देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र स्थित सत्संग चौक के समीप बाइक सवार बदमाशों ने महिला के गले से सोने की चेन छिनतई की वारदात को अंजाम दिया है। मामले को लेकर पीड़िता सत्संग चौक की रहने वाली जुही शीतल ने नगर थाना में शिकायत दर्ज करायी है। घटना गुरुवार की है। पीड़िता का कहना है कि रोजाना की तरह सुबह 7:20 बजे अपने दोनों बच्चों को स्कूल बस में चढ़ाने घर से मुख्य मार्ग तक गयी थी। स्कूल वैन में बच्चों को चढ़ा ही रही थी कि उसी दौरान एक बाइक पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचा और उसके गले से सोने का चेन छीन लिया। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश फरार हो गए। इसके तुरंत बाद 100 नंबर पर डायल कर घटना की जानकारी दी। घटनास्थल के पास एक टायर शोरूम में लगे सीसीटीवी फुटेज में पूरी घटना कैद हो गई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
इलाज को लायी गयी किशोरी की मौत
देवघर/संवाददाता। मोहनपुर थाना क्षेत्र के मोरने गांव की रहने वाली किशोरी की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गयी है। बताया जाता है कि किशोरी को गंभीर हालत में इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया था। यहां लाने पर चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। उधर मौत के बारे में स्वजन कुछ भी बताने से इंकार किया। अस्पताल प्रबंधन की ओर से मामले की जानकारी बैद्यनाथधाम ओपी पुलिस को दी गई। पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों को शव सौंप दिया गया।
मंत्री हफीजुल हसन पर राष्ट्रगान के अपमान का आरोप झूठा : मुन्नम संजय
-भाजपा की ओर से दिये गये विडियो क्लिप को बताया एडिटेड
देवघर/वरीय संवाददाता। राष्ट्रगान के अपमान को लेकर मंत्री हफीजुल हसन के खिलाफ भाजपा युवा मोर्चा के सदस्य ने जो अरगोड़ा थाने में शिकायत दर्ज करायी है, वह सरासर झूठा, आधारहीन और फरेब भरा है। आठ जुलाई 2024 को हेमंत सरकार के नये मंत्रिमंडल में शामिल मंत्रीगण के शपथग्रहण के दौरान राष्ट्रगान हुआ। उस वक्त मंत्री हफीजुल हसन द्वारा राष्ट्रगान का अपमान करने का जो विडियो क्लिप दिया गया है, वह पूर्ण रुपेण एडिट किया हुआ है। तकनीकी जांचोपरांत झूठ और सत्य स्पष्ट हो जाएगा। उक्त बातें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष मुन्नम संजय ने की।
उन्होंने मामले पर आगे बताया कि झारखंड सरकार के मंत्री हफीजूल हसन एक पढ़ें लिखे तथा भारतीय संविधान के जानकार व्यक्ति हैं। संविधान और देश की सम्मान करना उनके रग-रग में भरा हुआ है। झारखंड सरकार तथा उनकी बढ़ती लोकप्रियता से भाजपा पुरी तरह घबरा गई है। उनकी फितरत ही है झूठ और फरेब की बुनियाद पर राजनीति करना। भाजपा मुद्दा विहीन हो गई है।उनको क्या पता है कि राष्ट्र का सम्मान क्या होता है? जिस पार्टी ने अपने मुख्य कार्यालय पर आजादी के तकरीबन सत्तर वर्षों तक तिरंगा नहीं फहराया हो और न ही राष्ट्रगान ही गया हो। उन्हें क्या पता देशभक्ति क्या होती है, जिसने देश की आजादी में एक कतरा खून तक नहीं बहाया हो।जब देश आजादी के जंग में संघर्ष कर रहा था तब भाजपा के लोग अंग्रेजों की गुलामी कर रहे थे। ऐसे दल के लोगों को मूंह से ऐसी बातें करने का कोई अधिकार नहीं है। अब जनता जान चुकी है,सारा हिसाब आनेवाले विधानसभा चुनाव में पुरी तरह से चुकता कर देगी।
टाटा जयनगर ट्रेन का हुआ शुभारंभ
देवघर /वरीय संवाददाता। मोदी के गारंटी अब जमीन पर साकार होती दिख रही है। जिसके तहत टाटानगर से जयनगर दरभंगा के लिए नई ट्रेन मिली है। यह ट्रेन शुक्रवार को टाटा से शाम 6 बजकर 50 मिनट पर खुलकर शनिवार सुबह जसीडीह/बैद्यनाथ धाम रेलवे स्टेशन सुबह 3 बजे पहुंचेगी। जयनगर यह ट्रेन दोपहर 11.25 शनिवार को जयनगर से शाम 7.30 खुलकर रविवार सुबह 3 बजे जसीडीह तथा टाटा दोपहर 11.30 पहुंचेगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अभूतपूर्व तोहफ़ा दिया है। यही विकास है जो चलता रहेगा। गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने इसके लिए रेल मंत्री को बधाई दी है।
