-मृतक का शव सोमवार तक पहुंचने की संभावना
उधवा। संवाददाता। राधानगर थाना क्षेत्र के उत्तर पियारपुर पंचायत अंतर्गत खुशरूद्दीन हाजी टोला निवासी एक प्रवासी मजदूर की मुंबई शहर में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार खुशरूद्दीन हाजी टोला निवासी दानेश शेख का पुत्र मैमुल इस्लाम (56), करीब चार महीने पूर्व मजदूरी करने के लिए मुबंई शहर गया था। मुबंई शहर में मछली बेचने का कारोबार करता था। रविवार की सुबह 05 बजे के आसपास अचानक उनके सीने में दर्द होना लगा। उसके साथियों ने तुरंत उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की कोशिश की। लेकिन इस दौरान उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। उसके साथियों ने फोन के माध्यम से परिजनों को घटना की जानकारी दी। मौत की खबर सुनने के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शव को पैतृक गांव लाया जा रहा है। सोमवार तक मृतक का शव घर पहुंचने की संभावना है। मृतक अपने पीछे पत्नी सहित तीन पुत्र तथा दो पुत्री को छोड़ गए हैं।
बायसी स्थान में एसडीओ और वन विभाग ने लगाया पौधा
साहिबगंज। संवाददाता। वन विभाग और एसडीओ अंगरनाथ स्वर्णकार ने रविवार को बायसी स्थान परिसर में पौधा लगाया। एसडीओ ने बताया कि पौधा लगाना चाहिए और दूसरे को भी पौधा लगाने के लिए प्रेरित करना चाहिए। एक पौधा आगे वृक्ष बन कर इस क्षेत्र को हरा भरा रखेगा। मौके पर वन क्षेत्र पदाधिकारी पंचम दुबे, वन परिसर पदाधिकारी राणा रंजीत चौधरी सहित अन्य वन्यकर्मी मौजूद थे।
झारखंड राज्य हर योजना से होगा आच्छादित : अनंत
-राजमहल विधायक ने की प्रेस कांफ्रेंस
साहिबगंज। संवाददाता। भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री सह राजमहल विधायक अनंत ओझा ने रविवार को भाजपा कार्यालय में केंद्रीय बजट को लेकर प्रेसवार्ता की। उन्होंने केंद्रीय बजट को अमृतकाल के सभी संकल्पों को सिद्ध करने वाला बजट बताया। कहा कि बजट गांव, गरीब, किसान, महिला, नौजवान समेत समाज के सभी तबकों के समग्र विकास का है। वंचितों को हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने का रोडमैप है। खास कर युवाओं और महिलाओं के लिए ड्रीम बजट है। गांव, गरीब और किसानों के लिए इस बजट में विशेष स्थान दिया गया है। यह बजट मिडिल क्लास को नई ताकत देने वाला बजट है। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का बजट भारत को पांच ट्रिलियन की इकोनामी बनाने के साथ 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए है। यह बजट देश के सभी वर्गों के विकास और उन्नति को समर्पित है। युवाओं के लिए पांच स्कीम के साथ एक करोड़ युवाओं को इंटर्नशिप की व्यवस्था, रोजगार सृजन को प्रोत्साहन देने के लिए तीन स्कीम, कृषि व उससे जुड़े सेक्टर के लिए 1.52 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान, मुद्रा लोन योजना 10 लाख से बढ़ा कर 20 लाख की गई। पहले गरीब छात्र रुपये की कमी के कारण पढ़ नहीं पाते थे। लेकिन इस बजट में प्रावधान किया गया है कि छात्रों को कॉलेज में एडमिशन के लिए लोन मिलेगा। इसमें तीन प्रतिशत तक छूट सरकार देगी। जनजातीय समुदायों के लिए प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान की शुरूआत की जाएगी। इस योजना से 63 हजार गांवों में 05 करोड़ जनजातीय लोग लाभान्वित होंगे। बड़ी संख्या में झारखंड के जनजातीय समाज को इसका लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण की शुरूआत की जाएगी। जिसके तहत 25 हजार ग्रामीण बस्तियों में सभी मौसम के अनुकूल सड़कें उपलब्ध कराई जाएगी। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत तीन करोड़ लोगों के और घर बनाये जाएंगे। अब तक दस वर्षों में 04 करोड़ से अधिक घर बनाये गए हैं। विधायक ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। बजट में जनजातीय समाज, दलितों और पिछड़ों को सशक्त करने के लिए मजबूत योजनाओं को लाया गया है। बजट में घोषित योजनाओं से झारखंड राज्य आच्छादित होगा। मौके पर गौतम यादव, चंद्रभान शर्मा मौजूद थे।
