याद किए गए पूर्व विधायक स्वर्गीय विष्णू भैया
जामताड़ा। संवाददाता। विष्णु भैया मेमोरियल फाउंडेशन की ओर से पूर्व विधायक स्वर्गीय विष्णु प्रसाद भैया की 62वीं जयंती मनाई गई। जयंती के अवसर पर भारी संख्या में उनके चाहने वाले और शहर के गणमान्य लोग उपस्थित होते हैं। दुमका रोड स्थित पाटोदिया धर्मशाला में जयंती समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बतौर मुख्य अतिथि अयोध्या के श्री राम कथा वाचक छोटे बापू महाराज उपस्थित हुए। मौके पर उपस्थित सभी लोगों ने विष्णु भैया स्मारक स्थल पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। जयंती समारोह में स्वागत भाषण वरिष्ठ नेता देवाशीष मिश्रा ने दिया। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि छोटे बापू महाराज ने कहा कि विष्णु भैया जैसे प्रतिभावान नेता समाज को कम ही मिलते हैं। उन्होंने कहा कि विष्णु भैया की भक्ति, समाज के प्रति उनकी सोच, उनके विकास का पैमाना सबसे अलग था। इस क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए विष्णु भैया के सोच का अनुकरण करना बहुत ही बेहतर होगा। मौके पर उपस्थित वक्ताओं ने विष्णु भैया के साथ गुजारे अपने पुराने दिनों की चर्चा की। उनके कार्य शैली के बारे में विस्तार से बताया और समाज के प्रति जो उनका नजरिया था, उसको विश्लेषित करते हुए आज उनकी कमी पर काफी दुख प्रकट किया। विष्णु भैया मेमोरियल फाउंडेशन की संरक्षिका चमेली देवी ने कहा कि आज विष्णु भैया का ही देन है कि उनके नहीं रहने के बावजूद भी मैं इतना हिम्मत जुटा पा रही हुं कि लोगों के हर समस्या में लड़ने के लिए तैयार हुं। मंच पर आसीन शिक्षाविद डीडी भंडारी, कार्तिक मंडल, वीरेंद्र मंडल, प्रभु मंडल, सुमन दास सहित अन्य मौजूद थे।
सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना विधिक सेवा प्राधिकार का प्रथम कर्तव्य है : पीडीजे
जामताड़ा। संवाददाता। सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और उन्हें जिला प्रशासन के सहयोग से उपलब्ध कराना जिला विधिक सेवा प्राधिकार का परम कर्तव्य है। इसी के निमित्त सदर प्रखंड में मेगा विधिक सेवा सशक्तिकरण शिविर का आयोजन किया गया। उक्त बातें रविवार को प्रखंड परिसर में आयोजित मेगा विधिक सेवा सशक्तिकरण शिविर में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राधा कृष्ण ने कही। उन्होंने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार आपकी हर परेशानी में आपके साथ है। आपको सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है या न्यायिक प्रक्रिया में कहीं अड़चन आ रही है तो आप अपना आवेदन जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव को अवश्य दें। बताया कि जमीनी विवाद हो या छोटे-मोटे क्राइम, मेडिएशन सेंटर के माध्यम से दोनों पक्षों को समझौता करा कर सेटलमेंट कराया जाता है और इसमें दोनों पक्षों की जीत होती है। मौके पर उपायुक्त कुमुद सहाय ने बताया कि अक्सर जमीन का विवाद या भाई-भाई में घरेलू विवाद को लेकर झगड़ा बन जाता है। ऐसे मामलों का भी निष्पादन जिला विधिक सेवा पर अधिकार की ओर से की जाती है। पुलिस कप्तान अनिमेष नैथानी ने बताया कि आज जामताड़ा साइबर क्राइम में बहुत आगे है, इसी दाग को मिटाने के लिए हम प्रयासरत हैं। कहा कि लोगों से अपेक्षा करते हैं कि वह जागरूक बनकर सचेत रहें। वही शिविर में सैकड़ो परिसंपत्तियों का वितरण किया गया और विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टालों का निरीक्षण पदाधिकारी ने की। मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव अभिनव, प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण चौधरी, अंचल अधिकारी अविश्वर मुर्मू, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी प्रदीप टोप्पो, कनीय अभियंता सिम्मी सिंह, नागेंद्र शर्मा, राजेंद्र शर्मा, सुभाष दत्त, निताई मंडल, राजेश कुमार, सरस्वती मरांडी अमित कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे।
