सरैयाहाट/निज संवाददाता। एसपी पीताम्बर सिंह खेरवार के निर्देश पर विभिन्न मामलों में वर्षो से दो अभियुक्तों को गुरुवार को हंसडीहा चौक से पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जानकारी के अनुसार वर्ष 2012 में दर्ज दो अलग-अलग पीसीआर मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया था। जिसमें पुलिस निरीक्षक हंसडीहा प्रभाग बिसुनदेव पासवान, थाना प्रभारी हंसडीहा संजय कुमार, पुअनि कामेश्वर सिंह शामिल थे। टीम ने पीसीआर केस नंबर 468/12 धारा 498ए आईपीसी के प्राथमिक अभियुक्त अनिल दास पिता लालजी दास दास ग्राम लखपुरा थाना पंजवारा जिला बांका बिहार और पीसीआर केस नंबर 154/12 धारा 498 ए भादवि के प्राथमिक कि अभियुक्त सलाउद्दीन अंसारी पिता आसीन अंसारी ग्राम बनियारा थाना हंसडीहा जिला दुमका को गुप्त सुचना पर हंसडीहा चौक से गिरफ्तार कर न्याययिक हिरासत में भेज दिया।
वन महोत्सव और कारगिल दिवस पर डॉ जेएम कालेज में पौधरोपण
जसीडीह/संवाददाता। वन महोत्सव एवं कारगिल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को डॉ. जेएम कॉलेज जसीडीह में राष्ट्रीय सेवा योजना यूनिट एक की ओर से पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य रूप से डॉ जेएम कॉलेज जसीडीह के प्राचार्य प्रो हिमांशु शेखर दुबे एवं एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ रामकृष्ण चौधरी उपस्थित थे। इस दौरान प्राचार्य प्रो दुबे एवं डॉ चौधरी ने पौधरोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। वहीं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने भी फलदार एवं औषधीय आदि पौधरोपण किया। औषधीय एवं फलदार वृक्ष पर प्रकाश डालते हुए कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ रामकृष्ण चौधरी ने कहा कि कोविड काल से लेकर मानव जाति के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ज्यादा से ज्यादा ऐसे वृक्ष का रोपण करें।
प्राचार्य प्रो. हिमांशु शेखर दुबे ने स्वयंसेवकों पर्यावरण आदि पर उपयोगी टिप्स देते हुए कहा कि पर्यावरण की दृष्टि से अपने अगल-बगल के लोगों को भी वृक्षारोपण के लिए जागरूक करें। राजनीतिक विज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रो अनंत कुमार सिन्हा ने कहा कि वर्तमान समय में भौतिकतावादी युग के कारण कार्बन उत्सर्जन की अधिकता से पर्यावरण पर प्रतिकूल असर पड़ा है इसलिए यह आवश्यक हो जाता है कि हर नागरिक को एक-एक वृक्ष का रोपण करना चाहिए। स्वयंसेवकों में देवेंद्र कुमार अमन कुमार सूरज कुमार इत्यादि ने वृक्षारोपण के अवसर पर महत्वपूर्ण योगदान दिया। मौके पर महाविद्यालय के प्रो राजेश्वर मठपति, परशुराम प्रसाद राय, अमरेंद्र पाठक, आशीष कुमार दास, बद्री पंडित, चंद्र किशोर चौधरी, महादेव पंडित, शिरोमणि राय आदि उपस्थित थे।
डीएवी में नेशनल स्पोर्टस टूर्नामेंट की शुरुआत
देवघर/वरीय संवाददाता। भंडारकोला स्थित गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल में डीएवी नेशनल स्पोर्टस टूर्नामेंट का शुभारंभ शुक्रवार को हुआ। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि झारखंड जोन एच के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ प्रबीर हाजरा, झारखण्ड जोन एच (क्लस्टर थ्री) के क्लस्टर हेड सह प्राचार्य बलराम कुमार झा, डीएवी कास्टर टाऊन के प्राचार्य दिलीप कुमार सिंह,डीएवी महेशपुर के प्राचार्य डॉ एसएन सिंह और डीएवी पाकुड़ के प्राचार्य विश्वजीत चक्रवर्ती ने दीप प्रज्वलन और झंडोत्तोलन किया। इसके बाद बच्चियों और सभी प्रतिभागियों ने डीएवी गान गाया।
