अमेरिका के डॉक्टरों की टीम करेंगे मरीजों का ऑपरेशन
गिरिडीह। संवाददाता। रोटरी गिरिडीह की ओर से 14 फरवरी से 21 फरवरी तक आयोजित प्लास्टिक सर्जरी कैंप के लिए मरीजों के चयन के लिए प्रारंभिक जांच के लिए फरवरी दिन रविवार को रोटरी नेत्र चिकित्सालय में शहर के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ सज्जन डोकानिया, डॉ शशि भूषण चौधरी, डॉ विकास माथुर, डॉ विनय गुप्ता एवं डॉ विकास लाल ने कैंप में निबंधित 85 लोगों का जांच किया, जिसमें 45 लोगों चयन किया गया, जिनका अमेरिका से आने वाले डॉक्टरों की टीम ऑपरेशन करेंगे। मरीजों का रजिस्ट्रेशन अभी भी जारी है ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके। कैंप के सफल आयोजन में रोटरी गिरिडीह के अध्यक्ष रवि चूड़ीवाला, सचिव मयंक राजगढ़िया, कैंप संयोजक विजय सिंह, राजेंद्र बगेड़िया, प्रकाश सहाय, अमित गुप्ता, नबीन सेठी, गुरप्रीत सिंह, मनीष वर्णवाल, सारंग केडिया, देवेंद्र सिंह, मनीष तर्वे, विकाश बगेड़िया, अभिषेक जैन, आशीष तर्वे, अमित अग्रवाल, प्रशांत बगेड़िया, डॉ तारक नाथ देव सहित रोटरी नेत्र चिकित्सालय के कर्मियों का अहम योगदान रहा।
सोलर लाईट लगाने के क्रम में करंट लगने से मजदूर की मौत
परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर किया सड़क जाम
गिरिडीह। संवाददाता। गिरिडीह शहर के सिंहोडीह मेन रोड में सोलर लाइट लगाने के लिए पोल गाड़ने के क्रम में करंट लगने से मजदूर की मौत हो गई है। मृतक ऋतिक कुमार राम सिंहोडीह का ही रहने वाला था। बताया गया कि विधायक मद से सिंहोडीह मेन रोड में सोलर लाइट लगाया जा रहा था। इसी क्रम में सोलर लाइट का पोल गाड़ने के क्रम में पोल का ऊपरी हिस्सा 11 हजार तार के संपर्क में आ गया और पूरे पोल में करंट दौड़ गया, जिसके चपेट में आने से ऋतिक राम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोग उसे लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की पुष्टि के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मृतक के शव को अस्पताल से वापस ले कर सिंहोडीह पहुंचे और सड़क जाम कर दिया। इसके कुछ देर बाद वे लोग पुन: शव को लेकर बरगंडा चौक पहुंचे, जहां शव को सड़क पर रख कर मुआवजे का मांग कर रहे हैं। वहीं जाम स्थल पर मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, नगर थाना प्रभारी शैलेश प्रसाद पुलिस बल के साथ स्थल पर पहुंचे और परिजनों को आश्वासन देकर जाम को हटाया।
जिलास्तरीय बैडमिंटन टूर्नामेंट का हुआ समापन
प्रतिभागियों ने दिखायी प्रतिभा, उपायुक्त ने विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित
गिरिडीह। संवाददाता। जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय बैडमिंटन टूर्नामेंट का समापन शनिवार को हो गया। समापन के दौरान टूर्नामेंट के विनर व रनर रहे खिलाड़ियों को उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा, एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश यादव, उपाध्यक्ष डॉक्टर शैलेंद्र चौधरी, जिला खेल पदाधिकारी अर्जुन बारला, सुशील मोदी, कृष्ण बगेड़िया, विकास चौरसिया ने पुरस्कृत कर सम्मानित किया और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। टूर्नामेंट के फाइनल राउंड के दौरान खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाते हुए गोल्ड और सिल्वर मेडल पर कब्जा जमाया। इस दौरान अंडर-9 गर्ल्स सिंगल्स में काशवी किरण ने श्रेया कुमारी को हराकर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। जबकि अंडर-9 ब्वॉयज में आयांश आनंद ने विष्णु शयन को, अंडर-11 ब्वॉयज में लकी केसरी ने विधिवत चौहान को हराया। सिंगल में अंडर-15 गर्ल्स सिंगल में राशि कुमारी ने अनोखी केसरी को हराकर गोल्ड मेडल प्राप्त किया। अंडर-13 गर्ल्स सिंगल में देश गुप्ता ने निधि कुमारी को हराकर गोल्ड मेडल जीता। वहीं रोशन यादव ने आदर्श पांडे को हराकर जीत हासिल की।