कल्याणकारी राज्य के उद्देश्य प्राप्ति का साधन है कैंप : एसीजेएम
कुंडहित। संवाददाता। भारतीय संविधान के तहत कल्याणकारी राज्य के उद्देश्य को साकार करने की दिशा में विधिक सेवा प्राधिकार के तहत आयोजित होने वाला यह कैंप काफी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। कहा कि कैंप के माध्यम से अनावश्यक मुकदमे बाजी से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली है। वही सरकारी योजनाओं से वंचित लोगों को योजना का लाभ मिल रहा है। उक्त बातें जामताड़ा के अपर मुख्य न्यायाधीश दंडाधिकारी नईम अंसारी ने कही। एसीजेएम श्री अंसारी रविवार को कुंडहित प्रखंड सह अंचल कार्यालय में आयोजित मेगा विधिक सशक्तिकरण शिविर को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान उपस्थित क्षेत्र के लोगों से विधिक सेवा प्राधिकार के सहायता से अपनी तथा अपने जानकारो की समस्याओं को दूर करने की अपील करते हुए कुंडहित क्षेत्र की जनता को जागरूक और बताया। गौरतलब है कि शिविर की शुरुआत अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी नईम अंसारी ने दीप प्रज्वलित कर की। कहा कि आपके आसपास अगर कोई पीड़ित व्यक्ति है तो उसकी सूचना डालसा को दें ताकि उसकी यथोचित मदद हो सके। वही अनावश्यक मुकदमे बाजी से परेशान लोग भी दोनों पक्षो की सहमति से अपने मुकदमों का बड़ी ही आसानी से निपटारा करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आप खुद भी कानूनी जानकारी प्राप्त करें तथा दूसरों को जागरूक करें। साथ ही, डालसा की गतिविधियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं ताकि अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित किया जा सके, यही इस शिविर का मुख्य उद्देश्य है। शिविर के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी जमाले रजा ने विभिन्न विभागों की ओर से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी जा रही है, ताकि अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सके। कहा कि हम सभी को मिलकर जरूरतमंदों तक यथोचित सहायता पहुंचानी है। ताकि उनका सशक्तिकरण सुनिश्चित किया जा सके। कैंप के दौरान विभिन्न जरूरतमंदों को पेंशन, धोती साड़ी, मेट किट, सखी मंडल को ऋण आदि मुहैया कराया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन स्वच्छ भारत मिशन की प्रखंड समन्वयक रफीक हुसैन ने किया। मौके पर उक्त अधिकारियों के अलावा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मी गण उपस्थित थे।
जिले भर में धूमधाम से निकाला गया भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा
सैकड़ों नगर वासियों ने भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा में नगर भ्रमण के लिए रथ खींचते नजर आए
जामताड़ा। पंच टीम। रविवार को रथ यात्रा के शुभ अवसर पर श्री श्री राधाबल्लभ जिऊ कमेटी एवं रथ यात्रा कमेटी के तत्वावधान में जामताड़ा स्थित गांधी मैदान दुर्गा मंदिर परिसर से भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा निकाली गई। इस रथ यात्रा में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल सम्मिलित हुए। बड़े ही धूमधाम और भक्ति पूर्ण माहौल में पूर्व नगर पंचायत जामताड़ा अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल सहित सैकड़ो की संख्या में शामिल नगर वासियों ने मिलकर भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा नगर भ्रमण के लिए रथ खींचते नजर आए। भगवान जगन्नाथ की पूजा अर्चना के उपरांत शाम 4 बजे रथ यात्रा गांधी मैदान से शुरू होकर मुख्य बाजार होते हुए, चंचला मंदिर स्टेशन रोड से होते हुए पुन: गांधी मैदान में प्रसाद वितरण के साथ समाप्त