देवघर/वरीय संवाददाता। स्थानीय राजकीयकृत मध्य विद्यालय बरमसिया में मंगलवार को स्कूल प्रबंधन समिति की बैठक समाजसेवी मिथिलेश महथा की अध्यक्षता में की गई। जिसमें पर्यवेक्षक के रूप में कौशलेंद्र पांडे एवं राजेश कुमार दास उपस्थित थे। इस अवसर पर सर्वप्रथम 12 सदस्यों का चयन किया गया, जिसमें से अध्यक्ष के रूप में पूनम देवी एवं उपाध्यक्ष के रूप में फूल कुमारी देवी को चयन किया गया। कार्यकारिणी समिति में मुन्नी देवी, पैतर महथा,आशा देवी, रोहित महथा, बबिता देवी, उपेंद्र महथा, सीमा बीबी, मो. कमरूल, एस्मीना बीबी, मो तारिफ, शबाना परवीन, गुलाम रसूल, अफसाना बीबी, वसीम, सहजान खातुन, शमशेर, राखी देवी, विनय मोदी, नीलम देवी को रखा गया। इस अवसर पर प्रभारी प्रधानाचार्य रेखा सिंह ने बताया कि उनके विद्यालय में प्रबंधन समिति की गठन हुआ है जो हर तीन साल पर किया जाता है जो शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ है। इसमें पदेन सचिव प्रधानाध्यापक, कनिष्ठ शिक्षक, बाल संसद तथा वार्ड पार्षद सदस्य होते हैं। मौके पर काफी संख्या में अभिभावक उपस्थित थे।
सुलभ और सामुदायिक शौचालय में चला विशेष साफ सफाई अभियान
देवघर/वरीय संवाददाता। सुलभ इंटर नेशनल सोशल सर्विस ऑर्गनाइजेशन के बैनर तले मंगलवार को प्रधानमंत्री द्वारा घोषित स्वच्छता सेवा अभियान के तहत नगर निगम क्षेत्र के सभी सुलभ शौचालय, सामुदायिक शौचालय में विशेष रूप से साफ-सफाई अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। मौके पर नारायण जी पांडेय ने बताया सुलभ इंटरनेशनल संस्था का जन्म स्वर्गीय बिनेश्वरी पाठक ने स्वच्छता को लेकर किया था। जिनके कारण उन्हें राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया था। खुले शौच से मुक्ति दिलाने में उनका थीम काफी कारगर साबित हुआ। उन्होंने देश ही नहीं विदेश मे भी सुलभ शौचालय के माध्यम से अपनी पहचान बनाई थी। कार्यकर्म को सफल बनाने में रितेश कुमार झा, मृत्युंजय कुमार झा, चंद्रभूषण, भीम राउत, नंदन कुमार, दिनेश कुमार, अप्पू कुमार, संतोष कुमार सहित सभी सामाजिक कार्यकर्ताओं की भूमिका सराहनीय रही।
जितिया को लेकर चरम पर रही महंगाई
- मछली, झींगा और फलों के दाम में वृद्धि
- 250 रुपए प्रतिकलो रुपए बिका नोनी साग
देवघर/वरीय संवाददाता। मंगलवार को नहाय-खाय के जितिया पर्व शुरू हो गया। सुबह से शहर के सभी चौ-चौराहों पर सब्जी और मछली खरीदने को लेकर भीड़ देखी गयी। पर्व को लेकर महंगाई भी चरम पर रही। मछली 200 से 400 रुपए प्रतिकिलो की दर से बिका। वहीं झींगा 80 रुपए एवं नोनी साग ढाई सौ रुपए किलो बाजार में बिक रही थी। शहर के वीर कुंवर सिंह चौक, वैद्यनाथपुर चौक, बंधा चौक, बरमसिया, तिवारी चौक, रांगा मोड़, बिलासी टाउन सहित अन्य चौक-चौराहों पर मछली को दुकानें सजी रही। आज महिलाएं नियमत: पर्व की शुरुआत की और बुधवार को निर्जला व्रत रखकर गुरुवार को व्रत का पारण करेगी।
दिनकर को तिलक समिति ने किया याद, कवि सम्मेलन का आयोजन
