बड़ी कल्याणी गांव में भीड़ के हमले का शिकार बने घायल की स्थिति गंभीर
- इलाज के लिए भेजा गया भागलपुर
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता । जिले में बच्चा चोर का अफवाह ग्रामीण इलाकों में तेजी से फैल रहा है। हालांकि इस अफवाह की रोकथाम के लिए एसपी नाथू सिंह मीणा के निर्देश पर जिला के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। बावजूद इसके अफवाह थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक दिन पूर्व शनिवार को सदर प्रखंड के बड़ी कल्याणी ग्राम में बच्चा चोर के अफवाह में उग्र हिंसक भीड़ ने एक व्यक्ति की बुरी तरह पिटाई कर दी। गंभीर स्थिति में घायल व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया गया है। इस बीच पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। शनिवार को गोड्डा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बड़ी कल्याणी ग्राम में पथरगामा प्रखंड के गोविंदपुर-चिलकारा ग्राम निवासी बलदेव दास की उग्र भीड़ ने बच्चा चोर के अफवाह में बुरी तरह पिटाई कर दी थी। घटना की जानकारी होने पर उग्र भीड़ के हमले का शिकार बने युवक को पुलिस ने बेहोशी की स्थिति में सदर अस्पताल में भर्ती कराया था। शुरू में घायल युवक की पहचान नहीं हो पाई थी। पहचान होने पर घायल की मां जीतनी देवी के आवेदन के आधार पर गोड्डा मुफस्सिल थाना में कांड संख्या 270/22, दिनांक 24 सितंबर, 22 को दर्ज कराई गई। वादिनी ने दर्ज प्राथमिकी में कहा है कि उसके पुत्र बलदेव दास, पिता स्व. मटरू दास, साकिन गोविंदपुर-चिल्कारा, थाना पथरगामा को बच्चा चोरी के अफवाह ग्राम बड़ी कल्याणी में मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। इस घटना में 24 नामजद एवं 100-150 अज्ञात लोगों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के अंतर्गत धारा अंकित किया गया है। सूचना पर मुफस्सिल थाना पुलिस एवं वरीय पुलिस पदाधिकारी के द्वारा उसके समुचित इलाज के लिए चिकित्सक से संपर्क कर इलाज की व्यवस्था कराई गयी। बेहतर इलाज के लिए मायागंज, भागलपुर रेफर किया गया। इस घटना में शामिल अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए एसपी के निर्देशानुसार सदर प्रभाग के पुलिस निरीक्षक बिनेश लाल के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। टीम के द्वारा कांड के सात प्राथमिकी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में रविवार को जेल भेज दिया गया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आनंद मोहन सिंह ने बताया कि इस मामले में भीम साह, दयानंद साह, छतीश साह, लखन साह, चंद्रशेखर मुर्मू, चरण मडैया एवं देवकुमार साह, सभी साकिन बड़ी कल्याणी को गिरफ्तार किया गया है। शेष अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।