-नशे के सौदागरों के विरुद्ध पुलिस की बड़ी कार्रवाई
-कार की डिक्की में खुफिया जगह पर छुपा कर रखा मिला ब्राउन शुगर
-एसडीपीओ ने प्रेस कांफ्रेंस कर दी जानकारी
राजमहल। संवाददाता। नशे के कारोबार पर लगाम लगाने की दिशा में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। राजमहल अनुमंडल अंतर्गत राधानगर थाना क्षेत्र से नशे के सामान की तस्करी करते दो युवकों को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवकों के पास से 930 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ। पुलिस ने एक कार के साथ 03 मोबाइल फोन एवं 45सौ रुपया भी जब्त किया है। एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने शनिवार को कार्यालय कक्ष में प्रेस वार्ता कर बताया कि एसपी अमित कुमार सिंह को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि बरहरवा-राजमहल मुख्य मार्ग में एक उजले रंग की कार में कुछ व्यक्ति ब्राउन शुगर लेकर राजमहल की तरफ जा रहे हैं। सूचना मिलते ही एसपी ने एक छापामारी टीम का गठन किया। टीम में शामिल राजमहल एसडीओ कपिल कुमार, एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी, पुलिस निरीक्षक श्यामलाल हांसदा, राधानगर थाना प्रभारी नितेश कुमार पांडेय, आरक्षी वीरेंद्र यादव एवं विनोद टुडू ने राधानगर थाना अंतर्गत साल्टी पोखर के समीप वाहन चेकिंग अभियान चलाया। कुछ देर के बाद बरहरवा की तरफ से एक उजले रंग की कार आती हुई दिखाई दी। पुलिस टीम ने कार रोक कर विधिवत तलाशी ली। तलाशी के क्रम में कार की डिक्की में सीट के नीचे खुफिया तरीके से बने एक चेंबर से एक पैकेट मिला। जिसको खोल कर देखने पर ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ प्रतीत हुआ। उक्त पदार्थ के संबंध में वाहन सवार व्यक्तियों से पूछताछ की गई। परंतु उनसे कोई ठोस जवाब नहीं मिला। सख्ती से पूछताछ करने पर कार में सवार व्यक्तियों ने बताया कि सफेद पाउडर ब्राउन शुगर है। जिसे बेचने के लिए राजमहल ले जा रहे थे। पुलिस ने वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान राजमहल थाना क्षेत्र के मुर्गी टोला निवासी अब्दुल रज्जाक (45) एवं दूसरे व्यक्ति ने सरायकेला खरसावां जिला अंतर्गत खरसावां थाना क्षेत्र निवासी इम्तियाज खान (31) के रूप में बताई। वजन करने पर बरामद ब्राउन शुगर का पैकेट 930 ग्राम का पाया गया। पुलिस ने आरोपियों की पूर्वी सिंहभूम के जिला जमशेदपुर में रजिस्टर्ड सफेद रंग की कार संख्या जेएच 05 डी 0975, तीन मोबाइल फोन एवं नकद 4500 रुपया जब्त कर लिया। मामले को लेकर राधा नगर थाना कांड संख्या 172/24 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही है। एसडीपीओ ने बताया कि ब्राउन शुगर की इतनी बड़ी खेप से जुड़े अन्य तथ्यों को खंगाला जा रहा है। गौरतलब है कि क्षेत्र में नशा का अवैध कारोबार चलता रहा है। बीते वर्ष 2023 में भी राधा नगर थाना क्षेत्र के हाईस्कूल के समीप 08 ग्राम हेरोइन की तस्करी करते हुए राधानगर थाना क्षेत्र के उत्तर पलाशगाछी पंचायत के लोकमान्य टोला निवासी आलम शेख को गिरफ्तार किया गया था। 22 मार्च, 24 को राजमहल फेरी घाट से 24 किलो से अधिक गांजा एक फरार व्यक्ति के बैग से बरामद हुआ था। वहीं 12 मई, 24 को राधानगर थाना क्षेत्र के कटहलबाड़ी निवासी उदय मंडल को 02 किलो, 100 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया था। जबकि 4 मई, 24 को तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के इनायतपुर निवासी भरत मंडल के घर से 14 किलो, 600 ग्राम गांजा पुलिस ने बरामद किया था।
आंगनबाड़ी सेविका और सहायिकाओं का अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू
-समाहरणालय के समीप किया धरना-प्रदर्शन
साहिबगंज। संवाददाता। झारखंड राज्य समाज कल्याण आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के आह्वान पर सभी आंगनबाड़ी सेविका और सहायिका अपनी सेवा शर्त नियमावली की अधिसूचना में आंशिक संसोधन, महिला पर्यवक्षिक के पद पर प्रोन्नति, वेतनमान, महंगाई व अन्य भत्ता भुगतान सहित 08 सूत्री मांगों के समर्थन में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चली गईं। शनिवार को जिला अध्यक्ष शबाना आजमी की अध्यक्षता में सेविकाओं व सहायिकाओं ने समाहरणालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष शबाना आजमी ने बताया कि संघ पिछले कई सालों से 08 सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन कर रहा है। 23 सितंबर को रांची में सीएम आवास का घेराव भी हुआ। लेकिन सरकार को फिक्र नहीं है। कहा कि सरकार सेविकाओं व सहायिकाओं से वादा खिलाफी कर रही है। मौके पर सेविका पुष्पा देवी, शबनम आरा, सोनी खातून, सरस्वती देवी, सुमन कुमारी, रीना देवी, रेखा देवी सहित अन्य मौजूद थीं।
