देवघर/वरीय संवाददाता। जिला कांग्रेस कमिटी द्वारा स्वाधीनता संग्राम के महानायक तथा देश के प्रथम राष्ट्रपति भारतरत्न डॉ राजेन्द्र प्रसाद तथा 1971 पाकिस्तान विभाजन के लांस नायक झारखंड के सपूत अल्बर्ट एक्का का शहादत दिवस मनाया गया। जिलाध्यक्ष प्रो उदय प्रकाश के अगुवाई में कांग्रेसजनों ने कांग्रेस कार्यालय में अपने महापुरुष तथा वीर सपूत की तस्वीर पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें याद करते हुए नमन किया।
इस दौरान जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष डॉ मुन्नम संजय ने तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि संविधान सभा के अध्यक्ष, देश की आजादी की लड़ाई के महान स्वतंत्रता सेनानी डॉ राजेन्द्र प्रसाद का आदर्श एवं विचार सदैव वंदनीय तथा अनुकरणीय है। भारतीय लोकतंत्र की मजबूत नींव रखने का उनका अमूल्य योगदान रहा है। जिलाध्यक्ष प्रो उदय प्रकाश ने डॉ राजेन्द्र प्रसाद के सादा जीवन उच्च विचार को प्रेरणादायी बताया तथा बांग्लादेश मुक्ति संग्राम के महानायक परमवीर चक्र विजेता लांस नायक एलबर्ट एक्का झारखंड के वीर सपूत की बलिदान गाथा अविस्मरणीय है। जिन्होंने देश के दुश्मन की गोलियां का बौछार अपने सीने पर खाकर उन्हें घुस र मारा और देश के सम्मान की रक्षा की। इस दौरान जिला महासचिव सह प्रवक्ता दिनेश कुमार मंडल सहित अन्य लोग भी मौजूद थे।
हिंदी विद्यापीठ में जयंती पर याद किये गए डॉ. राजेन्द्र प्रसाद
देवघर/वरीय संवाददाता। देश के प्रथम राष्ट्रपति व हिंदी विद्यापीठ के आजीवन कुलाधिपति रहे देशरत्न डॉ. राजेंन्द्र प्रसाद की जयंती पर उन्हें माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया। इस अवसर पर संस्थान के संयुक्त व्यवस्थापक अशोकानंद झा एवं कुलसचिव केके ठाकुर ने राजेन्द्र प्रसाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके पश्चात प्राचार्य संजय खवाड़े,बीएड कॉलेज की प्रभारी प्राचार्या रितु रानी एवं मीडिया प्रभारी शम्भू सहाय समेत अन्य लोगों ने भी अपने पूर्व कुलाधिपति की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किया। मौके पर संयुक्त व्यवस्थापक अशोकानंद झा ने डॉ. राजेन्द्र प्रसाद को महान विभूति बताया। साथ ही कहा कि वे प्रकांड विद्वान होने के अलावा लोकतंत्र के पक्का हिमायती थे। वे हमारे संस्थान के कुलाधिपति रहे इस बात के लिए हमें गर्व का अनुभव होता है। भारतीय संविधान के निर्माण में उनका अहम योगदान रहा है। बतौर राष्ट्रपति उनका कार्यकाल देश के लिए स्वर्णकाल था। इस अवसर पर साहित्य प्रेस प्रबंधक हिमांशु झा,कार्यालय अधीक्षक संजय कुमार तथा पंकज कुमार सिन्हा समेत विद्यापीठ के तमाम कार्यकर्ता व बीएड कॉलेज के सभी छात्र-छात्राएं व शिक्षकगण उपस्थित थे।
दिव्यांगों को उनके अधिकारों के प्रति सजग करना जरूरी
देवघर/वरीय संवाददाता। संथाल परगना चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सदस्य अजय कुमार ने विश्व विकलांग दिवस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि विश्व दिव्यांग दिवस मनाने का मूल उद्देश्य दिव्यांगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने एवं उन्हें अपने मूल अधिकारों के प्रति सजग एवं जागृत करना है। विश्व विकलांग दिवस पर विकलांगों के कल्याण हेतु हम सभी संकल्प लें तभी विश्व दिव्यांग दिवस मनाना सार्थक होगा।
माता-पिता के प्रति लगाव को शिक्षिका आशा ने किया सार्थक
- माता की पुण्यतिथि पर छात्रों को वितरित किया स्वेटर व लेखन समाग्री का वितरण