हुई। भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के उपलक्ष्य में गांधी मैदान स्थित मां दुर्गा मंदिर परिसर में सात दिवसीय 8 जुलाई से 15 जुलाई तक भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस भागवत कथा में मुख्य कथावाचक कोलकाता के सुब्रतो बंदोपाध्याय सम्मिलित होंगे। कहा कि रथ यात्रा में बड़े ही धूमधाम और भक्ति पूर्ण माहौल में जामताड़ा नगर के सैकड़ो श्रद्धालुगण रथ यात्रा में सम्मिलित होकर भगवान जगन्नाथ की रथ को खींचा। रथ यात्रा का बड़ा ही महत्व है जो भी श्रद्धालुजन इस रथ यात्रा में सम्मिलित होते हैं, भगवान जगन्नाथ उसकी पीड़ा दुख दर्द को दूर कर जीवन में सुख की वृद्धि करते हैं। आप सभी भागवत कथा प्रेमियों से अनुरोध है कि इस भागवत कथा में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने इच्छा शक्ति के अनुरूप दान पुण्य का कार्य करें। मौके पर सैकड़ो की संख्या में जामताड़ा नगर वासी उपस्थित रहें।
कुंडहित संवाददाता के अनुसार, रविवार की शाम भगवान जगन्नाथ छोटे भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ रथ पर सवार होकर अपने मौसी घर जाने को निकले। भगवान जगन्नाथ देव की रथयात्रा के साक्षी बनने के लिए हजारो की तादात में लोग रथ मार्ग पर एकत्रित हुए। परम्परा के अनुसार, गाजे बाजे और हरिनाम संर्कीतन के बीच कुंडहित मुख्यालय के माझपाड़ा तथा लोहारपाड़ा के दोनों रथ एकसाथ दुगा र्मंदिरों से निकालकर बरमसिया मोड़ होते हुए वापस हटिया मैदान तक पहुंचे। रथयात्रा को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्वालु कुंडहित मुख्यालय की ओर उमड़ पड़े। रथ की रस्सी खींच कर श्रद्धालुओं में पुण्य बटोरने की होड़ लगी रही। रथयात्रा के साथ ही मेला भी शुरू हो गया। मेले में लोगों की बड़ी भीड़ उमड़ पड़ी है। जानकारी के अनुसार, 404 वर्षो से कुंडहित में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा का उत्सव धूमधाम से मनाया जाता है। मुख्यालय स्थित लोहारपाड़ा और माझपाड़ा दुर्गा मंदिर से प्रतिवर्ष दो-दो रथ निकाल कर पुरे मुख्यालय का परिभ्रमण कराया जाता है। मुख्यालय के अलावे बनकाठी से लकड़ी का रथ निकालकर पुरे कुंडहित में घुमाया जाता है। साथ ही, नगरी, बाबुपूर एवं तुलसीचक गांव में भी भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकाली जाती है। समाचार लिखे जाने तक कुंडहित प्रखंड में रथयात्रा का उत्सव धुमधाम के साथ शुरू हो गया है।
बिंदापाथर संवाददाता के अनुसार, भगवान जगन्नाथ के रथ यात्रा में शामिल होने पूजन, दर्शन एवं नमन के लिए अपार उत्साह देखा गया। हालांकि भगवान का रथ सजाने तथा रस्सी खींचने जैसे पुण्य कार्य में भागीदारी निभाने के लिए सुबह से ही उपवास रखकर भक्तों को शुद्धाचार के साथ देखा गया। इस धार्मिक अनुष्ठान के अवसर पर शोभायात्रा निकाली गई है। भगवान की पूजा अर्चना एवं भोग नैवेद्य अर्पण करते हुए रथ यात्रा उत्सव मनाया गया। रविवार सुबह से ही क्षेत्र में इस पर्व को लेकर पूजा अर्चना के साथ उत्साह का माहौल देखा गया।
श्रावणी मेला उत्सव को लेकर मंदिर प्रबंधन कमेटी की बैठक आयोजित
नाला। संवाददाता। जामताड़ा जिला का प्रमुख धार्मिक स्थल देवलेश्वर धाम में मंगलवार को विपदतारिणी व्रत एवं 17 जुलाई से प्रारंभ होने वाले श्रावणी मेला उत्सव को लेकर रविवार को मंदिर प्रबंधन कमेटी के सौजन्य से एक बैठक हुई। इस बैठक में विपदतारिणी व्रत के मौके पर नाला, कुंडहित, फतेहपुर और बंगाल के निकटवर्ती क्षेत्र से सैंकड़ों की तादाद में पहुंचने वाले व्रतियों को कतारबद्ध तरीके से पूजा करवाने, प्रसाद वितरण सुनिश्चित करने आदि महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते हुए आवश्यक निर्णय लिया गया है। कमेटी के अध्यक्ष राम हांसदा ने कहा है कि पिछले सालों की तरह इस बार भी व्रतियों के लिए आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराया जाएगा। इसके लिए वैसे सदस्यों के ऊपर अलग-अलग दायित्व सौंपा गया है। जानकारी हो कि बाबाधाम में बांग्ला पंचांग के अनुसार 17 जुलाई से सावन शुरू होगा। मौके पर कमेटी के सचिव मागाराम विद, विजय माजी, रामपद गोराई, जियाराम ठाकुर, हीरालाल मंडल, वृंदावन दत्त सहित अन्य मौजूद थे।