कलश यात्रा के साथ नवनिर्मित शिवालय मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान शुरू
काफी संख्या में महिलाएं व युवतियां हुई शामिल, तीन दिनों तक चलेगा अनुष्ठान
गिरिडीह। संवाददाता। शहर के मेट्रोर्स गली में नवनिर्मित ओंकारेश्वर श्री शिवालय मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर सोमवार को 9 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में भारी संख्या में युवतियां और महिलाएं सिर पर कलश लेकर शामिल हुई। कलश यात्रा विभिन्न मोहल्लों से गुजरते हुए ढोल नगाड़ा के साथ अरगाघाट उसरी नदी तट पर पहुंची, जहां पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश में जल भरवाया। पुन: सभी लोग कलश लेकर मंदिर परिसर पहुंचे और मंदिर परिसर में कलश रखा। मौके पर लोग हर हर महादेव का जयकारा लगा रहे थे। मौके पर मौजूद समिति के नवीन सिन्हा सहित अन्य लोगों ने बताया कि श्री शिवालय पूजा समिति की ओर से मेट्रोर्स गली में पॉवर हाउस, बरगंडा, चित्रगुप्त कॉलोनी में रहने वाले लोगों के सहयोग से भव्य शिवालय का निर्माण कराया गया है, जिसके प्राण प्रतिष्ठा को लेकर तीन दिवसीय अनुष्ठान की शुरूआत कलश यात्रा से की गई है। बताया कि तीन फरवरी को देवताओं का अधिवास और स्थान पर देवताओं को विराजमान किया जाएगा। वहीं 4 तारीख को प्राण प्रतिष्ठा जलाभिषेक हवन और भंडारा का आयोजन किया जाएगा। कलश यात्रा में भाजपा नेता नुनूलाल मरांडी, चुन्नूकांत, चन्दन सिन्हा, विकास सिंह, उमेश प्रसाद, वीरेंद्र यादव, लक्ष्मी राय, दीपक सिन्हा, अजय सिन्हा, अरुण राय सहित काफी संख्या में भक्त शामिल हुए।
महासंघ की बैठक में सदस्यता अभियान पूरा करने का निर्णय
झारखंड अराजपत्रित कर्मचारी जिला महासंघ की बैठक में कई बिंदुओं पर हुई चर्चा
गिरिडीह। संवाददाता। झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी संघ जिला शाखा की बैठक रविवार को अमर किशोर प्रसाद सिन्हा की अध्यक्षता में हुई, जिसमें मुख्य रूप से अशोक कुमार सिंह नयन, विनय कुमार सिन्हा, अनुप कुमार, देवंती देवी, प्रयाग प्रसाद यादव, लखन लाल पंडित समेत कई कर्मी शामिल हुए। बैठक में सम्मेलन से पहले सदस्यता अभियान पूरा करने का निर्णय लिया गया। जिला मंत्री अनुप कुमार ने कहा कि जिला महासंघ का सम्मेलन के पूर्व सभी कर्मचारियों को सदस्य बनाकर सदस्यता अभियान पूरा किया जायेगा। सदस्यता अभियान पूर्ण होने के पश्चात डेलीगेड सूची सभी संघों से प्राप्त कर एकीकृत डेलीगेड सूची को अंतिम रूप दिया जायेगा। जिला महासंघ के चुनाव के लिए महासंघ के प्रदेश महामंत्री अशोक कुमार सिंह ने चुनाव पदाधिकारी एवं डॉ मनोज कुमार सिन्हा महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष को चुनाव पर्यवेक्षक के पद पर सहमति दी गई। बैठक में सोनू कुमार गुप्ता, विनोद मुर्मू, राजेंद्र पंडित, साजे शमीम, लखन प्रसाद रजक, केदार बैठा, मुक्तेश्वर प्रसाद, राहुल प्रसाद गुप्ता, पन्नालाल, वशिष्ट कुमार सिंह, इंद्रजीत महतो, राजकिशोर साहू, दशरथ प्रसाद, काशीनाथ प्रसाद आदि मौजूद थे।
आम बजट विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने का बजट: प्रो विनिता