देवघर/नगर संवाददाता। कहते हैं ना मानव जीवन में माता और पिता से बढ़कर कोई दुसरा गुरु या अभिभावक नहीं हो सकता है। एक बेटी माता-पिता की जान होती है तो वह दो घरों की शान भी होती है। इतना ही नहीं एक बेटी का माता पिता के प्रति जो लगाव होता है वह ताउम्र मानव जीवन में गहरा संबंध पैदा करता है। इसी कहावत को आज हजारीबाग जिले की एक बेटी सह शिक्षिका ने सार्थक सिद्ध किया है। बताते चलें कि पीएम श्री उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय सलगांवा कटकमदाग की टीजीटी भूगोल शिक्षिका आशा कुमारी ने अपनी दिवंगत माता स्वर्गीय राधिका देवी की तृतीय पुण्य तिथि के अवसर पर विद्यालय के प्रथम वर्ग के छात्र-छात्राओं के बीच सर्द मौसम शरीर के बचाव के लिए स्वेटर तथा अन्य लेखन सामग्री का वितरण किया। इस बाबत विद्यालय की शिक्षिका आशा कुमारी ने बताया कि वे अपनी माताजी की पुण्य स्मृति में प्रतिवर्ष जरूरतमंद लोगों की सहायता करती है। उन्होंने बताया कि विगत वर्ष उन्होंने ओल्ड एज होम में रह रहे बुजुर्गों को उक्त अवसर पर विशेष भोजन कराया था। मौके पर आशा कुमारी के अलावा उनके पति महेंद्र कुमार गुप्ता भी उपस्थित थे। इस नेक कार्य में विद्यालय परिवार के सभी सदस्य भी उपस्थित रहे और उन्होंने इस कार्य हेतु शिक्षिका की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे निश्चित रूप से समाज में एक बेहतर संदेश जाएगा कि हम सब सामाजिक जिम्मेवारी में भी अपना योगदान दे रहे हैं। विद्यालय के बच्चे भी स्वेटर तथा लेखन सामग्रियों को प्राप्त कर अत्यंत खुश नजर आ रहे थे।
बांग्लादेश में हिन्दुओं हो रहे अत्याचार व चिन्मय कृष्ण दास गिरफ्तारी को ले निकाली गई रैली
- सर्व सनातन समाज ने राष्ट्रपति के नाम उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
- रैली में शामिल हुए पूर्व विधायक नारायण दास व भाजपा सहित जुटे सनातनी
देवघर/नगर संवाददाता। बंगलादेश में हिन्दुओं हो रहे अत्याचार व इस्कॉन के बंगलादेश प्रमुख चिन्मय कृष्ण दास की रिहा की मांग को लेकर मंगलवार को सर्व सनातन समाज देवघर के बैनर तले रैली निकाली गई और महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित मांग पत्र उपायुक्त को सौंपा। रैली केकेएन स्टेडियम से निकल कर शहर के बजरंगी चौक, राय एंड कंपनी मोड़, टावर चौक, एलआईसी मोड़ व वीर कुंवर सिंह चौक होते हुए पैदल मार्च करते हुए उपायुक्त कार्यालय समाहरणालय पहुंची। जहां सभा में तब्दील हो गई। रैली में भारी संख्या में महिला व पुरूष सहित युवा बच्चे शामिल थे। इस अवसर पर लोगों ने बांग्लादेश की यूनूस सरकार व उसके कार्यकलाप के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए सनातन संस्कृति व समाज पर अत्याचार बंद करने, महिलाओं के खिलाफ छेड़छाड़ सहित अन्य घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की गई। उपायुक्त को सौंपे गए मांग पत्र में कहा गया है कि बांग्लादेश में हो रहे अल्पसंख्यक हिन्दू, सिख, बौद्ध, जैन आदि समाज के ऊपर अत्याचार, अमानवीय व्यवहार, अपहरण, विश्व विद्यालयों में धार्मिक अल्पसंख्यक हिन्दू समुदाय के लोगों को दौड़ा दौड़ा कर मारना, माताओं बहनों के साथ अभद्रता, छेड़छाड़ एवं दुष्कर्म करना, धार्मिक अल्पसंख्य हिन्दुओं के दुकानों और संपत्तियों को लूट लेना उसमें आग लगा देना, देवी-देवता के मूर्तियों को खंडित, साधु संतों को पीटना तथा उन्हें प्रताड़ित करना, जबरन धर्म विरोधी नारा लगवाना एवं इस्कॉन के सन्यासी स्वामी चिन्मय कृष्ण दास को षडयंत्र के तहत गिरफ्तार किए जाने के विरोध में सर्व सनातन समाज द्वारा देवघर में एक दिवसीय धरना संपन्न हुआ। यह जन आक्रोश रैली शहर के केकेएन स्टेडियम से निकलकर टावर चौक होते हुए समाहरणालय