राजद ने चलाया जनसंपर्क अभियान
नाला। संवाददाता। समाज में किसी अनुष्ठान, काम, यात्रा और अभियान शुरू करने के लिए रथ यात्रा के दिन को अति शुभ माना जाता है। इसी के मद्देनजर रविवार को राजद की ओर से हर गांव घर और टोला चलो अभियान शुरू किया गया। इस अभियान के तहत राजद कार्यकर्ताओं ने नाला क्षेत्र के भिन्न-भिन्न पंचायत, गांव और टोला में जाकर ज्यादा से ज्यादा लोगों को जागरूक कर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव के साथ साथ पार्टी का सिद्धांत की जानकारी दी है। इस क्रम में अधिक से अधिक लोगों को संगठन में जोड़ने और संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया गया है। पार्टी में मजदूर किसान के साथ साथ युवा पीढ़ी का झुकाव लगातार बढ़ रहा है। राजद के प्रदेश सचिव अशोक कुमार माजी के नेतृत्व में लालचन्द ढेकारो, अभिषेक मुर्मू, संजीत ढेकारो, रवि ढेकारो, खोकन ढेकारो ने पार्टी का दामन थामा।
प्रखंड कार्यालय में जिला विधिक शिविर का आयोजन
फतेहपुर। संवाददाता। प्रखण्ड कार्यालय सभागार में जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से विधिक सहायता सशक्तिकरण न्यायिक दंडाधिकारी अमित आलदा, बीडीओ प्रेम कुमार, सीओ घनश्याम कुमार ने सामूहिक रूप दीप प्रज्ज्वलित कर कैम्प का शुभारम्भ किया। न्यायिक दडाधिकारी अमित आलदा ने लोगों को न्यायिक अधिकार तथा कानून के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दिए। बीडीओ प्रेम कुमार ने कहा कि लोगों के समक्ष सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजना का लाभ समाज का अंतिम व्यक्ति तक इसका लाभ पहुंच सके। मौके पर बीपीआरओ हरीपद रुई दास, अमित मडल, नरेश बाउरी, काफी सख्या में महिला पुरुष उपस्थित थे।
जन सेवा पार्टी की बैठक आयोजित
मिहिजाम। संवाददाता। मिहिजाम के अंबेडकर नगर में जन सेवा पार्टी का बैठक संपन्न हुआ। बैठक की अध्यक्षता पार्टी नगर अध्यक्ष पवन देव रॉय ने किया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी नेता सह पार्टी संयोजक राकेश लाल जी उपस्थित रहे। राकेश लाल ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आज जामताड़ा जिले में स्वास्थ्य विभाग की स्थिति काफी दयनीय है। किसी भी विषम परिस्थिति में, गंभीर बीमारी होने पर, दुर्घटना होने पर, जामताड़ा जिले वासियों को रेफर छोड़कर कुछ नहीं मिलता।
राकेश लाल ने बताया कि जामताड़ा जिले के मिहिजाम, नारायणपुर, विद्यासागर, नाला, कुंडहित, फतेहपुर कहीं भी अस्पताल की स्थिति सही नहीं है। मिहिजाम इतना बड़ा नगर होने के बावजूद यहां पर स्वास्थ्य व्यवस्था शून्य है। हम जिला प्रशासन से मांग करते हैं कि मिहिजाम मुख्य सड़क पर स्थित कुर्मीपाड़ा स्वास्थ्य केंद्र को पुन: चालू किया जाय। राकेश लाल ने कहा कि कुर्मीपाड़ा स्थित स्वास्थ्य केंद्र पर अविलम्ब अटल मोहल्ला क्लिनिक खोला जाए, जिससे हजारों लोगों को मुफ्त में इलाज और दवा की सुविधा उपलब्ध मिल पायेगी। ऐसे ही कुछ स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी हुई अन्य मांगो को लेकर आगामी 12 जुलाई को जन सेवा पार्टी के कार्यकर्ता जामताड़ा सदर अस्पताल के समक्ष धरना प्रदर्शन कर सिविल सर्जन को मांग पत्र सौंपेंगे।
बैठक में नगर उपाध्यक्ष शंभू शर्मा, नगर महामंत्री सोनू यादव ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ता, छोटेलाल मंडल, चंद्रशेखर साव, निरान दास, अमन अली, उमा शंकर यादव, बिट्टू यादव, अमित गोराई, पंकज राम, लालू यादव, बिमला देवी, मंजू देवी के अलावे अन्य लोग उपस्थित रहे।