आराध्या को पोर्ट हारकोर्ट लिंक क्लब, नाइजीरिया ने पर्यावरण राजदूत चुना
देवघर/वरीय संवाददाता। स्थानीय विवेकानंद शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा संस्थान की किशोर सदस्या, श्रीकृष्णापुरी निवासी, प्रियांशु प्रिया एवं सुमन सौरभ की पुत्री आराध्या प्रिया ने पिछले दिन पोर्ट हारकोर्ट लिंक क्लब, नाइजीरिया के बैनर तले आयोजित अंतर्राष्ट्रीय पर्यावरण दिवस के अवसर पर निबन्ध प्रतियोगिता में अपनी भागीदारी निभाई थी। हाल में ही क्लब ने आराध्या को पर्यावरण राजदूत के रूप में चयनित किया। इस सफलता के लिए वेक्सो इंडिया के केंद्रीय अध्यक्ष, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता डॉ. प्रदीप कुमार सिंह देव ने उसे ढेर सारी शुभकामनाएँ दी एवं उसकी उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आराध्या का जन्म 4 अक्टूबर 2009 को बुद्धचक, भागलपुर में हुआ था। उसके दादा सुदामा प्रसाद सिंह, दादी प्रेम बिन्दू, नाना वीरेंद्र प्रसाद सिंह, नानी प्रतिमा देवी की लाडली आराध्या की पढाई की शुरुआत बोकारो के किंडरगार्डन प्ले स्कूल से हुई। ततपश्चात ब्लू वड्स स्कूल, पाकुड़, माउंट ऐग्मोंट स्कूल, हजारीबाग के बाद 2018 में देवघर स्थित गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल, कास्टर्स टाउन से वर्तमान में डी०ए०वी० पब्लिक स्कूल, भंडारकोला में कक्षा नवम की छात्रा है।
शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग
देवघर/वरीय संवाददाता। संथाल परगना चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सदस्य अजय कुमार ने देवघर शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग जिला प्रशासन से की है ताकि लोगों को जाम की समस्या से निजात मिल सके। श्री कुमार ने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त नहीं रहने के कारण आए दिन जाम की समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं परिणाम स्वरूप दुर्घटनाएं भी हो रही है, ऐसी परिस्थिति में ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करना अति आवश्यक है।
जयंती पर पूर्व मुख्यमंत्री सत्येंद्र नारायण सिन्हा को श्रद्धांजलि
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवादल के प्रदेश उपाध्यक्ष अजर कुमार ने जयंती पर संयुक्त बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय सत्येंद्र नारायण सिन्हा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे कर्मठ एवं अनुशासन प्रिय राजनीतिज्ञ होने के साथ-साथ कुशल प्रशासक भी थे। जीवन पर्यंत वे संयुक्त बिहार के उत्थान लिए प्रयत्नशील रहे। राजनीतिक रूपी काजल की कोठरी में रहने के बावजूद भी उनका राजनीतिक दामन पाक साफ रहा।
विशेष कैंप से आमजनों के मिल रही राहत
देवघर /वरीय संवाददाता। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी विशाल सागर के निर्देशानुसार दिनांक 08 जुलाई से 20 जुलाई तक जिले में प्रमाण पत्र निर्गत करने के साथ भूमि से संबंधित मामलों का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। इस कड़ी में अब तक भू-लगान रसीद से संबंधित अब तक 640 आवेदनों के तहत 410 मामलों का निष्पादन किया जा चुका है। साथ ही जाति प्रमाण पत्र से संबंधित 956 आवेदनों के तहत 703 का निष्पादन किया जा चुका है। आगे आवासीय प्रमाण पत्र से संबंधित 736 मामलों में 558 का निष्पादन किया जा चुका हैं। साथ ही आय प्रमाण पत्र से संबंधित 587 आवेदनों के तहत 480 आवेदनों का निष्पादन किया चुका हैं।20 जुलाई तक चलने वाले विशेष कैम्प के तहत जिले के सभी अंचलों में पूर्वाह्न 11:00 बजे से 03:00 बजे तक भूमि से संबंधित मामलों के निराकरण हेतु विशेष कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही आयोजित विशेष कैम्प के माध्यम से भूमि संबंधित मामले पंजी-2 में सुधार, भू-लगान वसूली, भूमि बंदोबस्ती, लगान-रसीद, म्यूटेशन के साथ भूमि से जुड़े मामलों के अलावा कैम्प के माध्यम से निर्गत होने वाले विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र (छात्रवृति, जाति, आय, आवासीय आदि) से जुड़े आवेदनों के निष्पादन से आमजनों को लाभ मिल रहा हैं।