देवघर/वरीय संवाददाता। तिलक सेवा समिति द्वारा राष्ट्रकवि दिनकर जयंती पर बचपन प्ले स्कूल में भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कवि सम्मेलन में जिले के प्रबुद्ध कवि एवं समाज के विभिन्न वर्गों से लोग उपस्थित थे। भव्य कवि सम्मेलन का उद्घाटन राष्ट्रकवि दिनकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीपक प्रज्वलन करके किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेवानिवृत जिला जज चंद्रशेखर पांडेय थे, सारस्वत अतिथि समाजसेवी सूरज झा, प्रोफेसर रामानंद सिंह, आगत विशिष्ट अतिथि अवधेश प्रजापति एवं राजेन्द्र दास, तिलक सेवा समिति के केंद्रीय अध्यक्ष हरे कृष्ण राय एवं मदर टच प्ले स्कूल की संचालिका रूपाश्री की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। जिले के गणमान्य लोगों में शामिल ओजस्वी शिक्षक डॉ विजय शंकर ने रामधारी सिंह दिनकर के कृतित्व और व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहां कि उर्वशी से लेकर परशुराम की प्रतीक्षा तक दिनकर की रचनाओं में साहित्य प्रेम और विद्रोह का दिग्दर्शन होता है। जरूरत है आज के समय उसे जीवन में उतारने की, डॉक्टर परशुराम तिवारी ने “सबसे बढ़कर कवि की सृष्टि ” कविता के तहत संपूर्ण चराचर जगत को कवि की लेखनी का प्रतिफल बताया। इस कवि सम्मेलन में प्रमुख रूप से कवि फाल्गुनी मरीक कुशवाहा,बबन बदिया, धीरेन्द्र छतहारवाला, कपिल देव राणा, अशोक पाण्डेय, गणेश ऊमर जी,देव चटर्जी,श्री जालेश्वर ठाकुर शौकीन,भोला गोस्वामी ने कविता के माध्यम से राष्ट्रवादी कवि रामधारी सिंह दिनकर जी का गुणगान किया। वहीं शिक्षक पंकज कुमार, भोला गोस्वामी, जलेश्वर ठाकुर, प्रणव ने इतिहास और साहित्य का संयुक्त समावेश,वीर और श्रृंगार का अद्भुत परिपाक दिनकर के बारे में विस्तार से रखा। रुपाश्री ने आगत सभी महानुभावों का स्वागत सह धन्यवाद ज्ञापन किया।
भाजपा महिला मोर्चा ने घर-घर जाकर किया अक्षत और मिट्टी एकत्रित
देवघर/वरीय संवाददाता। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा घर-घर जाकर अक्षत और मिट्टी एकत्रित करने का अभियान जारी है। इसी दौरान देवघर, मधुपुर, सारठ और जरमुंडी कि भारतीय जनता पार्टी की महिलाएं अपने-अपने मोहल्ले में इस अभियान को चला रही है। देवघर भाजपा महिला मोर्चा द्वारा देवघर नगर निगम वार्ड नंबर 19 में अभियान को चलाकर घर-घर जाकर झारखंड की महिलाओं और बेटियों को बचाने के लिए अक्षत और मिट्टी संग्रहित किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान जिला अध्यक्ष रूपा केसरी, प्रेमलता बरनवाल, सरिता बरनवाल, गुड्डी झा, उमा देवी,बिना मंडल,सुभद्रा देवी, मधुपुर महिला मोर्चा की नगर अध्यक्ष सुनीता जयसवाल, पूर्व नगर अध्यक्ष मालती सिन्हा एवं मोर्चा की पदाधिकारी गण मौजूद थी।
स्वतंत्रता सेनानी मैडम भीकाजी कामा को श्रद्धांजलि
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवादल के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार ने जयंती पर भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में राष्ट्रवादी आंदोलन की प्रमुख नेता रही स्वर्गीय मैडम भीकाजी कामा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे भारतीय मूल की पारसी नागरिक थी जिन्होंने कई देशों का भ्रमण कर भारत की स्वतंत्रता के पक्ष में माहौल बनाया। आदर्श और दृढ़ संकल्प प्रतिमूर्ति थी वे। निरापद तथा सुखी जीवन वाले वातावरण का परित्याग कर उन्होंने भारत की स्वाधीनता के लिए लड़ते हुए लंबी अवधि तक निर्वासित जीवन बिताया था। श्रीमती कामा का बहुत बड़ा योगदान साम्राज्यवाद के विरुद्ध विश्व जनमत जागृत करना तथा विदेशी शासन से मुक्ति के लिए भारत की इच्छा को दावे के साथ प्रस्तुत करना था। स्वराज के लिए आवाज उठाने वाली मैडम भीखाजी कामा भारत का प्रथम राष्ट्र ध्वज फहराने के लिए सुविख्यात है (जर्मनी में हुई 7वीं अंतरराष्ट्रीय कांग्रेस में) और उन्होंने नारा दिया आगे बढ़ो हम भारत के लिए हैं और भारत भारतीयों के लिए है।