मुख्य अतिथि ने कहा कि खेलों के खेलने से हमारी शारीरिक, मानसिक और सामाजिक सेहत में सुधार होता है। डीएवी स्पोर्ट्स को अब भारत सरकार से भी मान्यता मिल गई है। इसका लाभ बच्चों को आगे की पढ़ाई और नौकरी में भी मिलेगा। संपूर्ण भारत के डीएवी स्कूलों के खिलाड़ी, जो राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतेंगे उन्हें सम्मानित किया जाएगा और पुरस्कृत भी किया जाएगा। विद्यालय की दिव्यांका और प्रिया ने खिलाड़ियों को शपथ दिलाई उसके बाद झारखण्ड जोन एच (क्लस्टर थ्री) के क्लस्टर हेड बलराम कुमार झा ने खेल की विधिवत शुरुआत की घोषणा की।
ज्ञात हो कि दो दिवसीय नेशनल स्पोर्ट्स क्लस्टर लेवल प्रतियोगिता में झारखण्ड जोन एच(क्लस्टर ककक) के करीब 600 प्रतिद्वंदी वॉलीबॉल, शतरंज, खो खो, टेबल टेनिस,योग, कराटे, वुशू, बैडमिंटन और ताइक्वांडो की प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं। आज खेले गए वॉलीबॉल की प्रतिस्पर्धा में अंडर-19 बालक वर्ग में डीएवी पब्लिक स्कूल ऊर्जानगर, गोड्डा विजेता और एसडी डीएवी पब्लिक स्कूल जामतारा उपविजेता बना,अंडर 17 बालिका वर्ग में एसडी डीएवी पब्लिक स्कूल जामतारा विजेता और गीता डीएवी पब्लिक स्कूल, भण्डारकोला उप विजेता बना। अंडर 14 बालिका वर्ग में डीएवी पब्लिक स्कूल पाकुड़ विजेता और गीता डीएवी पब्लिक स्कूल भंडारकोला उपविजेता बना। अंडर-14 बालक वर्ग में गीता डीएवी पब्लिक स्कूल भंडारकोला विजेता और डीएवी पब्लिक स्कूल पाकुड़ उपविजेता बना। अन्य खेलों का परिणाम कल फाइनल मैच के बाद घोषित किया जाएगा।
कारगिल विजय दिवस की 25वीं वर्षगांठ पर प्रबुद्धजनों ने जवानों की वीरता को किया नमन
देवघर/नगर संवाददाता। शुक्रवार को देश कारगिल विजय दिवस का 25वां वर्षगांठ मनाया। मौके पर कारगिल युद्ध के बहादुर जवानों को याद करते हुए उनकी वीरता को नमन किया। साथ ही सीमा पार से होने वाले आतंकवादी हरकतों का मुहंतोड़ जवाब देने के लिए वीर जवानों की भूरी-भूरी प्रशंसा की जा रही है। इस बाबत इंडियन पंच ने स्थानीय प्रबुद्धजनों से बातचीत कर प्रतिक्रिया जानने का प्रयास किया। प्रस्तुत है प्रबुद्धजनों से हुई बातचीत का मुख्य अंश।
कारगिल विजय दिवस स्वतंत्र देशवासियों के लिए महत्वपूर्ण दिवस : नारायण
भाजपा विधायक नारायण दास ने बातचीत में प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कारगिल विजय दिवस स्वतंत्र भारत के सभी देशवासियों के लिए एक बहुत ही महत्वपूर्ण दिवस है। भारत में प्रत्येक वर्ष 26 जुलाई को यह दिवस मनाया जाता है। इस दिन भारत और पाकिस्तान की सेनाओं के बीच वर्ष 1999 में कारगिल युद्ध हुआ था, जो लगभग 60 दिनों तक चला और 26 जुलाई के दिन उसका अंत हुआ और इसमें भारत विजय हुआ। कारगिल विजय दिवस युद्ध में शहीद हुए भारतीय जवानों के सम्मान हेतु यह दिवस मनाया जाता है। मैं कारगिल युद्ध के शहीदों व विजय पताका फहराने वाले वीर जवानों के वीरता को नमन भूरी-भूरी प्रशंसा करता हूं।