अपराध पर नियंत्रण और विधि व्यवस्था बनाये रखें : त्रिपाठी
-एसडीपीओ ने की अपराध नियंत्रण गोष्ठी
राजमहल। संवाददाता। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय कक्ष में एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी की अध्यक्षता में रविवार को मासिक अपराध गोष्ठी हुई। अपराध गोष्ठी के उपरांत जानकारी देते हुए एसडीपीओ ने बताया कि थाना प्रभारियों को अपराध पर नियंत्रण एवं विधि व्यवस्था बनाए रखने, थाना क्षेत्र में विशेष चौकसी बरतते हुए सतर्क रहने का दिशा-निर्देश दिया गया। वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए किये जा रहे प्रयास की जानकारी ली गई। पुलिस को मुस्तैद रहने का निर्देश दिया गया। अपराध पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से समय-समय पर वाहन जांच करने, लंबित मामलों का जल्द निष्पादन करने सहित क्राइम कंट्रोल से संबंधित कई दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में थानावर कांडों की समीक्षा की गई। साथ ही कांडों के त्वरित निष्पादन पर जोर दिया गया। क्षेत्र में विधि व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए पुलिस को अलर्ट मोड में रहने, रात्रि गश्ती एवं नागरिक सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। मौके पर पुलिस इंस्पेक्टर श्यामलाल हांसदा, राजमहल थाना प्रभारी गुलाम सरवर, महिला थाना प्रभारी पूजा कुमारी, राधानगर थाना प्रभारी नितेश कुमार पांडेय, तालझारी थाना प्रभारी अमर मिंज, तीनपहाड़ थाना प्रभारी शाहरुख, रीडर राजकुमार उपस्थित थे।
पुलिस निरीक्षक ने की क्राइम कंट्रोल मीटिंग
इधर पुलिस निरीक्षक कार्यालय कक्ष में पुलिस निरीक्षक श्यामलाल हांसदा की अध्यक्षता में रविवार की देर संध्या क्राइम कंट्रोल मीटिंग हुई। इस दौरान लंबित कांडों की समीक्षा की गई एवं कांडों के निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया। मौके पर राजमहल थाना प्रभारी गुलाम सरवर, तीनपहाड़ थाना प्रभारी शाहरुख, राधानगर थाना प्रभारी नितेश कुमार पांडेय, तालझारी थाना प्रभारी अमर मिंज उपस्थित थे।
रेडक्रॉस के शिविर में नेत्रहीन व मानसिक दिव्यांग बच्चों की हुई जांच
-12 वर्षीय बालिका रासमुनि मुर्मू की आंखों की रोशनी लौटने की संभावना
-सूर्या सुपर स्पेशिएलिटी हॉस्पिटल में लगा शिविर
-मुख्य अतिथि सदर एसडीओ ने किया शिविर का उद्घाटन
साहिबगंज। संवाददाता। शहर के सूर्या सुपर स्पेशिएलिटी हॉस्पिटल में रविवार को इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी व सूर्या हेल्थ एजुकेशनल ट्रस्ट के तत्वावधान में नेत्रहीन एवं बौद्धिक दिव्यांग बच्चों का नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि सदर एसडीओ अंगारनाथ स्वर्णकार ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि दिव्यांगता अभिशाप नहीं। ना ही ऐसे लोग दया के पात्र हैं। बल्कि ऐसे लोगों को उनकी जरूरत की चीजों को उपलब्ध कराने की जरूरत है। दिव्यांग होते हुए भी आज कई खिलाड़ी विभिन्न खेलों में देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने एक नेत्रहीन आईएएस के साथ किये गए कार्यों को याद किया। कहा कि दृष्टि से ज्यादा जरूरत दृष्टिकोण की होती है। किसी काम को करने के लिए विल पावर की जरूरत होती है। अगर किसी के शरीर के किसी अंग में कुछ कमी होती है तो ईश्वर उसके अन्य अंगों में सुपर पावर दे देता है। दिव्यांगों के काम करने का तरीका सिर्फ अलग हो सकता है। उनके लिए हमें अपनी धारणा बदलने की जरूरत है। उन्होंने सूरदास, स्टीफन हॉकिंस का उदाहरण भी दिया। एसडीओ ने रेडक्रॉस के प्रयास की सराहना भी की। कार्यक्रम को अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। शिविर में शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. फरोग हसन व नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. राहुल ने विकास युवा संगठन से संचालित नेत्रहीन स्पेसिफिक आवासीय विद्यालय के मानसिक व नेत्र विकार वाले बच्चों की जांच की। सोसाइटी सचिव डॉ. विजय ने बताया कि शिविर में 10 नेत्र विकार से ग्रसित बच्चों की जांच की गई। जिसमें 12 वर्षीय बालिका रासमुनि मुर्मू की आंखों की रोशनी लौटने की संभावना पाई गई। वहीं 07 मानसिक विकारों वाले बच्चों की भी जांच की गई। बच्चों को दवाई, चश्मा और इलाज का खर्च रेडक्रॉस सोसाइटी व सूर्या सुपर स्पेशिएलिटी अस्पताल की ओर से दिया गया। भविष्य में नेत्रहीन बच्चों के इलाज व ऑपरेशन का खर्च भी रेडक्रॉस सोसाइटी व सूर्या सुपर स्पेशिएलिटी अस्पताल के निदेशक डॉ. विजय करेंगे। धन्यवाद ज्ञापन रेडक्रॉस सोसाइटी के उपसचिव चंदेश्वर प्रसाद सिन्हा उर्फ बोदी सिन्हा ने किया। मौके पर रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ. विजय, उपसचिव चंदेश्वर प्रसाद सिन्हा, सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ. महेंद्र प्रसाद सिंह, डॉ. सुमित, डॉ. अमित चंद्रा, विकास युवा संगठन के वार्डन राजकिशोर, डॉ. प्रवीण, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. फरोग हसन, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. राहुल, केशव प्रसाद तिवारी, आरके दास सहित दर्जनों नेत्रहीन व मानसिक दिव्यांग बच्चे मौजूद थे।
भैंसों की लड़ाई छुड़ाने में वृद्ध की मौत, पत्नी गंभीर
साहिबगंज। संवाददाता। तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के सरकूटी गांव में शनिवार की देर रात करीब ढाई बजे एक घर में दो भैंस की लड़ाई छुड़ाने में एक वृद्ध व उसकी पत्नी घायल हो गए। वहीं इलाज के दौरान वृद्ध की मौत हो गई। जबकि पत्नी गंभीर है। मिली जानकारी के अनुसार ठाकुर मरांडी (75) के घर में एक भैंस मौजूद है। देर रात बाहर से एक और भैंस उसके घर में घुस गया। जिसके बाद दोनों में लड़ाई शुरू हो गई। ठाकुर मरांडी व उनकी पत्नी छमी टुडु(61) लड़ाई छुड़ाने गए तो भैंस ने दोनों को पटक कर बुरी तरह से कुचल दिया। घायल अवस्था में दोनों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान ठाकुर मरांडी की मौत हो गई। वहीं उसकी पत्नी का इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
70 अर्द्धनिर्मित दुकानों की हुई मापी
राजमहल। संवाददाता। डीसी हेमंत सती ने बीते दिनों अनुमंडल अस्पताल की चहारदीवारी की अंदर मुख्य सड़क किनारे बने 70 अर्द्धनिर्मित दुकानों को दोबारा चालू कराने को लेकर अनुमंडल प्रशासन को प्रक्रिया प्रारंभ करने का निर्देश दिया था। आदेश के आलोक में रविवार को अंचल कार्यालय के राजस्व उपनिरीक्षक ऋषितोष झा, मीर करीम तथा नगर पंचायत के जेई गौतम मंडल एवं अन्य विभागीय कर्मियों ने मार्केट कंपलेक्स सहित अस्पताल की क्षतिग्रस्त चहारदीवारी की मापी की। मिली जानकारी के अनुसार अनुमंडलीय अस्पताल की जर्जर चहारदीवारी निर्माण, अतिक्रमण हटाने एवं मार्केट कंप्लेक्स को चालू करने की प्रक्रिया की जाएगी।
विद्युत करंट से एक झुलसा
राजमहल। संवाददाता। प्रखंड अंतर्गत हाथीगढ़ गांव में रविवार को 35 वर्षीय व्यक्ति घर में विद्युत करंट लगने से गंभीर रूप से झुलस गया। इलाज के लिए उसे अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया। मिली जानकारी के अनुसार हाथीगढ़ निवासी गोपाल दास (35) को घर पर ही विद्युत तार से करंट लग गया। अस्पताल में चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों ने उसका इलाज कर खतरे से बाहर बताया है।
मारपीट में महिला सहित चार घायल
