिला मीडिया प्रभारी महावीर राय ने कहा कि समाज के विकास के लिए यह कदम अत्यंत आवश्यक है। समारोह में समाज के भविष्य और संगठन की दिशा को लेकर भी विचार विमर्श हुआ और इस मुद्दे पर आंदोलन की आवश्यकता को स्पष्ट किया गया। समाज के नेताओं ने अपने संबोधन में कहा कि यह समस्या केवल जामताड़ा जिले तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे प्रदेश में समाज के लोग इस संकट का सामना कर रहे हैं। यदि जल्द ही इस मुद्दे का समाधान नहीं निकाला जाता तो समाज को मजबूरन आंदोलन की राह अपनानी पड़ेगी।
मकर संक्रांति व सोहराय पर्व को लेकर जमकर हुई खरीदारी
बिंदापाथर। संवाददाता। मकर संक्रांति एवं आदिवासी समाज का महान पर्व सोहराय पर्व को लेकर खुशी और उत्साह के साथ घर परिवार तथा रिश्तेदारों का स्वागत किया जाता है। घर-घर में स्वादिष्ट भोजन सामग्री संग्रह किया जाता है। दोस्त, मित्र, हितैषी एवं रिश्तेदारों का स्वागत के लिए शनिवार को बिंदापाथर थाना क्षेत्र के सिमलडुबी पंचायत अन्तर्गत बड़वा गांव खेल मैदान स्थित ग्रामीण हटिया में मकर संक्रांति एवं सोहराय पर्व को लेकर सभी समुदाय के लोगों ने जमकर खरीदारी की। यह संजोग की बात है कि जिस मौसम में मकर संक्रांति व सोहराय पर्व मनाया जाता है, उस मौसम में वनस्पति भी खुश नजर आती है, फसल, साग सब्जियों से क्षेत्र भी हरा भरा रहता है।
सोहराय को लेकर क्षेत्र में खुशी का माहौल
मांदर की थाप पर महिला-पुरुष नृत्य करने में मशगूल
आदिवासी गांव में सुबह से देर रात तक ढोल नगाड़े व मांदर की सुरीली आवाज गूंज रही
नाला। संवाददाता। नाला प्रखंड एवं आसपास इलाके में सोहराय पर्व को लेकर अपार उत्साह का वातावरण बना हुआ है। नाइकी यानी पुजारी के द्वारा पारंपरिक रिवाज से पूजा-अर्चना के साथ ही नृत्य गीत के साथ सोहराय पर्व में धार्मिक गतिविधियां शुरू हो गई है। पूजा के दौरान मारांग बूरू, जाहेर एरा, गोसाईं एरा, मोड़ेको, तुरुइको आदि इष्टदेव को स्मरण करते हुए महिला पुरूष एवं बच्चों ने सुख समृद्धि की मन्नत मांगी।
आदिवासी गांव टोले में सुबह से देर रात तक ढोल नगाड़े और मांदर की सुरीली आवाज गूंजने लगी है। मांदर की थाप में महिला-पुरुष नृत्य करने में मशगूल हैं। पर्व के दौरान अलग-अलग अनुष्ठान का आयोजन किया जाता है जिसमें वर्षों पुरानी गीत भी प्रस्तुत किया जाता है। इन गीतों में प्राचीन परंपरा और संस्कृति झलकती है। जानकारी हो कि इस महान उत्सव में आपसी मनमुटाव और दुश्मनी को भुलाकर हर कोई सोहराय के रंग में रंगे हुए हैं। उल्लेखनीय है कि नाइकी यानी पुजारी के देख रेख में गांव के गाय बैल आदि मवेशी को एक जगह एकत्रित किया जाता है। वहां पहले से जमीन पर रखा गया अंडा को फोड़ने या सूंघने वाले मवेशी को सर्वश्रेष्ठ मवेशी के रूप में सम्मानित किया जाता है। सिंदूर और आवश्यक सामग्री से सजाकर विधिपूर्वक पूजा की जाती है। साथ ही साथ मवेशी मालिक को भाग्यवान की मान्यता दी जाती है। इस चित्ताकर्षक नजारा को देखने के लिए गांव के लोग काफी संख्या में उपस्थित होते हैं। मूल रूप में यह प्रकृति से प्रेम का पर्व है। समाज का मुख्य फसल धान कटनी के उपरांत इस पर्व को आदिवासी समाज पारंपरिक विधि से मनाता रहा है।
झामुमो की ओर से मनाया गया शिबू सोरेन का 81वें जन्मदिन
जामताड़ा। संवाददाता। झारखंड मुक्ति मोर्चा झामुमो की एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को दुमका रोड स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष रविंद्र नाथ दुबे ने की, जिसमें मुख्य रूप से संगठन की मजबूती पर विस्तृत चर्चा की गई। मौके पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन का 81वां जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं ने केक काटकर और एक दूसरे को मिठाई खिलाकर शिबू सोरेन की लंबी उम्र और स्वस्थ जीवन की कामना की। इस दौरान अशोक मंडल और रविंद्र नाथ दुबे ने बताया कि पूरे प्रदेश में शिबू सोरेन का जन्मदिन बड़ी धूमधाम से मनाया जा रहा है और जामताड़ा में भी इसे लेकर खासा उत्साह है। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और केक काटकर अपने नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में संगठन की मजबूती पर भी चर्चा की गई। पार्टी नेताओं ने आगामी चुनावों और संगठन को और अधिक सक्रिय और मजबूत बनाने के लिए योजनाओं पर विचार-विमर्श किया। संगठन की एकता और आगामी कार्यों के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