झिझिया उत्सव मनाने का निर्णय
देवघर/वरीय संवाददाता। सखी सहेली की बहनें की मासिक बैठक मंगलवार को हुई। जहां सर्वसम्मति से सभी बहनों ने दुर्गा पूजा में झिझिया उत्सव मनाने का प्रस्ताव रखा। सखी सहेली की बहनें इस नवरात्रि में अटल पार्क में झिझिया उत्सव मनाएगी। बैठक में मुख्य रूप से नीतू देवी, सुलोचना देवी, प्रज्ञा झा ,विजया सिंह, कुसुम सिंह, अलका सोनी, संध्या कुमारी, मौसमी मुखर्जी, प्रेमलता बरनवाल, सरिता बरनवाल, बिना मंडल, रेणुका बरनवाल, सविता मिश्रा एवं उमा गुप्ता उपस्थित थी।
तक्षशिला में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन
देवघर/वरीय संवाददाता। सहोदया स्कूल परिसर के सौजन्य से तक्षशिला विद्यापीठ के सभागार में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमे देवघर जसीडीह स्थित सीबीएसई स्कूलों के विद्यार्थी के बीच ‘वृक्षारोपण अभियान क्यों बहुत जरूरी विषय पर हिंदी
एवं अंग्रजी मेंभाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में हिंदी में प्रथम स्थान पर मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय आर मित्रा प्लस- टू के छात्र आदित्य, द्वितीय स्थान पर तक्षशिला विद्यापीठ कक्षा छठी की छात्रा वैष्णवी कुमारी एवं तीसरा स्थान पर एसकेपी विद्या वि एमहार की कक्षा सप्तम की छात्रा अनन्या कुमारी रही। अंग्रेजी भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर तक्षशिला विद्यापीठ कक्षा सप्तम की छात्रा अजंली हेंब्रम, द्वितीय स्थान पर मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय मातृ मंदिर की कक्षा अष्टम की छात्रा अनुपा कुमारी एवं तीसरा स्थान पर एसकेपी विद्या विहार कक्षा अष्टम की छात्रा प्रज्ञा रानी रही। इस प्रतियोगिता में ब्लू बेल्स स्कूल, जसीडीह पब्लिक स्कूल, एसकेपी विद्या विहार, माउंट लिटरा जी स्कूल, मॉडर्न पब्लिक स्कूल, आरमित्रा, मातृ मंदिर प्लस टू विद्यालय एवं तक्षशिला विद्यापीठ के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। मौके पर निर्णायक मडंली मे शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय की दुर्गा भौमिक मौजदू थे।
‘बच्चों के संपूर्ण बाल विकास को विकसित करना ही उद्देश्य’
- हर्ष जोहार के तहत सीएम एसओई आर मित्रा में एसईएल समागम का आयोजन
देवघर/वरीय संवाददाता। गत चार वर्षों से बच्चों में सामाजिक एवं भावनात्मक विकास के लिए जिले के 3 विद्यालयों में हर्ष जोहर कार्यक्रम का संचालन हो रहा है। हर्ष जोहार कार्यक्रम शिक्षा विभाग, झारखंड की एक महत्वाकांक्षी योजना है जो राज्य के 80 सीएम उत्कृष्ट एवं 41 केजीबीबी विद्यालयों में सामाजिक भावनात्मक शिक्षण के अंतर्गत 9 कौशलों जैसे स्व जागरूकता, सकारात्मक सामाजिक संबंध, दूसरों के प्रति समानुभूति, आत्म सम्मान, तार्किक सोच, पहल करना इत्यादि पर काम कर रही है।