पहुंचा। जहां उपायुक्त के गैर मौजूदगी में अपर समाहर्ता देवघर को संत महात्मा एवं विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष डॉ राजीव पाण्डेय द्वारा एक ज्ञापन राष्ट्रपति के नाम पर सौंपा गया। मौके पर प्रबुद्ध लोगों का संबोधन हुआ। मौके पर इस्कॉन के श्रीनिवास गोपाल दास, गायत्री परिवार के उमाकांत राय, पूर्व विधायक नारायण दास, भाजपा के अन्य कार्यकर्ता, अधिवक्ता परिषद राज कुमार, भारत सेवा आश्रम संघ के स्वामी विपत ब्रह्मचारी, राष्ट्रीय सेविका समिति के ऋचा बरनवाल, एकल विद्यालय के डमरूधर पंडित, राम कृष्ण विवेकानन्द सेवा आश्रम के खामा परमानंद, विश्व हिंदू परिषद के डॉ गोपाल जी शरण, शुभम राय, संयोजक सर्व सनातन समाज एवं संघ परिवार के विभाग कार्यवाह अरुण झा, विभाग प्रचारक बिगेनद्र कुमार, संघ परिवार से राय आनंद वत्स, संजय वाजपेयी, आनंद वर्धन, सुनील गुप्ता, मनीष सहित भारी संख्या में सनातन समाज के लोग उपस्थित थे।
सड़क हादसे मेंे चार घायल, दुघर्टनाग्रस्त ऑटो व बाइक जब्त
देवघर/संवाददाता। जिले के अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसे में चार लोग घायल हो गये। सभी को इलाज के लिये पहले सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से दो हालत को गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिये हायर संेटर रेफर कर दिया गया। नगर थाना क्षेत्र के दूध कोठी मोड़ के पास ऑटो-बाइक के बीच टक्कर हो गयी। इस घटना में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों में बैद्यनाथपुर छीट करणीबाग निवासी राहुल कुमार और उर्मिला देवी का नाम शामिल है। दोनों को पहले इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां ऑन ड्यूटी चिकित्सक के द्वारा प्राथमिक उपचार कर स्थिति को गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना के संबंध में बैद्यनाथपुर छीट करणीबाग निवासी घायल राहुल कुमार ने बताया कि वह बाजार से उर्मिला देवी को बाइक से घर ले जा रहा था। उसी क्रम में दूध कोठी के पास सामने से आ रही एक मालवाहक ऑटो ने धक्का मार दिया। घटना की जानकारी पुलिस दी गयी। सूचना मिलते ही पीसीआर टू घटनास्थल पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया। वहीं ऑटो एवं बाइक को घटनास्थल से थाना ले गई। दूसरी घटना नगर थाना क्षेत्र के छत्तीसी बाल भारती स्कूल के पास घटी। जहां दो बाइक के बीच टक्कर में एक बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां ऑन ड्यूटी चिकित्सक द्वारा इलाज कर वार्ड में भर्ती कर दिया गया। घटना के बाबत घायल महावीर राउत ने बताया कि वह बाजार से अपना घर छत्तीसी जा रहा था उसी दौरान बाल भारती स्कूल के पास उसके बाइक की दूसरे बाइक से आमने सामने टक्कर हो गई। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना परिजनों को दिया। परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया। तीसरी घटना मोहनपुर थाना क्षेत्र के हिंडोलावरण के पास की है जहां ट्रक के धक्के से एक बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का नाम प्रेम यादव है जो बिहार के बांका जिला के कटोरिया थाना क्षेत्र के मालबथान गांव का रहने वाला है। उसे इलाज के लिये सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल प्रेम यादव ने बताया कि वह अपनी बहन के घर तपोवन जा रहा था । उसी क्रम में ट्रक ने पीछे से धक्का मार दिया। जिससे वह बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया।
नाबालिग को अपहरण किये जाने का आरोप, मामला दर्ज