देश के वीर जवानों की वीरता को नमन : रणधीर
भाजपा विधायक रंधीर सिंह ने कहा कि 1971 के भारत-पाक युद्ध के बाद भी कई दिन सैन्य संघर्ष होता रहा। इतिहास के मुताबिक दोनों देशों द्वारा परमाणु परीक्षण के कारण तनाव और बढ़ गया था। स्थिति को शांत करने के लिए दोनों देशों ने फरवरी 1999 में लाहौर में घोषणा पत्र पर हस्ताक्षर किए। जिसमें कश्मीर मुद्दे को द्विपक्षीय वार्ता द्वारा शांतिपूर्ण ढंग से हल करने का वादा किया गया था लेकिन पाकिस्तान ने अपने सैनिकों और अर्ध-सैनिक बलों को छिपाकर नियंत्रण रेखा के पार भेजने लगा और इस घुसपैठ का नाम ऑपरेशन बद्र रखा था। इसका मुख्य उद्देश्य कश्मीर और लद्दाख के बीच की कड़ी को तोड़ना और भारतीय सेना को सियाचिन ग्लेशियर से हटाना था। पाकिस्तान यह भी मानता है कि इस क्षेत्र में किसी भी प्रकार के तनाव से कश्मीर मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय मुद्दा बनाने में मदद मिलेगी। इसी परिपेक्ष में कारगिल युद्ध को भी अंजाम दिया गया था। कारगिल विजय दिवस पर देश के वीर जवानों की वीरता को नमन।
युद्ध के दौरान 527 सैनिकों ने अपने जीवन का दिया बलिदान : राकेश
भाजपा नेता राकेश नरौने सुग्गा ने प्रतिक्रिया में कहा कि काश्मीर घाटी में प्रारम्भ में इसे घुसपैठ मान लिया था और दावा किया गया कि इन्हें कुछ ही दिनों में बाहर कर दिया जाएगा लेकिन नियंत्रण रेखा में खोज के बाद इन घुसपैठियों के नियोजित रणनीति के बारे मे पता चला जिससे भारतीय सेना को एहसास हो गया कि हमले की योजना बहुत बड़े पैमाने पर की गयी है। इसके बाद भारत सरकार ने ऑपरेशन विजय नाम से सैनिकों को कारगिल क्षेत्र मे भेजा। यह युद्ध आधिकारिक रूप से 26 जुलाई 1999 को समाप्त हुआ। इस युद्ध के दौरान 527 सैनिकों ने अपने जीवन का बलिदान दिया और 1400 के करीब घायल हुए थे। कारगिल युद्ध के विजय दिवस का आज 25 वीं वर्षगांठ मनाया जा रहा और देश के वीर जवानों की वीरता को नमन करते हुए आने वाली पीढ़ी को सैनिकों की वीरता को याद दिलाता है। देश के वीर जवानों की वीरता को नमन।
भारतीय सेना ने 4 जुलाई को टैगोर हिल जीत लिया था : रीता
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रीता चौरसिया ने कहा कि कारगिल विजय दिवस 4 जुलाई को काश्मीर घाटी के टैगोर हिल जीतने के बाद भी 26 जुलाई को देश कारगिल विजय दिवस मना रहा है। आज पूरा देश भारत के वीर शहीद जवानों को याद कर रहा है। पाकिस्तान की ओर से की गई घुसपैठ और हमले को मुंहतोड़ जवाब देते हुए देश के सैकड़ों जवानों ने अपने प्राणों की आहूति दी थी। भारतीय सेना में कारगिल युद्ध की सबसे महत्वपूर्ण चोटी टाइगर हिल पर 4 जुलाई की तारीख को ही कब्जा कर लिया था। लेकिन इसके बावजूद भी कारगिल विजय दिवस 26 जुलाई को ही मनाया जाता है। इस युद्ध में देश के वीर सैनिकों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश की रक्षा की। वीर जवानों की वीरता को नमन।
18 ग्रेनेडियर्स ने ही कारगिल की अहम चोटी टाइगर हिल पर कब्जा किया था : सचिन