एडीपीओ ने की मासिक अपराध नियंत्रण गोष्ठी
साहिबगंज। संवाददाता। अनुमंडलीय कार्यालय में शनिवार को एसडीपीओ कक्ष में अपराध नियंत्रण गोष्ठी हुई। अध्यक्षता एसडीपीओ किशोर तिर्की ने की। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव और पर्व-त्योहार को लेकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाने व अपराध नियंत्रण संबंधी टिप्स दिए। मौके पर नगर थाना इंस्पेक्टर अमित गुप्ता, जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी, मुफस्सिल थाना प्रभारी व अन्य मौजूद थे।
आज मांझी परगना महासम्मेलन में बरहेट आएंगे पूर्व सीएम चंपाई
साहिबगंज। संवाददाता। बरहेट के भोगनाडीह में रविवार को मांझी परगना महासम्मेलन का आयोजन होगा। जिसमें सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन व बोरियो के पूर्व विधायक लोबिन हेंब्रम भी शामिल होंगे। महासम्मेलन में साहिबगंज जिले के अलावा संथालपरगना के कई जिलों से आदिवासी समाज की पारंपरिक व्यवस्था का संचालन करने वाले ग्राम प्रधानों, गुड़ित नायकी सहित आदिवासी समाज के लोगों का जुटान होगा। कार्यक्रम की तैयारी जोरों पर है। करीब 10 हजार लोगों के इस कार्यक्रम में शामिल होने का अनुमान लगाया जा रहा है। ग्राम प्रधान सह मांझी परगना अध्यक्ष बेटका मुर्मू ने बताया कि जिस आशा और विश्वास से हेमंत सोरेन को जिताया, उसी ने मांझी परगना व्यवस्था को दरकिनार कर दिया। मांझी परगना व्यवस्था पूर्वजों से चली आ रही है। हेमंत सोरेन ने इसे मजबूत करने की दिशा में कोई काम नहीं किया। पूर्व सीएम चंपाई सोरेन ने ग्राम प्रधानों को बाइक देने की योजना चलाई थी। लेकिन हेमंत सोरेन की सरकार ने उस पर रोक लगा दी। जिससे ग्राम प्रधानों में नाराजगी व्याप्त है।
सड़क दुर्घटना में एक वृद्ध की मौत
बोरियो। संवाददाता। थाना क्षेत्र के बोरियो-बोआरीजोर मुख्य पथ के बालीडीह के समीप शुक्रवार देर शाम को सड़क दुर्घटना में एक वृद्ध की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार राझन निवासी छोटका मुर्मू (65) अपने भतीजा बेटका मुर्मू के साथ एक मवेशी को लेकर अपने भगना के यहां गोड्डा, सिमड़ा, माइसोल से अपने घर राझन पैदल लेकर आ रहा था। इसी दौरान बोआरीजोर की ओर से आ रही बाइक के हैंडल से धक्का लगने से छोटका मुर्मू सड़क पर गिर कर घायल हो गया। सूचना मिलते ही बोरियो पुलिस ने वहां पहुंच वृद्ध को अपने वाहन से बोरियो सीएचसी में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद वृद्ध को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन सुबह में सदर अस्पताल ले जाने की बात कह कर सीएचसी में रुक गए। इधर देर रात हालत बिगड़ने पर इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। थाना प्रभारी पंकज वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं बाइक को जब्त कर मामले की छानबीन की जा रही है।
35वीं पूर्वी क्षेत्र जूनियर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के लिए आठ एथलीट भुनेश्वर रवाना
साहिबगंज। संवाददाता। भारतीय एथलेटिक संघ, नई दिल्ली एवं ओडिशा एथलेटिक्स संघ के संयुक्त तत्वावधान में भुनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में होने वाली 35वीं पूर्वी क्षेत्र जूनियर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के लिए जिले से 08 एथलीटों का चयन झारखंड टीम में किया गया है। सभी खिलाड़ी आज भुनेश्वर के लिए रवाना हुए। झारखंड टीम में अश्विन नागदुवार, संतोष मुर्मू, परमा हांसदा, अली, नीरज यादव, सुहाना परवीन, हुस्न आरा परवीन, शिवम मंडल शामिल हैं। उपायुक्त हेमेंत सती, जिला खेल पदाधिकारी प्राण महतो, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष राजेश कुमार यादव, उपाध्यक्ष कल्याण श्रीवास्तव, ओम तत्सत, सचिव माधवचंद्र घोष, कोच अशोक कुमार साहनी, आलोक कुमार सिंह, निमाई चौधरी समेत जिले के खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों को शुभकामना दी।