देवघर/संवाददाता। जिले के रिखिया थाना इलाके से एक किशोरी अपहरण कर लिये जाने मामला सामने आया है। इसे लेकर किशोरी की मां ने रिखिया थाना में मामला दर्ज कराया है। कहा है कि उसकी 14 नाबालिग पुत्री शौच के लिये गयी थी। उसी क्रम में गलत नीयत से उसका अपहरण कर लिया गया। मामले में अभिषेक सिंह, परशुराम सिंह, बलराम सिंह और कृष्णा सिंह को आरोपी बनाया है। मामला दर्ज कर रिखिया पुलिस छानबीन में जुट गयी है।
बाइक खड़ी कर शौच के लिये गये व्यक्ति की बाइक चोरी
देवघर/संवाददाता। जिले के मोहनपुर थाना इलाके में बाइक खड़ी कर शौच करने गये व्यक्ति का बाइक चोरी कर लिये जाने का मामला सामने आया है। इसे लेकर थाना में पीड़ित बिहार के बांका जिला के बौंसी थाना क्षेत्र के रानी गावं निवासी भवेश कुमार भूषण में मामला दर्ज कराया है। कहा है कि वह अपने भाई का ससुराल घूटिया गांव जा रहा था। उसी क्रम में बाबूपुर-नागपुर के बगल स्थित काली मंदिर के पास पहुंचा तो उसे जोर का शौच लग गया। वह अपनी पैंट, मोबाइल को बाइक के डिक्की में रखकर शौच के लिये चला गया। जब वह वापस लौटा तो जहां वह बाइक को खड़ी किया था वहां से गयाब मिला। आसपास काफी खोजबीन किया लेकिन बाइक नहीं मिली। उपरांत वह थाना में मामला दर्ज कराया। वहीं मामला दर्ज कर मोहनपुर पुलिस छानबीन में जुट गयी है।
महेशमारा स्टेशन क्षेत्र के लिए वरदान : सुनील
देवघर/संवाददाता। महेशमारा स्टेशन क्षेत्रवासियों के लिए वरदान साबित होगा। उक्त बातें देवघर जिला स्कूल ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. सुनील खवाड़े ने कहा है। कहा कि भाजपा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे के प्रयास से देवघर-दुमका मुख्य पथ पर बनाए गए आरओबी के नीचे महेशमारा रेलवे स्टेशन का निर्माण कराया जाना है। निर्माण कार्य किसी भी दिन चालू हो सकता है। महेशमारा रेलवे स्टेशन बन जाने से रामपुर, झौंसागढ़ी, बैजनाथपुर, महेशमारा के अलावा ठाढ़ी, मलहारा, बिराजपुर, सिंगरडीह, बंधा, मेदनीडीह, ताराबाद सहित दर्जनों गांवों के रेलयात्रियों को ट्रेन पकड़ने व उतरने में काफी सहूलियत होगी। उनकी मांग पर सांसद के प्रयास से होने वाले कार्य को लेकर डॉ. खवाड़े ने क्षेत्रवासियों की ओर से सांसद डॉ. निशिकांत दुबे का आभार जताया है।
इनरव्हील क्लब ऑफ देवघर ने की महिला हिंसा पर चर्चा
देवघर/वरीय संवाददाता। इनर व्हील क्लब ऑफ देवघर के अध्यक्ष अर्चना भगत के नेतृत्व में मंगलवार को रोहिणी में महिलाओं के लिए एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 100 महिलाओं ने भाग लिया और महिला हिंसा से संबंधित मुद्दों पर गहन चर्चा की। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता, अधिवक्ता सुमित्रा झा ने महिलाओं को जागरूक करते हुए उन्हें सशक्त बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महिलाएं हिंसा से बचने के लिए किस प्रकार कानूनी प्रावधानों का उपयोग कर सकती हैं। साथ ही, उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर और आत्मरक्षा के लिए तैयार रहने के लिए प्रेरित किया।इस कार्यक्रम को सफल बनाने में इनर व्हील क्लब की कई प्रमुख सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिनमें रीता चौरसिया, पूर्व अध्यक्ष सारिका साह, पूर्व अध्यक्ष रश्मि रंजन, उपाध्यक्ष सीमा मूंदड़ा, सरिता रानी, विभा सिंह, मिमी दास और नमिता भगत नीलिमा सिन्हा शामिल थीं।कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों और कानून की जानकारी देकर उन्हें जागरूक करना और समाज में महिला हिंसा को समाप्त करना था। यह कार्यक्रम क्लब की प्रतिबद्धता को दर्शाता है कि वह समाज में महिलाओं की स्थिति को सशक्त बनाने के लिए सदैव तत्पर है।