गिरिडीह। संवाददाता। मोदी सरकार की ओर से पेश किया गया बजट विकसित भारत के सपने को पूरा करने के संकल्प का बजट है। उक्त बातें भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष प्रो विनिता कुमारी ने कही। उन्होंने कहा कि मध्यम वर्ग के लोगों को अब 12 लाख तक इनकम टैक्स नहीं देना पड़ेगा, यह आम आदमी का बजट है। यह गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति का बजट है। यह बजट देश की अर्थव्यवस्था को विश्व में नंबर एक पहुंचने में सहायक साबित होगा। प्रो विनिता ने कहा कि मोदी सरकार जो कहती है वे करके दिखाती है। इस बजट से हमारा देश आत्म निर्भरता की ओर बढ़ेगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जो सपना है, सबका साथ-सबका विकास के संकल्प को पूर्ण करने में यह बजट सफल साबित होगा।
सभी वर्गों के लिए फायदेमंद है मोदी सरकार का बजट : लक्ष्मण स्वर्णकार
मोदी सरकार की ओर से लाया गया आम बजट में सभी वर्गों का ख्याल रखा गया है। इस देश के लिए ये काफी अच्छा और शानदार बजट है। इस बजट से किसानों और मध्यम वर्गों को लाभ और फायदा पहुंचने वाला है। यह बजट गरीबों के लिए भी काफी फायदेमंद है। कुल मिलाकर अगर बोला जाए तो सभी वर्गों को ध्यान में रखकर वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने यह बजट पेश किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन को धन्यवाद दिया है।
प्राचार्य को जान से मारने की धमकी
आरोपी पर थाने में आवेदन देकर किया कार्रवाई की मांग
बिरनी। संवाददाता। प्रखण्ड के खरखरी पंचायत से एक प्राचार्य को धमकी देने का मामला सामने आया है। मामला बिरनी प्रखण्ड के उत्क्रमित उच्च विद्यालय बाघानल का है। बता दें कि बीते शुक्रवार को विद्यालय में प्रबंधन समिति का पुनर्गठन हुआ था, जिसमें स्थानीय पंसस प्रतिनिधि सुभाष के मनमुताबिक सदस्यों का चयन नही हुआ, जिससे वे अपने पद का दुरुपयोग करते हुए प्राचार्य शम्भू कुमार गुप्ता को बीते शनिवार कीे रात्रि 9 बजे फोन कर जान से मारने एवं खुट्टा में बांधकर पीटने एवं गाली-ग्लौज की है। इसे लेकर श्री गुप्ता ने कहा कि यह व्यक्ति पूर्व में भी मेरे साथ इस तरह की हरकत की जिससे मैं पूर्ण मर्माहत हुं। उन्होंने कहा कि विद्यालय आने-जाने के समय मेरी कभी भी हत्या की जा सकती है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह करते हुए आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। दुसरी ओर जिला टीचर्स एसोसिएशन संघ के जिलाध्यक्ष मुन्ना कुशवाहा ने भी आपत्ति जताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
तीन दिनी लोक आस्था माघी पर्व पर ढलते सूर्य को दिया अर्घ्य
बिरनी। संवाददाता। प्रखण्ड के सिमराढाब, टाटो, झांझ, डबरी आदि गांवों में तीन दिवसीय माघी पर्व बड़े ही श्रद्धा से मनाया गया। व्रतियों ने माघी पर्व का नहाय खाय शुक्रवार को लकड़ी से खरना के प्रसाद को विधिवत बनाया तथा शनिवार की शाम को खरना किया गया। वहीं रविवार को भगवान अस्तालगामी को अर्घ्य देकर पर्व की विश्राम किया। माघी पर्व का महत्व भी कुछ खास है। इस पर्व में भगवान सूर्य को सिर्फ अस्तालगामी(ढलते सूर्य) में ही रविवार के दिन अर्घ्य दिया जाता है। इस महापर्व में सूर्योदय की पूजा घर पर ही माता तुलसी को अर्घ्य देकर विश्राम की जाती है। इस महापर्व को सूर्य पूजा भी कहा जाता है। यह महापर्व को कहीं कार्तिक महीने, माघ महीने तो कहीं अगहन महीने में सूर्याही के रूप में मनाया जाता है।
युवा कांग्रेस की ओर से नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन
डुमरी। संवाददाता। युवा कांग्रेस की ओर से रविवार को लक्ष्मणटुंडा पंचायत भवन सभागार में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया है। शिविर का उद्घाटन पूर्व मंत्री बेबी देवी ने फीता काट कर किया। इस दौरान एक निजी अस्पताल के चिकित्सक डॉ आशुतोष राजा (जेनरल फिजिशियन) एवं डॉ शमीमा (महिला चिकित्सक) ने शिविर में आये हुए लोगों का स्वास्थ्य जांच कर दवाई दी। अपने संबोधन में पूर्व मंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अपने स्वास्थ्य के जांच में आसानी होती है। इस दौरान 110 लोगों ने अपने स्वास्थ्य की जांच करा कर नि:शुल्क दवाई प्राप्त किया। जिला महासचिव गुड्डु मलिक ने बताया कि प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में ऐसे शिविर अलग अलग तिथियों में आयोजित की जाएगी। मौके पर झारखंड अल्पसंख्यक अयोग के सदस्य कारी बरकत अली, युवा कांग्रेस जिला महासचिव सरफराज अहमद उर्फ गुड्डु मलिक, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष नागेश्वर मंडल, युवा कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष गंगाधर महतो, युवा कांग्रेस के प्रखंड महासचिव सदिक अली, युवा कांग्रेस प्रखड अध्यक्ष कपिल ठाकुर, उपाध्यक्ष सनाउल्लाह असारी, लक्ष्मणटुंडा मुखिया प्रतिनिधि जमालउदीन अंसारी, युवा कांग्रेस के प्रखड सचिव युसूफ अंसारी, दीपक जैन, आयुर्वेद चिकित्सक मनोज सिंह, महताब अन्सारी, जुबेर अंसारी, रंजीत महतो, थानू महतो, इकबाल अंसारी, संतोष कुमार आदि दर्जनों लोग उपस्थित थे।
सेवानिवृत्त बीईईओ को दी गई विदायी
जमुआ। संवाददाता। जमुआ बीईईओ मो मोहसिन की सेवानिवृत्ति पर विदाई समारोह का आयोजन उत्क्रमित मध्य विद्यालय धोथो के प्रांगण में रविवार को किया गया। मौके पर काफी संख्या में शिक्षकों, समाजसेवियों, शिक्षाविदों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि जमुआ के पूर्व विधायक केदार हाजरा ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा शेरनी का दूध है। कहा कि पहले शिक्षा संस्कारयुक्त थी। अब शिक्षा का उद्देश्य रोजगार हो गया। इसलिए रोजगारपरक शिक्षा आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में शिक्षा का व्यवसायीकरण हुआ है। कहा कि शिक्षा में संस्कार और नैतिकता जरूरी है। कहा कि शिक्षक बच्चों में नैतिक शिक्षा, संस्कार एवं अच्छे विचार भरने का कार्य करें जो देश और समाज के लिए बेहतर हो। कहा कि झारखंड की हेमंत सरकार शिक्षा के आधुनिकीकरण और सर्व व्यापीकरण के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा अभिभावकों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं के समवेत प्रयास से ही शिक्षा में गुणात्मक सुधार हो सकता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि मुस्तकीम अंसारी ने किया। कार्यक्रम में बीपीओ छोटेलाल साहू, उप प्रमुख रब्बुल हसन रब्बानी, सुधीर द्विवेदी, सहायक शिक्षक मंटू द्विवेदी, संकुल साधन सेवी मो जुनैद, सहायक अध्यापक संघ के जमुआ के अध्यक्ष दीपक कुमार, महबूब अंसारी, शिक्षिका सविता मिश्रा, शिक्षक बाबूजान अंसारी, फिरोज हक, सज्जाद अंसारी, राजेंद्र दास, रजिया खातून समेत कई लोग मौजूद थे।
लापता बेटी व पोते को खोजने के लिए थाना प्रभारी से लगायी गुहार
जमुआ। संवाददाता। जमुआ थाना क्षेत्र के लताकी गांव निवासी बसंती देवी ने अपनी लापता पुत्री राखी देवी और अपने पोते को खोजने की गुहार लगायी है। इस बाबत इन्होंने बताया कि शौच के लिए बच्चा को लेकर बीते 24 जनवरी को घर से निकल गयी है। हमलोग रिस्ते नाते में लगातार खोजबीन कर रहे हैं लेकिन उनलोगों का कुछ पता नहीं चल पाया है। इसी को लेकर थाना प्रभारी से मिलकर मदद की गुहार लगाई। इस संबंध में जमुआ थाना प्रभारी मणिकांत कुमार ने कहा कि खोजबीन जारी है। जल्द ही लड़की को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।