भाजपा जिला अध्यक्ष सचिन रमानी ने कहा कि देश में शहीदों के नाम अमिट रहते हैं। कारगिल युद्ध में देश के वीर सैनिकों ने अपने प्राणों की आहुति देकर भारत मां की रक्षा की। युद्ध में ब्रिगेडियर (रिटायर्ड) खुशाल ठाकुर कारगिल युद्ध का हिस्सा थे। वह युद्ध के समय 18 ग्रेनेडियर्स में कर्नल थे। 18 ग्रेनेडियर्स ने ही कारगिल की अहम चोटी टाइगर हिल पर 4 जुलाई को कब्जा किया था। खुशाल ठाकुर ने बताया कि टाइगर हिल की विजय के बाद नवाज़ शरीफ़ डर के अमेरिका गए और सीज़फायर करने की बात कहने लगे लेकिन तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई ने कह दिया जब तक एक एक सीमा चौकी से इन पाकिस्तानियों को हम खदेड़ नहीं देते तब तक रुकने का नाम नहीं है और फिर 26 जुलाई को सभी घुसपैठियों को खदेड़ दिया। कारगिल युद्ध के शहीदों को नमन।
पीएम नरेंद्र मोदी युद्ध के बीच कारगिल पहुंचे थे : गंगा
भाजपा नेता सह पूर्व प्रत्याशी गंगा नारायण सिंह ने कहा कि आज पूरा देश कारगिल युद्ध के वीरों की वीरता को याद उन्हें नमन कर रहा है। पीएम नरेंद्र मोदी युद्ध के बीच कारगिल पहुंचे थे। पीएम मोदी न तो गुजरात के मुख्यमंत्री थे और न ही किसी अन्य महत्वपूर्ण पद पर। वो साधारण तरीके से इतनी फ़ायरिंग के बीच जवानों का हौसला बढ़ाने के लिए कारगिल आए थे और हॉस्पिटल में जाकर भी उन्होंने जवानों से मुलाकात की थी। इस दौरान ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर ने पीएम को सुनाया था अनसुना किस्सा। साथ ही सूबेदार मेजर योगेंद्र सिंह यादव ने सुनाया टाइगर हिल फतह करने का किस्सा। आज हम देश के वीर सैनिकों के वीरता को नमन करते हैं।
कारगिल युद्ध की वो 21 तारीख जिसने बदल दिया ऑपरेशन विजय का पूरा रुख : डॉ एनडी मिश्रा
शहर के प्रसिद्ध नेत्र रोग विशेषज्ञ सह विश्व दायित्वान नागरिक संगठन के प्रमुख डॅा एनडी मिश्रा ने कहा कि कारगिल युद्ध की वो 21 तारीखें, जिसने बदल दिया ऑपरेशन विजय का पूरा रुख और जमींदोज हुए पाक के नापाक मंसूबे। लगभग असंभव दिख रही लड़ाई को भारतीय सेना के जांबाजों ने अपने पराक्रम और युद्ध कौशल से विजय में तब्दील कर दिया। कारगिल युद्ध के दौरान वह 21 तारीखें बेहद खास रहीं, जो युद्ध के बदलते रुख की गवाह बनी। कारगिल की चोटियों पर घुसपैठियों के भेष में बैठी पाकिस्तानी सेना पूरी तरह से यह मान चुकी थी कि उन तक भारतीय सेना का पहुंचना लगभग नामुमकिन सा है। यदि भारतीय सेना ने उन तक पहुंचने की कोशिश भी की तो, यह कोशिश उनके लिए खुदकुशी जैसी ही होगी। भारतीय सेना भी इस सच को बखूबी जानती थी। बावजूद इसके, भारतीय सेना के जांबाज जवानों ने आगे बढ़कर दुश्मन को अंजाम तक पहुंचाने का फैसला किया। देश के वीर जवानों की वीरता को नमन।
प्रजापति समाज के शिविर में पहुंचे भोजपुरी की मशहूर गायिका
- रूबी कसौधन एवं नीतू गोस्वामी ने की कांवरियों की सेवा
देवघर/नगर संवाददाता। देवघर रेलवे स्टेशन के समीप कांवरिया पथ पर प्रजापति समाज के नि:शुल्क कांवरिया सेवा शिविर में कांवरियों की सेवा जारी है। सावन महीने के पांचवें दिन शिविर में झारखंड-बिहार के मशहूर सिंगर रूबी कसौधन एवं नीतू गोस्वामी पहुंचकर कांवरियों की सेवा की और उनका मनोबल बढ़ाया। दोनों गायिका ने कहा कि प्रजापति के शिविर में कांवरियों को बड़ा ही सुकून मिलता है। यहां कांवरियों को नींबू पानी, शरबत, ठंडा पेयजल एवं फल दिया जा रहा