इसी के तहत बुधवार को आर मित्रा विद्यालय, देवघर में झारखंड शिक्षा परियोजना और संपूर्णा टीम के द्वारा विद्यालयों के शिक्षकगण, विद्यार्थी, अभिभावक, ज़लिा के शिक्षा संबंधित अधिकारीगण, प्रखंड के शिक्षा संबंधित अधिकारीगण, पीआरई सदस्य, यूथ वोलेंटियर एवं मीडिया प्रोफेशनल्स के साथ समाजिक-भावनात्मक शिक्षा से संबंधित लोगों की उपस्थिति में एसआईएल समागम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला परिषद सदस्य गीता मंडल द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।जिसमें जिला के विद्यालयों में संचालित हर्ष जोहर पाठ्यचर्या के बारे में चर्चा की गई। साथ ही बच्चों के द्वारा प्रस्तुत रोलप्ले के माध्यम से हर्ष जोहर पाठ्यचर्या के महत्व एवं सामाजिक भावनात्मक कौशल संबंधी जागरूकता पर भी प्रकाश डाला गया। शिक्षकों, बच्चों एवं अन्य सभी हितधारकों के साथ हर्ष जोहर पाठ्यचर्या के सफ़र एवं इसकी समझ भी साझा की गई। पाठ्यचर्या के सफ़ल कार्यांवन हेतु अभिभावकों, यूथ एवं मीडिया की भागीदारी की महत्वता पर भी चर्चा की गई। साथ ही जिला शिक्षा पदाधिकारी ने हर्ष जोहार पर विशेष जोर देते हुए पढ़ाई के साथ साथ विद्यार्थियों का भावनात्मक विकास के महत्व के बारे में बताया। इस समागम में सभी प्रतिभागियों के सहयोग द्वारा संपन्न किया गया। जिसमें मुख्य रूप से आभा मंडल, विमल कुमार, रोहित कुमार, देबोप्रिया, अंजू, अर्चना ने साथ मिलकर समागम के सफल आयोजन में अहम भूमिका निभाई।
राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम को ले जागरुकता रथ हुआ रवाना
- नशा के दुष्परिणामों से लोगों को कराया जाएगा अवगत
देवघर/संवाददाता। बुधवार को राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत तंबाकू मुक्त युवा अभियान 2.0 का जिला स्तर पर शुभारंभ सदर अस्पताल देवघर के सभागर में सिविल सर्जन डॉ रंजन सिन्हा एवं देवघर अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम के संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार द्वारा बताया गया कि आज से प्रारंभ होने वाले तंबाकू मुक्त युवा अभियान को आगामी 60 दिनों तक जिला स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से चलाया जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को तंबाकू के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए इसके उपयोग की शुरुआत को रोकने एवं उपयोगकर्ताओं को तंबाकू छोड़ने में सहायता प्रदान किया जाना है। साथ ही अभियान में युवाओं को शामिल करने और बच्चों को तंबाकू उद्योग के हस्तक्षेप से बचने के लिए सोशल मीडिया पर भी जोड़ दिया जाना है, जो विश्व तंबाकू दिवस 2024 के थीम ”बच्चों को तम्बाकू उद्योग के हस्तक्षेप से बचाना” के अनुरूप होगा। तत्पश्चात डॉ. रंजन सिन्हा के द्वारा बताया गया कि अभियान को सफल बनाने हेतु आगमी 60 दिनों में मुख्य रूप से पांच बिंदुओं पर कार्य किया जाना है। जिसमे तम्बाकू उपयोग के दुष्परिणामों से युवाओं एवं आमजनों को जागरूक किया जाना । तम्बाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थान के अनुपालन पर जोड़ दिया जाना। ग्रामों को तम्बाकू मुक्त क्षेत्र के रूप में घोषित करना। सिगरेट एवं तम्बाकू उत्पाद अधिनियम(कोटपा) 2003 का कड़ाईपूर्वक अनुपालन करना। सोशल मीडिया के माध्यम से जन-जागरूकता फैलाया जाना है।