बीडीओ ने बीएलबीसी एवं पीडीएस डीलरों के साथ की समीक्षा बैठक फोटो भेजे हैं गोविन्द जी कृपया देख लेंगे
जसीडीह/संवाददाता देवघर प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित सभागार में शुक्रवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी देवघर अनंत कुमार झा की अध्यक्षता में बीएलबीसी एवं पीडीएस डीलरों की समीक्षा की बैठक आयोजित की गई। बीडीओ श्री झा ने देवघर प्रखंड में चल रहे विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। ताकि सभी योजनाओं की जानकारी साझा की जा सके ।उन्होंने कृषि ,आपूर्ति ,जेएसएलपीएस ,मनरेगा, शिक्षा, पशुधन विकास, कल्याण विभाग आदि की समीक्षा बिंदुवार की ।मौके पर मुख्य प्रबंधक अग्रणी बैंक राजीव कुमार, शाखा प्रबंधक अनुराग शेखर ,संजय कुमार सिंह, राजीव कुमार ,गुंजा कुमारी, एमके बूटी ,पारस कुमार प्रिंस, सुमन भारती आदि के साथ-साथ शशांक शेखर, लक्ष्मी नारायण राउत, सुधांशु शेखर सिंह, जितेंद्र सिंह, डीएन मंडल, रमेश झा, के साथ-साथ सभी पीडीएस डीलर उपस्थित थे। आपूर्ति विभाग की समीक्षा में उन्होंने कहा कि किसी भी लाभुक की शिकायत डीलर के विरुद्ध प्रखंड स्तर तक नहीं पहुंचनी चाहिए ।समय पर सभी को अनाज मिलना चाहिए ।उन्होंने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को बताया कि जिस भी पीडीएस डीलर का जून महीने का वितरण प्रतिशत 90% से कम है, सभी को स्पष्टीकरण करते हुए अपना मंतव्य देने को कहा। साथ ही कहा कि अगर यही स्थिति डीलरों की रही तो क्यों नही डीलरों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
सफाई कर्मियों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी
अपनी नाकामी छुपाने के लिए झूठे आरोप लगा रहा है एमएसडब्लूयएम: संजय
देवघर/नगर संवाददाता। झारखंड लोकल बाडीज इंपलाइज फेडरेशन के बैनर तले सफाई कर्मियों का हड़ताल आज तीसरे दिन भी जारी रहा। इस बाबत जानकारी देते हुए फेडरेशन के अध्यक्ष संजय मंडल बताया है कि देवघर नगर निगम कर्मियों के हड़ताल से प्राइवेट एजेंसी के कामों पोल खुल रहा है। आज तक नगर निगम के कर्मियों के साफ सफाई को अपना सफाई का काम दिखा कर सबको ठगने का काम कर रहा था। जबकि तीन दिन के हड़ताल ने प्राइवेट एजेंसी का भंडाफोड़ दिया है। अपनों कमी को छिपाने के लिये सफाई कर्मियों को डराने के लिये पुलिस प्रसासन को झूठ बोल रहा है और सफाई करने नहीं दे रहा है। संजय मंडल ने कहा कि एमएसडब्लूयएम के कर्मियों के साथ कोई मतलब नहीं है। अपनी नाकामी छिपाने के लिये निगम सफाई कर्मियों पर गलत आरोप लगा रहा है। आज के समाचार पत्र मे देखा गया है कि गाड़ी में आग लगा देने का आरोप लगया है, जो बिलकुल बेबुनियाद आरोप है। जिसका मैं कड़ा विरोध करता हूं। साथ ही उन्होंने कहा कि
जब तक मांगे मानी नहीं जाती हड़ताल जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि मांगों को लेकर जसीडीह और देवघर नगर निगम कार्यालय में विरोध प्रदर्शन किया गया। मौके पर फेडरेशन के उपाध्यक्ष बिरजू राम, सचिव रोशन राम, सुनील राम, प्रदीप राम, पप्पू राम, संदीप कुमार, कर्मवीर राम, किसन राम, गोबन्दा, संजय राम, जय शंकर शाह, प्रधान सहयक प्रकाश भरद्वाज, शंकर चक्रवर्ती, बिक्रम राम, दीपक राउत आदि शामिल हुए।
अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज
देवघर/संवाददाता। कुंडा थाना में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तेजी व लापरवाही से गाड़ी से धक्का मारने से हुई मौत को लेकर मामला दर्ज किया गया है। मामला थाना क्षेत्र के सिमरापोज निवासी अजित कुमार दुबे के बयान पर दर्ज किया गया है। जिक्र है कि छह जुलाई को उनका भाई जितेंद्र कुमार दुबे व उनकी पत्नी स्कूल से अपने घर जा रहे थे। उसी दौरान कर्णकोल के समीप अज्ञात वाहन चालक ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार धक्का मार दिया। जिससे दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इलाज के लिए दोनों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां इलाज के क्रम में जितेंद्र कुमार दुबे की मौत हो गई जबकि उनकी पत्नी को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
किशोरी को भगा ले जाने को लेकर मामला दर्ज
देवघर/संवाददाता। मोहनपुर थाना में किशोरी को शादी की नीयत से भगा ले जाने का मामला दर्ज किया गया है। किशोरी के पिता के बयान पर दर्ज मामले में थाना क्षेत्र के घाघरामोड़ निवासी एके दास को आरोपित बनाया गया है। जिक्र है कि उनकी पुत्री 10 वीं कक्षा की छात्रा है। घटना के दिन वह घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी लेकिन वह वापस घर नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद भी उसके बारे में कुछ भी पता नहीं चल रहा था। हालांकि बाद में आरोपित द्वारा शादी की नीयत से भगा ले जाने के बारे में पता चला। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
देवघर एयरपोर्ट के द्वितीय स्थापना दिवस पर रेडक्रॉस ने एयरपोर्ट परिसर में किया पौधारोपण
एयरपोर्ट निदेशक प्रवीण कुमार ने पौधारोपण कर कार्यक्रम की शुरुआत की
सहयोग स्वरूप गैवियन जाली, बांस का घेरा, गोबर खाद, पौधा आदि दान स्वरूप प्रदान करें: रेडक्रॉस
देवघर/नगर संवाददाता। देवघर एयरपोर्ट के द्वितीय स्थापना दिवस पर शुक्रवार को देवघर एयरपोर्ट परिसर में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी देवघर ईकाई एवं देवघर एयरपोर्ट प्रबंधन के संयुक्त तत्वावधान में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इंडियन रेडक्रॉस के चैयरमैन जीतेश राजपाल ने कहा कि देवघर एयरपोर्ट को हरा भरा व सुसज्जित बनाने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। क्योंकि जैसे जैसे शहर का विस्तार होगा और एयरपोर्ट की सेवाएं बढेंगी। इसलिए हम देवघर वासियों और सामाजिक संगठनों का भी यह दायित्व है कि इसे संवर्धित करने में हम अपना सहयोग प्रदान करें। देवघर एयरपोर्ट निदेशक प्रवीण कुमार के नेतृत्व में देवघर एयरपोर्ट की टीम, इंडिगो एयरलाइंस की टीम, भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी देवघर ईकाई के सदस्यों ने कार्यक्रम को आयोजित किया व इसे स्मरणीय रखने के लिए पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। एयरपोर्ट निदेशक प्रवीण कुमार ने सर्वप्रथम पौधारोपण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। मौके पर टर्मिनल प्रबंधक अजय कुमार, सीएसओ मुकुल कुमार, अंशू कुमार, सीएनएस प्रभारी, बिजेंद्र सिंह, विद्युत प्रभारी, पुष्पांजलि कुमारी, मानव संसाधन विभाग, संदीप कुमार साव, वित्त विभाग कृष्णा सिंह, इंडिगो सुरक्षा अभिषेक कुमार, विद्युत अभियंता इंडिगो एयरलाइंस के एपीएम प्रवीण कुमार, सहायक प्रबंधक कपिलदेव सिंह, सीनियर एक्सिक्यूटिव कृष्णा कुमार, सिविल कार्य विभाग से पुरूषोत्तम कुमार, सुरक्षादल से कपिल सिंह, सहायक कर्मी चंदन कुमार व अमर आदि ने पौधारोपण कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, देवघर ईकाई के वाईस चैयरमैन पियूष जायसवाल, सचिव डॉ निरंजन कुमार सिंह, कार्यकारिणी सदस्य संगीता सुल्तानियां, अर्चना भगत, आजीवन सदस्य ज्योति कुमारी, प्रवीण कुमार मंडल, अंग्रेज महथा व अन्य ने भाग लेते हुए पौधारोपण किया। चैयरमैन शहरवासियों से अपील की कि भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी देवघर के विभिन्न व्यवसायिक प्रतिष्ठानों, उद्यमियों, संगठनों से यह अपील करती है कि हमारे पौधारोपण कार्यक्रम को बढावा देने हेतु कृपया आप अपना हाथ बढाएं और यथासंभव सहयोग स्वरूप गैवियन जाली, पौधों को सुरक्षित करने हेतु बांस का घेरा, गोबर खाद, पौधा आदि दान स्वरूप प्रदान करें।