इस अवसर पर पार्टी नेताओं ने शिबू सोरेन की नीतियों और उनके संघर्ष को याद किया और उनके मार्गदर्शन में पार्टी के आगे बढ़ने का संकल्प लिया। झामुमो की यह बैठक संगठन की एकता और आगामी कार्यों को लेकर एक नया संदेश देने वाली साबित हुई। कार्यकर्ताओं का उत्साह और संगठन की मजबूती को लेकर बनी योजना पार्टी की सफलता के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। मौके पर चमेली देवी, प्रो. कैलाश साव, देवाशीष मिश्रा, असित मंडल, अनूप पांडे, रघुनाथ गोस्वामी, सुभाष मिर्धा, ताहा अंसारी, जमरुद्दीन अंसारी, जमाल अंसारी, रहीम अंसारी समेत अन्य झामुमो कार्यकर्ता मौजूद थे।
सामुदायिक पुलिसिंग का हुआ आयोजन
फतेहपुर। संवाददाता। फतेहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आगैया गांव में सामुदायिक पुलिसिंग का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य स्थानीय समुदाय के साथ पुलिस के संबंधों को मजबूत करना था। इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और स्थानीय निवासियों के बीच संवाद का आयोजन किया गया, जिसमें सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर चर्चा की गई।
इस दौरान एएसआई संतोष गोस्वामी ने आगैया गांव पहुंचकर लोगों के साथ बैठकर बातचीत की एवं गांव में विभिन्न मुद्दों को लेकर जागरूक किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे मामले को लेकर लोग थाना पहुंच जाते हैं, ऐसा न हो, इसीलिए सामुदायिक पुलिसिंग का आयोजन किया गया है। ऐसे मामलों का निपटान गांव में ही पंचायती बुलाकर करना चाहिए। सामुदायिक पुलिसिंग के दौरान हम लोग आपकी समस्या को यहां सुनेंगे और उसका निदान करने की कोशिश करेंगे। उन्होंने लोगों को साइबर क्राइम के बारे में जागरूक किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से कहा कि अगर आपके पास कोई आपको बैंक अधिकारी या अन्य कुछ बोलकर मोबाइल में कॉल कर विभिन्न प्रकार के लालच दे सकता है उसे लालच में आपको नहीं पढ़ना है एवं उसे कॉल की जानकारी स्थानीय थाना को दे सकते हैं। उन्होंने घरेलू हिंसा, महिला हिंसा, बाल विवाह आदि के बारे में जानकारी दिया। उन्होंने लोगों को बाल विवाह के बारे में जागरूक किया। कहा कि आप अपने बहन बेटियों की शादी 18 साल उम्र पूरी होने के बाद ही करें एवं 18 साल तक उन्हें बेहतर शिक्षा प्रदान करें। मौके पर गांव के महिला, बुद्धिजीवी एवं शिक्षित युवक एवं ग्रामीण उपस्थित थे।
सूचना मिलने पर हरकत में आया प्रशासन, वंचित आदिवासी दंपत्ति को मिली सहायता
कुंडहित। संवाददाता। बाघाशोला के रहने वाले बुजुर्ग मोटू पावरिया और उसकी पत्नी लुखीमुनी पावरिया के असहाय स्थिति में रहने की सूचना मिलते ही कुंडहित प्रखंड प्रशासन हरकत में आया। शनिवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी जमाले राजा, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी संजय कुमार बाघाशोला पहुंचे और राशन आदि सरकारी सहायताओं से वंचित आदिवासी दंपति को मौके पर आकस्मिक निधि से फौरी सहायता के तौर पर चावल, दाल आदि की मदद मुहैया कराई। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बताया कि वंचित दंपति के राशन कार्ड बनाने की दिशा में कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही दंपति को यथोचित सहायता मुहैया करा दी जाएगी। गौरतलब है कि बाघाशोला का रहने वाला उक्त दंपति का अभी तक राशन कार्ड और राशन से वंचित रहना अंतिम व्यक्ति तक समाज सरकार के पहुंच पर सवालिया निशान खड़ा करता है। बुजुर्ग दंपति ने बताया कि उन्होंने राशन कार्ड के लिए कई बार प्रखंड कार्यालय का चक्कर लगाया था लेकिन कोई लाभ नहीं मिल पाया। बुजुर्ग दंपति का एक बेटा और दो बेटी है। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है जबकि बेटा कमाने के लिए पलायन कर चुका है। बेटियों की शादी और बेटे के बाहर चले जाने के बाद बुजुर्ग पूरी तरह से दंपति पूरी तरह से असहाय हो गया है और घोर मुफलिसी और फांकाकस्सी में जीवन गुजर रहा था। मामले की जानकारी स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता समसुल हक ने प्रशासन को दी जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया और बुजुर्ग दंपत्ति को फौरी मदद पहुंचाई है। कांग्रेस कार्यकर्ता समसुल हक ने बताया कि जानकारी मिलने के बाद अपने स्तर से बुजुर्ग दंपत्ति का राशन कार्ड बनवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर दिया है। असहाय दंपति की जानकारी मिलने पर कुंडहित निवासी सरकारी शिक्षक रूपम कुमार लौह ने भी अपने ओर से बुजुर्ग दंपत्ति को ठंड से बचाव के लिए वस्त्र मुहैया कराया है। फिलहाल मोटू पावरिया दंपति का यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।