उधवा। संवाददाता। राधानगर थाना क्षेत्र के फुदकीपुर गांव में आपसी विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक महिला सहित चार अन्य लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार किसी बात को लेकर आपस में ही शुरू हुई बहस मारपीट में तब्दील हो गई। जिसमें पवन पंडित (34), छोटू पंडित (28), मिठू पंडित (35), गीता देवी (60), विनोद पंडित (70) घायल हो गए। परिजनों में घायलों को इलाज के लिए राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां मौके पर उपस्थित चिकित्सक ने उनका प्राथमिक इलाज किया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पुराने मामले का वारंटी गिरफ्तार
साहिबगंज। संवाददाता। जिरवाबाड़ी थाना पुलिस ने पुराने मामले के एक वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। थाना प्रभारी अनीश कुमार पांडेय ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर 2021 में शराब पीकर मारपीट करने का आरोपी छोटा पंचगढ़ निवासी राजकुमार हेंब्रम को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
डब्ल्यूपीपी संस्था ने गरीबों में बांटी खाद्य सामाग्री
साहिबगंज। संवाददाता। डब्ल्यूपीपी संस्था ने रविवार को शहर के इकरा कॉलोनी में जरूरतमंदों व गरीबों के बीच खाद्यान्न किट का वितरण किया। जिसमें चावल, दाल, तेल, चूड़ा, चना व अन्य सामाग्री थी। इस दौरान 31 जरूरतमंदों को किट प्रदान किया गया। तीन दिनों तक हुई बारिश के बीच उक्त जरूरतमंद लोगों को राशन की जरूरत थी। जिसे ध्यान में रख संस्था ने कैंप लगाया। मौके पर साकिब, सोहैल, इमामुल, इरफान, मेहताब, असद, सोहैल, फैजान, अलकमल, अनस, सनाउल्लाह व अन्य मौजूद थे।
कांवरियों को किया सम्मानित
बरहरवा। संवाददाता। नव नियुक्त भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश मंत्री रिंकू शेख ने शनिवार की देर शाम बरहरवा के सब्जी मंडी स्थित मां शीतला कांवरिया सेवा शिविर के पदाधिकारियों को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया। मौके पर शिविर के महासचिव संजीव कुमार गुप्ता उर्फ विक्की गुप्ता, उपाध्यक्ष प्रदीप दास, राहुल कुमार, कोषाध्यक्ष प्रभात कुमार गुप्ता, व्यवस्था प्रभारी दिनेश भारती, बंटी कुमार, विक्की गुप्ता, अमित भारती, श्यामल कुमार दास, राहुल कुमार कुशवाहा, प्रभात गुप्ता सहित अन्य उपस्थित थे।
समरसेबुल मोटर की चोरी
मंडरो। संवाददाता। मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र के तेतरिया स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर परिसर से समरसेबुल मोटर की चोरी हो गई। सीएचओ सुमित्रा बैंक ने थाना में मामला दर्ज कराया है। मिर्जाचौकी थाना प्रभारी रुपेश कुमार ने बताया कि मामले में थाना कांड संख्या 53/24 के तहत केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है।
अल्प बचत अभिकर्ता संघ की बैठक
साहिबगंज। संवाददाता। राष्ट्रीय अल्प बचत अभिकर्ता संघ जिला इकाई की बैठक रविवार को साहिबगंज कॉलेज के मानस मंच प्रागण में की गई। अध्यक्षता संघ जिला अध्यक्ष चंदन कुमार रमानी ने किया। बैठक में राष्ट्रीय अधिवेशन में जाने के लिए आर्थिक सहयोग, राजमहल सांसद से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपने, प्रत्येक डाकघरों में समय सारणी लगावाने व अन्य सुविधा के लिए मांग प्रत्र देने व अन्य निर्णय लिया गया। मौके पर नंद किशोर दास, प्रमोद कुमार, गौर रंजन हाजरा, शीला मिश्रा, आनंद मोदी, नंद कुमार जयसवाल, राकेश तिवारी, सुनील कुमार व अन्य मौजूद थे।
बाइक के धक्के से बालिका की मौत
साहिबगंज। संवाददाता। बरहेट थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपलाडीह के समीप बाइक की चपेट में आने से 11 वर्षीय प्रिया कुमारी की मौत हो गई। मिली जानकारी के अज्ञात बाइक चालक धर्मपुर की ओर से बरहेट की ओर आ रहा था। इस दौरान गोपलाडीह के समीप बाइक ने प्रिया कुमारी को धक्का मार दिया। दुर्घटना के बाद बाइक चालक बाइक लेकर फरार हो गया। परिजनों ने आनन- फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां डॉक्टर पंकज कर्मकार ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रिया गांव के विद्यालय में छठा क्लास में पढ़ती थी। घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।