कार्यक्रम के द्वारा यह भी बताया गया कि अभियान के दौरान उक्त कार्यों को पूर्ण करने के लिए रूप-रेखा विभाग द्वारा तैयार कर लिया गया है। साथ ही पुलिस उपाधीक्षक, देवघर को पत्र के माध्यम से सिगरेट एवं तम्बाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा) 2003 एवं इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध (उत्पादन, निर्माण, आयात, निर्यात, परिवहन, बिक्री, वितरण, भंडारण और विज्ञापन) अधिनियम 2019 के कड़ाईपूर्वक अनुपालन हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी, देवघर को तम्बाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थान के टॉफी गाइडलाइन का अनुपालन सभी विद्यालयों में कराने के साथ छात्रों को जागरूक करने का अनुरोध किया गया है। जिला सूचना एवं जनसम्पर्क पदाधिकारी, देवघर से अखबारों, होडिंग, डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड, सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान के संबंध में युवाओं एवं आमजनों को जागरूक करने में सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया गया है। कार्यक्रम के अंत में डॉ मनोज कुमार गुप्ता, जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी-सह- नोडल पदाधिकारी, एनसीडी सेल, देवघर द्वारा बताया गया कि तंबाकू के सेवन हर साल दुनिया में करीब 8 मिलियन से अधिक मौतें होती हैं, यहां तक की केवल भारत में तंबाकू के सेवन से हर साल 1.3 मिलियन से अधिक लोग अपना जीवन खो देते हैं। ग्लोबल एडल्ट तंबाकू सर्वेक्षण 2 (जीएटीएस-2) के अनुसार, 15 और उससे अधिक आयु के 28.6% भारतीय वयस्क किसी न किसी रूप में तंबाकू का उपयोग करते हैं। तम्बाकू के लत को छोड़ने के लिए सदर अस्पताल देवघर में तंबाकू मुक्ति केंद्र का संचालन किया जा रहा है जहां लोग आकर परामर्श एवं दवा मुफ्त में प्राप्त कर सकते है। कार्यक्रम के अंत में सिविल सर्जन एवं अनुमंडल पदाधिकारी के द्वारा उपस्थित सभी लोगों को तम्बाकू निषेध पर शपथ दिलाते हुए हस्ताक्षर कराया गया एवं जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखकर रबाना किया गया। इस कार्यक्रम में प्रभारी एसीएमओ डॉ प्रमोद कुमार शर्मा, जिला भीबीडी पदाधिकारी डॉ अभय कुमार, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ संचयन, प्रवीण सिंह, डॉ गणेश, ब्रजेश झा, अभिमन्यु दांगी, रवि चन्द्र मुर्मू, रवि कुमार सिन्हा, अर्जुन यादव एवं अन्य उपस्थित थे।
जेसी राज को मिला शिक्षाविद् कुलश्रेष्ठ का सम्मान
देवघर/संवाददाता। स्थानीय नामचीन शिक्षाविद डॉ जेसी राज को बाँका के जिला हिंदी साहित्य सम्मेलन द्वारा रविवार को बाँका में आयोजित हिंदी पखवारा-2024 को भव्य कार्यक्रम में शिक्षाविद् कुलश्रेष्ठ सम्मान प्रदान किया गया। केरला एडुकेशन सोसायटी के प्रमुख एवं नजदीक के देवघर, गोड्डा, भागलपुर के विभिन्न स्थानों में कई विद्यालयों के संचालक डॉ. राज को डॉ. शिवनारायण व पीबीएस कॉलेज के प्राचार्य एवं जिला हिंदी साहित्य सम्मेलन, बाँका के अध्यक्ष डॉ. अचल भारती के हाथों यह सम्मान प्रदत्त किया गया। विदित हो कि डॉ शिवनारायण पटना से प्रकाशित 75 वर्षीय पत्रिका नई धारा के पिछले 35 वर्षों से संपादक हैं। यह पत्रिका हिंदी के नामी कथालेखक राजा राधिकारमण प्रसाद सिंह द्वारा आरंभ की गई थी। डॉ. राज को अबतक अपने पुरुषार्थ की वजह से एक हज़ार से अधिक सम्मान विभिन्न मंचों पर स्वनामधन्य शख्सियतों द्वारा सम्मानित हो चुके हैं।
सारठ और पालोजोरी थाना इलाके से तीन साइबर अपरोपित गिरफ्तार