है। यहां आते ही कांवरियों की थकान मिट जाती है। दोनों ने प्रजापति समाज के इस प्रयास की काफी सराहना की। जिला अध्यक्ष रामाशंकर पंडित के निर्देशन में शिविर के सफल संचालन में प्रजापति उमाशंकर, पूर्व पार्षद आशीष पंडित, सुमन पंडित, अजय पंडित, रंजीत पंडित, दिलीप कुमार पंडित, आर्मी मनोज, जितेंद्र पंडित, विमल कुमार, धीरेंद्र भारती, मधुसूदन पंडित, जय ललिता, राम प्रवेश पंडित, ब्रज किशोर पंडित, हेमंत कुमार, अमित पंडित, रावणेश्वर पंडित, दीनानाथ पंडित, देवानंद पंडित, नकुल राज समेत अन्य लोग सराहनीय प्रयास कर रहे हैं।
नगर आयुक्त के देखरेख में लगाई गई बोली
देवघर/नगर संवाददाता। शुक्रवार को देवघर नगर निगम क्षेत्र बाघमारा अंतर्राज्य बस अड्डा में अस्थाई शौचालय व शिवगंगा नेहरू पार्क में शौचालय, क्लॉक रूम हेतु श्रावणी व भादो मेला के लिए खुली डाक देवघर नगर निगम के नगर आयुक्त सह प्रशासक रोहित कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में की गई। डाक की बोली 50 हजार से शुरू हुई। जिसमे बाघमारा अंतर्राज्य बस अड्डा में अस्थाई शौचालय आरएस एंटरप्राइजेज के द्वारा उच्चतम बोली 4,10 लाख लगा कर प्राप्त किया। इसके अलावा शिवगंगा नेहरू पार्क में शौचालय एवम क्लॉक रूम कुमार सौरभ के द्वारा उच्चतम बोली 1,65 लाख लगा कर प्राप्त किया। उक्त बंदोबस्ती में अरविंद कुमार कार्यपालक अभियन्ता, रंजीत कुमार सिंह सहायक नगर आयुक्त, रौशनी टोप्पो लेखा पधाधिकारी, वैदही शरण, पारस कुमार सहायक अभियंता, नगर प्रबंधक मृणाल कुमार, प्रधान सहायक प्रकाश भारद्वाज, रोकड पाल अरुण धारी झा, टैक्स दारोगा जय शंकर साह आदि उपस्थित थे।
नगर आयुक्त ने मेला क्षेत्र का भ्रमण कर दिए आवश्यक निर्देश
देवघर/नगर संवाददाता। शुक्रवार को नगर आयुक्त सह प्रशासक ने श्रावणी मेला की तैयारियों को लेकर हदहददिया पुल से बीएड कॉलेज, तिवारी कॉलेज, जलसार पार्क, पंडित शिवराम झा चौक, बाबा मंदिर पूर्वी द्वार, पश्चिमी द्वार, शिवगंगा, नेहरू पार्क का भ्रमण किया। भादो मेला की तैयारी को लेकर निगम की टीम के साथ भ्रमण व बैठक में नगर आयुक्त ने सख्त चेतावनी दी थी की मेला क्षेत्र में विशेष साफ सफाई व्यवस्था रहनी चाहिए। भ्रमण में आज सफाई कार्य सराहनीय पाया। जहां कमी पाई वहा सफाई कर्मी मजूद पाए गए और अभिलंब त्वरित करवाई कर सफाई कराई गई। नगर आयुक्त ने और बेहतर सफाई हेतु अधिकारियों को निर्देश दिया। साथ ही निरंतर सफाई की की बात कही क्योंकि प्रतिदिन एक लाख से जायदा श्रद्धालु देवघर आ रहे है। नगर आयुक्त ने सभी मेला क्षेत्र में स्थाई अस्थाई दुकानदार को डस्टबिन रखने का आदेश दिया ताकि कचड़ा सड़क पर न आ सके सभी बाहर से आए। यात्रियोंको कचड़े डस्टबिन में डालने हेतु प्रेरित भी करने का निर्देश। श्रद्धालु एक बेहतर देवघर की छबि ले कर जाए ऐसा प्रयास करना होगा। हमारे देवघर के आम नागरिकों से भी अनुरोध होगा की इस राजकीय मेला में निगम का सहयोग करे गंदगी यह वहा न फैलाए अपने आस पास साफ सफाई रखे। सभी कर्मियों को देवघर को स्वच्छ सुंदर बनाने के लिए चौबीस घंटे तैयार होना चाहिए। भ्रमण में कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार सिंह, सहायक नगर आयुक्त बिजय कुमार हांसदा, रंजीत सिंह आदि उपस्थित थे।