नहीं हो पायी शिनाख्तं, पोस्टमार्टम के बाद सुरक्षित रखा शव
दुमका/नगर संवाददाता। अभी गुरुवार को तालझारी में मिले महिला के अधजले शव की सही ढंग से छानबीन नहीं शुरू हो पाई थी कि शुक्रवार को विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के श्रीअमड़ा से पुलिस ने पेड़ से लटकता हुआ एक किशोरी का शव बरामद किया है। मृतका की उम्र 14 साल के आसपास है और वह आदिवासी समुदाय की है। जानकारी के अनुसार सुबह श्रीअमड़ा गांव के कुछ लोग बाग होकर गुजर रहे थे, तभी सभी की नजर पेड़ से लटक रहे किशोरी के शव पर पड़ी। सूचना के बाद थाना प्रभारी सुजीत उरांव मौके पर पहुंचे और शव कब्जे में लिया। तलाशी में किशोरी के पास से ऐसा कुछ नहीं मिला, जिससे उसके बारे में कुछ पता चल पाता। थानेदार ने गांव के लोगों से शिनाख्त कराई, लेकिन कोई पहचान नहीं सका। हर किसी ने कहा कि किशोरी को एक दो बार देखा है। किसी ने बताया कि यह किसी के घर में काम करती है। पुलिस ने शिनाख्त के लिए हर संभव प्रयास किया, लेकिन कुछ पता नहीं चला। बाद में अज्ञात मानकर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि महिला पुलिस की जांच से एक बात तो स्पष्ट हो गई कि उसके साथ दुष्कर्म नहीं हुआ है। हत्या जैसा कुछ प्रतीत नहीं हो रहा है, लेकिन इंकार भी नहीं किया जा सकता है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट होगा कि हत्या के बाद आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पेड़ से लटका तो नहीं दिया गया है। किसी ने गुमशुदगी का मामला भी दर्ज नहीं कराया है। अगर तीन दिन में शिनाख्त नहीं हुई तो अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा।
अधजले शव की नहीं हो सकी पहचान
दुमका। तालझारी थाना की पुलिस ने बुधवार को पहाड़पुर जंगल से करीब 35 साल की एक महिला का अधजला शव बरामद किया था। महिला का पहला गला काटा गया फिर पहचान छुपाने के लिए जला दिया गया। पुलिस को यहां से भी महिला की पहचान से संबंधित कोई प्रमाण नहीं मिला। थाना प्रभारी राजीव प्रकाश का कहना है कि कहीं और हत्या करने के बाद शव को जंगल में लाकर फेंक दिया गया है। शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।