देवघर/संवाददाता। जिले के साइबर थाना पुलिस गुप्त सूचना पर सारठ और पालोजोरी थाना इलाके से तीन साइबर आरोपित को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद जेल भेज दिया। जेल गये आरोपितों में महेन्द्र महरा साकिन फुलचुआं, दिनेश दास साकिन कपसियो थाना सारठ और शरीफ अंसारी साकिन लखनपुर डुमरिया थाना पालोजोरी के नाम शामिल हैं। तीनों के पास से चार मोबाइल, सात सिमकार्ड, एक एटीएम कार्ड तथा एक प्रतिबिंब एप में लोड सिम बरामद किया गया है। पुलिस इनलोगों के पास से मिले मोबाइल की जांच में जुटी है। बताया जाता है कि साइबर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पथरअड्डा ओपी अंतर्गत डाला जंगल में कुछ लोग बैठकर साइबर अपराध को अंजाम देने में लगे हैं। उक्त सूचना पर साइबर थाना पुलिस एक टीम वहां पहुंची और छापेमारी कर तीनो को दबोच लिया। जेल गये सभी साइबर आरोपिता फर्जी एयरटेल पेमेंट बैंक पदाधिकारी बनकर एयरटेल एप के माध्यम से एयरटेल पेमेंट बैंक क्रेडिट कार्ड बंद करने के नाम पर झांसे में लेकर ठगी का कार्य करते थे।
शिक्षक संस्थानों के करीब तंबाकू बेचने वालों के खिलाफ चलाया गया अभियान
देवघर/संवाददाता। सिविल सर्जन डॉ रंजन सिन्हा के निर्देश पर तम्बाकू मुक्त युवा आभियान 2.0 के तहत सिगरेट एंव अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा) 2003 के शैक्षणिक संस्थानों के निकट कड़ाई पूर्वक अनुपालन के लिये डॉ मनोज कुमार गुप्ता, जिला कुष्ठ निवारण पदा-सह नोडल पदाधिकारी एनसीडी सेल देवघर के छोपेेमारी अभियान चलाया गया। जिसमें देवघर शहरी क्षेत्र के विभिन्न शैक्षणिक संस्थान यथा देवघर कॉलेज, सत्संग कॉलेज, बाजला महिला कॉलेज,आर एल सर्राफ विद्यालय, देवघर पब्लिक स्कूल के समीप छापेमारी सह जागरूकता अभियान चलाया गया। जिसमें विद्यालय परिसर के 100 गज के दायरे के अंदर तंबाकू उत्पाद बेचने वालो पर कार्रवाई की गयी। इस दौरान अर्थदंड के रूप में कुल 17 विक्रेताओं से 3000 रुपए फाइन वसूल किया गया एवं कड़ी चेतावनी दी गईं। मौके पर अभिमन्यु दांगी, रवि कुमार सिन्हा, प्रशांत मालवीय, कुमार अभिषेक, रवि चंद्र मुर्मू, आरक्षी चंचल रविदास एंव रामचंद्र प्रसाद यादव उपस्थित थे।
भारत फाइनेंस कम्पनी से एक लाख रूपये की लूट
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के अंबेदकर चौक और इंडोर स्टेडियम बीच सोमवार की रात करीब 10 बजे बाइक सवार तीन बदमाशों ने द्वारा भारत फाइनेंस कम्पनी कर्मी से लगभग एक लाख चार हजार रुपए लूट कर लिये जाने का मामला सामने आया है। इसे लेकर कंपनी के कलेक्शन एजेंट गिरिडीह जिला के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के निगोटाल निवासी सिताराम दास ने नगर थाना में शिकायत दर्ज कराया है। बताया कि वर्तमान में वह बरमसिया के गांधीनगर में किराये के मकान में रहता है। सोमवार की रात 10 बजे के आसपास बरमसिया इलाके ग्राहकों से कलेक्शन कर वापस बम्पास टाउन स्थित ऑफिस अपने बाइक से लौट रहा था। उसी दौरान अंबेदकर चौक और इंडोर स्टेडियम के बीच बाइक सवार तीन बादमाश ओवरटेक कर उसे रोक लिया और धक्का देकर बाइक से गिरा दिया। गिरने के बाद तीनों मिलकर उसके साथ मारपीट करने लगे। उपरांत वह अपनी बाइक घटना स्थल पर छोड़कर इंडोर स्टेडियम के पास रहने वाले अपने दोस्त कमरे में भाग कर पहुंचा और घटना की जानकारी दी। उसके बाद दोस्त एवं अन्य लोगांें के साथ घटना स्थल पहुंचा तो वहां कोई नहीं था और बाइक के डिक्की में रखे रुपए गायब थे। शिकायत लेकर नगर पुलिस छानबीन में जुट गयी है।